- Home
- देश
- बलरामपुर (उप्र) । बलरामपुर जिले में तेज रफ्तार से चलाए जा रहे एक ट्रक ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई । पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि मृतकों की पहचान दयाराम (20) और महेश कुमार (40) के तौर पर हुई है, जो गौरा चौराहा थाना क्षेत्र के गंवारिया जेतापुर के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि वे शुक्रवार देर रात अपनी बाइक से घर लौट रहे थे तभी रास्ते में उतरौला कोतवाली क्षेत्र के अकसी बरहड़ा गांव के पास तेज रफ्तार से चलाए जा रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दुबे ने शनिवार को बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है जबकि उसका चालक मौके से फरार हो गया है।
-
मुंबई. प्रसिद्ध मराठी लावणी गायिका सुलोचना चव्हाण का उम्र संबंधी बीमारियों के कारण शनिवार को यहां निधन हो गया। उनके परिवार ने यह जानकारी दी। पद्मश्री से सम्मानित चव्हाण (92) ने दक्षिण मुंबई में अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके बेटे और ढोलकी वादक विजय चव्हाण ने यह जानकारी दी। 'लावणी समरदनी' (लावणी की रानी) के रूप में प्रसिद्ध सुलोचना चव्हाण महाराष्ट्र की इस पारंपरिक संगीत शैली में सबसे मशहूर गायिकाओं में शुमार थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने चव्हाण के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मोदी ने ट्वीट किया, “आने वाली पीढ़ियां महाराष्ट्र, विशेष रूप से लावणी की संस्कृति को बढ़ावा देने में सुलोचना ताई चव्हाण की महत्वपूर्ण भूमिका के लिए उन्हें याद रखेंगी। उन्हें संगीत और रंगमंच का भी शौक था। उनके निधन से दुख हुआ। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम शांति।” कोश्यारी ने एक शोक संदेश में लिखा, “श्रीमती सुलोचना-ताई चव्हाण लावणी की निर्विवाद रानी थीं। उन्होंने कविता में जीवन का संचार किया और अपनी अनूठी आवाज व उच्चारण के बल पर कई लावणियों को अमर कर दिया। उनकी सुरीली आवाज कई और वर्षों तक जीवित रहेगी। मैं महान गायिका को अपनी ओर से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और श्री विजय चव्हाण व शोक संतप्त परिवार के अन्य सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।” शिंद ने ट्वीट किया, “अपनी आवाज के जादू से अनेक लावणी में जान फूंकने वाली वाली महाराष्ट्र की सबसे बुजुर्ग लावणी साम्राज्ञी पद्मश्री सुलोचना चव्हाण के निधन का समाचार सुनकर गहरा दुख हुआ। उनके निधन से सुरों की आकाशगंगा में एक खालीपन पैदा हो गया। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।” विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजित पवार ने भी उनके निधन पर शोक जताया। -
हमीरपुर/शिमला. सुखविंदर सिंह सुक्खू को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद के लिए चुने जाने की आधिकारिक घोषणा किये जाने के साथ मीरपुर के नादौन में स्थित उनके पैतृक गांव ‘भाबरा' में जश्न मनाया जाने लगा। इस जश्न में उनके परिवार और ग्रामीणों के अलावा पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और लोग ढोल-नगाड़े पर नृत्य करते दिखे। महिलाओं ने स्थानीय गीत गाकर खुशी का इजहार किया। सुक्खू के समर्थकों ने पटाखे फोड़े और मिठाइयां बांटी। हमीरपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव जीतने वाले आशीष शर्मा ने सुक्खू को अपना समर्थन दिया है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के गृह जिले हमीरपुर की बाकी सभी सीट पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है। हमीरपुर के एक बार फिर राज्य की सत्ता का केंद्र बनने पर लोग काफी खुश दिखे। यहां गांधी चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और मिठाइयां बांटी। नये मुख्यमंत्री के करीबी सुनील शर्मा (बिट्टू) ने कहा कि यह जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमीरपुर को अधुनिक जिले के रूप में परिवर्तित करेगी और इसके विकास में पैसे की कमी आड़े नहीं आएगी। -
शिमला. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और चौथी बार विधायक बने सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री होंगे, जबकि मुकेश अग्निहोत्री उप मुख्यमंत्री बनेंगे। मुख्यमंत्री पद की वस्तुत: दावेदारी करने वाली प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और कुछ अन्य नेताओं की पुरजोर लामबंदी के बीच शिमला में कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सुक्खू को विधायक दल का नेता चुना गया। नयी सरकार का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को होगा, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा और कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। विधायक दल की बैठक में दोनों पर्यवेक्षक-छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा पार्टी के राज्य प्रभारी राजीव शुक्ला मौजूद थे। विधायक दल की बैठक के बाद शुक्ला ने बताया कि विधायकों की राय के आधार पर अलाकमान ने फैसला किया है कि सुक्खू मुख्यमंत्री और अग्निहोत्री उप मुख्यमंत्री होंगे। अग्निहोत्री पिछली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष थे। कांग्रेस आलाकमान ने नदौन से विधायक 58 वर्षीय सुक्खू के नाम पर रजामंदी दी। राज्य की 68 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास 40 विधायक हैं। विधायक दल की बैठक के बाद सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, बघेल, हुड्डा, शुक्ला और अग्निहोत्री ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सुक्खू ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने 17 साल की उम्र से राजनीतिक जीवन शुरू किया। सोनिया गांधी जी, राहुल जी और प्रियंका गांधी जी और खरगे जी का आभारी हूं। एक आम परिवार से ऊपर उठकर यहां तक पहुंचा हूं। राजीव गांधी जी ने मुझे एनएसयूआई का प्रदेश अध्यक्ष बनाया था, सोनिया गांधी जी ने युवा कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया। फिर राहुल गांधी जी ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया था।'' उन्होंने कहा, हम लोगों की सेवा और व्यवस्था परिवर्तन के लिए काम करते हैं।''
