बंगाल की खाड़ी में पनामा ध्वज वाला जहाज डूबने के बाद चालक दल के 22 सदस्यों की तलाश जारी
भुवनेश्वर. ओडिशा के पारादीप तट से करीब 230 समुद्री मील दूर बंगाल की खाड़ी में चालक दल के 24 सदस्यों को लेकर जा रहे पनामा के ध्वज वाले मालवाहक जहाज के शनिवार को डूबने के बाद भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना की पूर्वी कमान ने लापता 22 सदस्यों की तलाश और बचाव अभियान तेज कर दिया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, 'एमवी ओशियन विनर' नामक जहाज पर 20 चीनी, तीन म्यांमा और एक बांग्लादेशी नागरिक सवार थे। दो सदस्यों को शनिवार को सुरक्षित बचा लिया गया था।
तटरक्षक बल के एक प्रवक्ता ने बताया कि समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (एमआरसीसी) ने आसपास मौजूद 'एमटी एएसोपोस' नामक एक वाणिज्यिक जहाज का मार्ग बदलकर उसे ''लापता जहाज या जीवनरक्षक नौकाओं की तलाश करने और सहायता पहुंचाने के लिए भेजा था और इस जहाज ने शनिवार रात करीब आठ बजे दो जीवनरक्षक नौकाओं से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।'' तटरक्षक बल ने रविवार को 'एक्स' पर बताया कि बाकी सदस्यों की समुद्र में तलाश के लिए तीन जहाजों को तैनात किया गया है। नौसेना की पूर्वी कमान ने 'एक्स' पर कहा कि निगरानी गश्त पर निकले 'पी8आई' विमान को श्रीविजय पुरम में एमआरसीसी के समन्वय से खोज एवं बचाव अभियान के लिए तत्काल फिर से तैनात किया गया है। तटरक्षक बल के अनुसार, 'आईसीजी वरद' और 'आईसीजी अनमोल' को तलाश एवं बचाव अभियान में लगाया गया है। अभियान को और मजबूत करने के लिए श्रीविजय पुरम (पोर्ट ब्लेयर) से 'आईसीजी विजित' को भी इसमें शामिल किया गया है। अधिकारियों ने पहले बताया था कि 'एमवी ओशियन विनर' ओडिशा से लौह अयस्क लेकर जा रहा था।










Leave A Comment