- Home
- देश
-
हत्या के वक्त जाग गई बेटी, धक्का देकर फरार हुआ आरोपी
अवैध संबंध बनी हत्या की वजह, सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा
मेरठ। मेरठ में मंगलवार को सुबह दंपती की हत्या से सनसनी फैल गई। हत्या आरोपी ने घटना को रात 3 बजे अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। मृतक दंपती की मासूम बेटी ने आरोपी को पहचान लिया है। जिस समय आरोपी दंपती की गर्दन काट रहा था, उस दौरान उनकी बेटी जाग गई। इसके बाद आरोपी बेटी को धक्का देकर फरार हो गया।
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि दरअसल, घटना ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के सिटी गार्डन की है। जहां अवैध संबंधों के चलते दंपती की गर्दन काटकर हत्या कर दी गई है। हत्या आरोपी को पहचानने के बाद बेटी ने शोर मचा दिया। जिसके बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों के शवों को कब्जे में ले लिया है। दंपती की हत्या के बाद परिजनों में हाहाकार मच गया। पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस के अफसर भी मौके पर पहुंच गए थे। जांच पड़ताल की जा रही है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद क्षेत्र में भी हड़कंप मच गया।
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि सिटी गार्डन में आबाद और दानिश आसपास रहते हैं। दानिश के पास कंकरखेड़ा में रहने वाला उसका भतीजा आरोपी समीर भी आता जाता था। आरोपी समीर की दोस्ती आबाद से हो गई। आबाद मुर्गी चूजे बेचने का काम करता था। आबाद के घर आरोपी समीर का आना जाना हो गया। उसके बाद आरोपी समीर के संबंध आबाद की पत्नी जाविदा से हो गए। शक के आधार पर आबाद ने आरोपी समीर के घर आने जाने पर रोक लगा दी थी, जिसके बाद आरोपी समीर ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया किसोमवार की रात को आरोपी समीर छुरी लेकर आबाद के घर आया था। रात करीब तीन बजे आरोपी समीर ने पहले आबाद की गर्दन काटकर हत्या की। उसके बाद आबाद की पत्नी जाविदा को मार डाला। इस बीच आबाद की बेटी जाग गई तो उसे धक्का देकर आरोपी समीर मौके से भाग गया। आरोपी समीर के जाने पर आबाद की बेटी सानिया ने शोर मचा दिया। उसके बाद आसपास के सभी लोग मौके पर पहुंच गए। घर के अंदर खून खराब देखकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि हत्यारोपी समीर की तलाश की जा रही है। अवैध संबंधों के चलते ही दंपती को मौत के घाट उतारा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -
शार्प टर्निंग पर अनियंत्रित हो गई कार
अररिया। अररिया के पलासी थाना क्षेत्र में तेज गति से जा रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी। कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक कार से बाहर निकलकर जान बचाने में सफल हो गया। हादसा मंगलवार सुबह पलासी थाना के डाला गांव के पास हुआ है। अनंत चतुर्दशी के मेले से लौटने के दौरान कार टर्निंग पर असंतुलित हो गई थी।
पलासी थानेदार शिवपूजन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से कार को गड्ढे से बाहर निकाला। पलासी थानेदार शिवपूजन कुमार के अनुसार कार ड्राइवर सोनू यादव घायल है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। मरने वालों में अररिया के लौखड़ा के कलानंद मंडल, गेरारी के सुनील करदार, मझवा के सुनील मंडल, चौरी के धनंजय साह और चिकनी कुर्साकाटा ब्लॉक के नवीन साह थे।
पलासी थानेदार शिवपूजन कुमार ने बताया कि पलासी के गेरारी गांव में अनंत चतुर्दशी का मेला लगा हुआ था। सोमवार रात एक कार पर 6 लोग सवार होकर अनंत चतुर्दशी का मेला देखने गए थे। सभी मंगलवार सुबह मेला से लौट रहे थे। कार कलियागंज की ओर जा रही थी। इसी बीच शार्प टर्निंग में कार के ड्राइवर ने संतुलन खो दिया और गाड़ी तालाब में जा गिरी। जब तक लोग कार सवार की मदद के लिए लोग आते तब तक पांच लोग डूब चुके थे। -
