- Home
- देश
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज मध्यप्रदेश में बीना रिफाइनरी में पचास हजार करोड रूपए मूल्य की एथिलीन क्रैकर परियोजना की आधारशिला रखी। इस परियोजना के शुरू हो जाने से लगभग दो लाख 77 हजार रोजगार अवसर सृजित होंगे और मध्यप्रदेश के औद्योगिक परिदृश्य में क्रांतिकारी बदलाव आएगा। श्री मोदी ने पैट्रोलियम परिसर के मॉडल का भी निरीक्षण किया।
प्रधानमंत्री ने मध्यप्रदेश की दस नई औद्योगिक परियोजनाओं का भी वर्चुअली शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में एक लाख करोड़ रुपए से अधिक का निवेश होगा और दो लाख 37 हजार नए रोजगार अवसर सृजित होंगे।श्री मोदी ने नर्मदा पुरम जिले में तीन हजार करोड़ रुपए की लागत से विद्युत और नवीकरणीय ऊर्जा उपकरण विनिर्माण औद्योगिक क्षेत्र की आधारशिला रखी तथा इंदौर में दो नए सूचना प्रौद्योगिकी पार्क और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के निकट रतलाम में मेगा औद्योगिक पार्क का भी शिलान्यास किया।प्रधानमंत्री ने शाजापुर, गुना, मऊगंज, आगर मालवा, नर्मदा पुरम और माक्सी में छह नए औद्योगिक क्षेत्रों की विकास परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी समारोह में मौजूद थे। -
नई दिल्ली। संसद का पांच दिवसीय विशेष सत्र सोमवार यानी 18 सितंबर से आयोजित किया जाएगा।
संसदीय बुलेटिन के अनुसार लोकसभा में विशेष सत्र के पहले दिन संविधान सभा से शुरू हुई संसदीय यात्रा की उपलब्धियों, अनुभवों, स्मृतियों और संदेशों पर चर्चा होगी। सरकार ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित विधेयक को सत्र के दौरान चर्चा के लिए सूचीबद्ध किया है। इसके अलावा अधिवक्ता संशोधन विधेयक, प्रेस और पत्रिका पंजीकरण विधेयक और डाक घर विधेयक भी प्रस्तुत किए जाएंगे। राज्यसभा ने अधिवक्ता संशोधन विधेयक तथा प्रेस और पत्रिका संशोधन विधेयक पहले ही पारित कर दिया है।संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सरकार को अमृतकाल के दौरान संसद में सार्थक विचार-विमर्श की आशा है। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 7210 करोड़ रुपये के वित्तीय परिव्यय के साथ चार वर्ष (2023 से आगे) के लिए एक केंद्रीय क्षेत्र योजना के रूप में ई-कोर्ट परियोजना चरण-3 को मंजूरी दी है।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के "सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास" विजन के अनुरूप, ई-कोर्ट मिशन मोड परियोजना प्रौद्योगिकी का उपयोग करके न्याय तक पहुंच को बेहतर बनाने के लिए प्रमुख प्रवर्तक है। राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस योजना के हिस्से के रूप में, भारतीय न्यायपालिका की आईसीटी सक्षमता के लिए ई-कोर्ट परियोजना वर्ष 2007 से कार्यान्वयन के अधीन है, जिसका दूसरा चरण वर्ष 2023 में समाप्त हो गया है। भारत में ई-कोर्ट परियोजना का तीसरा चरण "पहुंच और समावेशन" के दर्शन पर आधारित है।चरण-1 और चरण-2 के लाभों को अगले स्तर पर ले जाते हुए, ई-कोर्ट चरण-3 का उद्देश्य विरासत रिकॉर्ड सहित पूरे न्यायालय रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण के माध्यम से डिजिटल, ऑनलाइन और पेपरलेस कोर्ट की दिशा में आगे बढ़ते हुए न्याय की अधिक से अधिक आसान व्यवस्था शुरू करना है। इसके अलावा ई-सेवा केंद्रों के साथ सभी न्यायालय परिसरों की परिपूर्णता के माध्यम से ई-फाइलिंग/ई-भुगतान का सार्वभौमिकरण करना भी है। इससे मामलों को पुनर्निधारण या प्राथमिकता देते समय न्यायाधीशों और रजिस्ट्रियों के लिए डेटा-आधारित निर्णय लेने में सक्षम और कुशल स्मार्ट प्रणालियां स्थापित होंगी। चरण-3 का मुख्य उद्देश्य न्यायपालिका के लिए एक एकीकृत प्रौद्योगिकी मंच स्थापित करना है, जो न्यायालयों, वादियों और अन्य हितधारकों के बीच एक सहज और पेपरलेस इंटरफ़ेस प्रदान करेगा।ई-कोर्ट चरण-3 की केंद्र प्रायोजित योजना न्याय विभाग, कानून और न्याय मंत्रालय, भारत सरकार और उच्चतम न्यायालय की ई-कमेटी की संयुक्त साझेदारी के तहत संबंधित उच्च न्यायालयों के माध्यम से विकेन्द्रीकृत तरीके से न्यायिक विकास के लिए कार्यान्वित की जा रही है ताकि ऐसी न्याय प्रणाली विकसित की जा सके जो सभी हितधारकों के लिए प्रणाली को अधिक सुलभ, किफायती, विश्वसनीय, पूर्वानुमानित और पारदर्शी बनाकर न्याय में आसानी को बढ़ावा दे सके। -
नई दिल्ली। संसद सत्र से पहले, संसदीय कार्य मंत्रालय ने रविवार 17 सितंबर, 2023 को संसद, नई दिल्ली में राजनीतिक दलों के सदन के नेताओं की एक बैठक बुलाई है। उल्लेखनीय है कि संसद का सत्र 18 सितंबर से 22 सितंबर, 2023 तक आयोजित होने वाला है।
