अंडर-19 एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप: चंद्रिका और जॉयश्री की जीत से भारत की दमदार शुरुआत
जकार्ता. चंद्रिका पुजारी और जॉयश्री देवी की दमदार जीत से भारत ने रविवार को अंडर-19 एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। शुरूआती दौर में विश्व मुक्केबाजी फ्यूचर्स कप की स्वर्ण पदक विजेता चंद्रिका ने मंगोलिया की लखाम त्सेंडबाटार को लड़कियों के 51 किलोग्राम वर्ग में एकतरफा मुकाबले में 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराया। विश्व मुक्केबाजी फ्यूचर्स कप की रजत पदक विजेता जॉयश्री ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए लड़कियों के 54 किलोग्राम वर्ग में चीनी ताइपे की चेन निंग होंग के खिलाफ दूसरे दौर में रेफरी द्वारा मुकाबला रोकने (आरएससी) से जीत दर्ज की। सोमवार को भारत के अंडर-23 पुरुष वर्ग के चार मुक्केबाज रिंग में उतरेंगे।
एशियाई चैंपियन विश्वनाथ सुरेश (50 किग्रा) अपने अभियान की शुरुआत उज्बेकिस्तान के अमीरबेक इस्माइलोव के खिलाफ करेंगे। इसके बाद गंगा (55 किग्रा) का मुकाबला मंगोलिया के अमगलानबातार बुलगनखू से होगा। सागर जाखड़ (60 किग्रा) जापान के कोइची नाकायामा से भिड़ेंगे जबकि दिन के अंतिम मुकाबले में हितेश (70 किग्रा) का सामना चीनी ताइपे के जुन-झांगलिन से होगा। भारतीय मुक्केबाजी महासंघ ने अंडर-19 और अंडर-23 दोनों वर्गों में मजबूत टीम उतारी है। दोनों आयु वर्गों में भारत के 20-20 मुक्केबाज हिस्सा ले रहे हैं। यह चैंपियनशिप भारत के उभरते हुए मुक्केबाजों के लिए एशिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ अपनी प्रतिभा और क्षमता को परखने का महत्वपूर्ण मंच है।








.jpeg)
.jpg)
Leave A Comment