प्रधानमंत्री 20 जून को ओडिशा में राष्ट्रपति मुर्मू के ससुराल का दौरा करेंगे
भुवनेश्वर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 20 जून को ओडिशा के मयूरभंज जिले में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के ससुराल - पहाड़पुर गांव - का दौरा करेंगे और कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। राष्ट्रपति मुर्मू के दिवंगत पति श्याम चरण मुर्मू के पैतृक गांव पहाड़पुर रायरंगपुर शहर से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित है। ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रायरंगपुर में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। मुर्मू का जन्म रायरंगपुर उपखंड के उपरबेड़ा गांव में हुआ था और उनका विवाह पहाड़पुर निवासी श्याम चरण मुर्मू से हुआ था। वर्ष 2022 में राष्ट्रपति का पद संभालने से पहले ही उनके पति और दो बेटों का निधन हो गया था।
गांव में मुर्मू के पति और बेटों की याद में एक स्मारक बनाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, 20 जून को रायरंगपुर के डंडाबोश में एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के साथ-साथ ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा, नए बुनियादी ढांचा कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी और गणमान्य व्यक्ति एक जनसभा को संबोधित करेंगे।










Leave A Comment