चुनाव अभियान समिति के प्रमुख रहे सुक्खू ने कहा कि हिमाचल की जनता के हित में पूरी मेहनत से काम किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘मुकेश अग्निहोत्री मेरे भाई की तरह हैं। राज्य के विकास के लिए हम दोनों मिलकर काम करेंगे।'' प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष और मुख्यमंत्री पद की वस्तुत: दावेदारी पेश करने वाली प्रतिभा सिंह ने कहा कि उन्हें कांग्रेस आलाकमान का फैसला स्वीकार है। सुक्खू ने देर शाम निवर्तमान मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता जयराम ठाकुर से शिष्टाचार भेंट की। सुक्खू के विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद हिमाचल प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने उन्हें बधाई दी और कहा कि वह इस बात से खुश हैं कि कांग्रेस ने लोकतांत्रिक निर्णय लिया है और एक ऐसे व्यक्ति को जिम्मेदारी सौंपी है, जो नीचे से उठकर ऊपर तक आए हैं। सड़क परिवहन निगम के चालक के पुत्र सुक्खू एक साधारण पृष्ठभूमि से आते हैं। वह किसी समय छोटा शिमला इलाके में दूध की दुकान चलाते थे। एनएसयूआई से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाले सुक्खू संगठन में कई जिम्मेदारियों को निभाते हुए 2013 में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बने और 2019 तक इस पद पर रहे। उन्होंने पहली बार 2003 में हमीरपुर जिले की नदौन विधानसभा सीट से चुनाव जीता और फिर 2007 में भी यहां से निर्वाचित हुए। 2012 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था, हालांकि 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में वह फिर जीते। वह निचले हिमाचल इलाके के पहले कांग्रेस नेता होंगे, जो मुख्यमंत्री बनेंगे। प्रेम कुमार धूमल के बाद वह हमीरपुर जिले के दूसरे ऐसे नेता हैं, जो मुख्यमंत्री के पद पर आसीन होंगे। हिमाचल प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के लिये सभी प्रमुख नेताओं के खेमों की तरफ से पुरजोर लामबंदी की जा रही थी। शिमला में शुक्रवार (कल) शाम को हुई बैठक में विधायकों ने आम सहमति से एक प्रस्ताव पारित करके पार्टी अध्यक्ष को अधिकार दिया था कि वह पार्टी विधायक दल के नेता पर फैसला करें, जो हिमाचल प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री होगा। इसके पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा था कि पार्टी पर्यवेक्षकों को पहाड़ी राज्य में भेजा गया है, जो सभी विधायकों के विचार उनसे व्यक्तिगत रूप से मांग रहे हैं और वे उन्हें उनकी राय से अवगत कराएंगे। खरगे ने कहा था कि इसके आधार पर मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का फैसला होगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह पिछले कुछ दिनों से यह संकेत दे रही थीं कि वह मुख्यमंत्री पद की दावेदार हैं। उनके समर्थकों ने भी शिमला में जमकर नारेबाजी की और वीरभद्र सिंह की विरासत का सम्मान करने की मांग की थी। अपने नाम की घोषणा से पहले सुक्खू ने शनिवार को संवाददाताओं से कहा था, ‘‘मैं मुख्यमंत्री पद का आकांक्षी नहीं हूं। मैं केवल एक कांग्रेस कार्यकर्ता हूं। शीर्ष नेतृत्व जो भी निर्णय लेगा, वह मुझे मंजूर होगा।'' इसके पहले शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश में एआईसीसी के प्रभारी राजीव शुक्ला के साथ पर्यवेक्षकों ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की थी और उन्हें पार्टी के विजेता विधायकों की सूची सौंपकर सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए समय मांगा था। - गांधीनगर। गुजरात के कार्यवाहक मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद शनिवार को राज्यपाल आचार्य देवव्रत से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल का नेता चुने जाने के तुरंत बाद पटेल राजभवन पहुंचे। पटेल के साथ भाजपा की गुजरात इकाई के प्रमुख सी आर पाटिल भी राजभवन गए।पटेल 12 दिसंबर को गांधीनगर में नए सचिवालय के पास हेलीपैड मैदान में एक समारोह में 18वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। पटेल ने विधानसभा चुनाव से पहले सितंबर 2021 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में विजय रूपाणी की जगह ली थी।विधायक कानू देसाई, गणपत वसावा, हर्ष सांघवी, जीतू वाघानी और पूर्णेश मोदी सहित अन्य भी मौजूद थे, जब पटेल ने राज्यपाल को सरकार बनाने का दावा पेश करने वाला पत्र सौंपा। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 182 सदस्यीय सदन में 156 सीट पर शानदार जीत दर्ज करने के बाद राज्य में नयी सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त करने के लिए पटेल (60) ने शुक्रवार को अपने पूरे मंत्रिमंडल के साथ मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।गुजरात में भूपेंद्र पटेल को पार्टी पर्यवेक्षकों और वरिष्ठ नेताओं राजनाथ सिंह, अर्जुन मुंडा और बीएस येदियुरप्पा की उपस्थिति में विधायक दल का नेता चुना गया है। गांधीनगर में पार्टी कार्यालय में आज हुई पार्टी विधायकों की बैठक में उनके नाम का प्रस्ताव पार्टी विधायक और वरिष्ठ नेता कानु देसाई ने रखा। पार्टी के अन्य विधायक मनीषा बेन वकील, रमन पाटकर शंकर चौधरी और पूर्णेश मोदी ने प्रस्ताव का समर्थन किया।मुख्यमंत्री के रूप में भूपेंद्र पटेल का यह लगातार दूसरा कार्यकाल होगा। यह मात्र एक औपचारिकता थी क्योंकि पार्टी ने चुनाव प्रचार के दौरान ही उन्हें मुख्यमंत्री के उम्मीदवार के रूप में पेश किया था।
- शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के नव-निर्वाचित चालीस विधायकों ने एक प्रस्ताव पारित किया है और राज्य का अगला मुख्यमंत्री चुनने के लिए कांग्रेस हाई-कमान को अधिकृत किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राज्य प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा है कि विधायक दल की कल शिमला में बैठक हुई, जिसमें अगले मुख्यमंत्री की नियुक्ति पर विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया कि मुख्यमंत्री चुनने का फैसला हाई-कमान पर छोड़ दिया जाए। इस बारे में एक रिपोर्ट आज पार्टी हाई-कमान को सौंपी जाएगी। कांग्रेस के सभी विधायकों ने इस बैठक में हिस्सा लिया।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राज्य चुनाव पर्यवेक्षक भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष और सांसद प्रतिभा सिंह राज्य के कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में हुई बैठक में शामिल हुए।
- नई दिल्ली। चक्रवाती तूफान मैंडूस आज तड़के ममलापुरम के नजदीक उत्तरी तमिलनाडु तट को पार कर गया। यह तूफान कल आधी रात तटीय क्षेत्रों से टकराया था लेकिन अब थम गया है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढने, अगले दो घंटे में धीरे धीरे कमजोर होकर गहरे दबाव में बदलने और दोपहर तक दबाव में बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने आशंका व्यक्त की है कि इसके प्रभाव से उत्तरी तमिलनाडु और दक्षिणी आंध्र प्रदेश में कुछेक स्थानों पर हल्की से सामान्य वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग के क्षेत्रीय प्रमुख ने कहा है कि चक्रवात के कारण चेन्नई और आस-पास के उपनगरीय क्षेत्रों में 16 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में आज सुबह 55 से 75 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। शाम तक इसकी रफ्तार कम होकर 30 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा हो सकती है।मछुआरों को आंध्र प्रदेश के समुद्री क्षेत्र में न जाने की सलाह दी गई है। चक्रवाती तूफान के दौरान सभी समुद्री तटीय जिलों और रायलसीमा जिले को हाई अलर्ट पर रखा गया है। राज्य के कई क्षेत्रों में तेज से सामान्य वर्षा दर्ज की गई। दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भारी वर्षा और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पुद्दुचेरी में चक्रवाती तूफान मैंडूस के प्रभाव से कल सामान्य वर्षा हुई लेकिन अब आसमान साफ है। राज्य आपदा प्रबंधन केन्द्र ने बताया है कि तूफान से अब तक कोई बड़ी घटना नहीं हुई है। स्कूल और कॉलेज आज बंद रहेंगे।
- बैतूल,। मध्य प्रदेश में बैतूल जिले के एक गांव में छह दिसंबर को बोरवेल में गिरकर करीब 40 फुट की गहराई में फंसे आठ साल के बच्चे की मौत हो गई है और शनिवार सुबह उसका शव बरामद कर लिया गया।पुलिस ने बताया कि तन्मय नाम का यह लड़का मंगलवार शाम मंडावी गांव में बोरवेल में गिर गया था।बचाव अभियान में जुटे होमगार्ड कमांडेंट एस आर अजमी ने कहा, ‘‘बोरवेल में फंसे बच्चे को बचाव दल ने शनिवार सुबह पांच बजे बाहर निकाल लिया, लेकिन बच्चे की मौत हो चुकी है।’’उन्होंने कहा कि उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एंबुलेंस से बैतूल जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।अधिकारी ने बताया कि मंगलवार शाम करीब पांच बजे लड़का खेलते समय बोरवेल में गिर गया था और 35 से 40 फुट की गहराई में फंस गया था जिसके तुरंत बाद उसे निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया गया था।उन्होंने कहा कि बच्चे को निकालने के लिए एक समानांतर गड्ढा खोदा गया और सुरंग बनाकर उसे वहां से बाहर निकाला गया, लेकिन करीब 84 घंटे के बचाव अभियान के बाद वह मृत मिला। जिलाधिकारी अमनबीर सिंह बैंस ने शुक्रवार को कहा था कि बच्चे की ओर से कोई जवाब नहीं मिल रहा है।
- कोच्चि। केरल उच्च न्यायालय ने तलाक अधिनियम के तहत आपसी सहमति से तलाक की अर्जी दाखिल करने के लिए एक साल या इससे अधिक के अलगाव की शर्त को असंवैधानिक करार दिया है।अदालत ने कहा है कि यह शर्त मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है। न्यायमू्र्ति ए मुहम्मद मुस्ताक और न्यायमूर्ति शोभा अन्नम्मा ऐपन की खंडपीठ ने केंद्र सरकार से विवाह से संबंधित विवादों में पति-पत्नी की भलाई सुनिश्चित करने के लिए भारत में एक समान विवाह संहिता लागू करने पर गंभीरता से विचार करने को कहा। खंडपीठ ने कहा कि कानून वैवाहिक संबंधों में भलाई के संबंध में धर्म के आधार पर पक्षों को अलग करता है। इसने कहा कि एक धर्मनिरपेक्ष देश में कानूनी पितृसत्तात्मक दृष्टिकोण धर्म के बजाय नागरिकों की समान भलाई सुनिश्चित करने पर केंद्रित होना चाहिए।पीठ ने कहा, ‘‘राज्य का ध्यान अपने नागरिकों के कल्याण और भलाई को बढ़ावा देने पर होना चाहिए। भलाई के समान उपायों की पहचान करने में धर्म के लिए कोई जगह नहीं है?’’ केरल उच्च न्यायालय ने यह आदेश एक युवा ईसाई दंपति द्वारा दायर याचिका पर दिया, जिसमें तलाक अधिनियम-1869 की धारा-10ए के तहत तय की गई अलगाव की न्यूनतम अवधि (एक साल) को मौलिक अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए उसे चुनौती दी गई थी। अदालत ने अपने फैसले में कहा कि धारा-10ए के तहत एक साल के अलगाव की न्यूनतम अवधि का निर्धारण मूलभूत सिद्धांतों का उल्लंघन है और इसे असंवैधानिक घोषित किया जाता है।उच्च न्यायालय ने परिवार अदालत को निर्देश दिया कि वह युगल द्वारा दायर तलाक याचिका को दो सप्ताह के भीतर निपटाए तथा संबंधित पक्षों की और उपस्थिति पर जोर दिए बिना उनके तलाक को मंजूर करे।
- सोनभद्र। उत्तर प्रदेश में सोनभद्र की एक अदालत ने सात वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म और हत्या के दोषी को मृत्यु दंड और तीन लाख 25 हजार रूपये की सजा सुनायी है। अपर सत्र न्यायाधीश/ विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट सोनभद्र निहारिका चौहान की अदालत ने शुक्रवार को दोष सिद्ध पाकर दोषी शिवम को मृत्युदंड एवं तीन लाख 25 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड न देने पर एक वर्ष की अतिरिक्त कैद भुगतनी पड़ेगी। कोर्ट ने जघन्यतम अपराध मानते हुए आदेश दिया “ दोष सिद्ध शिवम को फांसी के फंदे पर तब तक लटकाया जाय, जब तक कि उसकी मृत्यु न हो जाए। ” अर्थदंड की समूची धनराशि तीन लाख 25 हजार रुपये मृतका के पिता को मिलेगी।