पद्म सम्मान के लिए 9 खिलाडिय़ों का भेजा गया नाम
नई दिल्ली। भारतीय खेल इतिहास में पहली बार एक महिला एथलीट को देश का दूसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान पद्म विभूषण देने की सिफारिश की गई है। खेल मंत्रालय ने छह बार की वल्र्ड चैंपियन बॉक्सर एमसी मैरीकॉम का नाम आगे किया है। मैरीकॉम को 2013 में पद्म भूषण और 2006 में पद्मश्री से सम्मानित किया जा चुका है। इससे भी दिलचस्प तथ्य यह है कि खेल मंत्रालय की ओर 9 एथलीट के नाम पद्म सम्मान के लिए भेजे गए हैं और सभी नाम बेटियों के हैं। वल्र्ड चैंपियन बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु का नाम पद्म भूषण के प्रस्तावित किया गया है, जो कि देश का तीसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है। सिंधु का नाम इस सम्मान के लिए 2017 में भी भेजा गया था, लेकिन वह फाइनल सूची में जगह नहीं बना पाईं। उन्हें 2015 में पद्मश्री मिला था।
तीन पुरुष खिलाडिय़ों को मिला पद्म विभूषण
पद्म विभूषण सम्मान अब तक तीन पुरुष खिलाडिय़ों को मिल चुका है। वे चेस खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद (2007), महान क्रिकेटर सचिन तेंडुलकर (2008) और पर्वातारोही सर एडमंड हिलेरी (2008, मरनोपरांत) हैं।
खिलाडिय़ों का नाम प्रस्तावित
मैकी कॉम और सिंधु के अलावा अन्य 7 महिला खिलाडिय़ों का नाम पद्मश्री के लिए प्रस्तावित है। इनमें कुश्ती खिलाड़ी विनेश फोगाट, टेबल टेनिस स्टार मनिका बत्रा, महिला क्रिकेट टीम की टी20 कप्तान हरमनप्रीत कौर, हॉकी कैप्टन रानी रामपाल, पूर्व शूटर सुमा शिरुर और पर्वातारोही जुड़वा बहनें ताशी और नुंगशी मलिक शामिल हैं। प्रस्तावित नामों को गृह मंत्रालय के पद्म अवार्ड कमेटी को भेज दिया गया है। अवार्ड के लिए चयनित नामों का ऐलान गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 25 जनवरी 2020 को किया जाएगा।
Leave A Comment