- कोलकाता । तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद अभिषेक बनर्जी पश्चिम बंगाल में कथित स्कूल भर्ती घोटाले की जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश हुए।अधिकारियों ने बताया कि टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव बनर्जी पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे कोलकाता में ईडी के कार्यालय पहुंचे। ईडी के एक अधिकारी ने कहा, “बनर्जी को स्कूल भर्ती में कथित अनियमितताओं के संबंध में साक्ष्य प्रदान करने के लिए कहा गया है। हमारे अधिकारी उनसे घोटाले के संबंध में कुछ सवाल भी पूछ सकते हैं।”डायमंड हार्बर से सांसद बनर्जी को बुधवार को दिल्ली में विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) की समन्वय समिति की बैठक में शामिल होना था, लेकिन ईडी अधिकारियों के सामने पेश होने के चलते वह इस बैठक में शिरकत नहीं कर पाएंगे।बनर्जी ने मंगलवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय के समक्ष एक पूरक हलफनामा दायर किया था जिसमें दावा किया गया कि जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के पहले के समन को चुनौती देने वाला उनका पुनरीक्षण आवेदन लंबित है तो एजेंसी का नया समन ‘‘कानूनी रूप से वैध नहीं है’’।हलफनामे में कहा गया है कि टीएमसी सांसद को बुधवार को ‘साक्ष्य देने के लिए’ बुलाया गया है। बनर्जी ने उच्च न्यायालय के समक्ष दायर एक पुनरीक्षण याचिका में न केवल पूरी जांच को चुनौती दी है, बल्कि एजेंसी द्वारा उन्हें जारी किए गए पिछले समन को भी चुनौती दी है।
- इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में एक निजी कोचिंग संस्थान से राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी कर रही 17 वर्षीय छात्रा से अश्लील हरकत करने के आरोप में बुधवार को कुछ लोगों ने एक शिक्षक को सरेआम निर्वस्त्र करके पीटा और उसे इसी हालत में पुलिस थाने लेकर गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया है।तुकोगंज पुलिस थाने के प्रभारी जितेंद्र यादव ने बताया कि निजी कोचिंग संस्थान के शिक्षक पर आरोप है कि उसने नीट की तैयारी कर रही नाबालिग छात्रा को पढ़ाई के बहाने एक कैफे में बुलाया और उसके साथ अश्लील हरकत की। यादव के मुताबिक, आरोपी शिक्षक को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी के एक साथी आरोपी शिक्षक ने पीड़ित छात्रा को फोन करके कथित रूप से धमकाया कि वह उसके साथ हुई कथित अश्लील हरकत की आपबीती किसी भी व्यक्ति को न सुनाए, वरना उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। यादव के अनुसार, दोनों आरोपी शिक्षकों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के संबद्ध प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।शिक्षक को सरेआम निर्वस्त्र कर पीटे जाने की घटना पर थाना प्रभारी ने कहा कि इस संबंध में भी उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले में बुधवार को आतंकवादियों के साथ भुठभेड़ में दो सुरक्षा अधिकारी घायल हो गए।पुलिस ने यह जानकारी दी।उन्होंने कहा कि अनंतनाग जिले के कोकेरनाग तहसील के गाडोले इलाके में छिपे आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई।उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी में सेना का एक अधिकारी और एक पुलिस अधिकारी घायल हो गए।कश्मीर जोन पुलिस ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, ‘‘अनंतनाग के कोकेरनाग इलाके में मुठभेड़ शुरू हुई। सेना तथा जेकेपी के अधिकारी घायल हो गए। विवरण की प्रतीक्षा है।’’ अंतिम सूचना मिलने तक अभियान जारी था।
-
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज आयुष्मान भव: अभियान का शुभारंभ किया है। इसका उद्देश्य सभी लोगों को व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। राष्ट्रपति ने गांधी नगर में राजभवन से विडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के इस अभियान की शुरुआत की। आयुष्मान भव: अभियान देशभर में व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की पहल है। इसका उद्देश्य प्रत्येक गांव और शहर में हर किसी को संपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि कोई भी गांव या क्षेत्र ऐसा न हो जो स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित रहे। उन्होंने कहा कि हमारे देश में यह प्रार्थना करने की परंपरा है कि सभी लोग स्वस्थ और निरोग रहें। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि स्वस्थ भारत का हमारा सपना तभी साकार हो सकेगा जब सभी लोग स्वस्थ रहेंगे। उन्होंने आयुष्मान सभाओं की सराहना करते हुए कहा कि आम लोगों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से लोगों को संचारी रोगों और टीबी तथा सिकल शेल जैसी बीमारियों से बचने के लिए जागरूक किया जा सकेगा। राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि स्वस्थ बच्चे, स्वस्थ राष्ट्र के दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ 18 वर्ष तक के स्कूल जाने वाले बच्चों के स्वास्थ्य की जांच का कार्यक्रम अत्यन्त उपयोगी होगा।आयुष्मान भव: अभियान प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा में लागू किया जाएगा। यह अभियान संपूर्ण राष्ट्र और संपूर्ण समाज को साथ लेकर चलने के दृष्टिकोण पर आधारित है। इसमें सरकारी क्षेत्र, नागरिक संगठनों और समुदायों को सामूहिक मिशन के अंतर्गत एक साथ जोड़ा जा रहा है ताकि हर व्यक्ति को बिना किसी भेदभाव के आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। आयुष्मान भव: अभियान ग्राम पंचायत की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग, अन्य सरकारी विभागों और शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के स्थानीय निर्वाचित निकायों के बीच तालमेल से चलाया जाने वाला सामूहिक प्रयास है। इस अभियान के तीन भाग हैं- आयुष्मान आपके द्वार 3.0, स्वास्थ्य और वेलनेस केंद्रों पर आयुष्मान मेला और हर गांव, हर पंचायत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और आयुष्मान सभा। -
पणजी. केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने मंगलवार को कहा कि भारत सरकार को विदेश में एक संग्रहालय में रखी, पुर्तगाली खोजकर्ता वास्को डी गामा की डायरी की प्रतिकृति प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए जिससे भारत के समृद्ध समुद्री इतिहास का पता लगाने में मदद मिलेगी। वह नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. हरि कुमार, प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल आदि की उपस्थिति में गोवा स्थित शिपयार्ड में लकड़ियों से बने प्राचीन जहाज के पुनर्निर्माण (स्टिच्ड शिप) की आधारशिला रखने के बाद पत्रकारों से बात कर रही थीं। केंद्रीय संस्कृति और विदेश राज्य मंत्री ने सरकार से वास्को डी गामा की डायरी की प्रतिकृति प्राप्त करने का आग्रह किया, जो पुरातत्वविद् दिवंगत डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर द्वारा किए गए प्रलेखन के अनुसार विदेश में एक संग्रहालय में है। उन्होंने कहा, “भारत को मूल डायरी वापस नहीं मिल सकती क्योंकि वास्को डी गामा हमारा नागरिक नहीं था। लेकिन हम डायरी की प्रतिकृति प्राप्त कर सकते हैं ताकि हम देश के समृद्ध समुद्री इतिहास का पता लगा सकें। इसका उद्देश्य डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर के कथनों के आधार पर सही तथ्य प्राप्त करना है।” वाकणकर एक प्रसिद्ध पुरातत्वविद् थे।
उन्होंने कहा, “वाकणकर जब अध्ययन के लिए विदेश गए तो वहां के एक संग्रहालय में उन्हें वास्को डी गामा की डायरी मिली। उस डायरी में, उन्होंने (गामा ने) उल्लेख किया कि वह कैसे जंजीबार तक गए और जब वह अफ्रीका पहुंचे, तो उन्होंने कहा कि वह भारत जाना चाहते हैं। उन्होंने एक जहाज देखा जो उनके जहाज से तीन गुना बड़ा था।” भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल के तहत भारतीय नौसेना, संस्कृति मंत्रालय और मेसर्स होदी इनोवेशन, गोवा, लकड़ियों से बने एक प्राचीन जहाज के पुनर्निर्माण के लिए सहयोग कर रहे हैं, जो उन जहाजों की याद दिलाता है जिनसे कभी भारत के प्राचीन समुद्री व्यापार मार्गों पर महासागरों में यात्रा की जाती थी। -
नयी दिल्ली. केंद्र को अगले महीने अपने 'स्वच्छता' अभियान के तीसरे संस्करण के पूरा होने के बाद कबाड़ निस्तारण से 1,000 करोड़ रुपये का भारी राजस्व मिलने की उम्मीद है। प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) के सचिव वी श्रीनिवास ने कहा कि केंद्र सरकार 'स्वच्छता' को संस्थागत बनाने और अपने सभी विभागों में लंबित मामलों को कम करने के लिए प्रतिबद्ध है। 'स्वच्छता' अभियान का तीसरा चरण 'विशेष अभियान 3.0' सभी विभागों में दो से 31 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। श्रीनिवास ने कहा, "विशेष अभियान 2.0 की सफलता को सभी मंत्रालयों या विभागों द्वारा पूरे वर्ष प्रति सप्ताह तीन घंटे स्वच्छता अभियान चलाने के साथ संस्थागत बनाया गया था। 100 से अधिक नोडल अधिकारियों ने अभियान को कार्यान्वित किया।" अक्टूबर 2022 में 'स्वच्छता' अभियान 2.0 के संचालन के बाद से, यह कार्यक्रम अब तक 1.37 लाख स्थलों पर आयोजित किया गया है, जिससे कबाड़ वस्तुओं से 520 करोड़ रुपये की आय हुई है। अधिकारी ने कहा कि स्वच्छता अभियान के दूसरे चरण के दौरान कम से कम 50 लाख फाइल हटाई गईं, 172 लाख वर्ग फुट कार्यालय स्थान मुक्त हुआ था और 31.35 लाख सार्वजनिक शिकायतों का निपटारा किया गया। श्रीनिवास ने कहा कि उम्मीद है कि 31 अक्टूबर, 2023 तक कार्यालय संबंधी कबाड़ के निपटान से 1,000 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित होगा। उन्होंने कहा कि अभियान के एक महीने तक चलने वाले तीसरे चरण के दौरान अतिरिक्त 100 लाख वर्ग फुट कार्यालय स्थान मुक्त होने की संभावना है। श्रीनिवास ने कहा कि 'विशेष अभियान 3.0' का प्रारंभिक चरण केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह 14 सितंबर को यहां राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में शुरू करेंगे।