अभियोजन पक्ष के मुताबिक बीजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने सात नवंबर 2020 को बीजपुर थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया था कि उसकी सात वर्षीय नाबालिग लड़की सात नवम्बर 2020 को घर के पास से लापता हो गयी थी। बीजपुर थाना क्षेत्र के महुली गांव निवासी शिवम के साथ खेलते हुए देखा गया था। इस तहरीर पर बीजपुर पुलिस ने अपहरण की एफआईआर दर्ज कर शिवम को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर लड़की के शव को नाले के पास से बरामद कर लिया।पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद हत्या व पॉक्सो एक्ट के धारा की बढ़ोतरी हुई। विवेचक ने पर्याप्त सबूत मिलने पर न्यायालय में शिवम के विरुद्ध चार्जशीट दाखिल किया था। मामले की सुनवाई करते हुए अदालत ने दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं के तर्कों को सुनने, गवाहों के बयान एवं पत्रावली का अवलोकन करने पर शिवम को दोषी माना और फांसी की सजा सुनायी।जघन्यतम अपराध के मामले में सोनभद्र जिले में यह चौथी फांसी की सजा सुनाई गई है। सबसे पहले एडीजे फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट अवनीश कुमार द्विवेदी की अदालत ने जिले में फांसी की सजा सुनाई थी। उसके बाद एडीजे द्वितीय राहुल मिश्र की अदालत द्वारा दूसरी फांसी की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद लगातार दो फांसी की सजा क्रमशः एडीजे पॉक्सो कोर्ट पंकज श्रीवास्तव व चौथी सजा एडीजे पाक्सो कोर्ट निहारिका चौहान की अदालत से सुनाई गई है। कोर्ट में आए मृतका के माता-पिता ने कहा कि उनकी बेटी को अब न्याय मिला है। उन्होंने कोर्ट का धन्यवाद किया है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को कहा कि वह खानपान के बड़े शौकीन हैं और शाम को सबसे पहले जो गंभीर विचार उनके दिमाग में आता है वह है कि क्या खाना है और कहां पर खाना है। केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि भोजन करने के उनके इरादे में कोई कमी नहीं आई है। हालांकि, खाने की मात्रा जरूर कम हुई है।एजेंडा आज तक’ में मंत्री ने कहा, ‘‘मैं भोजन का शौकीन हूं। शाम को सात बजे के बाद मैं जिस गंभीर मसले पर सबसे पहले विचार करता हूं वह है खाना किस होटल में खाना है और क्या खाना है।’’केंद्रीय मंत्री ने बताया कि वह शाकाहारी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘खाने की नियत में कमी नहीं आई है, पर खाने में आई है।’’ उन्होंने लोगों को सलाह दी कि वे सबसे पहले अपनी सेहत के बारे में सोचें।उन्होंने कहा कि यदि टेस्ला के संस्थापक एलन मस्क भारत में विनिर्माण करना चाहते हैं तो उनका स्वागत है। उन्होंने कहा, ‘‘यदि विनिर्माण भारत के बजाय चीन में होता है तो उन्हें विपणन पर रियायत नहीं मिलेगी। यदि वे भारत के किसी भी राज्य में विनिर्माण करेंगे तो उन्हें फायदा होगा।’’
- अहमदाबाद,। गुजरात विधानसभा चुनाव में विजयी महिला उम्मीदवारों की संख्या में पिछली बार की तुलना में मामूली वृद्धि हुई। इस बार 15 महिला उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की, जबकि 2017 के चुनाव में उनकी संख्या 13 थी। चुनाव में सफल 15 महिला विधायकों में से 14 भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से हैं, जबकि एक कांग्रेस से। इस बार विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर कुल 139 महिला उम्मीदवार मैदान में थीं। 2012 के विधानसभा चुनावों में जीतने वाली महिला उम्मीदवारों की संख्या 16 थी। वहीं 2017 के चुनाव में 13 महिलाओं ने जीत हासिल की थी। लेकिन इनमें से एक की दिसंबर 2021 में मौत हो गई, जिसके बाद यह सीट खाली हो गई।इस बार, भाजपा ने कुल 18 महिलाओं को टिकट दिया था, जबकि कांग्रेस ने 14 ऐसे उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था।भाजपा की इन सफल महिला उम्मीदवारों में से कुछ ने अपनी जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा प्रदेश भाजपा प्रमुख सी. आर. पाटिल के नेतृत्व को दिया।सूरत शहर के लिंबायत से जीती भाजपा की संगीता पाटिल ने अपनी जीत का श्रेय ‘पन्ना समिति’ को दिया।उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “पन्ना समिति के ‘ब्रह्मास्त्र’ के कारण पार्टी कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर चर्चा की। उसकी बदौलत पूरे राज्य में भाजपा को यह सकारात्मक परिणाम मिला। प्रधानमंत्री मोदी की मेहनत, सी.आर. पाटिल का संगठनात्मक कौशल और मुख्यमंत्री भूपेंद्र के विकास कार्य का भी फायदा मिला।”भाजपा उम्मीदवार के रूप में राजकोट ग्रामीण सीट से जीतीं भानुबेन बाबरिया ने शानदार जीत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की सराहना की।उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी जिस तरह से देश में काम कर रहे हैं उससे लोग खुश हैं। वे शांति और समृद्धि का अनुभव कर रहे हैं। लोग (केंद्रीय गृह मंत्री) अमित शाह, सी.आर. पाटिल और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व से खुश हैं।”गुजरात विधानसभा के लिये दो चरणों में एक और पांच दिसंबर को हुए चुनावों में, भाजपा ने 156 सीटें जीतीं, कांग्रेस के खाते में 17 और आम आदमी पार्टी (आप) के खाते में पांच सीटें गईं।चुनावों में जीतने वाली महिला उम्मीदवारों में से चार अनुसूचित जाति और दो अनुसूचित जनजाति समुदाय से हैं। आम आदमी पार्टी ने पांच और बहुजन समाज पार्टी ने 12 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया था हालांकि उनमें से कोई भी चुनाव नहीं जीत सका।
- हैदराबाद । राष्ट्रीय राजनीति में तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) का औपचारिक आगाज करते हुए पार्टी प्रमुख और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने शुक्रवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) का ध्वज फहराया। निर्वाचन आयोग ने टीआरएस के नये नाम बीआरएस को मंजूरी दे दी है। राव ने यहां पार्टी मुख्यालय पर बीआरएस का ध्वज फहराया। इसके पहले उन्होंने टीआरएस का बीआरएस के रूप में नाम परिवर्तित करने से संबंधित दस्तावेज पर दस्तखत किये।कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी, लोकप्रिय अभिनेता प्रकाश राज और कई बीआरएस नेता इस मौके पर मौजूद थे।राव को केसीआर के नाम से भी जाना जाता है। राव को निर्वाचन आयोग की ओर से बृहस्पतिवार को जानकारी मिली कि टीआरएस के नये नाम बीआरएस को स्वीकृति दे दी गई है। तेलंगाना के बाहर चुनावी राजनीति में दखल बढ़ाने के लिए टीआरएस ने अक्टूबर में अपना नाम बदलकर बीआरएस कर लिया था। राव ने टीआरएस की स्थापना आंध्र प्रदेश से अलग होकर तेलंगाना राज्य के गठन की मांग को लेकर संघर्ष के लिए वर्ष 2001 में की थी।
