कटरा के माता वैष्णो देवी भवन में भगदड़ से 12 श्रद्धालुओं की मौत, अनेक घायल
जम्मू। नए साल का पहला दिन माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए गए 12 श्रद्धालुओं के लिए काल बनकर आया। देश-दुनिया जब नए साल के जश्न में डूबी थी उसी दौरान करीब सवा दो बजे माता वैष्णो देवी धाम में भगदड़ की दर्दनाक घटना हुई। ये सभी श्रद्धालु नव वर्ष पर माता का दर्शन और आशीर्वाद पाने वैष्णो देवी मंदिर गए थे।
मिली आधिकारिक जानकारी में इस हादसे में 12 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। इनमें दो महिलाएं हैं। 20 से ज्यादा श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। हजारों भक्त साल के पहले दिन मां के दर्शन के लिए वैष्णो देवी भवन पहुंचते हैं।
जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि कटरा के माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में 12 लोग की मौत और 13 लोग घायल हुए हैं। घटना लगभग सुबह 2:45 बजे हुई और प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार एक तर्क छिड़ा जिसके परिणामस्वरूप लोगों ने एक-दूसरे को धक्का दिया और फिर भगदड़ मच गई।
वहीं कटरा,जम्मू-कश्मीर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोपाल दत्त ने कहा- माता वैष्णो देवी भवन में भगदड़ मचने से 12 लोगों की मौत हुई है और घायलों को माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के नारायणा अस्पताल में भर्ती किया गया है।
राष्ट्रपति , प्रधानमंत्री, गृह मंत्री ने शोक व्यक्त किया
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया-यह जानकर बहुत दुख हुआ कि माता वैष्णो देवी भवन में एक दुर्भाग्यपूर्ण भगदड़ ने भक्तों की जान ले ली। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद
वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा है कि माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में लोगों की मौत से अत्यंत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में लोगों की मौत से अत्यंत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा,केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय जी से बात की और स्थिति का जायज़ा लिया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
उधर गृहमंत्री अमित शाह ने अपने ट्वीट में लिखा- माता वैष्णो देवी मंदिर में हुई दुखद दुर्घटना से हृदय अत्यंत व्यथित है। मैंने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा जी से बात की है। प्रशासन घायलों को उपचार पहुंचाने के लिए निरंतर कार्यरत है। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं: गृह मंत्री अमित शाह
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने ट्वीट किया-घटना से बहुत दुखी हूं। मारे गए लोगों के परिजनों को 10 लाख रुपये और घायलों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
Leave A Comment