-
संगारेड्डी . तेलंगाना के सिद्दिपेट जिले में मंगलवार को सड़क दुर्घटना में तीन इंजीनियरिंग छात्रों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, घटना चिन्ना कोदुर मंडल के अनंतसागर गांव के बाहरी इलाके की है। पुलिस ने बताया कि हादसे में तीन छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल हुए आठ अन्य छात्रों को सिद्दिपेट के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इंजीनियरिंग के प्रथम वर्ष के छात्र एसयूवी में सवार होकर परीक्षा देने करीमनगर गए थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना लौटते समय हुई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि छात्रों की गाड़ी एक खड़ी लॉरी से टकरा गई। पुलिस ने बताया कि एक मामला दर्ज किया गया है।
-
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने बुधवार से ओडिशा, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में और अधिक बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, बिहार, झारखंड और गांगेय पश्चिम बंगाल में भी तेज वर्षा के आसार हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि केरल और महाराष्ट्र में कल तक जबकि तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना पूर्वी उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड में अगले तीन दिनों के दौरान मूसलाधार बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में 13 और 14 सितंबर को व्यापक रूप से हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों में आंधी, तूफान और बिजली गिरने के साथ छिटपुट रूप से भारी बारिश होने के आसार हैं। अगले 24 घंटों के दौरान रायपुर सहित कुछ अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार पूरे छत्तीसगढ़ में बुधवार से फिर अच्छी बारिश के आसार बन रहे हैं।
-
नई दिल्ली। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने स्पष्ट किया है कि डीजल वाहनों की बिक्री पर 10 प्रतिशत जीएसटी लगाने का कोई प्रस्ताव नहीं है। उन्होंने कहा कि मीडिया में खबरें चल रही है कि डीजल वाहनों पर अतिरिक्त जीएसटी लगाया जायेगा। श्री गडकरी ने कहा कि सरकार की जानकारी में ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार 2070 तक शून्य कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है। डीजल वाहनों से वायु प्रदूषण को कम करने के लिए सरकार स्वच्छ और हरित ईंधन के इस्तेमाल को प्रोत्साहित कर रही है।
- कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी स्पेन और दुबई की 11 दिवसीय यात्रा के लिए मंगलवार सुबह रवाना हो गईं। इस दौरान वह राज्य में निवेश आकर्षित करने के लिए व्यावसायिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगी। बनर्जी ने सुबह नौ बजकर 40 मिनट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दुबई के लिए उड़ान भरी। बनर्जी संपर्क उड़ान की अनुपलब्धता के कारण रात में दुबई में ही रहेंगी और अगले दिन स्पेन की राजधानी मैड्रिड के लिए रवाना होंगी। उन्होंने राज्य सचिववालय ‘नबन्ना' में मंगलवार को पत्रकारों से कहा, ‘‘हम तीन दिन तक मैड्रिड में रहेंगे। इस दौरान हम एक वाणिज्यिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और अनिवासी बंगालियों से मिलेंगे। वहां से हम बार्सिलोना के लिए ट्रेन लेंगे, जहां हम ‘बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट' (बीजीबीएस) की दो दिवसीय बैठक में भाग लेंगे।'' उन्होंने कहा कि यह पांच साल में उनका पहला विदेशी दौरा होगा क्योंकि केंद्र ने ‘‘उन्हें पहले आवश्यक अनुमति नहीं दी थी''। बनर्जी के साथ मुख्य सचिव एच. के. द्विवेदी और प्रसिद्ध कोलकाता फुटबॉल क्लब मोहन बागान, ईस्ट बंगाल और मोहम्मडन स्पोर्टिंग के वरिष्ठ पदाधिकारी भी होंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली इस समय लंदन में हैं और वह मैड्रिड में उनके प्रतिनिधिमंडल में शामिल होंगे। उन्होंने कहा, ‘‘स्पेन इस साल के अंतरराष्ट्रीय कोलकाता पुस्तक मेले का थीम देश था और इसने हमारे फिल्म महोत्सवों में भी भाग लिया था। वे (परिधान) निर्माण में अच्छे हैं। हमें उम्मीद है कि वे इस साल के बीजीबीएस में भाग लेंगे।'' बनर्जी ने कहा कि वह और प्रतिनिधियों का उनका दल दुबई लौटेगा, जहां बीजीबीएस पर एक बैठक और कुछ अन्य बैठकें निर्धारित हैं। उन्होंने कहा, ‘‘23 सितंबर को कोलकाता लौटने से पहले हम डेढ़ दिन दुबई में रहेंगे।''