सीवान। सीवान नगर थाना इलाके के सोनार टोली स्थित अर्चना ज्वैलर्स में अपराधियों ने करीब एक करोड़ की लूट को अंजाम दिया है। सोमवार की शाम 3 बाइक से 6 अपराधी पहुंचे। वे दुकान के अंदर घुस गए। दहशत फैलाने के लिए सोना कारोबारी सुभाष प्रसाद को गोली मार दी। लोगों में चर्चा है कि लूट करीब 1 करोड़ की हुई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने बताया कि दुकानदार के मुताबिक सभी अपराधी चेहरे पर नकाब लगाए हुए थे। हथियारों से लैस अपराधियों को देखते ही दुकान चला रहे सुभाष प्रसाद और उनका बेटा रूपेश कुमार भयभीत हो गया। लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि अपराधियों ने दुकान से सोने और चांदी की ज्वेलरी को बोरे में भर लिया। इसके बाद वहां से निकल गए। दुकान से निकलने के दौरान कई राउंड फायरिंग भी की।
पुलिस ने बताया कि अपराधियों के जाने के बाद संचालक सुभाष कुमार का बेटा रूपेश कुमार चिल्लाने लगा। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। लोगों ने मिलकर घायल सुभाष कुमार को सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी स्थिति गंभीर है। लूटपाट की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई है। -
पुलिस का वाहन ट्रक से टकराया, चौकी प्रभारी की मौत
छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा में नागपुर-अब्दुल्लागंज नेशनल हाईवे पर सोमवार रात 2.30 बजे पुलिसकर्मियों से भरी कार खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बैतूल के पाढऱ चौकी प्रभारी की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक एसआई, दो कॉन्स्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नागपुर रेफर किया है।
बैतूल एसपी सिमाला प्रसाद के मुताबिक पुलिसकर्मी छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार करके लौट रहे थे। तभी यह हादसा हुआ। दोनों आरोपी पीछे बैठे थे, इसलिए उन्हें चोट नहीं आई। घटना के बाद ड्राइवर फरार हो गया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। एसआई विनोद शंकर यादव का शव फंस गया। उसे गैस कटर मशीन से काटकर निकाला गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को बैतूल लाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि बैतूल के पाढऱ चौकी प्रभारी विनोद शंकर यादव, एएसआई दिलीप तांडेकर, आरक्षक नवीन रघुवंशी सहित एक आरक्षक चोरी के दो आरोपियों को पकडऩे रायपुर गए थे। सोमवार की दरमियानी रात को कार से लौट रहे थे। रात करीब 2.30बजे रास्ते में छिंदवाड़ा में पांढुर्ना के बड़ चिचोली में खड़े ट्रक में कार जा घुसी। इसमें चौकी प्रभारी विनोद शंकर यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। बैतूल एसडीपीओ नितेश पटेल रात को ही घटनास्थल पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि मृत सब इंस्पेक्टर का शव छिंदवाड़ा भेज दिया गया है। आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
बैतूल एसपी सिमाला प्रसाद के मुताबिक पाढऱ चौकी प्रभारी विनोद शंकर यादव 4 सदस्यीय टीम के साथ चोरी के मामले में विवेचना करने रायपुर छत्तीसगढ़ गए थे। 2 दिन से टीम रायपुर में थी। वहां से दो आरोपी को हिरासत में लेकर बैतूल आ रहे रहे थे। चौकी प्रभारी ड्राइवर के बगल में बैठे थे। एएसआई और आरक्षक बीच की सीट पर और आरोपी गाड़ी में सबसे पीछे बैठे थे। हादसे में चौकी प्रभारी की मौत हो गई। एएसआई, दो आरक्षक घायल हुए है। आरोपी दोनों सुरक्षित है। दोनों पुलिस हिरासत में है। गाड़ी का ड्राइवर भाग गया है। जिसकी तलाश जारी है। -
नयी दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कहा कि नए चक्रवाती प्रवाह के कारण ओडिशा में 26 सितंबर से तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है। आईएमडी ने कहा कि वर्तमान में दूरदराज के इलाकों में भारी से बेहद भारी बारिश जैसी गतिविधियां 21 सितंबर तक गांगेय पश्चिम बंगाल और उत्तर ओडिशा में जारी रहने की संभावना है। पूर्व-मध्य और बंगाल की खाड़ी से लगते पूर्वोत्तर क्षेत्र में 25 सितंबर तक चक्रवाती प्रवाह बनने की संभावना है। उसने बताया,'' इसके 48 घंटों के दौरान पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढऩे और ओडिशा तट पर पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से 26 सितंबर से ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है।
-
