ब्रिटेन में प्रवासी भारतीय संगठनों ने मोदी की '25 साल की जन सेवा' का जश्न मनाया
लंदन. ब्रिटेन में प्रवासी भारतीयों के विभिन्न संगठनों का एक समूह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्वाचित पद पर ''जनसेवा के 25 वर्ष'' के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इस कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार को 'हाउस ऑफ लॉर्ड्स' परिसर में हुई। इसकी मेजबानी लॉर्ड रामी रेंजर ने सरदार पटेल मेमोरियल सोसाइटी के अध्यक्ष के रूप में की। कार्यक्रम में असमिया और ओडिसी के पारंपरिक नृत्य, वायलिन वादन और औपचारिक रूप से केक काटने के आयोजन के जरिए भारत की सांस्कृतिक विविधता भी प्रदर्शित की गई। आयोजकों ने एक बयान में कहा, ''इन समारोहों के केंद्र में भारत का शाश्वत दर्शन 'वसुधैव कुटुंबकम' है, जिसका अर्थ है कि पूरी दुनिया एक परिवार है। यह मार्गदर्शक सिद्धांत समावेशिता, शांति, साहस, खुशी, समृद्धि और नई शुरुआत जैसे सार्वभौमिक मूल्यों को दर्शाता है।'' उन्होंने कहा, ''इस महत्वपूर्ण पड़ाव का जश्न मनाते हुए इन आयोजनों को गैर-राजनीतिक रखा गया है। इनमें सार्वजनिक सेवा, समावेशिता, शांति, साहस, खुशी, समृद्धि और सभी भारतीयों की सफलता जैसे सार्वभौमिक मूल्यों पर विशेष जोर दिया गया है।'' इस बीच, ब्रिटिश भारतीय समुदाय ने 17 अक्टूबर को पश्चिमी लंदन के रुइस्लिप में एक सामुदायिक समारोह आयोजित करने की योजना की घोषणा की है। इस समुदाय में 'इंडियन डायस्पोरा (आईडी) यूके', 'स्लाउ मित्र मंडल' और बकिंघमशायर स्थित श्री विट्ठल रुक्मिणी मंदिर जैसे संगठन शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक जीवन के इस पड़ाव के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ''समुदाय के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करना और उन्हें एकजुट करने वाले मूल्यों का जश्न मनाना'' होगा। आयोजकों ने अगले सप्ताह होने वाले 'जनसेवा के 25 वर्ष' समारोह को ऐसा अवसर बताया है, जो ''आशावाद, मित्रता और सामूहिक प्रगति की भावना को प्रेरित करेगा तथा परिवारों, मित्रों और समुदायों को एक साथ मिलकर जश्न मनाने के अवसर उपलब्ध कराएगा।''










Leave A Comment