यह पूछे जाने पर कि क्या वह कई विश्व प्रसिद्ध फुटबॉल क्लबों का घर माने जाने वाले बार्सिलोना में अपने प्रवास के दौरान किसी फुटबॉल क्लब के पदाधिकारी से मिलेंगी, इस पर बनर्जी ने कहा, ‘‘कुछ नया होने दीजिए। मैं वहां जा रही हूं और मैं बंगाल के लिए कुछ करना चाहती हूं।'' राज्य सरकार के सूत्रों ने कहा कि बनर्जी अपने बार्सिलोना प्रवास के दौरान ला लीगा के अध्यक्ष जेवियर टेबास से मुलाकात कर सकती हैं। बनर्जी ने राज्य के लोगों से उनकी अनुपस्थिति के दौरान कानून-व्यवस्था को बाधित करने के किसी भी प्रयास को रोकने के लिए उचित कदम उठाने का आग्रह किया और कहा कि उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें की हैं और उन्हें आवश्यक निर्देश दिए हैं।
- औरंगाबाद (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में इस वर्ष की 31 अगस्त तक कम से कम 685 किसानों ने आत्महत्या की जिसमें से सबसे अधिक 186 मौतें राज्य के कृषि मंत्री धनंजय मुंडे के गृह जिले बीड में हुई हैं। एक आधिकारिक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। मध्य महाराष्ट्र के शुष्क क्षेत्र में आठ जिले औरंगाबाद, जालना, बीड, परभणी, नांदेड़, उस्मानाबाद, हिंगोली और लातूर शामिल हैं। औरंगाबाद के मंडलीय आयुक्त कार्यालय की एक रिपोर्ट के अनुसार, मराठवाड़ा क्षेत्र में वर्ष 2023 में एक जनवरी से 31 अगस्त तक 685 किसानों ने अपनी जान ले ली और इनमें से मानसून के तीन महीनों (जून से अगस्त) में 294 मौतें हुई। एक अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में मराठवाड़ा में 20.7 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इस क्षेत्र में 11 सितंबर तक 455.4 मिलीमीटर बारिश हुई जबकि इस अवधि में मानसून में हुई बारिश का औसत 574.4 मिलीमीटर है। रिपोर्ट के अनुसार, बीड जिले में सबसे अधिक 186 किसानों ने आत्महत्या की।बीड, बागी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी नेता मुंडे का गृह जिला है जो दो जुलाई को एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल हुए थे। उन्हें लगभग दो सप्ताह बाद कृषि मंत्रालय दिया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, बीड के बाद सबसे अधिक उस्मानाबाद में 113 किसानों ने आत्महत्या की जिसके बाद नांदेड़ में 110, औरंगाबाद में 95, परभणी में 58, लातूर में 51, जालना में 50 और हिंगोली में 22 किसानों आत्महत्या की। file photo
- कोलकाता। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के एक दल ने पश्चिम बंगाल का दौरा किया और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आयोग के उप चुनाव आयुक्तों धर्मेंद्र शर्मा और नितेश कुमार व्यास ने पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) आरिज आफताब के साथ सोमवार को बैठक की और मतदाता सूची की विशेष सारांश समीक्षा पर चर्चा की। बैठक में जिला मजिस्ट्रेट, पुलिस उपायुक्त और चुनाव अधिकारी भी मौजूद थे। उन्होंने कहा, ‘‘मतदाता सूची के संशोधन पर विशेष ध्यान दिया गया। आयोग के अधिकारियों ने पंचायत चुनाव और हाल में हुए धूपगुड़ी उपचुनाव की भी समीक्षा की।'
-
नयी दिल्ली. निर्वाचन आयोग अक्टूबर की शुरुआत तक पांच चुनावी राज्यों का दौरा संपन्न कर लेगा, जिसके बाद इन राज्यों में विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा करने की संभावना है। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। आयोग चुनाव तैयारियों का जायजा लेने के लिए पहले ही छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और मिजोरम का दौरा कर चुका है। यह सितंबर के अंत और अक्टूबर की शुरुआत में राजस्थान और तेलंगाना का दौरा करेगा। आयोग में मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त अनुप चंद्र पांडे तथा अरुण गोयल शामिल हैं। दौरे के बाद, निर्वाचन आयोग इन राज्यों में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है।
चुनाव की घोषणा से पहले आयोग का उन राज्यों का दौरा करना आम बात है जहां चुनाव होने हैं। ऐसे भी उदाहरण हैं जहां उसने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद राज्यों का दौरा किया है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, मिजोरम और राजस्थान में विधानसभा चुनाव अक्टूबर-नवंबर में होने की संभावना है। मिजोरम की विधानसभा का कार्यकाल इस साल 17 दिसंबर को समाप्त हो रहा है जबकि तेलंगाना, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की विधानसभाओं का कार्यकाल अगले साल जनवरी में अलग-अलग तारीखों पर खत्म हो रहा है। . -