आगरा। आगरा में सोमवार को ताजमहल देखने आई दिल्ली की एक महिला पर्यटक का बैग स्मारक में रह गया जिसमें 62 हजार रुपये थे। बाद में बैग गुम होने की शिकायत दर्ज कराने पहुंची पर्यटक को उसका बैग केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने सुरक्षित सौंप दिया। जानकारी के अनुसार उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी निवासी कुप्पई सोमवार को ताजमहल देखने आई थीं। स्मारक में भ्रमण के दौरान उनका बैग खो गया। ताजमहल की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ को सुरक्षा जांच के दौरान बैग मिला जिसमें 62 हजार रुपये, एक मोबाइल फोन व आधार कार्ड रखा था। उन्होंने बताया कि महिला सीआईएसएफ कण्ट्रोल रूम में बैग गुम होने की सूचना देने पहुंची। सीआईएसएफ ने जांच पड़ताल के बाद बैग और उसमें रखी धनराशि को महिला पर्यटक को सौंप दिया। इस संबंध में सीआईएसएफ कमाण्डेंट राहुल यादव ने बताया कि स्मारक में लावारिस मिले बैग, पर्स व अन्य सामान को जमा कर लिया जाता है। पर्यटक जब अपना सामान गुम होने की शिकायत करने आता है तो उसका सामान उसे लौटा दिया जाता है।
-
नयी दिल्ली। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने सोमवार को दूरसंचार इंजीनियरिंग केंद्र (टीईसी) को सशर्त पहुंच प्रणाली (सीएएस) और ग्राहक प्रबंधन प्रणाली (एसएमएस) के तकनीकी अनुपालन के लिए एक ढांचे के संचालन और निरीक्षण की खातिर परीक्षण और प्रमाणन एजेंसी नियुक्त किया। दूरसंचार नियामक ट्राई द्वारा जारी एक आदेश के अनुसार टीईसी पर सीएएस और एसएमएस के परीक्षण और प्रमाणन के समग्र प्रशासन, समन्वय और निष्पादन का भार होगा। ट्राई के अनुसार वह परीक्षण कार्यक्रम और परीक्षण प्रक्रियाओं आदि को सूचित करेगा। इसके अलावा वह मान्यता प्राप्त परीक्षण प्रयोगशालाओं की सूची भी घोषित करेगा, जो परीक्षण करने के लिए आवश्यकताओं को पूरा करती हों। -
इटावा (उत्तर प्रदेश)। इटावा जिले के वैदपुरा इलाके में सोमवार शाम एक मालगाड़ी के 44 डिब्बे पटरी से उतर गए। इस घटना में बोगी के नीचे दबने से 13 साल के एक लड़के की मौत हो गई तथा कई अन्य जख्मी हो गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने यहां संवाददाताओं को बताया कि डीएफसीसी रेल मार्ग पर दिल्ली से कानपुर जा रही 54 डिब्बों की एक मालगाड़ी की 44 बोगियां शाम को वैदपुरा थाना क्षेत्र के महोला गांव के निकट पटरी से उतर गईं। रेल लाइन के किनारे जानवर चरा रहे 13 वर्षीय सचिन की एक बोगी के नीचे दब जाने से मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। -
नयी दिल्ली। गुजरात, केरल और तमिलनाडु 2020-21 में खाद्य सुरक्षा मानकों के मामले में शीर्ष पर रहे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया द्वारा सोमवार को जारी भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। इसमें राज्यों को पांच मानदंडों ....खाद्य सुरक्षा, मानव संसाधन और संस्थागत आंकड़ों, अनुपालन, खाद्य परीक्षण सुविधा, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के अलावा उपभोक्ता सशक्तीकरण के आधार पर रैंकिंग दी जाती है। इस रैंकिंग में बड़े राज्यों में गुजरात, केरल और तमिलनाडु शीर्ष पर रहे हैं। वहीं छोटे राज्यों की बात की जाए, तो गोवा पहले स्थान पर रहा है। उसके बाद मेघालय और मणिपुर का स्थान रहा है। संघ शासित प्रदेशों में जम्मू-कश्मीर, अंडमान एवं निकोबार द्वीप तथा दिल्ली शीर्ष तीन स्थानों पर रहे हैं। एफएसएसएआई द्वारा जारी किया गया यह तीसरा सूचकांक है। केंद्रीय मंत्री ने नियामकीय निकाय के गठन के 15 साल पूरे होने के मौके पर इसे जारी किया। मंडाविया ने एफएसएसएआई द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हमें अपने नागरिकों को उनके स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने वाला खाद्य उपलब्ध नहीं कराने चाहिए। हम खराब गुणवत्ता की खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर सकते हैं, लेकिन यह पूर्ण समाधान नहीं है। इस दिशा में काफी कुछ करने की जरूरत है। कई और कदम उठाने की जरूरत है। आगामी दिनों में हमें अपने नागरिकों को स्वस्थ बनाने के लिए काम करना है।'' खाद्य सुरक्षा सूचकांक 2020-21 के अनुसार, बड़े राज्यों में ओडिशा और हिमाचल प्रदेश की रैंकिंग में सतत सुधार हुआ है। ओडिशा की रैंकिंग सुधरकर चार हो गई है, जो 2018-19 में 13 थी। इसी तरह हिमाचल प्रदेश की रैंकिंग 10 से सुधरकर छह पर आ गई है। छोटे राज्यों में सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश की रैंकिंग में सतत सुधार हुआ है।