-
इंदौर। इंदौर के शासकीय नवीन विधि महाविद्यालय के पुस्तकालय में कथित तौर पर रखवाई गई एक किताब से जुड़े विवाद में मध्य प्रदेश पुलिस ने इस अकादमिक प्रकाशन की लेखिका डॉ. फरहत खान को महाराष्ट्र के पुणे में ढूंढ निकालने के बाद उन्हें दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) के प्रावधानों के तहत नोटिस तामील कराया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेश कुमार सिंह ने बताया कि विवादास्पद पुस्तक ‘सामूहिक हिंसा एवं दांडिक न्याय पद्धति' को लेकर पांच दिन पहले मामला दर्ज किए जाने के बाद इसकी लेखिका डॉ. फरहत खान की अलग-अलग पुलिस दलों के जरिये मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में तलाश की जा रही थी। उन्होंने कहा, ‘‘सुरागों के आधार पर हमने खान को पुणे में ढूंढ निकाला। हमने उन्हें दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) के प्रावधानों के तहत नोटिस तामील कराया है।” सिंह के मुताबिक, नोटिस में कहा गया है कि लेखिका उनकी विवादित पुस्तक के मामले की जांच में पुलिस को सहयोग करेंगी और आरोप पत्र पेश किए जाने के वक्त अदालत में मौजूद रहेंगी। पुलिस उपायुक्त के अनुसार, इंदौर निवासी खान गुर्दे (किडनी) की एक गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और उन्हें अस्पताल में नियमित रूप से डायलिसिस करवानी होती है। उन्होंने बताया, ‘‘लेखिका जब इंदौर से पुणे गईं, तब उन्हें महाराष्ट्र सीमा से लगे मध्य प्रदेश के सेंधवा कस्बे में भी डायलिसिस करानी पड़ी थी।'' गौरतलब है कि ‘सामूहिक हिंसा एवं दांडिक न्याय पद्धति' पुस्तक को लेकर शासकीय नवीन विधि महाविद्यालय के एलएलएम पाठ्यक्रम के छात्र और एबीवीपी नेता लकी आदिवाल (28) ने लेखिका खान और इंदौर स्थित प्रकाशक अमर लॉ पब्लिकेशन के साथ ही संस्थान के प्राचार्य डॉ. इनामुर्रहमान और प्राध्यापक मिर्जा मोजिज बेग के खिलाफ तीन दिसंबर को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का आरोप है कि महाविद्यालय के पुस्तकालय में रखवाकर कानून के विद्यार्थियों को पढ़ाई गई इस किताब में हिंदू समुदाय और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं, जिनसे धार्मिक कट्टरता को बल मिलता है। -
नयी दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के करीब 17 फीसदी नव निर्वाचित पार्षदों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं जबकि आठ प्रतिशत अन्य पार्षदों ने अपने खिलाफ ‘संगीन' मामले दर्ज होने की जानकारी दी है। ‘एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक्स रिफॉर्म्स ' (एडीआर) और ‘दिल्ली इलेक्शन वॉच' ने 248 पार्षदों के हलफनामों का विश्लेषण कर एक रिपोर्ट जारी की है। इसके तहत आम आदमी पार्टी के 134 में से 132 पार्षदों की जानकारी उपलब्ध हुई। रिपोर्ट कहती है कि ‘आप' के 132 में से 27 यानी 21 फीसदी पार्षदों के खिलाफ आपराधिक मामले हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 104 में से 12 (करीब 12 प्रतिशत) के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसमें कहा गया है कि तीन निर्दलियों में से दो ने और कांग्रेस के नौ में से एक ने पार्षद अपने खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, ‘आप' के 12, भाजपा के छह व एक निर्दलीय पार्षद ने अपने खिलाफ संगीन मामले दर्ज होने की घोषणा अपने-अपने हलफनामों में की है। रिपोर्ट कहती है कि साल 2017 में तत्कालीन उत्तर, पूर्वी व दक्षिणी नगर निगमों के 266 पार्षदों में से 10 फीसदी के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज थे और पांच प्रतिशत के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामले दर्ज थे। तब 270 वार्ड होते थे लेकिन आंकड़े 266 के ही उपलब्ध थे। इस साल तीनों निगमों को मिलाकर एकीकृत एमसीडी बना दी गई। -
नयी दिल्ली। सूचना एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली में स्थित अग्रणी अस्पताल एम्स के सर्वर पर हुए 'जानबूझकर एवं लक्षित' साइबर हमले की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) जांच कर रही है। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के एक कार्यक्रम में शिरकत करने आए चंद्रशेखर ने एम्स अस्पताल के सर्वर पर हुए साइबर हमले के बारे में पूछे जाने पर अलग से बातचीत में कहा, "इसकी जांच एनआईए कर रही है लिहाजा मैं इस पर टिप्पणी नहीं कर सकता। लेकिन यह साफ है कि यह सोचा-समझा हुआ एवं निशाना बनाकर किया गया हमला है। एम्स के सिस्टम पर हुए हमले की एनआईए पड़ताल कर रही है।" अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के सर्वर पर गत 23 नवंबर को एक रैंसमवेयर हमला हुआ था। साइबर हमलावरों के खिलाफ उगाही एवं साइबर आतंकवाद का मामला दर्ज किया गया है। इसके पहले, चंद्रशेखर ने सीआईआई के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल इंडिया विधेयक का प्रारूप इस महीने के अंत तक जारी कर दिया जाएगा जिस पर लोग अपनी राय दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस विधेयक को बदले हुए समय की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। डिजिटल इंडिया विधेयक 22 साल पुराने सूचना प्रौद्योगिकी विधेयक की जगह लेगा
सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री ने कहा कि डिजिटल इंडिया विधेयक और हाल ही में जारी व्यक्तिगत डेटा संरक्षण विधेयक मिलकर उपभोक्ताओं के हितों के संरक्षित करेंगे और नवाचार को भी गति देने में योगदान देंगे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘स्मार्ट वाच' जैसे प्रौद्योगिकी से लैस ‘वियरेबल' उपकरणों के लिए भी उत्पादन-संबद्ध प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना लाने की तैयारी चल रही है। उन्होंने वियरेबल यानी पहनने वाले उत्पादों को इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में सबसे तेजी से बढ़ने वाला खंड बताया। -
