- Home
- देश
- नयी दिल्ली। भारत के रिकॉर्ड 91 विश्वविद्यालयों को टाइम्स हायर एजुकेशन (टीएचई) पत्रिका द्वारा घोषित वैश्विक विश्वविद्यालय रैंकिंग में जगह मिली है। आईआईएस-बेंगलोर ने साल 2017 के बाद पहली बार शीर्ष 250 विश्वविद्यालयों की सूची में जगह बनाई है। इस वर्ष 91 भारतीय विश्वविद्यालयों ने सूची में जगह बनाई जबकि पिछले साल इनकी संख्या 75 थी, इस लिहाज से गत वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। हालांकि शीर्ष भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) ने लगातार चौथे वर्ष रैंकिंग का बहिष्कार किया है। सूची में जगह बनाने वाले विश्वविद्यालयों की संख्या के मामले में भारत चौथे स्थान पर रहा जबकि पिछले साल यह छठे पायदान पर था। बुधवार को लंदन स्थित टीएचई पत्रिका द्वारा घोषित रैंकिंग के अनुसार, भारत में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विश्वविद्यालयों में अन्ना विश्वविद्यालय, जामिया मिलिया इस्लामिया, महात्मा गांधी विश्वविद्यालय, शूलिनी जैव प्रौद्योगिकी और प्रबंधन विज्ञान विश्वविद्यालय शामिल हैं। सात आईआईटी बॉम्बे, दिल्ली, गुवाहाटी, कानपुर, खड़गपुर, मद्रास और रूड़की ने 2020 में वैश्विक विश्वविद्यालय रैंकिंग से बाहर होने का विकल्प चुना था, जिसके बा रैंकिंग की पारदर्शिता और मानकों पर संदेह पैदा हो हुआ था। आईआईटी गुवाहाटी ने पिछले साल रैंकिंग में दोबारा प्रवेश किया था।
- तिरुवनंतपुरम। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज के एक निजी कर्मचारी पर रिश्वत लेने का आरोप लगा है, जिसके बाद विपक्षी दल कांग्रेस ने बुधवार को इसकी जांच की मांग की। मलप्पुरम जिले के निवासी हरिदासन ने आरोप लगाया कि मंत्री के एक निजी कर्मचारी ने उनकी बहू की सरकारी चिकित्सा अधिकारी के रूप में नियुक्ति के लिए एक लाख रुपये की रिश्वत ली। उन्होंने आरोप लगाया कि एक बिचौलिए ने उनसे संपर्क किया और दावा किया कि ऐसी नियुक्तियां मंत्री के कार्यालय के माध्यम से की जा रही हैं, और उनसे किश्तों में रिश्वत के रूप में एक बड़ी राशि का भुगतान करने के लिए कहा। पथनमथिट्टा में माकपा की श्रमिक संगठन शाखा ‘सीटू' के एक पूर्व कार्यालय सचिव ने कथित तौर पर बिचौलिए के रूप में काम किया और उक्त नियुक्ति के लिए रिश्वत ली। उन्होंने दावा किया कि पैसे देने के बावजूद उनकी बहू को नौकरी नहीं मिली।हरिदासन ने मंत्री के निजी कर्मचारी को रिश्वत देने के कुछ कथित सबूत भी जारी किए।बाद में दिन में, उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस की विशेष शाखा के अधिकारियों ने उनका बयान दर्ज किया है। वहीं, आरोप को खारिज करते हुए स्वास्थ्य मंत्री के कार्यालय ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच के लिए एक शिकायत पुलिस महानिदेशक को भेजी गई है। मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा कि प्राप्त शिकायत के आधार पर उन्होंने आरोपी कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही कहा कि शिकायत मिलने पर उन्होंने कभी भी इसे दबाने की कोशिश नहीं की। उन्होंने कन्नूर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘जब मुझे एक मंत्री के रूप में ऐसी शिकायत मिली, तो मैंने सबसे पहले अपने निजी कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा, जिसके खिलाफ आरोप लगाया गया था। यह उस जांच का हिस्सा है, जो मैंने अपने कार्यालय में इस संबंध में की थी।'' स्वास्थ्य मंत्री के निजी कर्मचारी के खिलाफ रिश्वतखोरी के आरोप को ‘‘गंभीर'' बताते हुए कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राज्य के सभी सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार पनप रहा है। राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन ने कहा कि मंत्री के एक निजी कर्मचारी पर नियुक्ति के लिए रिश्वत लेने का आरोप, ‘‘चौंकाने वाला'' है। उन्होंने दावा किया कि शिकायत मंत्री के निजी कर्मचारी अखिल मैथ्यू और पथनमथिट्टा में माकपा नेता अखिल सजीव के खिलाफ की गई है।
- नयी दिल्ली। नागर विमानन मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि डीजीसीए सहित विभिन्न प्राधिकरणों में कार्यबल बढ़ाने के लिये कदम उठाये गये हैं। इसके तहत कुल 416 नव-सृजित पदों में से 114 पर नियुक्ति की जा चुकी है जबकि अन्य पद चरणबद्ध तरीके से भरे जाएंगे। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के अलावा, हवाई अड्डा आर्थिक नियामक प्राधिकरण (एईआरए) और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) में कार्यबल बढ़ाने की पहल की गई है। डीजीसीए अपने नियामकीय और निरीक्षण कार्यों को पूरा करने के लिये योग्य तथा अनुभवी विमान इंजीनियरों, पायलटों एवं हवाई यातायात नियंत्रकों की टीम को नियुक्त करता है। मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘डीजीसीए में कुल 416 नये पद सृजित किये गये हैं... इन पदों पर चरणबद्ध तरीके से नियुक्ति की जाएगी। अभी तक 114 पदों पर नियुक्ति हो चुकी है।'' बयान के अनुसार, हवाई अड्डा आर्थिक नियामक प्राधिकरण में 10 नये पद सृजित किये गये हैं। उनमें से पांच पदों पर नियुक्ति की जा चुकी है। बाकी पद जल्द ही भरे जाएंगे। इसके अलावा, मौजूदा पदों में 27 पद खाली हैं। इनमें से 24 पर नियुक्ति हुई है जबकि तीन पदों को भरने के लिये प्रक्रिया जारी है।
