- Home
- देश
-
अमेठी । अमेठी जिले के कोतवाली मोहनगंज क्षेत्र में सोमवार शाम को एक घर की कच्ची दीवार ढह गई, जिससे बाहर खेल रहे बच्चे इसके मलबे में दब गए। हादसे में तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल रायबरेली भेजा गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अमेठी के जिलाधिकारी अरुण कुमार और पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह ने तिलोई अस्पताल पहुंचकर घायलों के बारे में जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। एक अधिकारी ने बताया कि मोहनगंज कोतवाली अंतर्गत टोडरपुर मजरे जमुरवां गांव निवासी रामकुमार के घर के बाहर बच्चे खेल रहे थे जिनके घर की कच्ची दीवार गिर जाने से वंश (5), सत्यम(10) और दिव्यांशी (7) की मौके पर मौत हो गई जबकि आशीष (9) व शिवा (7) घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल तिलोई पहुंचाया, जहां से बाद में उन्हें जिला अस्पताल रायबरेली भेजा गया है। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी तिलोई योगेंद्र सिंह ने बताया कि घटना में तीन बच्चों की मौत हो गयी तथा दो घायल हैं, जिनके समुचित इलाज की व्यवस्था की गयी है। -
इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले इंदौर में महिला चालकों वाली दो शहरी परिवहन बसें सोमवार को अपने पहले सफर पर रवाना हुईं। अधिकारियों ने बताया कि ये "पिंक बसें" शहर की महिला यात्रियों की सुविधा के लिए खासतौर पर चलाई जा रही हैं और खास बात यह है कि बस के कर्मचारी दल में केवल महिलाओं को शामिल किया गया है। राज्य की पर्यटन और संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर इन बसों को पहले सफर पर रवाना किया। उन्होंने इस मौके पर कहा, "हमारे लिए बेहद आनंद का क्षण है कि राज्य में पहली बार महिला चालकों ने शहरी परिवहन बसों की कमान संभाल ली है।" अधिकारियों ने बताया कि इंदौर के पूर्व होलकर राजवंश की शासक अहिल्याबाई होलकर की 226वीं पुण्यतिथि पर शुरू की गईं "पिंक बसों" को चलाने के लिए दो महिला चालकों रितु नरवाले (35) और अर्चना कटारे (30) को एक माह का खास प्रशिक्षण दिया गया है। आत्मविश्वास से लबरेज नरवाले ने बताया, "मैं पहली बार बस चला रही हूं और इस काम को लेकर उत्साहित हूं। इससे पहले, मैं टैक्सी के रूप में कार चला चुकी हूं।" अन्य महिला चालक कटारे ने कहा, "मैं स्थानीय होटलों की कार चलाने का काम कर चुकी हूं। मैं कुछ अलग करना चाहती थी। इसलिए मैंने बस चलाने का निर्णय किया।" अधिकारियों के मुताबिक, सरकारी क्षेत्र की यातायात कंपनी अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (एआईसीटीएसएल) की दोनों "पिंक बसें" शहर के 11.5 किलोमीटर लम्बे बीआरटीएस गलियारे में दौड़ेंगी और इनमें हर रोज लगभग 2,000 महिलाओं के सफर करने का अनुमान है। अधिकारियों के मुताबिक दोनों बसों में परिचालक का दायित्व भी महिलाएं ही संभाल रही हैं। -
नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को जी20 स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक के दूसरे दिन विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक डॉ टेड्रोस अदानोम ग्रेब्रेयसस और आर्थिक सहयोग एवं विकास संगठन (ओईसीडी) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अनौपचारिक बैठक की और स्वास्थ्य के वैश्विक महत्व वाले मुद्दों पर चर्चा की। मांडविया ने ट्वीट किया, '' जी20 स्वास्थ्य मंत्रियों के बैठक के दूसरे दिन डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक डॉ टेड्रोस अदानोम ग्रेब्रेयसस, ओईसीडी के वैश्विक स्वास्थ्य सलाहकार निक टॉमलिंसन और ओईसीडी के रोजगार, श्रम और सामाजिक मामलों के निदेशक स्टेफानो स्कारपेटा के साथ एक अनौपचारिक बैठक की।'' मांडविया ने रविवार को ब्रिटेन, ब्राजील और इटली के अपने समकक्षों से मुलाकात की थी। वह जी20 स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक के लिए सात सितंबर तक इटली के चार दिवसीय दौरे पर हैं। -
नयी दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को कहा कि 313 किलोमीटर लंबे अंबाला - कोटपुतली राजमार्ग के मार्च 2022 तक जनता के लिए चालू हो जाने की संभावना है और इसका 80 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। गडकरी ने मंत्रालय, एनएचएआई, एनएचआईडीसीएल और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ एक बैठक में कहा कि देश में विश्व स्तर की सड़क अवसंरचना मुहैया कराना उनका सामूहिक मिशन है। उन्होंने कहा कि 11,000 करोड़ रुपये के निवेश से 313 किलोमीटर लंबा अंबाला - कोटपुतली राजमार्ग पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के सड़क ढांचे को बदल देगा। उन्होंने कहा कि इस कॉरिडोर का 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और मार्च 2022 तक इसे जनता के लिए खोल दिया जाएगा। सड़क परिवहन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सड़क अवसंरचना को पहले से कहीं ज्यादा तेज, सुरक्षित और टिकाऊ तरीके से विकसित किया जा रहा है।
-
नयी दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में 15 सितंबर से स्नातक पूर्व और परास्नातक कार्यक्रमों के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के प्रेक्टिकल लेब सत्र कॉलेज या विभाग में हो सकेंगे। विश्वविद्यालय ने इस बाबत सोमवार को जारी आदेश में कहा कि विद्यार्थियों का विश्वविद्यालय या कॉलेज आना वैकल्पिक है और यह उन्हें तय करना है कि वे कॉलेज आना चाहते हैं या नहीं। आदेश में यह भी कहा गया है कि कॉलेजों/विभागों/केंद्रों के शिक्षण और गैर शिक्षण कर्मचारी जल्द से जल्द कोविड रोधी टीकों की दोनों खुराकें लगवाएं। आदेश के मुताबिक, कॉलेज या विभाग आने वाले सभी विद्यार्थी टीके की कम से कम एक खुराक जरूर लगवाएं। उसमें कहा गया है कि छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए कोविड टीके की दोनों खुराकें लगवाना जरूरी हैं और सुनिश्चित किया जाए कि विद्यार्थी को कम से कम टीके की पहली खुराक लग गई हो। आदेश के अनुसार, स्नातक पूर्व और परास्नातक के सभी कार्यक्रमों की थ्योरी की कक्षाएं अगले नोटिस तक ऑनलाइन आयोजित की जाएंगी। आदेश कहता है कि पुस्तकालय में बैठने की व्यवस्था कोविड प्रोटोकॉल के मुताबिक नहीं है तो विद्यार्थियों को नियमित आधार किताबें जारी की जा सकती हैं। उसमें कहा गया है कि कॉलेज/विभाग/केंद्र, विद्यार्थी को पुस्तकालय आने के लिए पहले से तारीख व समय बताने पर भी विचार कर सकते हैं। आदेश कहता है कि स्नातक पूर्व व परास्नातक के अंतिम वर्षों के विद्यार्थियों के लिए प्रैक्टिकल कक्षाओं और इस तरह की गतिविधियों को 15 सितंबर से ऑफलाइन यानी कॉलेज, विभाग या केंद्र में आयोजित करने की