नयी दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने छत्रसाल स्टेडियम झगड़ा मामले में ओलंपिक पदक विजेता आरोपी सुशील कुमार के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अधिकारियों ने गुरूवार को यह जानकारी दी। छत्रसाल स्टेडियम में हुए झगड़े में पहलवान सागर धनखड़ (23) की हत्या कर दी गयी थी। विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) रवींद्र सिंह यादव ने बताया कि आरोपियों की पहचान अंकित डबास (28) और जोगिंदर उर्फ काला (43) के रूप में हुई है। यादव ने कहा कि दोनों पिछले साल धनखड़ की हत्या के सिलसिले में वांछित थे।
विशेष पुलिस आयुक्त ने कहा कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए किसी भी सूचना के लिए 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उन्होंने कहा कि निरीक्षक रॉबिन त्यागी को सूचना मिली थी कि दोनों उत्तर प्रदेश के बागपत के ग्रामीण जिलों में छिपे हुए हैं और खेतिहर मजदूरों के भेष में एक पुलिस दल को निगरानी के लिए इलाके में तैनात किया गया है। आरोपियों की तलाश बलैनी गांव के पास की गई। पुलिस आयुक्त यादव ने कहा कि जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया। जब वे भाग रहे थे, आरोपी कुछ समय के लिए किसान आंदोलन के दौरान टीकरी बॉर्डर पर रुके थे। उसके बाद डबास हिमाचल प्रदेश चला गया और वहां एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में मजदूर के रूप में काम करने लगा। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आरोपी जोगिंदर हरिद्वार चला गया और वहां विभिन्न मंदिरों और धर्मशालाओं में रहा। आरोपी सुशील कुमार इस मामले में 18 अन्य आरोपियों के साथ तिहाड़ जेल में बंद है। आरोपी सुशील कुमार और उसके सहयोगियों ने संपत्ति विवाद को लेकर कथित तौर पर धनखड़ और उसके दो दोस्तों - सोनू और अमित कुमार की बुरी तरह से पिटाई की थी। इसके बाद धनखड़ की मौत हो गयी थी। -
नयी दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर पंजाब सेक्टर में पाकिस्तान की ओर गलती से जाने वाले सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जिस जवान को बुधवार को पाक रेंजर्स ने पकड़ लिया था, उसे 30 घंटे से अधिक समय बाद भारत वापस भेज दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘बीएसएफ कांस्टेबल अबोहर सेक्टर में सीमा चौकी क्षेत्र मौजम बेस के जीरो लाइन चेकिंग-इन में अनजाने में पाकिस्तानी क्षेत्र में प्रवेश कर गया था। उसे पाकिस्तान रेंजर्स के साथ कमांडेंट स्तर की फ्लैग मीटिंग के दौरान सुरक्षित रूप से बीएसएफ को सौंप दिया गया।'' जवान बुधवार सुबह छह से सात बजे के बीच पाकिस्तान की सीमा पार कर गया था। हाल के दिनों में अबोहर सेक्टर में इस तरह की यह दूसरी घटना है। एक दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर जीरो लाइन चेकिंग के दौरान एक जवान दूसरी तरफ चला गया था। पाकिस्तान रेंजर्स ने फ्लैग मीटिंग के बाद उसी दिन उन्हें वापस बीएसएफ को सौंप दिया था।file photo
-
भोपाल। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के वन क्षेत्र में एक पेड़ से बाघ का शव लटका मिलने के मद्देनजर शक के आधार पर दो लोगों से पूछताछ की जा रही है। वन विभाग के एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। बुधवार को शिकारियों द्वारा बिछाए गए जाल में दो साल का एक बाघ फंस गया। बाघ का शव वाहनों के लिए इस्तेमाल होने वाले क्लच वायर से पेड़ पर आधा लटका हुआ पाया गया। छतरपुर रेंज के वन संरक्षक संजीव झा ने ‘ को बताया कि खुद को छुड़ाने के प्रयास में 200 किलोग्राम के वजन के बाघ की दम घुटने से मौत हो गई। इस मामले में दो लोगों से पूछताछ की जा रही है और मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है। झा ने कहा कि पन्ना और सतना से लाए गए खोजी कुत्ते जांचकर्ताओं को उस जगह ले गए, जहां बाघ को पकड़ने के लिए लकड़ी का बॉक्स लगाया गया था, इस मामले में कुत्तों ने असाधारण मदद की है। मध्य प्रदेश में कान्हा, बांधवगढ़, पेंच, सतपुड़ा, पन्ना और संजय दुबरी नाम के छह टाइगर रिजर्व हैं।
-
रैगिंग के मामले में डिब्रुगढ़ के तीन और विद्यार्थी निलंबित
डिब्रुगढ़ (असम)। ‘जूनियर' छात्र की कथित रूप से रैगिंग करने को लेकर डिब्रुगढ़ विश्वविद्यालय के तीन और विद्यार्थियों को निलंबित कर दिया गया है। विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। विश्वविद्यालय ने इस मामले में अबतक सात विद्यार्थियों को निलंबित किया है तथा 18 अन्य को निष्कासित किया है। जिस छात्र की रैगिंग की गयी थी, उसके रीढ़ की हड्डी की सर्जरी करनी पड़ी है। विश्वविद्यालय ने अपने आदेश में कहा कि बृहस्पतिवार को रैगिंग रोधी समिति ने अपनी एक बैठक में गणित से स्नातोकोत्तर कर रहे एक विद्यार्थी को इस घटना के सिलसिले में निलंबित कर दिया और उसे तीन साल तक किसी संस्थान में प्रवेश लेने से रोक दिया गया। इस आदेश के अनुसार, बीसीए और बीएड के दो अन्य विद्यार्थियों को भी एक साल के लिए निलंबित किया गया है।वाणिज्य स्नातोकोत्तर (एमकॉम) के प्रथम वर्ष के छात्र आनंद शर्मा की रैगिंग करने को लेकर इससे पहले चार विद्यार्थियों को तीन वर्षों के लिए निलंबित किया गया था तथा 18 अन्य को निष्कासित कर दिया गया था। विश्वविद्यालय के सात विद्यार्थियों को इस घटना में कथित संलिप्तता को लेकर पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। ‘पद्मनाथ गोहैन बरूआ निवास (छात्रावास) के तीन वार्डन को भी विश्वविद्यालय ने कर्तव्य में लापरवाही को लेकर निलंबित कर दिया गया है। इसी छात्रावास में 26 नवंबर को रैगिंग के दौरान आनंद शर्मा के साथ कथित रूप से नृशंसता की गयी थी और वह अपनी जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से कूदने के लिए मजबूर हो गया था। नीचे गिरने के बाद उसकी रीढ़ की हड्डी टूट गई और हाथों में भी फ्रैक्चर हो गया था और उसे आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा था। शर्मा का इलाज कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि एक दिसंबर को उसकी सर्जरी की गयी और अब उसके स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। -