- नयी दिल्ली। सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने बुधवार को हिंद-प्रशांत क्षेत्र के सामने आने वाली बहुमुखी चुनौतियों का सामना करने के लिए समान विचारधारा वाले देशों द्वारा मार्गदर्शक सिद्धांत के रूप में ‘समन्वित प्रयास' की अवधारणा को अपनाने का आह्वान किया। हिंद-प्रशांत सेना प्रमुख सम्मेलन (आईपीएसीसी) के समापन सत्र में एक संबोधन में उन्होंने कहा कि चुनौतियों के समाधान के लिए रचनात्मकता, नवाचार, लचीलेपन और समावेशी सहयोग की आवश्यकता होती है। भारतीय सेना ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए एक आम रणनीति विकसित करने के वास्ते दो दिवसीय सम्मेलन की मेजबानी की। इसमें 30 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें लगभग 15 सेनाओं के प्रमुख भी शामिल थे। जनरल पांडे ने कहा, “विभिन्न मुद्दों पर हमारे द्वारा हासिल की गई आम समझ को अब भविष्य में हमारी समग्र कार्रवाई का मार्ग प्रशस्त करना चाहिए। एकजुटता की इसी भावना के तहत, मैं हममें से प्रत्येक से ‘समन्वित प्रयास' की अवधारणा को अपने मार्गदर्शक सिद्धांत के रूप में अपनाने का आग्रह करता हूं।” उन्होंने कहा कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता अमूर्त आदर्श नहीं हैं और ये वह नींव हैं जिस पर लाखों लोगों के सपने और आकांक्षाएं टिकी हैं। जनरल पांडे ने कहा कि भारतीय सेना इन आदर्शों के लिये प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “मैं उस ‘भरोसेमंद पहलू' को स्वीकार करना और उसकी सराहना करना चाहता हूं जिसे आप सभी ने हमारे विचार-विमर्श के दौरान बढ़ावा दिया और बनाने में मदद की।”
- बहराइच (उप्र)। उत्तर प्रदेश के बहराइच-गोण्डा राजमार्ग पर खुटेहना के निकट बुधवार दोपहर बस एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच हुई भिड़ंत में दो बच्चों और एक महिला की मौत हो गयी जबकि चार अन्य घायल हो गये। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि बुधवार दोपहर थाना पयागपुर अन्तर्गत खुटेहना चौराहे के निकट सीमेंट लदी ट्राली व रोडवेज बस की आमने सामने हुई टक्कर के फलस्वरूप बस में सवार सात लोग घायल हो गए । उन्होंने बताया कि घायलों को इलाज के लिये जिला अस्पताल ले जाया गया जहां शिवम (08), सना (1) तथा मीना (50) की मृत्यु हो गयी। प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को तत्काल मौके पर भेजकर घायलों को महर्षि बालार्क जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
-
नयी दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र की एक नयी रिपोर्ट के अनुसार भारत में 40 फीसदी से ज्यादा बुजुर्ग संपत्ति के मामले में गरीब हैं और करीब 18.7 प्रतिशत बुजुर्गों के पास आमदनी का कोई जरिया नहीं है। संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (यूएनएफपीए) की ‘इंडिया एजिंग रिपोर्ट 2023' में कहा गया है कि बुजुर्गों में गरीबी का यह स्तर उनके जीवन की गुणवत्ता को प्रभावित कर सकता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कुल मिलाकर, भारत में हर पांच में दो बुजुर्ग संपत्ति के लिहाज से गरीब श्रेणी में हैं। यह जम्मू- कश्मीर में 4.2 प्रतिशत और पंजाब में पांच प्रतिशत है जबकि लक्षद्वीप में 40.2 प्रतिशत और छत्तीसगढ़ में 47 प्रतिशत है।” उनके काम, पेंशन और आय की स्थिति के विश्लेषण से पता चलता है कि 18.7 प्रतिशत बुजुर्गों के पास आमदनी का कोई जरिया नहीं है। रिपोर्ट में कहा गया है कि 17 राज्यों में यह अनुपात राष्ट्रीय स्तर से ज्यादा है। उसके मुताबिक, उत्तराखंड में यह 19.3 प्रतिशत है तो लक्षद्वीप में 42.4 फीसदी है। रिपोर्ट में बताया गया है कि वृद्ध महिलाओं में उच्च जीवन प्रत्याशा है, जो कई देशों की प्रवृत्ति के अनुरूप है। संयुक्त राष्ट्र की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, “60 साल की उम्र में, भारत में एक व्यक्ति 18.3 साल और जीने की उम्मीद कर सकता है, जो महिलाओं के मामले में 19 साल और पुरुषों के मामले में 17.5 साल है।” रिपोर्ट में कहा गया है कि उदाहरण के लिए, हिमाचल प्रदेश और केरल में, 60 वर्ष की महिलाओं की जीवन प्रत्याशा क्रमशः 23 और 22 वर्ष है, जो इन राज्यों में 60 वर्ष के पुरुषों की तुलना में चार वर्ष अधिक है जबकि राष्ट्रीय औसत में सिर्फ डेढ़ साल का अंतर है। रिपोर्ट के मुताबिक, राजस्थान, हरियाणा, गुजरात, उत्तराखंड, केरल, हिमाचल प्रदेश और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में 60 वर्ष की महिलाओं की जीवन प्रत्याशा 20 वर्ष से अधिक है। रिपोर्ट में कहा गया है, “ बुढ़ापे में