नयी दिल्ली. सऊदी अरब ने सोमवार को कहा कि पूरे विश्व ने सबसे सफल जी20 शिखर सम्मेलन को देखा और अतीत में कभी भी बैठक के पहले ही दिन सदस्यों के बीच आम सहमति नहीं बन पाई थी। जी20 शिखर सम्मेलन के पहले दिन नौ सितंबर को, रूस-यूक्रेन संघर्ष पर मतभेदों को दूर करते हुए आम सहमति से घोषणापत्र को अपनाए जाने के साथ भारत ने एक बड़ी कूटनीतिक जीत हासिल की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घोषणापत्र पर आम सहमति बनने, और उसके बाद इसे अपनाने की घोषणा दो दिवसीय शिखर सम्मेलन के पहले दिन के दूसरे सत्र की शुरुआत में की थी। सऊदी अरब के निवेश मंत्री खालिद ए अल फलीह ने यहां एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘आज पूरी दुनिया सबसे सफल जी20 शिखर सम्मेलन में से एक की चर्चा कर रही है... आपके परिवार के हिस्से के रूप में, मैं आपको बता सकता हूं कि हमें वास्तव में गर्व है। हमने (इससे पहले) कभी भी आम सहमति हासिल नहीं की थी और शिखर सम्मेलन के पहले ही दिन घोषणापत्र को अंगीकार नहीं किया था।'' उन्होंने कहा कि दुनिया के तमाम तरह की चुनौतियों का सामना करने के बावजूद यह सहमति बनी। खालिद ने भारत के नेतृत्व की सराहना की। देश के नाम के रूप में ‘इंडिया के बजाय 'भारत' का उपयोग करने का जिक्र करते हुए, सऊदी मंत्री ने कहा कि उनका देश, भारत को हमेशा 'भारत' के रूप में जानता था और "यह आपके संविधान का हिस्सा है''। -
नयी दिल्ली। वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) ने अपने स्थापना दिवस से पहले सोमवार को 2022 के लिए शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार देश के 12 युवा वैज्ञानिकों को प्रदान करने की घोषणा की। इन वैज्ञानिकों में सीएसआईआर-भारतीय रासायनिक जीवविज्ञान संस्थान, कोलकाता के प्रतिरक्षा विज्ञानी दिप्यमान गांगुली; सीएसआईआर-सूक्ष्मजीव प्रौद्योगिकी संस्थान, चंडीगढ़ के सूक्ष्मजीव विज्ञानी अश्विनी कुमार ; हैदराबाद स्थित सेंटर फॉर डीएनए फिंगरप्रिंटिंग डायग्नॉस्टिक के जीवविज्ञानी एम सुब्बा रेड्डी ; भारतीय विज्ञान संस्थान, बेंगलुरु के अक्कातु टी बीजू ; और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, बंबई के देबब्रत मैती शामिल हैं। गांगुली ने पुरस्कार सूची में अपना नाम आने पर खुशी जाहिर की करते हुए कहा, ‘‘मैं खुश हूं कि यह इस बात की स्वीकृति है कि मैंने जो दीर्घकालिक लक्ष्य रखा है वह बुरा नहीं है। एक शोधार्थी के रूप में मेरी यात्रा जारी रहेगी।'' यह पुरस्कार हर साल 45 वर्ष से कम आयु के वैज्ञानिकों को दिया जाता है। इसके तहत पांच लाख रुपये और एक प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। गांगुली को चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में, जबकि कुमार और रेड्डी को जीव विज्ञान के क्षेत्र में योगदान देने के लिए यह पुरस्कार दिया गया है। बीजू और मैती को रसायन विज्ञान के क्षेत्र में योगदान देने के लिए यह पुरस्कार दिया गया है। राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कारों में बदलाव करने की सरकार की योजना को लेकर विवाद के बीच इन पुरस्कारों की घोषणा की गई है।
-
नयी दिल्ली. कस्बों और शहरों में रहने वाले बच्चों में ग्रामीण इलाकों में रहने वाले बच्चों की तुलना में श्वास संबंधी संक्रमण का खतरा अधिक होता है। एक अध्ययन में यह बताया गया है। ‘पीडियाट्रिक पल्मोनोलॉजी' पत्रिका में प्रकाशित एक अन्य शोध में बताया गया है कि ‘डे केयर' (माता-पिता की अनुपस्थिति में बच्चों की देखरेख करने वाले संस्थान) में रहने, नम घरों में रहने या अधिक यातायात वाले क्षेत्रों के पास रहने जैसे कारकों की वजह से भी छोटे बच्चों में श्वसन संक्रमण का खतरा अधिक होता है, जबकि स्तनपान कराने से इसका जोखिम कम हो जाता है। दोनों अध्ययन इटली के मिलान में ‘यूरोपियन रेस्पिरेटरी सोसाइटी इंटरनेशनल कांग्रेस' में सोमवार को प्रस्तुत किए गए। डेनमार्क स्थित कोपेनहेगन विश्वविद्यालय के निकलस ब्रस्टैड द्वारा प्रस्तुत पहले अध्ययन में 663 बच्चों और उनकी मांओं को शामिल किया गया। माताएं गर्भावस्था से लेकर अपनी संतानों के तीन साल का होने तक शोध में शामिल रहीं। शोधकर्ताओं ने इस बात पर गौर किया कि बच्चे शहरी क्षेत्रों में रह रहे हैं या ग्रामीण क्षेत्रों में और उनमें श्वास संबंधी संक्रमण कितनी बार हुआ। उन्होंने पाया कि शहरी इलाकों में रहने वाले बच्चों में