पत्नी ने बैगन नहीं बनाया तो पति ने चाकू मारा...! महिला घायल, थाने पहुंचा मामला
गुना। पति की मनपसंद भटे की सब्जी न बनने को लेकर विवाद हो गया। पत्नी ने सब्जी बनाने से मना किया तो पति ने उस पर चाकू से वार कर डाला। हमले में महिला का हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति पर मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया हैं। नानाखेड़ी धनिया मंडी के पीछे रहने वाली रामबती (24) पत्नी सोनू रविवार देर रात अपने देवर के साथ कैंट थाने पहुंची। महिला ने पुलिस को बताया कि शाम को वह घर पर ही थी। उसका पति मजदूरी करता है। शाम को वह मजदूरी करके वापस आया और बोला कि भटे की सब्जी बना ले। आज भटे की सब्जी खाने का मन है। महिला ने कहा कि भटे की सब्जी बनाने के लिए तेल नहीं है। बिना तेल के भटे की सब्जी नहीं बन पाएगी। जो सब्जी बनी है वही खानी पड़ेगी। इसी बात पर महिला का पति आरोपी सोनू नाराज हो गया और महिला से गाली-गलौच करने लगा। महिला ने गाली देने से मना किया तो वह मारपीट पर उतारू हो गया। उसने पास में ही रखा चाकू उठाया और महिला पर हमला कर दिया। चाकू सीधा महिला की हथेली में लगा। इससे चोट आकर खून निकलने लगा। महिला चिल्लाई तो मकान मालिक और उसके रिश्तेदारों ने बीच-बचाव किया। महिला ने अपने देवर के साथ कैंट थाने पहुंचकर शिकायत की। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के विरुद्ध गाली-गलौच और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।


.jpeg)

.jpg)



.jpg)

Leave A Comment