गरीबी स्वाभाविक रूप से लैंगिक आधारित होती है जब वृद्ध महिलाओं के विधवा होने, अकेले रहने, आय का कोई स्रोत नहीं होने और अपनी संपत्ति कम होने तथा आश्रय के लिए पूरी तरह से परिवार पर निर्भर होने की संभावना ज्यादा होती है।” बुधवार को जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि बुजुर्ग विधवा महिलाएं अक्सर अकेली रहती हैं और उन्हें बहुत कम आश्रय मिलता है तथा उन्हें कई बीमारियां घेर लेती हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि बुजुर्गों में महिलाओं का ज्यादा प्रतिशत "जनसांख्यिकीय संरचना में उच्च असंतुलन" को दर्शाता है। साल 1991 के बाद से, बुजुर्गों में लिंगानुपात (प्रति 1,000 पुरुषों पर महिलाएं) लगातार बढ़ रहा है, जबकि सामान्य आबादी का लिंगानुपात स्थिर है। इसका मतलब है कि पुरुषों की तुलना में बुजुर्ग महिलाओं की संख्या अधिक है। रिपोर्ट के अनुसार 2014 से 2021 के बीच कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत बुजुर्गों पर खर्च में 182 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
- नई दिल्ली। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने संकेत दिए हैं कि राम मंदिर के पहले चरण का निर्माण कार्य पूरा होने और अगले साल 22 जनवरी को वहां श्रीराम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के बाद इसे 23 तारीख से श्रद्धालुओं के लिए खोला जा सकता है. एक विशेष साक्षात्कार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रधान सचिव रहे मिश्रा ने यह भी कहा कि श्रीराम की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा अगले वर्ष 22 जनवरी को होगी और 20 से 24 जनवरी के बीच किसी भी दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इससे जुड़े अनुष्ठान में सम्मिलित होंगे.उन्होंने कहा, ‘‘प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय की देखरेख में एक समिति बनाई गई है. वह विस्तार से इस विषय पर काम कर रही है. 22 तारीख को तो प्राण प्रतिष्ठा होगी और ट्रस्ट ने एक निवेदन किया है सभी से, पूरे देश से, हर गांव-गांव से कि वे यथासंभव अपने गांव में भगवान की प्राण प्रतिष्ठा को मनाएं.''मिश्रा ने कहा कि ट्रस्ट ने सभी श्रद्धालुओं से यह निवेदन किया है कि वे 22 तारीख को अयोध्या आने का प्रयास ना करें. उन्होंने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान को निश्चित रूप से दूरदर्शन के माध्यम से दिखाया जाएगा. प्राण प्रतिष्ठा के अगले दिन से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचने की संभावना को देखते हुए मिश्रा ने इस संभावित भीड़ को नियंत्रित करने को भी चुनौती करार दिया.उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए ट्रस्ट ने यह निर्णय लिया है कि उनकी ओर से एक संकेत दिया जाएगा कि विभिन्न प्रदेशों के लोग निश्चित तिथियों को ही आएं. उन्होंने कहा, ‘‘और एक यह भी योजना है, हालांकि वह पूरी तरह से क्रियान्वित तो नहीं हो सकती... 23 तारीख से प्रदेशों के कार्यक्रम बना दिए जाएं. जो श्रद्धालु एक प्रदेश से आ रहे हैं, उनके लिए एक कार्यक्रम हो और वह रेल की समय सारणी से भी मैच होना चाहिए. सड़क मार्ग से आने वाले लोगों का भी कार्यक्रम तय होना चाहिए.''उन्होंने कहा कि ट्रस्ट यह कोशिश भी कर रहा है कि विभिन्न भाषाओं के जानकार स्वयंसेवक के रूप में उपलब्ध रहें जो श्रद्धालुओं की भाषा में उनकी यात्रा को यादगार बनाने में मदद दें. मिश्रा ने कहा कि यह भी प्रयास किया जा रहा है कि कुछ स्थानों पर खाने की व्यवस्था भी हो.उन्होंने कहा, ‘‘यह भी संभव है 25 से 50 हजार लोगों के लिए बिना किसी भुगतान के खाने की व्यवस्था की जाए. इन सब पर ट्रस्ट की समिति विचार कर रही है.'' उन्होंने अनुमान जताया कि मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाने के बाद रोजाना लगभग सवा लाख से डेढ़ लाख लोग आएंगे और दर्शन करेंगे.उन्होंने इस भीड़ को नियंत्रित करने को चुनौती बताते हुए कहा कि जब श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचने लगेंगे तो भू-तल का निर्माण पूरा हो चुका होगा लेकिन प्रथम तल और दूसरे तल पर निर्माण कार्य भी चल रहा होगा. उन्होंने कहा, ‘‘तो हमें यह भी ख्याल रखना है कि जो श्रद्धालु आए उनकी सुरक्षा भी हो क्योंकि दोनों तलों पर निर्माण कार्य चल रहा होगा. वहां पर भी प्रतिबंधित क्षेत्र बनाने होंगे.''उन्होंने कहा कि चूंकि ‘उल्टी गिनती शुरु हो गई है' तो श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं की व्यवस्था पर भी विस्तार से काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा, ‘‘मंदिर परिसर तक पहुंचने का क्या रूट होगा? किस तरह लोग मंदिर में आएंगे? कितनी कतारों में आएंगे? एक व्यक्ति को दर्शन करने के लिए कितना समय मिले?...इन सब पर काम जारी है. जिला और पुलिस प्रशासन, उत्तर प्रदेश सरकार, ट्रस्ट के लोग और बहुत भारी संख्या में स्वयंसेवक आएंगे जो इस कार्यक्रम की देखरेख करेंगे.