तीन साल की उम्र से पहले सर्दी एवं खांसी जैसे औसतन 17 श्वसन संक्रमण हुए, जबकि ग्रामीण इलाकों में रहने वाले बच्चों में औसतन 15 संक्रमण हुए। शोधकर्ताओं ने गर्भावस्था के दौरान महिलाओं और उनके नवजात शिशुओं के खून की विस्तृत जांच भी की और जब बच्चे चार सप्ताह के हो गए तो उनकी रोग प्रतिरोधी क्षमता का विश्लेषण किया गया। उन्होंने पाया कि शहरी क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों की रोग प्रतिरोधी प्रणाली में ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों की तुलना में अंतर पाया गया। दूसरा अध्ययन, ब्रिटेन स्थित ‘यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल्स ससेक्स एनएचएस फाउंडेशन ट्रस्ट' के टॉम रफल्स ने पेश किया, जिसमें स्कॉटलैंड और इंग्लैंड में रहने वाली 1,344 महिलाओं और उनके बच्चों के डेटा को शामिल किया गया। विश्लेषण से पाया गया कि छह महीने से अधिक समय तक स्तनपान कराने से शिशुओं और बच्चों को संक्रमण से बचाने में मदद मिली, जबकि बच्चों को ‘डे केयर' में रखने से यह खतरा बढ़ गया। शोधकर्ताओं के अनुसार, नमीयुक्त घरों और अधिक यातायात वाले क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों में भी संक्रमण का खतरा अधिक है। -
चित्रदुर्ग . कर्नाटक में चित्रदुर्ग जिले के हिरियूर तालुक में गोल्लाहल्ली के समीप सोमवार तड़के एक सरकारी बस की कथित रूप से एक ट्रक से टक्कर हो जाने पर पांच वर्षीय एक बच्चे समेत पांच यात्रियों की मौत हो गयी जबकि आठ अन्य घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि मृतकों की पहचान रायचूर जिले के मास्की के निवासी रवि (23), मानवी के निवासी नरसन्ना (पांच) तथा बेंगलुरु निवासी महाम्मा (35) एवं पर्वतम्मा (53) के रूप में हुई है। उसने कहा कि पांचवें मृत यात्री की शिनाख्त नहीं हो पायी है। पुलिस ने बताया कि कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की बस के दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि तीन ने नजदीकी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनके अनुसार तीनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। पुलिस ने बताया कि आठ घायल यात्रियों को चित्रदुर्ग सामान्य अस्पताल और चल्लाकेरे के तालुक साामान्य अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस अधीक्षक (चित्रदुर्ग) धर्मेंद्र कुमार मीणा ने कुछ यात्रियों के हवाले से बताया कि चालक बहुत तेजी से एवं लापरवाही से बस चला रहा था । उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि उसने ट्रक से आगे निकलने की कोशिश की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-
तिरुपत्तूर. तमिलनाडु के तिरुपत्तूर जिले में सोमवार सुबह एक लॉरी ने सड़क पर खड़ी एक वैन को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसकी चपेट में आए कम से कम सात लोगों की कुचलकर मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि हादसे के वक्त पीड़ित सड़क किनारे बैठे थे। उन्होंने कहा कि पीड़ित वैन से सफर कर रहे थे और वाहन में आई खराबी के कारण वह सड़क किनारे बैठकर उसे ठीक किए जाने का इंतजार कर रहे थे।
-
देवघर (झारखंड). राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो लालू प्रसाद और उनकी पत्नी राबड़ी देवी ने सोमवार सुबह झारखंड के देवघर में प्रख्यात बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में पूजा-अर्चना की। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी। लालू और राबड़ी सुबह करीब साढ़े सात बजे मंदिर पहुंचे और 12 ‘ज्योर्तिलिंग' में से एक इस मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने मंदिर के प्रबंधक-सह-पुजारी रमेश परिहस्त के सहयोग से पूजा की। परिहस्त ने कहा, ‘‘बिहार के पूर्व मुख्यमंत्रियों ने लंबे समय बाद मंदिर के दर्शन किए। उन्होंने देश में लोगों के बीच शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की। हमने उनके अच्छे स्वास्थ्य की भी कामना की।'' लालू के साथ मंदिर में राजद के झारखंड प्रभारी जयप्रकाश नारायण यादव, प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव, मंत्री सत्यानंद भोक्ता और कई अन्य नेता भी मौजूद थे। पार्टी प्रवक्ता मनोज कुमार ने बताया कि देवघर में पूजा-अर्चना के बाद लालू और राबड़ी झारखंड के दुमका जिले के बाबा बासुकीनाथ मंदिर के लिए रवाना हो गए, जहां वे पूजा करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘वे दोपहर को पटना के लिए रवाना होंगे। लालू और उनकी पत्नी रविवार को देवघर पहुंचे थे और सर्किट हाउस में ठहरे थे।