एफएसएसएआई के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरुण सिंघल ने इस अवसर पर कहा कि प्राधिकरण खाद्य वस्तुओं में औद्योगिक ट्रांस फैट (वसा) को समाप्त करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम कर रहा है। सिंघल ने कहा कि पिछले दस साल से एफएसएसएआई इस पर काम कर रहा है। उस समय ट्रांसफैट की सीमा 10 प्रतिशत तय की गई थी। उद्योग ने स्वैच्छिक आधार पर इसे घटाने की प्रतिबद्धता जताई थी। बाद में ट्रांसफैट की सीमा को घटाकर पांच प्रतिशत और फिर तीन प्रतिशत किया गया। जनवरी, 2022 से यह सीमा दो प्रतिशत की होगी। कुपोषण पर उन्होंने कहा कि नियामक शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा खाद्य मंत्रालय के साथ ‘फोर्टिफाइड फूड' के क्षेत्र में काम कर रहा है। - बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक विवाहित महिला की हत्या के मामले में उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने महिला की पहचान छिपाने और हत्या को हादसे का रूप देने के लिए शव को ट्रक से कुचल दिया था। पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने सोमवार को जानकारी दी कि 18 सितंबर को एनएच 74 पर थाना अफजलगढ़ के ग्राम जिक्रीवाला में सड़क पर अज्ञात महिला का शव मिला था। शव के ऊपर और आस पास टायरों के रगड़ तथा घसीट के निशान थे जिससे मामला संदिग्ध लग रहा था। महिला की पहचान 32 वर्षीय मनप्रीत कौर पत्नी सुखबीर सिंह के रूप में हुई जो ग्राम भिकमपुरी, जिला ऊधमसिंह नगर की रहने वाली थी। सुखबीर ने महिला के कथित प्रेमी आरोपी नफीस पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाना अफजलगढ़ में रिपोर्ट दर्ज करायी थी। सिंह ने बताया कि पुलिस ने 19 सितंबर को आरोपी नफीस को अफजलगढ़ की शुगर मिल के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नफीस ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार करते हुए पुलिस को बताया कि मनप्रीत और उसके बीच कुछ सालों से प्रेम संबंध थे तथा बीते दो-तीन वर्ष से मनप्रीत उसी के साथ रहती थी। वह उससे पत्नी को तलाक देने की जिद कर रही थी और बात नहीं मानने पर मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही थी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि इससे परेशान होकर 16-17 सितंबर की रात वह मनप्रीत को ट्रक में बैठाकर लाया और लोहे की रॉड से उसकी हत्या कर दी। फिर सड़क पर शव डालकर पहचान छिपाने और दुर्घटना का मामला बनाने के लिए ट्रक के पहिए शव के ऊपर और आस पास घसीट दिए। पुलिस ने आरोपी नफीस के पास से मृतका का मोबाइल, आधार कार्ड, हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड और ट्रक जब्त कर लिया है।-
- लखनऊ। आम आदमी पार्टी (आप) ने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरि की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मामले की केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की है। आप के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने सोमवार को एक बयान में कहा कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरि की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु मामले की सीबीआई से जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि महंत नरेंद्र गिरि की मृत्यु की खबर अत्यंत दुखद है। गौरतलब है कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और निरंजनी अखाड़ा के सचिव महंत नरेंद्र गिरि सोमवार शाम अपने मठ बाघंबरी गद्दी में फंदे से लटके पाए गए। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि महंत नरेंद्र गिरि को उनके अनुयायिओं ने दरवाजा तोड़ कर फंदे से उतारा।
- नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के चलते जनपद गौतम बुद्ध नगर में 21 सितंबर से 22 सितंबर की शाम छह बजे तक ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। अपर पुलिस उपायुक्त (कानून एवं व्यवस्था) श्रद्धा पांडेय ने सोमवार शाम इसके आदेश जारी किए। पांडेय ने बताया कि 22 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनपद का दौरा प्रस्तावित है और ऐसे में उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किसी भी व्यक्ति अथवा निजी संस्था द्वारा 21 सितंबर से 22 सितंबर की शाम छह बजे तक ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। मुख्यमंत्री गौतम बुद्ध नगर के दौरे के दौरान मुख्य रूप से दादरी में सम्राट मिहिर भोज की मूर्ति का अनावरण करेंगे और कई अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। इस दौरान वह कुछ योजनाओं का शुभांरभ भी करेंगे। योगी 21 सिंतबर को ग़ाज़ियाबाद में रात्रि प्रवास करने के बाद 22 सितंबर को सुबह हेलीकॉप्टर से ग्रेटर नोएडा पहुचेंगे।
- नागपुर। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के कोठी जंगल इलाके में नक्सल बैनर लगाने के दौरान सोमवार को ‘जन मिलिशिया' के एक सदस्य को गिरफ्तार कर लिया गया । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । गढ़चिरौली पुलिस ने बयान जारी कर बताया कि यह बैनर उग्रवादी संगठन के कथित विजय दिवस की पूर्व संध्या पर लगाया जा रहा था । उन्होने बताया कि इस दिन नक्सली विभिन्न स्थानों पर हिंसक वारदात को अंजाम देते हैं । बयान में कहा गया है कि ‘जन मिलिशिया' सदस्य के पास से पुलिस ने बैनर एवं अन्य सामान बरामद किए हैं।
- ऋषिकेश (उत्तराखंड)। चारधाम यात्रा से जुड़े लोगों ने सोमवार को तीर्थ यात्रा से जुड़े निर्देशों को सरल बनाने की मांग करते हुए इसके कारण होने वाली विभिन्न समस्याएं गिनायीं। हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के उपाध्यक्ष नरिन्दरजीत सिंह बिंद्रा और चारधाम यात्रा संयुक्त ‘रोटेशन' समिति के प्रमुख सुधीर रॉय ने कहा कि हाल ही में जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की कुछ जटिलताओं को सरल करने कर जरुरत है ताकि श्रद्धालुओं को आसानी हो सके। बिंद्रा ने कहा, ‘‘एसओपी में श्रद्धालुओं से कहा गया है कि वे यात्रा से संबंधित सभी औपचारिकताएं समय से पूरी कर लें लेकिन साथ ही उनसे यह भी कहा गया है कि वे तीर्थस्थल पहुंचने पर 72 घंटे के भीतर का आरटी-पीसीआर नेगेटिव जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करें। एक तीर्थयात्री जो यात्रा के लिए दो सप्ताह पहले पंजीकरण करा रहा है वह 72 घंटे से भी कम पुराना नेगेटिव रिपोर्ट कैसे प्रस्तुत करेगा।'' उन्होंने कहा कि ये व्यावहारिक समस्याएं हैं जिनका श्रद्धालुओं के हित में समाधान किया जाना आवश्यक है। गौरतलब है कि चारधाम यात्रा के साथ-साथ हेमकुंड साहिब के लिए भी 18 सितंबर से यात्रा प्रारंभ हो गयी है।
- कोच्चि। कोच्चि से 50 किलोमीटर दूर मध्य केरल के मलयाटोर के अंतर्गत थुंडम रेंज में एक जंगली इलाके में रविवार को किंग कोबरा और मॉनिटर छिपकली के बीच एक दुर्लभ लड़ाई देखी गई। इस दौरान वहां गश्त कर रहे वन अधिकारियों ने इस लड़ाई को कैमरे में कैद कर लिया। जंगल से गुजरने वाली एक सड़क पर सरीसृपों के बीच यह लड़ाई हुई।थुंडम के वन रेंजर मोहम्मद रफी ने कहा, ''यह बेहद दुर्लभ दृश्य था।''उन्होंने कहा कि उनके सहयोगियों ने इलाके में गश्त के दौरान लड़ाई देखी। रफी ने बताया, ''वे लड़ाई के बीच में ही मौके पर पहुंच गए। जब सांप जंगल की ओर गया, तो मॉनिटर छिपकली विपरीत दिशा में चली गई जहां एक नहर थी।'' रेंजर ने कहा, ''मेरे सहयोगियों ने उनकी लड़ाई खत्म होने के बाद दोनों सरीसृपों की गतिविधियों पर नजर रखी। किंग कोबरा ने मॉनिटर छिपकली को कई बार डंसा, लेकिन उसके शरीर पर जहर का कोई लक्षण नहीं दिखा।'' उन्होंने कहा कि सांप भी बच गया। हालांकि मॉनिटर छिपकली ने उस पर अपने मजबूत पंजों, दांतों, पूंछ से हमला किया। उन्होंने कहा कि यह ज्ञात नहीं है कि किस सरीसृप ने पहले हमला किया। इस लड़ाई का वीडियो वायरल हो गया है। अधिकारियों के अनुसार, थुंडम वन रेंज में मॉनिटर छिपकली और किंग कोबरा दोनों ही अच्छी संख्या में मौजूद हैं।