-
नई दिल्ली। सर्वोच्च न्यायालय ने एचआईवी अधिनियम का प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों को कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। न्यायालय ने देश की सभी अदालतों, न्यायधिकरणों और अर्ध-न्यायिक निकायों को एचआईवी अधिनियम की धारा 34(2) के अन्तर्गत एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों से संबंधित मामलों के शीघ्र निपटान को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। न्यायालय ने राष्ट्रीय उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग के उस फैसले के खिलाफ अपील पर सुनवाई करते हुए यह निर्देश दिये जिसमें, भारतीय वायु सेना के एक पूर्व अधिकारी को मुआवजा देने के दावे को नामंजूर कर दिया गया था। यह पूर्व अधिकारी सैन्य अस्पताल में रक्त चढ़ाये जाने के दौरान एचआईवी से संक्रमित हो गये थे। न्यायालय ने उन्हें एक करोड़ 50 लाख रुपये का मुआवजा देते हुए ये निर्देश दिए। न्यायालय ने यह भी निर्देश दिया कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों की पहचान गुमनाम रखने के लिए कदम उठाए जाएं।
-
नई दिल्ली। केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो - सीबीआई ने सिविल लाईन्स में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नए आवास के निर्माण में कथित अनियमितताओं की प्रारंभिक जांच शुरू की है। सीबीआई के अधिकारियों के अनुसार जांच दिल्ली सरकार के कर्मचारियों और निजी क्षेत्र के कुछ लोगों के विरुद्ध की जा रही है। मुख्यमंत्री का इसमें नाम नहीं है। अधिकारी ने कहा कि अगर जांच में पर्याप्त जानकारी मिलती है तो एजेंसी एक नियमित मामला दर्ज करेगी। सीबीआई ने कई उप-शाखाओं में लोक निर्माण विभाग - पीडब्ल्यूडी द्वारा ठेकेदारों को किए गए भुगतान को लेकर विस्तृत जानकारी देने को भी कहा है।
-
नयी दिल्ली. शिक्षा-प्रौद्योगिकी कंपनी फिजिक्स वाला ऑनलाइन (पीडब्ल्यू) की 12 शहरों में करीब 120 करोड़ रुपये के निवेश से 18 नए शिक्षण केंद्र खोलने की योजना है। कंपनी ने मंगलवार को जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी। फिजिक्स वाला ने इस सिलसिले में राष्ट्रीय राजधानी के साकेत इलाके में एक नए शिक्षण केंद्र की शुरुआत की है। यहां पर छात्रों को इंजीनियरिंग से संबंधित गेट एवं ईएसई परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाएगी। पीडब्ल्यू के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अभिषेक मिश्रा ने कहा, "दिल्ली में गेट एवं ईएसई का हमारा पहला केंद्र छात्रों को सशक्त करने के हमारे अभियान की दिशा में उठाया गया एक कदम है। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्वास व्यक्त किया है कि भारत आने वाले वर्षों में विश्व की तीन शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होगा। वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक शिखर सम्मेलन के 20 वर्ष पूरे होने के अवसर पर अहमदाबाद की साइंस सिटी में हुए कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने देश के व्यवसायियों और निवेशकों से उन उभरते क्षेत्रों में निवेश करने की अपील की जिनमें देश के विकास और भारत को 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने की अपार संभावनाएं हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वे जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे तो उनका सपना गुजरात को देश के विकास का इंजन बनाना था और अब जब वे भारत के प्रधानमंत्री है तो उनका सपना भारत को विश्व के विकास का इंजन बनाना है। वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक शिखर सम्मेलन के 20 वर्ष की गौरवशाली यात्रा को याद करते हुए श्री मोदी ने कहा कि यह यात्रा उस समय शुरू हुई थी जब गुजरात का वित्तीय क्षेत्र भयानक भूकंप और हिंसा के कारण विशेष रूप से संकट में था। उन्होंने कहा कि वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक शिखर सम्मेलन में गुजरात को विदेशी निवेश के पसंदीदा मुकाम के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि पिछले 20 वर्षो से अधिक समय में गुजरात की छवि व्यापारिक राज्य से निर्माण और उत्पादन के केन्द्र के रूप में जबरदस्त रूप से बदल गई है। उन्होंने कहा कि मोटर वाहन, रसायन, वस्त्र, रत्न और आभूषण के क्षेत्र में गुजरात देश में आगे है। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, उद्योग मंत्री बलवंत सिंह राजपूत, आर्सेलर मित्तल के कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मी मित्तल सहित बहुत से दिग्गज उद्योगपति भी उपस्थित थे।प्रधानमंत्री ने आज छोटा उदयपुर में 5200 करोड़ की परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेगें। इन परियोजनाओं में उत्कृष्ट विद्यालय मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत 4500 करोड़ रूपये की स्कूलों की ढांचागत परियोजनाएं भी शामिल है। -
नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी-एनआईए ने आज पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में खालिस्तानी-गैंगस्टर गठजोड़ पर कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर छापेमारी की। इन राज्यों में 50 से अधिक स्थानों पर छापेमारी चल रही है। एनआईए के सूत्रों ने बताया कि दूसरे देशों में स्थित खालिस्तानी और गैंगस्टर तत्व भारत में हवाला के जरिए ड्रग्स और हथियारों के लिए फंडिंग कर रहे हैं। जांच एजेंसी को खालिस्तानी, आईएसआई और गैंगस्टर गठजोड़ के बारे में सुराग मिले थे। गिरफ्तार गैंगस्टरों और खालिस्तानियों से मिली जानकारी से पता चला है कि खालिस्तानी-गैंगस्टर गठजोड़ आतंकवादी फंडिंग, हथियार आपूर्ति और विदेशी धरती से देश विरोधी गतिविधियों को संचालित करने में शामिल है।
