भूपेंद्र पटेल गुजरात के नए मुख्यमंत्री होंगे
गांधीनगर। गुजरात में भूपेंद्र पटेल नए मुख्यमंत्री होंगे। गांधीनगर में बीजेपी विधायक दल की बैठक में उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया है। बैठक में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने खुद भूपेंद्र भाई पटेल के नाम का प्रस्ताव रखा था, जिसे विधायक दल ने स्वीकार कर लिया और अब वह राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। केंद्रीय पर्यवेक्षक नरेंद्र सिंह तोमर ने गांधीनगर में पार्टी कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि विधायक दल की बैठक में भूपेंद्र भाई पटेल का प्रस्ताव आया और गुजरात के डिप्टी सीएम नितिन पटेल ने प्रस्ताव का समर्थन किया।
विजय रुपाणी के मुख्यमंत्री पद से त्याग पत्र देने के बाद नए नेता के चुनाव के लिए भाजपा विधायक दल की आज दोपहर बाद तीन बजे बैठक गांधीनगर में शुरू हुई। बैठक के दौरान विजय रुपाणी ने भूपेंद्र पटेल के नाम का प्रस्ताव रखा और केंंद्रीय पर्यवेक्षक नरेन्द्र सिंह तोमर ने भूपेंद्र पटेल के नाम की घोषणा की। भूपेंद्र पटेल अहमदाबाद की घाटलोडिया से विधायक हैं। पटेल समुदाय में उनका काफी अच्छी पकड़ मानी जाती है।
पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक नरेन्द्र सिंह तोमर और प्रहलाद जोशी आज सवेरे गांधीनगर पहुंचे और वरिष्ठ नेताओं से बातचीत की।
नए सीएम की रेस में कई नाम चल रहे थे- उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, पुरुषोत्तम रुपाला के अलावा गुजरात बीजेपी के अध्यक्ष सीआर पाटिल, लेकिन भूपेंद्र पटेल इन सब से आगे निकल गए और उन्हें ही विधायक दल का नेता चुना गया।
कौन हैं गुजरात के नए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल?
भूपेंद्र पटेल का जन्म 15 जुलाई 1962 को गुजरात के अहमदाबाद में हुआ था। उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कर रखा है। वह नेता होने के अलावा एक बिल्डर भी हैं। मौजूदा वक्त में वह गुजरात की घाटलोडिया सीट से विधायक हैं। वह 2017 में पहली बार ही विधायक चुने गए थे। वह करीब 1 लाख 17 हजार के रिकॉर्ड वोटों के अंतर से जीते थे। उन्हें राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल का करीबी माना जाता है। वह पूर्व में अहमदाबाद शहरी विकास प्राधिकरण और अमदावाद नगर निगम की स्थाई समिति के चेयरमैन रहे हैं।









.jpg)
Leave A Comment