- फतेहपुर (उप्र)। जिले के थरियांव थाना क्षेत्र में सोमवार को सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई और उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। थरियांव थाना प्रभारी नंदलाल सिंह ने बताया कि सोमवार को खखरेरू क्षेत्र के चिरई गांव निवासी बाबूलाल लोधी (45) अपनी पत्नी सुमित्रा देवी (40) के साथ मोटरसाइकिल से फतेहपुर शहर जा रहे थे कि तभी थरियांव के पास कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनके दोपहिया को एक कंटेनर ने पीछे से टक्कर मार दी जिससे वे सड़क के बीच में जा गिरे। उन्होंने बताया कि इस दौरान वहां से गुजरे तेज रफ्तार ट्रक ने सुमित्रा देवी को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी तथा बाबूलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि सुमित्रा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और बाबूलाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिंह ने कहा कि दोनों वाहनों-कंटेनर और ट्रक की तलाश की जा रही है जिनकी वजह से हादसा हुआ।
- बांदा (उप्र)। बांदा जिले के बबेरू कोतवाली क्षेत्र में सिमौनी गांव के नजदीक एक व्यक्ति ने अपनी 22 वर्षीय बेटी की कथित रूप से डंडे से पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।बबेरू क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) सियाराम ने बताया कि रविवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे सिमौनी गांव के गडरा नाला के नजदीक तिंदवारी थाना क्षेत्र के जमुवां गांव के रहने वाले आरोपी महमूद खां (49) ने अपनी बेटी हसीना उर्फ हुस्ना बानो (22) को डंडे से पीटकर बुरी तरह से घायल कर दिया और घटना को अंजाम देकर भाग गया। उन्होंने बताया कि खेतों में काम कर रहे किसानों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ ने कहा, "प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी महमूद अपनी बेटी की शादी कराना चाह रहा था, लेकिन उसकी बेटी इसके लिए तैयार नहीं थी।" पुलिस ने बताया कि बानो चार साल पहले कहीं चली गयी थी और तिंदवारी थाने में गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने उसे बरामद कर पिता के सुपुर्द कर दिया था। वहीं, बबेरू कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) एन.के. नागर ने बताया कि हत्यारोपी पिता को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया और उससे पूछताछ की जा रही है। नागर ने कहा, "अब तक की जांच में झूठी शान के लिए हत्या किया जाना सामने आया है। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी गयी है।
- मुंबई। महाराष्ट्र में पालघर जिले के वसई रेलवे स्टेशन में चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में गिरी 71 वर्षीय एक महिला को यात्रियों ने बचा लिया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तेलंगाना के हैदराबाद की रहने वाली महिला शनिवार शाम करीब पांच बजे भावनगर-काकीनाडा स्पेशल ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रही थी, तभी उसका पैर फिसल गया और वह प्लेटफॉर्म गैप में फंस गई। घटना के सीसीटीवी फुटेज में दो यात्रियों को महिला की ओर दौड़ते हुए और उसे तेजी से खींचते हुए देखा जा सकता है, जिसके बाद कुछ पुलिसकर्मी भी उसकी मदद के लिए आगे आते हैं। पश्चिम रेलवे के एक अधिकारी ने कहा कि महिला की पीठ और पैर में चोटें आईं और उसे पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे रविवार को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
- नयी दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा सोमवार से 114 शहरों में शुरू हो गई। विश्वविद्यालय के वीसी एम जगदीश कुमार ने यह जानकारी दी। प्रवेश परीक्षाएं 23 सितंबर तक चलेंगी। कुमार ने एक ट्वीट में कहा, "राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित जेएनयू प्रवेश परीक्षा (जेएनयूईई) आज देश भर के 114 शहरों और 248 केंद्रों में शुरू हो गई है। जेएनयूईई 2021 में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को शुभकामनाएं।" वाइवा की आवश्यकता वाले कार्यक्रमों के लिए प्रक्रिया ऑनलाइन आयोजित की जाएगी।