- नयी दिल्ली. चंद्रयान मिशन की सफलता के बाद भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने ऐसे तारों के रहस्य सामने लाने की योजना बनाई है जिन पर पर्यावरण होने की बात कही जाती है या जो सौरमंडल से बाहर स्थित हैं। इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने मंगलवार को यह बात कही। भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी (इनसा) के तत्वावधान में एक व्याख्यान देते हुए सोमनाथ ने कहा कि एजेंसी शुक्र ग्रह (वीनस) के अध्ययन के लिए एक मिशन भेजने और अंतरिक्ष के जलवायु तथा पृथ्वी पर उसके प्रभाव का अध्ययन करने के लिए दो उपग्रह भेजने की योजना भी बना रही है। उन्होंने कहा कि एक्सपोसैट या एक्स-रे पोलरीमीटर सैटेलाइट इस साल दिसंबर में प्रक्षेपण के लिए तैयार है जो समाप्त होने की प्रक्रिया से गुजर रहे तारों का अध्ययन करने के लिए है। सोमनाथ के मुताबिक, ‘‘हम एक्सोवर्ल्ड्स नामक एक उपग्रह की अवधारणा पर भी विचार कर रहे हैं जो हमारे सौरमंडल से बाहर के ग्रहों और अन्य तारों का चक्कर लगा रहे ग्रहों का अध्ययन करेगा।'' उन्होंने कहा कि सौरमंडल के बाहर 5,000 से अधिक ज्ञात ग्रह हैं जिनमें से कम से कम 100 पर पर्यावरण होने की बात मानी जाती है। सोमनाथ ने कहा कि मंगल पर एक अंतरिक्षयान उतारने की योजना अवधारणा के स्तर पर है।
-
पोर्ट ब्लेयर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में ‘रोजगार मेले' के तहत नए भर्ती किए गए लोगों को मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से लगभग 1,000 नियुक्ति पत्र वितरित किए। रोजगार मेला देशभर में 46 स्थानों पर आयोजित किया गया और मोदी ने पूरे भारत में लगभग 51,000 नियुक्ति पत्र वितरित किए। केवल अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में रोजगार मेला अभियान के तहत सफल परीक्षार्थियों को (समूह बी और सी श्रेणियों के) लगभग 1,000 नियुक्ति पत्र दिए गए। मोदी ने नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से रोजगार मेले को संबोधित करते कहा, ‘‘मैं रोजगार मेले के तहत आज नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सभी नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई देता हूं। सरकारी योजनाओं में प्रौद्योगिकी के उपयोग से भ्रष्टाचार एवं जटिलताओं पर अंकुश लगा है और विश्वसनीयता एवं सहूलियत बढ़ी है।'' रोजगार मेला पोर्ट ब्लेयर स्थित ‘डॉ. बी आर आंबेडकर प्रौद्योगिकी संस्थान' के सभागार में आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गृह, युवा मामले और खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक थे। प्रमाणिक ने कहा, ‘‘मैं उन सभी सफल परीक्षार्थियों को बधाई देना चाहता हूं जिन्हें नियुक्ति पत्र मिले हैं। मैं स्थानीय युवाओं से आग्रह करूंगा कि वे रोजगार मेले का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।'' नौकरियों में 100 प्रतिशत आरक्षण संबंधी अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के युवाओं की मांग पर मंत्री ने कहा, ‘‘मैं इस मामले पर टिप्पणी करने की स्थिति में नहीं हूं। मैं बस इतना ही कह सकता हूं...आज के रोजगार मेले में ऐसे (1,000 सफल परीक्षार्थियों में से) अधिकतर युवा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के हैं जिन्होंने परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की और उन्हें नियुक्ति पत्र दिए गए। आगामी महीनों में ऐसे और रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे जो स्थानीय युवाओं को कई अवसर देंगे।'' उन्होंने कहा, ‘‘अंडमान आजादी के लिए लड़ने वाले भारत के नायकों के दर्द, पसीने और खून का गवाह रहा है। मैं रोजगार मेले के लिए यहां आने का अवसर मिलने पर आभारी हूं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह ने कई विकासात्मक गतिविधियां देखी हैं।'' प्रमाणिक ने कहा कि उन्हें लगता है कि ‘वॉटर स्पोर्ट्स' (जल क्रीड़ा) के क्षेत्र में अंडमान में अपार संभावनाएं हैं और उन्होंने ‘खेलो इंडिया' के बैनर तले ऐसी कुछ योजनाएं शुरू करने का आश्वासन दिया, जो स्थानीय और जनजातीय युवाओं को खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाने में मदद करेगी। उन्होंने पोर्ट ब्लेयर स्थित ‘वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स' में सुविधाओं का जायजा भी लिया तथा यह जानने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बातचीत की कि युवाओं के लिए और क्या किया जा सकता है। प्रमाणिक ने कहा, ‘‘भारत के पास सर्वाधिक संख्या में युवा आबादी है और हमारा लक्ष्य राष्ट्र निर्माण में अधिकतम संख्या में युवाओं को शामिल करना है। इसके लिए उनका स्वस्थ रहना बहुत महत्वपूर्ण है और स्वस्थ दिमाग, शरीर एवं आत्मा के लिए लोगों का खेल खेलना आवश्यक है।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि पिछले 30 दिन में उन्होंने 85 देशों के नेताओं के साथ बैठकें कीं और इस दौरान भारत की कूटनीति एक नयी ऊंचाई पर पहुंची है। प्रधानमंत्री मोदी भारत मंडपम में आयोजित ‘जी20 यूनिवर्सिटी कनेक्ट' के एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मोदी ने कहा कि पिछले 30 दिन में समाज के विभिन्न वर्गों के सशक्तीकरण के लिए प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की शुरुआत की गई, एक लाख से ज्यादा नौजवानों को केंद्र सरकार में सरकारी नौकरी दी गई और इसी अवधि में नए संसद भवन में संसद का सत्र हुआ जिसमें महिला आरक्षण विधेयक पारित हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 30 दिन में भारत की कूटनीति एक नयी ऊंचाई पर पहुंची है। जी20 से पहले दक्षिण अफ्रीका में ब्रिक्स सम्मेलन हुआ और भारत के प्रयास से ब्रिक्स समुदाय में छह नए देश शामिल किए गए।'' उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के बाद वह यूनान गए जो गत 40 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा थी। प्रधानमंत्री ने बताया कि जी20 शिखर सम्मेलन से ठीक पहले उन्होंने इंडोनेशिया में भी विश्व के अनेक नेताओं के साथ बैठकें कीं। उन्होंने कहा, ‘‘इसके बाद जी20 सम्मेलन के दौरान इसी भारत मंडपम में दुनिया के लिए बड़े-बड़े फैसले किए गए। आज के खंडित वैश्विक वातावरण में इतने सारे देशों को एक साथ एक मंच पर लाना छोटा काम नहीं है।'' उन्होंने छात्रों से कहा कि उन्हें एक पिकनिक का आयोजन भी करना होता है तो वे तय नहीं कर पाते कि कहां जाया जाए। मोदी ने कहा कि जी20 शिखर सम्मेलन में नयी दिल्ली घोषणापत्र पर 100 प्रतिशत सहमति दुनिया भर में सुर्खियां बनीं और इस दौरान भारत ने अनेक महत्वपूर्ण फैसलों का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा, ‘‘जी20 में कुछ फैसले ऐसे हुए जो 21वीं सदी की पूरी दिशा ही बदल देने की क्षमता रखते हैं। भारत की पहल पर अफ्रीकी संघ को जी20 का स्थायी सदस्य बनाया गया। ग्लोबल बायोफ्यूल अलांयस का नेतृत्व भी भारत ने किया।'' प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘जी20 सम्मेलन में ही हम सभी ने मिलकर ‘भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारा' बनाने का फैसला किया। यह गलियारा कई महाद्वीपों को आपस में जोड़ेगा इससे आने वाली कई शताब्दियों तक व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलने वाला है।