प्रधानमंत्री योग पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन शुरू, 25 लाख रुपए तक का सम्मान
नई दिल्ली। योग को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने में योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थानों को सम्मानित करने के लिए प्रधानमंत्री योग पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को विश्वभर में व्यापक पहचान मिली है और इसे समग्र स्वास्थ्य पद्धति के रूप में अपनाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री योग पुरस्कार–2026 का उद्देश्य उन व्यक्तियों और संस्थानों को सम्मानित करना है जिन्होंने योग के प्रचार-प्रसार और विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है। यह पुरस्कार उत्कृष्टता, नवाचार और नेतृत्व को प्रोत्साहित करते हुए योग के प्रभाव को व्यापक बनाने का प्रयास है।
आयुष मंत्रालय ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग के विकास में योगदान देने वालों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल www.awards.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन जमा किए जा सकते हैं। प्रत्येक विजेता को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और 25 लाख रुपए की नकद राशि प्रदान की जाएगी।
पुरस्कार दो प्रमुख श्रेणियों में दिए जाएंगे—व्यक्तिगत श्रेणी (राष्ट्रीय/अंतरराष्ट्रीय) और संस्थागत श्रेणी (राष्ट्रीय/अंतरराष्ट्रीय)। प्रत्येक श्रेणी में दो पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
व्यक्तिगत श्रेणी के लिए न्यूनतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आवेदकों के पास योग का गहन ज्ञान और कम से कम 10 वर्षों का उत्कृष्ट तथा बेदाग अनुभव होना अनिवार्य है। पुरस्कार उन व्यक्तियों और संस्थानों को दिया जाएगा जिन्होंने योग के प्रचार में उल्लेखनीय भूमिका निभाई हो। आवेदन प्रक्रिया 21 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी है और आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 21 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। आवश्यकता पड़ने पर अंतिम तिथि 15 दिनों तक बढ़ाई जा सकती है। पात्र व्यक्तियों और संस्थानों को निर्धारित समय सीमा के भीतर राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (www.awards.gov.in) के माध्यम से आवेदन करने के लिए आमंत्रित किया जाता है। (








.jpg)
Leave A Comment