एम्स-भुवनेश्वर भारत के शीर्ष 10 चिकित्सा महाविद्यालयों में शामिल
भुवनेश्वर. अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स)-भुवनेश्वर ने सोमवार को कहा कि एक हालिया सर्वेक्षण में उसे देश के शीर्ष 10 चिकित्सा महाविद्यालयों में स्थान मिला है। संस्थान ने यह भी कहा कि देश के "सर्वाधिक सुधार करने वाले पांच चिकित्सा महाविद्यालयों" की श्रेणी में उसे दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। एम्स भुवनेश्वर ने एक बयान में कहा, ''यह उपलब्धि शैक्षणिक उत्कृष्टता, अत्याधुनिक अनुसंधान और मरीजों की संवेदनशील देखभाल के प्रति संस्थान की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।'' बयान के अनुसार, सर्वेक्षण में संस्थानों का मूल्यांकन प्रवेश गुणवत्ता एवं प्रशासन, शैक्षणिक उत्कृष्टता, बुनियादी ढांचा एवं परिसर जीवन, व्यक्तित्व एवं नेतृत्व विकास तथा प्लेसमेंट एवं करियर प्रगति सहित पांच प्रमुख मानकों पर किया गया। राज्य के इस प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान ने बताया कि उसे 'इंडिया टुडे-एमडीआरए बेस्ट मेडिकल कॉलेज सर्वे 2026' में देश के शीर्ष 10 चिकित्सा महाविद्यालयों में स्थान मिला है।
एम्स-भुवनेश्वर के कार्यकारी निदेशक डॉ. आशुतोष विश्वास ने कहा, ''यह सम्मान उत्कृष्टता की दिशा में हमारे निरंतर प्रयासों का परिणाम है। एम्स-भुवनेश्वर स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा में विश्वास, नवाचार और ईमानदारी का प्रतीक बनकर उभरा है। राष्ट्रीय रैंकिंग में हमारी लगातार प्रगति भावी चिकित्सकों को तैयार करने और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के प्रति हमारी समग्र सोच को दर्शाती है।'' उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 में 25वें स्थान पर रहा संस्थान वर्ष 2026 में देश के 10 सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा महाविद्यालयों में शामिल हो गया है।







.jpg)


Leave A Comment