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि जी20 शिखर सम्मेलन की समाप्ति के तुरंत बाद सऊदी अरब के युवराज मोहम्मद बिन सलमान बिन अब्दुलअजीज अल सौद का भारत दौरा शुरु हुआ और भारत में सऊदी अरब 100 अरब डॉलर का निवेश करने जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘बीते 30 दिन में विश्व के 85 देशों के नेताओं के साथ मेरी बैठकें हुई हैं। यह करीब करीब आधी दुनिया है।'' इन बैठकों के फायदे गिनाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जब भारत के रिश्ते दूसरे देशों से अच्छे होते हैं, जब नए-नए देश भारत के साथ जुड़ते हैं तो भारत के लिए भी नए अवसर बनते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमें नया साथी मिलता है, नया बाजार मिलता है और इन सब का फायदा देश की युवा पीढ़ी को होता है।'' विश्वकर्मा जयंती पर आरंभ किए गए प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि इससे अनुसूचित जाति व जनजाति वर्ग के साथ अन्य पिछड़ा वर्ग के कारीगरों का सशक्तीकरण होगा। उन्होंने कहा, ‘‘रोजगार मेला लगाकर बीते 30 दिन में एक लाख से ज्यादा नौजवानों को केंद्र सरकार में सरकारी नौकरी दी गई है। जब से यह कार्यक्रम शुरू किया गया है, तब से लेकर छह लाख से ज्यादा युवकों को सरकारी नौकरियों के लिए नियुक्ति पत्र दिए गए हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘इन्हीं 30 दिन में आपने देश के नए संसद भवन में पहले संसद सत्र को भी देखा है। देश के नए संसद भवन में पहला विधेयक महिला आरक्षण विधेयक पारित हुआ, जिसने पूरे देश को गर्व से भर दिया है।'' पिछले कुछ दिनों में राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में कन्वेंशन सेंटर ‘यशोभूमि' को राष्ट्र को समर्पित करने, वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की आधारशिला रखने, एक साथ नौ वंदे भारत रेलगाड़ियों को हरी झंडी दिखाए जाने का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि सरकार किस गति और पैमाने पर काम कर रही है, ये उसके उदाहरण हैं। उन्होंने कहा, ‘‘जितने भी काम मैं गिनवा रहा हूं, उनका सीधा संबंध युवाओं के कौशल से है। युवाओं के लिए रोजगार निर्माण से है।'' उन्होंने युवाओं से कहा कि देश कितनी तेज गति से काम कर रहा है और कितने अलग-अलग पहलुओं पर काम कर रहा है, यह देश के नौजवानों को पता होना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘युवा वहीं आगे बढ़ते हैं जहां आशा, अवसर और खुलापन होता है। जिस तरीके से आज भारत आगे बढ़ रहा है, उसमें आपके उड़ने के लिए पूरा आसमान खुला है।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि नए संसद भवन में महिला आरक्षण विधेयक के पारित होने से देश के नए भविष्य की शुरुआत हुई है। उन्होंने जोर दिया कि लड़कियों के लिए भविष्य के नए दरवाजे खोलना उनकी सरकार की नीति है।
मोदी ने विभिन्न सरकारी विभागों में 51,000 से अधिक नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से एक रोजगार मेले को संबोधित करते हुए शासन में प्रौद्योगिकी के बढ़ते उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से कहा कि सरकारी योजनाओं में प्रौद्योगिकी के उपयोग से भ्रष्टाचार और जटिलताओं पर अंकुश लगा है तथा विश्वसनीयता और सुविधा में इजाफा हुआ है। प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल से विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी), ट्रेन टिकट की बुकिंग और डिजिटल लॉकर सहित मिल रहीं अन्य सुविधाओं का हवाला देते हुए उन्होंने नवनियुक्त कर्मियों को ‘नागरिक-प्रथम' की भावना से काम करने की सलाह दी। उन्होंने युवाओं से शासन में सुधार के लिए प्रौद्योगिकी का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए कहा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार निरंतर निगरानी, मिशन मोड कार्यान्वयन और सरकारी योजनाओं में जन भागीदारी के आधार पर एक नयी मानसिकता के साथ काम कर रही है और इसका उद्देश्य योजनाओं का 100 प्रतिशत क्रियान्वयन है। उन्होंने कहा कि यह देश के लिए ऐतिहासिक फैसलों और उपलब्धियों का समय है और हाल में संसद द्वारा पारित महिला आरक्षण विधेयक से देश की 50 प्रतिशत आबादी को काफी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि 30 साल से लंबित यह मुद्दा लोकसभा और राज्यसभा दोनों में रिकॉर्ड मतों से पारित हो गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज जिन युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया गया है उनमें कई ऐसे भी होंगे जिनका जन्म भी नहीं हुआ होगा जब इस विधेयक को पहली बार पेश किया गया था। उन्होंने कहा कि नए भारत के सपने बड़े हैं और अंतरिक्ष से लेकर खेलों तक लड़कियों की मौजूदगी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें अब सशस्त्र बलों में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में महिलाओं की उपस्थिति से हमेशा हर क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आया है। देश के अगले कुछ वर्षों में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाने का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों को इस प्रक्रिया में बहुत योगदान देना होगा। मोदी ने उनकी अध्यक्षता में हुई प्रगति बैठकों का उदाहरण देते हुए कहा कि देश भर में परियोजनाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में वृद्धि और उत्पादन तथा निर्यात में उछाल के बारे में उन्होंने कहा कि आधुनिक बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व निवेश किया जा रहा है और नवीकरणीय ऊर्जा, जैविक खेती, रक्षा तथा पर्यटन जैसे क्षेत्र नयी जीवंतता दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘आत्मनिर्भर अभियान' मोबाइल फोन से लेकर विमान वाहक पोत तक, कोरोना टीका से लड़ाकू विमान तक के क्षेत्रों में परिणाम दिखा रहा है। रोजगार मेले का आयोजन देश भर में 46 स्थानों पर किया गया। इसमें डाक विभाग, परमाणु ऊर्जा, राजस्व, उच्च शिक्षा और रक्षा मंत्रालय सहित विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के चयनित कर्मचारी शामिल हुए। -