नई दिल्ली। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) की अध्यक्ष सोनिया गांधी आज 76 साल की हो गईं हैं। सोनिया गांधी का जन्म 9 दिसंबर, 1946 को इटली के वेनेटो में हुआ था। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से विवाह के बाद उन्होंने 1970 में इटली की नागरिकता त्याग कर भारतीय नागरिकता हासिल कर ली थी।
सोनिया गांधी के जन्मदिन के अवसर पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर लिखा श्रीमती सोनिया गांधी जी को जन्मदिन की बधाई। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना।वहीं केन्द्रीय मंंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट कर सोनिया गांधी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी। उन्होंने लिखा, श्रीमती सोनिया गांधी जी को जन्मदिन की बधाई। आपको अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र मिले। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ''सोनिया गांधी जी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं। उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।"कांग्रेस के कई नेताओं ने भी सोनिया गांधी के जन्मदिन पर उन्हें बधाई दी है। इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने ट्वीट किया, एक महिला जिसने इस देश की सेवा में बहुत कुछ खोया है, फिर भी इस देश की प्रगति के लिए वे अपने पूरे जोश के साथ मजबूती से खड़ी रही और हर सुख-दुख में कांग्रेस पार्टी का मार्गदर्शन किया। हमारी नेता सोनिया गांधी जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई और उनके लिए ये साल खुशहाल हो। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भी सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई दी। file photo - लातूर। महाराष्ट्र के लातूर जिले के नागनाथेश्वर मंदिर में सती प्रथा के बारे में जानकारी देता 15वीं सदी का एक शिलालेख मिला है। शोधकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। सती प्रथा के तहत महिलाएं अपने पति की चिता पर अपना जीवन समाप्त कर लेती थीं।इतिहासकार कृष्णा गुडाडे को निलंगा तहसील के ओस्तुरी गांव के मंदिर में यह शिलालेख मिला है। उन्होंने इसे 1437 ईस्वी का बताया है। गुडाडे ने कहा कि शिलालेख पर देवनागरी लिपि में 13 पंक्तियां लिखी हैं। इसके निचले हिस्से में पत्नी, पति की चिता पर लेटी दिखाई देती है, जबकि शीर्ष भाग पर भगवान शिव और घोड़े पर सवार सती की पूजा करते हुए एक जोड़े की छवि है। गुडाडे ने कहा, “यह एक महत्वपूर्ण शिलालेख है जो उस समय पर और विशेष तौर पर सती जैसी प्रथाओं पर प्रकाश डालता है।”
- जोधपुर (राजस्थान)। जोधपुर के भूंगरा गांव में शादी समारोह के दौरान गैस सिलेंडर फटने से एक घर में आग लगने से 60 लोग झुलस गए हैं, वहीं 4 लोगों की मौत हो गई है।जोधपुर कलेक्टर हिमांशु गुप्ता ने जानकारी दी कि जोधपुर के शेरगढ़ में गुरुवार को शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हुआ है और यहां गैस सिलेंडर फटने के फटने से शादी समारोह में आए 60 लोग झुलस गए। कलेक्टर ने जानकारी दी है कि इस हादसे में दूल्हा सुरेंद्र सिंह, दूल्हे के पिता तगत सिंह, दूल्हे की मां दाखु कवर व बहन रसाल कंवर झुलस सहित 60 लोग झुलस गए हैं। वहीं 8 से 10 महिला, बच्चे व पुरुष 90 फीसदी तक जल चुके हैं। वहीं 30 महिला, पुरुष व बच्चे 50 फीसदी से 70 फीसदी तक जल चुके हैं।स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया और आग के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और तत्काल उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इस हादसे में दूल्हे के माता-पिता और बहन भी गंभीर रूप से झुलस गए हैं। वहीं दूल्हे के बहन की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे में दो बच्चों सहित 4 लोगों की मौत हो गई है।मिली जानकारी के अनुसार जोधपुर के शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के भूंगरा गांव में एक शादी समारोह के आयोजन के दौरान रसोई बनाने का काम चल रहा था। पुलिस को जानकारी मिली कि शादी समारोह में खाना बनाने के लिए 20 गैस सिलेंडर मंगवा कर रखे गए थे, जिनमें से एक गैस सिलेंडर हलवाई के पास ब्लास्ट हो गया, जिसके बाद एक के बाद एक 5 सिलेंडर फट गए ।राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस बारे में कहा-कुछ बच्चे झुलसे गए हैं और मृत्यु भी हुई हैं। हमारी कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों की जान बचाई जा सके। हादसे के कारण की जांच होनी चाहिए और कंपनी के लोगों से भी बातचीत की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।वहीं नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि - ये दिल दहला देने वाली घटना है। 50 से ज्यादा लोगों का अस्पताल में समुचित इलाज किया जा रहा है। मैं मुख्यमंत्री से अपील करूंगा कि सिर्फ बातों से काम नहीं चलता, इस मामले में मृतक के परिजनों और घायलों को विशेष पैकेज देने की घोषणा की जाए।
-
नई दिल्ली। वन्य जीव संरक्षण संशोधन विधेयक-2022 गुरुवार को संसद से पारित हो गया। राज्य सभा ने आज इसपर अपनी मुहर लगाई जबकि लोकसभा से यह पहले ही पारित हो चुका था।विधेयक का उददेश्य वन्य जीवों और वनस्पतियों की लुप्तप्राय प्रजातियों के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार पर कन्वेंशन-सीआईटीसी को लागू करना और इसके द्वारा संरक्षित संकटग्रस्त प्रजातियों की सूची का विस्तार करना है। विधेयक पर चर्चा का जवाब देते हुए केन्द्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने वन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और वन्यजीवों के संरक्षण पर जोर दिया।श्री यादव ने कहा कि देश का वन क्षेत्र लगातार बढ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 से 2014 के बीच जहां देश में दो लाख 26 हजार वर्ग किलोमीटर से अधिक के वन क्षेत्र का उपयोग दूसरे कार्यो के लिए किया गया वहीं 2014 से 2022 के बीच केवल एक लाख 30 हजार वन क्षेत्र का ही ऐसा इस्तेमाल हुआ। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के प्रयासों की वजह से ही देश के हरित क्षेत्र का विस्तार हुआ है।
