मध्यप्रदेश का पर्यावरण चीतों के लिये पूरी तरह अनुकूल: यादव
भोपाल । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कूनो राष्ट्रीय उद्यान (केएनपी) में भारत में जन्मी मादा चीता द्वारा चार शावकों को जन्म देने पर खुशी जताई और कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि राज्य का पर्यावरण चीतों के लिये पूरी तरह अनुकूल है। उन्होंने केएनपी में भारत में जन्मी मादा चीता 'गामिनी' की बेटी 'केजीपी-12' द्वारा चार शावकों को जन्म देने पर उद्यान के प्रबंधकों और वन्य जीव चिकित्सकों को बधाई भी दी। मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्यप्रदेश को चीतों का घर बनाया, इससे प्रदेश में वन्य जीव पर्यटन को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा, "अब मध्यप्रदेश चीतों के 'पुनरुद्धार' के मुख्य केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।" उन्होंने कहा, "कूनो उद्यान में चार शावकों को जन्म देना इस बात का प्रमाण है कि मध्यप्रदेश का पर्यावरण चीतों के संवर्धन के लिये पूरी तरह अनुकूल है।" यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में अब तक देश में जन्मे 37 चीतों समेत चीतों की कुल संख्या 57 हो गई है।
उन्होंने कहा, "चीतों की बढ़ती संख्या प्रकृति और वन्य जीव संरक्षण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।" इससे पहले, पर्यावरण, वन्य और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट पर एक पोस्ट के जरिए यह जानकारी साझा की कि केजीपी-12 ने चार शावकों को जन्म दिया है। उन्होंने इसे देश की चीता संरक्षण यात्रा में उपलब्धि करार दिया और कहा कि 2022 में चीता परियोजना के शुरू होने के बाद पहली बार जंगल में किसी मादा चीता ने शावकों को जन्म दिया है।

.jpg)








Leave A Comment