महराजगंज (उप्र)। महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के एक गांव में कथित प्रेम प्रसंग को लेकर सोमवार को एक युवक की हत्या का मामला सामने आया। पुलिस ने बताया कि मामले में युवक की कथित प्रेमिका समेत उसके परिवार के चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार मृत युवक की पहचान सुनील शर्मा (35) के रूप में की गयी है। रविवार की शाम घर से खाना खाने के बाद सुनील शर्मा अपनी आटा चक्की पर सोने चले गये और सोमवार की सुबह जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। खोजबीन के बाद भी परिजनों को सुनील शर्मा का कुछ पता नहीं चला। कुछ ग्रामीणों के अनुसार सुनील शर्मा को रात में एक लड़की के घर के पास देखा गया था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सुनील शर्मा का गांव की ही एक लड़की के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुरुआती जांच में जब पुलिस ने लड़की के परिवार से पूछताछ शुरू की तो उसने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। इसके बाद पूछताछ के लिए परिवार के सदस्यों को पुलिस थाना ले जाया गया। पूछाताछ के बाद जब पुलिस ने लड़की के घर की तलाशी ली तो उसे घर के अंदर एक बोरे में शव मिला और शव के हाथ-पैर बंधे हुए थे। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आतिश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि सुनील शर्मा के परिजनों ने चार लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज करायी है, जिसके बाद पुलिस ने कथित आरोपित प्रेमिका समेत उसके पिता , भाई और मां को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
-
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 39 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इसके अनुसार केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर दिमनी सीट से, केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, निवास से और एक अन्य केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल नरसिंगपुर से चुनाव लड़ेंगे। लोकसभा सांसद गणेश सिंह सतना विधानसभा से जबकि, सांसद रीति पाठक सीधी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगी। वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय इंदौर-प्रथम सीट से चुनाव लड़ेंगे।
पिछले महीने पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए 39 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी।



-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से रोजगार मेले के तहत करीब 51 हजार चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर श्री मोदी ने कहा कि रोज़गार मेला युवाओं को सशक्त बनाने और देश के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए सरकार के समर्पित प्रयास का एक रूप है। आज नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सभी नवनियुक्त कर्मियों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कामना की कि उनकी सेवाओं के संकल्प से देश के लक्ष्यों की प्राप्ति होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज कई महिला कर्मियों को नियुक्ति पत्र मिला है। आज देश की बेटियां अंतरिक्ष से लेकर खेल के क्षेत्र में कीर्तिमान बना रही हैं। महिलाएं हमेशा एक नई ऊर्जा के साथ कई क्षेत्रों में बदलाव लाती आई हैं। उन्होंने कहा कि आज देश ऐतिहासिक उपलब्धियों और फैसलों का गवाह बन रहा है। कुछ दिन पहले ही देश की आधी आबादी को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के रूप में बहुत बड़ी ताकत मिली है। श्री मोदी ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पिछले 30 वर्षों से लंबित था, अब दोनों सदनों द्वारा रिकॉर्ड मतों से पारित हो गया है। यह निर्णय देश की नई संसद के पहले सत्र में लिया गया और एक तरह से नई संसद में देश के नए भविष्य की शुरुआत हुई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का संकल्प लिया है, देश अगले कुछ वर्षों में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। आज वैश्विक अर्थव्यवस्था में कठिनाइयों के बीच भारत का सकल घरेलू उत्पाद तेजी से बढ़ रहा है। उत्पादन और निर्यात में भारी बढ़ोतरी हुई है, आज देश अपने आधुनिक बुनियादी ढांचे में जितना निवेश कर रहा है, उतना पहले कभी नहीं किया गया।श्री मोदी ने कहा कि सरकारी योजनाओं में प्रौद्योगिकी के उपयोग से भ्रष्टाचार, जटिलताओं पर अंकुश लगा और विश्वसनीयता बढ़ी है। लोगों ने पिछले नौ वर्षों में देखा है कि कैसे तकनीकी परिवर्तन के माध्यम से सुशासन को आसान बनाया गया है। आधार कार्ड, डिजिटल लॉकर और ई-केवाईसी ने दस्तावेजों को सम्भालने की जटिलता से छुटकारा मिल गया है।यह रोज़गार मेला देश भर के 46 स्थानों पर आयोजित किया गया, इसमें देश भर से चुने गए नए कर्मचारी डाक विभाग, परमाणु ऊर्जा, राजस्व, उच्च शिक्षा और रक्षा मंत्रालय सहित विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में सरकार में शामिल होंगे।रोजगार मेला रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक कदम है। उम्मीद है कि रोजगार मेला आगे रोजगार सृजन में उत्प्रेरक के रूप में काम करेगा और युवाओं को उनके सशक्तिकरण और राष्ट्रीय विकास में भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करेगा। - नयी दिल्ली। दिल्ली के रोहिणी इलाके में एसयूवी की चपेट में आने से सडक़ पर चल रहे 70 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि स्कूटर सवार दो लोग घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।उन्होंने बताया कि यह घटना रोहिणी सेक्टर-1 के ई ब्लॉक में हुई, जिसमें एसयूवी ने वृद्ध व्यक्ति और स्कूटर पर सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। पुलिस उपायुक्त (रोहिणी) गुरइकबाल सिंह सिद्घू ने बताया कि पुलिस को सुबह छह बजकर 40 मिनट पर घटना की सूचना मिली, जिसके बाद एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और तीनों घायलों को बीएसए अस्पताल भेजा। उपायुक्त के मुताबिक, विजय विहार के रहने वाले मोहम्मद यूनुस (70) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि बुद्ध विहार निवासी स्वर्ण अरोड़ा (63) और उसके बेटे (37) को जयपुल गोल्डन अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी ऋषभ सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बुद्ध विहार का निवासी है और मामले की जांच जारी है।