इस विधेयक में केंद्र सरकार को एक ऐसा प्राधिकरण बनाने का अधिकार दिया जा रहा है, जो संरक्षित प्रजातियों के निर्यात या आयात के लिए लाइसेंस प्रदान कर सकेगा। इससे पहले चर्चा में भाग लेते हुए, भारतीय जनता पार्टी के राकेश सिन्हा ने कहा कि इसका उद्देश्य पर्यावरण की रक्षा करना, तस्करी रोकना और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि 2014 से देश के वन क्षेत्र में बढ़ोतरी हुई है। विधेयक का समर्थन करते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा समय की मांग है। उन्होंने मानवों और पशुओं के बीच बढ़ती संघर्ष की घटनाओं पर चिंता जताई। कांग्रेस के जयराम रमेश ने कहा कि इससे संकटापन्न कई प्रजातियों का सरंक्षण सुनश्चित हो सकेगा। तृणमूल कांग्रेस की सुष्मिता देव, कांग्रेस के कुमार केतकर और अन्य सदस्यों ने भी चर्चा में हिस्सा लिया। -
देहरादून. उत्तराखंड को आध्यात्मिक शांति के साथ ही (शारीरिक) उपचार का भी स्रोत बताते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बृहस्पतिवार को कहा कि यहां चिकित्सा पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं जिससे युवाओं में रोजगार के अवसर भी बढेंगे। उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर आईं राष्ट्रपति ने देर शाम यहां मुख्यमंत्री आवास में आयोजित 'नागरिक अभिनंदन' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड आध्यात्मिक शांति और उपचार दोनों ही दृष्टियों से कल्याण का स्रोत रहा है । इस संबंध में उन्होंने भगवान राम के भाई लक्ष्मण के उपचार का भी जिक्र किया और कहा कि लोकमान्यता है कि हनुमान इसी क्षेत्र के द्रोण पर्वत को 'संजीवनी बूटी' सहित लेकर गए थे । उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे यह जानकर प्रसन्नता हो रही है कि आधुनिक चिकित्सा के साथ ही आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में उत्तराखंड सरकार अपनी परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए नई-नई संस्थाएं स्थापित कर रही है। प्रदेश में प्राकृतिक चिकित्सा के कई प्रसिद्ध केंद्र हैं जहां देश-विदेश के लोग आकर स्वास्थ्य लाभ करते हैं। उत्तराखंड में प्राकृतिक पर्यटन और साहसिक पर्यटन के साथ ही चिकित्स पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं जिससे युवाओं में रोजगार के अवसर भी बढेंगे ।'' हिमालय में रहने वालों को देवता बताते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि वह उनके बीच आकर बहुत प्रसन्न हैं । उन्होंने यहां की प्राकृतिक सुंदरता और यहां के लोगों के प्रेमपूर्ण व्यवहार का जिक्र करते हुए कहा कि इसने स्वामी विवेकानंद से लेकर महात्मा गांधी और कवि सुमित्रानंदन पंत तक को मंत्रमुग्ध किया था। हांलांकि, उन्होंने कहा कि इस प्राकृतिक सुंदरता को बचाते हुए हमें विकास के मार्ग पर आगे बढना है । उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्तराखंड और उसके लोगों के देश के प्रति योगदान को भी याद किया तथा कहा कि इसका हिसाब लगाना असंभव है। उन्होंने उत्तराखंड को वीरों की भूमि बताते हुए कहा कि देश के वर्तमान प्रमुख रक्षा अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान तथा पहले प्रमुख रक्षा दिवंगत जनरल बिपिन रावत प्रदेश के सपूत हैं । उन्होंने पूर्व सैन्य प्रमुख जन बिपिन चंद्र जोशी सहित अनेक सेनानियों को भी याद किया । उन्होंने एवरेस्ट विजेता बछेंद्री पाल, समाज सेवी बसंती बिष्ट और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाडी वंदना कटारिया का उल्लेख करते हुए प्रदेश को नारी शक्ति का केंद्र बताया । इस संबंध में उन्होंने कहा कि शुक्रवार को होने वाले दून विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में स्वर्णपदक हासिल करने वाले विद्यार्थियों में बडी संख्या लडकियों की है जो सामाजिक परिवर्तन और विकसित भारत की दिशा में एक बढता कदम है । राष्ट्रपति ने देश को विविध संस्कृतियों से भरा देश बताते हुए कहा कि उत्तराखंड में भी एक समृद्ध संस्कृति रही है। उन्होंने भारत के सभी राज्यों में संस्कृति को बढावा देने की जरूरत बताई । उन्होंने कहा कि दूरदराज पहाड़ों में रहने वालों की संस्कृति भी फूल जैसी है जो लोगों को सुशोभित करती हैं लेकिन अनजाने में पेड़ से झड़ जाती है । उन्होंने कहा, ' हमारा कर्तव्य है कि हम उन्हें प्रोत्साहित, विकसित और सशक्त करें तथा लोगों के सामने लाएं ।' उन्होंने विश्वास जताया कि 2047 में स्वाधीनता के 100 वर्ष पूरे होने तक भारत विश्व समुदाय में अपनी क्षमता के अनुरूप श्रेष्ठता प्राप्त कर चुका होगा तथा उत्तराखंड देश का पहले नंबर का राज्य बनकर उभरेगा । कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने दो हजार करोड रुपये से अधिक की नौ विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया । कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टि जन (सेवानिवृत्त)गुरमीत सिंह ने राष्ट्रपति को केदारनाथ मंदिर की प्रतिकृति तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कंडाली के रेशों से बन शॉल भेंट की । इस शॉल पर उत्तराखंड की प्राचीन लोककला शैली थापे को उकेरा गया है । राष्ट्रपति को इसके अतिरिक्त शैली थापे तथा एपण के मिश्रण से तैयार एक स्मृति चिहन भी भेंट किया गया । इससे पहले राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार उत्तराखंड आयीं मुर्मू का जौलीग्रांट हवाई अडडे पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने स्वागत किया । इस दौरान, राष्ट्रपति ने गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी तथा दून विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगी ।








.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)








.jpg)



.jpeg)

