झारखंड में चुनावी बिगुल, मिलकर लड़ेंगे भाजपा-आज्सू
रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव में चुनावी शंखनाद हो गया। यहां 30 नवंबर से 20 दिसंबर तक पांच चरणों में चुनाव होंगे। चुनाव का ऐलान होते ही यहां सियासी सरगर्मी शुरू हो गई है। भाजपा और उसकी पुरानी सहयोगी पार्टी ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आज्सू) साथ-साथ होंगे। आज्सू के अध्यक्ष एवं राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने विधानसभा चुनावों के लिए कार्यक्रम की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी पार्टी पूरी तरह तैयार है। वह भाजपा के साथ पूर्व की तरह गठबंधन में ही चुनाव लड़ेगी। सुदेश महतो ने कहा कि भाजपा से गठबंधन के मुद्दे पर एक दौर की बातचीत हो गयी है और छह नवंबर तक उनकी पार्टी भाजपा से बातचीत पूरी कर अपने चुनाव लडऩे वाली सीटों की घोषणा कर देगी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी भाजपा के साथ चुनाव लड़ेगी लेकिन इसके लिए वह अपना घोषणा पत्र अलग से लेकर आयेगी। उन्होंने कहा कि जिन सीटों पर उनकी पार्टी मजबूत है उन पर वह अपने उम्मीदवार उतारेंगे। पिछले विधानसभा में आज्सू के चार विधायक चुनकर आये थे लेकिन इस समय विधानसभा में आज्सू के तीन विधायक हैं।
81 सीटों के लिए पांच चरण में मतदान
झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को तारीखों की घोषणा की गई। झारखंड की 81 विधानसभा सीटों के लिए पांच चरणों के लिए चुनाव होंगे। जबकि वोटों की गिनती 23 दिसंबर को होगी। चुनाव आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक पहले चरण में 30 नवंबर को 13 सीटों पर, दूसरे चरण में 7 दिसंबर को 20 सीटों पर, तीसरे चरण में 12 दिसंबर को 17 सीटों पर, चौथे चरण के लिए 16 दिसंबर को 15 सीटों पर और पांचवे चरण के लिए 20 दिसंबर को 16 सीटों पर मतदान होंगे।
Leave A Comment