- चंडीगढ़। पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने बठिंडा में एक संपत्ति की खरीद में कथित अनियमितताओं के सिलसिले में राज्य के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल और पांच अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक शीर्ष अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि बादल, बठिंडा नगर निगम के पूर्व आयुक्त बिक्रमजीत शेरगिल, राजीव कुमार, अमनदीप सिंह, विकास अरोड़ा और पंकज के खिलाफ रविवार रात मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि राजीव कुमार, अमनदीप सिंह और विकास अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है।मनप्रीत बादल अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में हैं। वह पहले कांग्रेस में और उससे पहले शिरोमणि अकाली दल के सदस्य थे। सतर्कता ब्यूरो के एक प्रवक्ता ने बताया कि बादल और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बादल पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग कभी ईमानदारी का दंभ भरा किया करते थे, आज खुद को बचाने के लिए दर-दर भटक रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सच बोलने और सच के साथ खड़े रहने में बहुत अंतर होता है।उन्होंने कहा कि ये नेता पहले कहते थे कि उनके खिलाफ जो भी कार्रवाई होगी, वे उसका इंतजार करेंगे, लेकिन अब गिरफ्तारी से बचने के लिए कानूनी सुरक्षा मांग रहे हैं। सतर्कता ब्यूरो ने पूर्व विधायक सरूप चंद सिंगला द्वारा 2021 में की गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की थी। शिकायत में भाजपा नेता सिंगला ने बठिंडा में एक प्रमुख स्थान पर संपत्ति की खरीद में अनियमितता का आरोप लगाया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में बादल ने मंत्री पद का दुरुपयोग करते हुए वाणिज्यिक भूखंडों को खुद के लिए आवासीय भूखंड में बदल दिया था। सतर्कता ब्यूरो ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 468 (जालसाजी) के अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जांच के सिलसिले में सतर्कता ब्यूरो ने जुलाई में बादल से पूछताछ की थी। कुछ दिन पहले ही बादल ने बठिंडा की एक अदालत में गिरफ्तारी पूर्व जमानत याचिका दाखिल की थी, जिसे 26 सितंबर को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है। बादल इस साल जनवरी में कांग्रेस छोडक़र भाजपा में शामिल हो गए थे।
- लातेहार (झारखंड)। झारखंड में रांची सीमा से सटे लातेहार के चंदवा में प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के सदस्यों ने सोमवार शाम एक रेलवे निर्माण स्थल पर कम से कम चार वाहनों को आग लगा दी और एक निजी कंपनी के कर्मचारियों पर हमला किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना चंदवा थाना क्षेत्र के चट्टी नदी पुल के पास हुई। उन्होंने बताया कि माओवादियों का एक समूह घटनास्थल पर पहुंचा और तीन भारी वाहनों तथा एक एसयूवी को आग के हवाले कर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, माओवादियों ने एक निजी कंपनी के कर्मचारियों पर हमला भी किया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है और घटना की जांच कर रही है।
- नयी दिल्ली। पूर्व नौकरशाह अमित खरे को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सलाहकार के रूप में सोमवार को सेवा विस्तार दे दिया गया। कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी एक आदेश से यह जानकारी मिली है। वर्ष 1985 बैच के झारखंड कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी खरे 30 जून 2021 को सेवानिवृत्ति हुए थे। उन्हें अक्टूबर 2021 में दो साल के लिए प्रधानमंत्री मोदी के सलाहकार पद पर नियुक्त किया गया था। आदेश के मुताबिक, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने भारत सरकार में सचिव स्तर के पुन: नियोजित अधिकारियों के मामले में लागू होने वाले सामान्य नियमों और शर्तों पर अनुबंध के आधार पर खरे के कार्यकाल को 12 अक्टूबर 2023 से "प्रधानमंत्री के कार्यकाल की अवधि" तक बढ़ाने को मंजूरी दे दी है।
-
नई दिल्ली। सरकार ने जमाखोरी रोकने के लिए अरहर और उड़द की भंडारण सीमा पर नियंत्रण की अवधि दो महीने बढा दी है। नियंत्रण सीमा 30 अक्टूबर से बढ़ाकर 31 दिसंबर तक कर दी गई है। केंद्र ने कुछ संस्थाओं के लिए भंडार की सीमा को भी संशोधित किया है। इससे बाजार में किफायती मूल्यों पर पर्याप्त मात्रा में अरहर और उड़द दाल की आपूर्ति संभव होगी।
अधिसूचना के अनुसार डिपो में थोक विक्रेताओं और बड़ी खुदरा श्रृंखला के विक्रेताओं के पास भंडार की सीमा 200 मीट्रिक टन से घटाकर 50 मीट्रिक टन कर दी गई है। आयातकों को 30 दिनों से अधिक आयातित भंडार नहीं रखना है। -
कासरगोड . केरल के कासरगोड जिले में सोमवार शाम एक स्कूल बस और ऑटोरिक्शा की टक्कर में चार महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि ऑटो चालक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। बडियाडका थाने के एक अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी और गलत दिशा से आ रही थी जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। यह हादसा शाम करीब साढ़े पांच बजे हुआ। पुलिस ने बताया कि बस स्कूली बच्चों को उनके घर छोड़कर लौट रही थी, इसलिए उसमें कोई बच्चा नहीं था। पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस दुर्घटना में स्कूल बस और ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। उन्होंने कहा कि बस चालक पुलिस हिरासत में है और जल्द ही इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
कुछ स्थानीय लोगों ने टीवी चैनलों को बताया कि हादसे के बाद एम्बुलेंस बुलाने के बावजूद उसे वहां पहुंचने में समय लगा। उन्होंने बताया कि चारों महिलाएं एक ही परिवार की थीं।

.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)





.jpeg)




.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)


.jpeg)

.jpg)