पार्टी प्रवक्ता ने कहा, राजद की झारखंड इकाई के नेताओं और कार्यर्ताओं ने भी रविवार को पार्टी सुप्रीमो से मुलाकात की। उन्होंने (लालू) आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए हमें राज्य में पार्टी को मजबूत करने का निर्देश दिया। उन्होंने हमें ‘भाजपा भगाओ, देश बचाओ' का मंत्र भी दिया।'' कुमार ने कहा, ‘‘हमारे पार्टी प्रमुख ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूंजीपतियों की पार्टी है। वह देश को बांट रही है और लोगों के बीच मतभेद पैदा कर रही है। अब भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने का वक्त आ गया है।'' इससे पहले, लालू ने चार सितंबर को सोनपुर में प्रसिद्ध बाबा हरीहरनाथ मंदिर के दर्शन किए थे और सात सितंबर को जन्माष्टमी के मौके पर पटना में बांके बिहारी मंदिर में पूजा-अर्चना की थी। -
नयी दिल्ली. अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने आपातकालीन चिकित्सा और शल्य चिकित्सा सेवाओं की दक्षता व प्रभावशीलता को बढ़ाने के प्रयास के तहत मरीजों की देखभाल के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने की योजना बनाई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस फैसले का मकसद आपात चिकित्सा की जरूरत वाले रोगियों की बड़ी संख्या होने से उत्पन्न चुनौतियों से निपटना और यह सुनिश्चित करना है कि सभी जरूरतमंदों को तुरंत और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिले। एम्स के निदेशक डॉ. एम. श्रीनिवास ने कहा कि एम्स-नयी दिल्ली का मुख्य आपातकालीन विभाग प्रतिदिन 400 से अधिक रोगियों के इलाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इस लिहाज से लगभग हर तीन मिनट में एक मरीज को देखा जाता है। हालांकि, विभिन्न वार्डों से रोजाना औसतन लगभग 250 मरीजों को छुट्टी दी जाती है, जिससे मरीजों के आने और जाने के बीच असंतुलन पैदा होता है। इसके अतिरिक्त, ओपीडी में कुछ मरीज ऐसे भी आते हैं जो वर्षों पहले समय ले चुके होते हैं। श्रीनिवास ने कहा, “मरीजों की इस निरंतर आमद के कारण अक्सर आपातकालीन विभाग में बिस्तरों की कमी हो जाती है, जिससे प्रतीक्षा समय बढ़ जाता है या आसपास के अन्य अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है।” इस समस्या से निपटने और एम्स में आपातकालीन सेवाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए, सभी क्लीनिकल विभागों के बीच व्यापक समन्वय कायम करने का प्रयास किया गया है।
- -
भदरवाह/जम्मू. जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में सोमवार को तीन दिवसीय कैलाश यात्रा शुरू हुई तथा यहां प्राचीन वासुकी नाग मंदिर से 12000 से अधिक श्रद्धालु इस वार्षिक तीर्थाटन पर रवाना हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। डोडा के उपायुक्त विशेष पॉल महाजन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अब्दुल कय्यूम और अतिरिक्त उपायुक्त दिलमीर चौधरी ने इन श्रद्धालुओं को 14,700 फुट की ऊंचाई पर स्थित कैलाश कुंड के लिए रवाना किया। कैलाश कुंड प्राचीन ‘नाग' संस्कृति का द्योतक है। यह यात्रा सबसे कठिन यात्राओं में एक समझी जाती है क्योंकि श्रद्धालुओं को इतनी अधिक ऊंचाई पर स्थित इस मंदिर में पूजा -अर्चना करने के लिए 18 किलोमीटर की कठिन चढ़ाई करनी पड़ती है। वहां वे ठंडे ‘कुंड' में स्नान करते हैं और फिर वासुकी नाग एवं भगवान शिव का आशीर्वाद लेते हैं। महाजन ने कहा, ‘‘पिछले साल 35000 से अधिक श्रद्धालु पवित्र कैलाश कुंड गये थे और इस साल हम उसमें कई गुणा वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं क्योंकि हमने एकसाथ इस केंद्रशासित प्रदेश में और राष्ट्रीय स्तर पर इस प्राचीन एवं विशिष्ट तीर्थाटन का प्रचार किया है।'' सुबह करीब नौ बजे गाथा में वासुकी नाग मंदिर से ‘छड़ी मुबारक' को निकाला गया और फिर भदरवाह के वासिक धेरा में वासुकी नाग मंदिर से दूसरा जत्था इसमें शामिल हो गया। जम्मू कश्मीर धर्मार्थ न्यास ने मांग की है कि कैलाश यात्रा को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा दिया जाना चाहिए। यह न्यास प्राचीन मंदिरों की देखभाल करता है तथा वह इस यात्रा के मुख्य आयोजकों में एक भी है। न्यास के सचिव और भदरवाह के पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक शर्मा ने कहा, ‘‘यह शायद जम्मू कश्मीर की एकमात्र यात्रा है जो आतंकवाद के चरम पर रहने के दौरान भी जारी रही।'' उन्होंने कहा कि यह यात्रा हर पहलु से अनोखी है और सरकार को अमरनाथ एवं वैष्णो देवी यात्रा की भांति ही उसे सुरक्षा प्रदान करनी चाहिए एवं उसे बढ़ावा देना चाहिए। छड़ी मुबारक मार्ग में दो रात्रि विश्राम के बाद बुधवार को कैलाश कुंड पहुंचेगी।



.jpg)

.jpg)
.jpg)






.jpg)
.jpg)
.jpg)









.jpeg)

.jpg)