बंदर ने नायब तहसीलदार, पीडब्ल्यूडी अधिकारी को काटा
धार. मध्यप्रदेश के धार जिले में शनिवार को एक बंदर ने नायब तहसीलदार और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक उप संभागीय अधिकारी समेत पांच लोगों को काट लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर बदनावर में हुई।
अधिकारी ने बताया कि नायब तहसीलदार साहदेव मोरे को रतलाम के एक अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य चार लोगों का इलाज बदनावर के सिविल अस्पताल में किया गया। वन विभाग के डिप्टी रेंजर विक्रम सिंह निनामा ने बताया कि बंदर ने सबसे पहले विजय नामक व्यक्ति पर हमला किया और इसके बाद नायब तहसीलदार एवं पीडब्ल्यूडी के एसडीओ सहित अन्य लोगों को काट लिया। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम ने करीब दो घंटे के अभियान के बाद केले का लालच देकर बंदर को पिंजरे में फंसाकर पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि बंदर को किसी सुरक्षित स्थान पर ले जाया जाएगा।










Leave A Comment