- नोएडा। नोएडा में थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सेक्टर 37 के दादरी रोड स्थित फ्लाईओवर के नीचे रविवार देर रात ऑटो रिक्शा का इंतजार कर रहे एक परिवार के तीन लोगों को एक वाहन ने टक्कर मार दी। इस घटना में मां-बेटी की मौत हो गई है। यह परिवार मथुरा से गोवर्धन परिक्रमा करके नोएडा स्थित घर पर लौट रहा था। अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) रणविजय सिंह ने बताया कि मूल रूप से आगरा के रहने वाले रामकरण शर्मा (46 वर्ष) नोएडा के सलारपुर की एक सोसाइटी में परिवार के साथ रहते हैं। रविवार देर रात मथुरा के गोवर्धन से परिक्रमा कर वह घर लौटे रहे थे और देर रात करीब दो बजे सलारपुर स्थित घर जाने के लिए सेक्टर 37 फ्लाईओवर के नीचे खड़े होकर ऑटो रिक्शा का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार से आ रही स्कोर्पियो कार के चालक ने सड़क किनारे खड़े रामकरण शर्मा, उनकी पत्नी नीरज शर्मा और बेटी अंजली शर्मा को कुचल दिया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को नोएडा के सेक्टर-27 स्थित कैलाश अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने नीरज शर्मा (40 वर्ष) और उनकी बेटी अंजली शर्मा (19 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया जबकि रामकरण शर्मा के हाथ में गंभीर चोट आई है। उन्होंने बताया कि स्कॉर्पियो कार का नंबर मौके पर मौजूद लोगों ने नोट कर लिया है, जिसके आधार पर कार चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शवों का पंचायतनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
- नयी दिल्ली। दिल्ली का पहला जंगली पशु बचाव केंद्र अगले महीने वन्यजीव सप्ताह के दौरान रजोकरी में शुरू किया जाएगा। वन एवं वन्यजीव विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया, “यह केंद्र नई दिल्ली जिले के रजोकरी में 1.24 एकड़ के भूखंड पर बनाया गया है, जहां बंदर बचाव केंद्र खाली पड़ा था। हमने इसे जंगली पशु बचाव केंद्र में अपग्रेड कर दिया है। इसे वन्यजीव सप्ताह के दौरान शुरू किया जाएगा।” राष्ट्रीय राजधानी में ऐसा कोई निजी या सरकारी केंद्र नहीं था। अब तक, वन विभाग, वन्यजीव गैर सरकारी संगठनों के साथ मिलकर आवारा या घायल जानवरों को बचाता था और उन्हें दक्षिण दिल्ली में असोला भट्ट वन्यजीव अभयारण्य में ले जाता था। अधिकारी ने बताया, “जानवरों को बचाने के लिए एनजीओ के साथ भागीदारी जारी रहेगी। उनके इलाज के लिए दक्षिण दिल्ली के वन प्रभाग के एक पशु चिकित्सक को केंद्र में तैनात किया जाएगा।” यह पशु बचाव केंद्र पक्षियों के लिए प्रस्तावित केंद्र के स्थान पर बनेगा। अधिकारियों के मुताबिक, प्राधिकारी चील और कबूतर जैसे पक्षियों के लिए सरकारी संसाधन आवंटित करने को राजी नहीं हुए, क्योंकि उनके संरक्षण की अधिक अहमियत नहीं है। अधिकारी ने बताया कि अब घायल जंगली जानवरों जैसे नीलगाय, नेवला, बंदर और सियार व सरीसृप का यहां इलाज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस केंद्र में परिंदों का भी उपचार किया जाएगा। इस साल के शुरू में रिज प्रबंधन बोर्ड ने रजकोरी में जंगली पशुओं के लिए केंद्र बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी।
- जयपुर। राजस्थान में लगभग 31,000 शिक्षकों की भर्ती लिए राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (रीट) आगामी 26 सितंबर को होगी। इस परीक्षा में लाखों परीक्षार्थी भाग लेंगे जिसे देखते हुए राज्य सरकार ने राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर के समस्त कार्यालयों तथा रीट से संबंधित सभी सेवाओं को अत्यावश्यक सेवा (रेस्मा) घोषित किया है। सरकारी बयान के अनुसार राज्य सरकार ने रीट-2021 के सफल आयोजन के लिए संबंधित कार्यालयों और सेवाओं को 20 से 30 सितंबर तक अत्यावश्यक सेवा (रेस्मा) घोषित कर दिया है। गृह विभाग ने स्कूल शिक्षा विभाग तथा रीट-2021 के समन्वयक व सचिव के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मंजूरी के बाद इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। उल्लेखनीय है कि रीट के सफल आयोजन के लिए पहले भी वर्ष 2016 और वर्ष 2018 में अत्यावश्यक सेवाएं घोषित किए जाने के संबंध में अधिसूचनाएं जारी की गई थीं। राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा लगभग तीन साल बाद हो रही है। इससे पहले अंतिम बार यह परीक्षा 2018 में हुई थी। इस बार परीक्षा 26 सितंबर को दो पारियों में होगी। इसके लिए राज्य में 200 स्थानों पर 4,153 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। जयपुर जिले में 592 परीक्षा केंद्रों पर करीब पौने दो लाख से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। उल्लेखनीय है कि पिछले साल अक्टूबर में मुख्यमंत्री ने 31 हजार तृतीय श्रेणी