मार्च से मई तक ज्यादा गर्मी पड़ेगी
उत्तर भारत में तापमान एक डिग्री तक ज्यादा रहेगा
नई दिल्ली। मार्च से मई के बीच गर्मी ज्यादा सताएगी। मौसम विभाग ने गर्मी को लेकर अगले तीन महीनों के लिए भविष्यवाणी जारी की है। इसके तहत उत्तर भारत में इस बार आधे से एक डिग्री ज्यादा गर्मी पडऩे की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी बयान के अनुसार मार्च, अप्रैल और मई में उत्तर भारत, पश्चिम और मध्य भारत में तापमान आधे से एक डिग्री तक ज्यादा रहेगा। इसके कारण पिछले सालों से ज्यादा गर्मी पड़ेगी। उत्तराखंड, हिमाचल, पश्चिमी राजस्थान और अरुणाचल प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा जाएगा। जबकि उत्तराखंड में न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री ऊपर रहने की संभावना है। यानी दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म होंगी। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान आदि इलाकों में अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान सामान्य से आधे से एक डिग्री तक ज्यादा रहेगा। विभाग ने कहा कि दक्षिणी के कुछ संभागों में भी गर्मी सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है। मध्य प्रदेश गुजरात, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, विदर्भ और केरल में तापमान आधा डिग्री तक ज्यादा रहेगा। मौसम विभाग अप्रैल में मानसून को लेकर भविष्यवाणी जारी करेगा। हालांकि गुरुवार को जारी भविष्यवाणी में प्रशांत महासागर में अलनीनो नहीं बनने की संभावना व्यक्त की गई हैं। यह मानसून को लेकर अच्छी खबर है।
Leave A Comment