शिक्षकों की भर्ती रीट के माध्यम से करने की मंजूरी दी थी। स्वीकृत प्रस्ताव के अनुसार इन पदों पर भर्ती से राज्य सरकार पर दो साल तक परिवीक्षा काल में 881.61 करोड़ रुपये और इसके बाद 1717.40 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष वित्तीय भार आएगा। इस बीच, विभिन्न विभागों ने इस परीक्षा के मद्देनजर तैयारियां शुरू कर दी हैं। शिक्षा राज्यमंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा की अध्यक्षता में पिछले दिनों एक उच्चस्तरीय बैठक हुई जिसमें परीक्षा के आयोजन के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। बैठक के बाद जारी बयान के अनुसार डोटासरा ने कहा कि लगभग 26 लाख अभ्यर्थी 4,153 केंद्रों पर दो पारियों में परीक्षा देंगे। प्रत्येक जिले में परीक्षा आयोजन की व्यवस्था आठ सदस्यीय समिति करेगी जिसका नेतृत्व जिलाधिकारी करेंगे। मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने भी 15 सितंबर को समीक्षा बैठक ली थी और प्रशासन व कानून व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों से रीट के सफल आयोजन को उच्च प्राथमिकता देने को कहा था।
- नोएडा। प्रादेशिक आर्म्ड कांस्टेबलरी (पीएसी) से सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबल के खाते से साइबर ठगों द्वारा दो लाख रुपए निकाल लेने की शिकायत थाना जेवर में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी। थाना जेवर के प्रभारी निरीक्षक उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि पीएसी से हेड कांस्टेबल के पद से सेवानिवृत्त गोपालगढ़ गांव के रहने वाले बनवारी लाल ने बताया कि अगस्त माह में उनके मोबाइल फोन पर अज्ञात साइबर ठग ने फोन किया तथा स्वयं को पेंशन विभाग का अधिकारी बताकर उनसे कुछ जानकारी हासिल कर ली। शिकायत में कहा गया कि फोन करने वाले व्यक्ति ने उनसे कहा कि अगर वह जानकारी नहीं देंगे तो उनकी पेंशन बंद हो जाएगी। थाना प्रभारी ने बताया कि बनवारी लाल ने साइबर ठग को अपने बारे में जानकारी दे दी जिसके बाद साइबर ठग ने उनके खाते से दो लाख रुपए निकाल लिए। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- जयपुर। राजस्थान में कक्षा छह से कक्षा आठ तक के स्कूल सोमवार से फिर खुल गए जो कोविड-19 की वजह से महीनों से बंद थे। राज्य सरकार की ओर से शुक्रवार को जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार सरकारी और निजी विद्यालयों में 50 प्रतिशत क्षमता के आधार पर छात्रों को कक्षाओं में प्रवेश की अनुमति दी गई। जयपुर स्थित एक निजी विद्यालय के एक अध्यापक ने बताया कि छात्रों की उपस्थिति अनिवार्य नहीं है और ऑनलाइन कक्षाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। उन्होंने कहा कि कक्षाओं में बच्चों की उपस्थिति आज औसत रही। राज्य में कक्षा एक से पांचवीं तक की स्कूल गतिविधियां 27 सितंबर से शुरू होंगी। प्रदेश सरकार ने राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के कम होते ही सरकारी और निजी विद्यालयों में नौवीं से 12वीं तक की नियमित कक्षाएं एक सितंबर से शुरू कर दी थीं।
- नयी दिल्ली। ''लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स'' (एलबीआर) के एक विशेष संस्करण में अपने निस्वार्थ कृत्यों से देश की मदद करने वाले अग्रिम पंक्ति के कोविड-19 कर्मियों और नए अविष्कारकों का सम्मान किया गया। सोमवार को जारी पुस्तक में 'मानव प्रयास, संरचना, शिक्षा, रक्षा, सरकार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, साहसिक, व्यापार, सिनेमा, प्राकृतिक दुनिया, साहित्य और कला क्षेत्र की उपलब्धियों को रेखांकित किया गया। इस पुस्तक के प्रकाशन को 2021 में 30 साल पूरे हो चुके हैं। इस बार इसमें कोविड-19 के दौरान भारतीय नागरिकों की वतन वापसी के लिये चलाए गए दुनिया के सबसे बड़े अभियान वंदे भारत, निखिल कुरेले और हर्षित राठौर द्वारा कम लागत में विकसित किये गए पोर्टेबल वेंटिलेटर नोकार्क रोबोटिक्स, इंडियन काउंसिल फॉर मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) के सहयोग से भारत बायोटेक द्वारा विकसित कोवैक्सीन टीके, सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के कोविशील्ड टीके पर प्रकाश डाला गया है।




