इजाजत दी जा सकती है, लेकिन कमरे, प्रयोगशाला या हॉल की क्षमता के 50 फीसदी ही विद्यार्थियों को प्रवेश की अनुमति होगी। उसमें कहा गया है कि समेस्टर के लिए जरूरी चुनिंदा और समिति संख्या में ही प्रैक्टिकल व प्रायोगिक कार्य की इजाजत है। उसमें कहा गया है कि विद्यार्थियों की हाजिरी अनिवार्य नहीं है। डीयू के कार्यवाहक कुलपति पीसी जोशी ने बुधवार को कहा था कि विश्वविद्यालय चरणबद्ध तरीके से खुलेगा, क्योंकि विद्यार्थियों की सुरक्षा प्राथमिक है। राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 की स्थिति में सुधार के बाद, दिल्ली सरकार ने एक सितंबर कक्षा नौवीं से 12वीं के लिए स्कूल, कॉलेज व कोचिंग स्थानों को खोलने की घोषणा की थी।
-
कुशीनगर। कुशीनगर के तुर्कपट्टी थाने के गांव भलुही में अवैध संबंध के शक में पत्नी और दो मासूम बेटों की युवक ने गला काटकर सोते समय हत्या कर दी। एसओ आनंद गुप्ता ने बताया कि सोमवार की रात घटना को अंजाम देने के बाद वह घर से पांच किमी पैदल चलकर थाने पहुंचा और जुर्म कुबूल किया। यह देखकर कुछ देर के लिए थाने में मौजूद पुलिस कर्मी भी असहज हो गए। आरोपी ने पुलिस को बताया कि पत्नी ने मुझे इंजेक्शन देकर नपुंसक बना दिया। छोटा बेटा मेरी संतान नहीं है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी है।
एसओ आनंद गुप्ता ने बताया कि 34 वर्षीय आरोपी राजेश गुप्ता सिलाई का कार्य करता है। उसकी शादी आठ वर्ष पूर्व 30 वर्षीय निक्की से हुई थी। उसके दो पुत्र सात वर्षीय शिवम व तीन वर्षीय आयुष थे। रात को घर पर चिकन ले गया और खुद बनाया। सभी खाकर सो गए तो रात लगभग 12 बजे घटना को अंजाम दिया। पुलिस घर में घुसी तो पत्नी कमरे में जमीन पर व बच्चे बिस्तर पर खून से लथपथ पड़े थे। तीनों का धारदार हथियार से गला काटकर हत्या की गई थी।
एसओ आनंद गुप्ता ने बताया कि आरोपी ने हत्या करने की बात स्वीकार की है। दूसरी ओर घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चा हो रही है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियारों को बरामद कर लिया है। -
फिरोजाबाद। देवर से प्रेम संबंध ने एक पत्नी को अपने ही पति की हत्यारन बना दिया। यह मामला किसी फिल्म का नहीं, बल्कि हकीकत है, जहां पत्नी ने अपने ही देवर के साथ चल रहे प्रेम प्रसंग के चलते अपने ही पति खुर्शेद की रस्सी से गला घोट कर हत्या कर दी। एसएसपी डॉ एस चनप्पा ने वारदात की पुष्टि की है।
एसएसपी डॉ एस चनप्पा ने बताया कि पूरा मामला जनपद सहारनपुर के थाना चिलकाना क्षेत्र के गांव फिरोजाबाद का है। यहां 4 सितंबर को खुर्शेद की हत्या कर दी गयी थी और गुपचुप तरीके से उसका अंतिम संस्कार किया जा रहा था, तो इसे देखकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी तो मौके पर पहुंची पुलिस ने इस मामले की जांच की। जांच में सामने आया कि मृतक खुर्शेद के गले मे निशान पाए गए हैं। एसएसपी डॉ एस चनप्पा ने बताया कि गले में निशान के शक को आधार मानकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसके बाद जब जांच की गई तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि गला घोट कर हत्या की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी, जब खुलासा हुआ तो मामला चौंकाने वाला था। एसएसपी डॉ एस चनप्पा ने बताया कि मृतक की हत्या की आरोपी कोई और नहीं उसकी अपनी पत्नी आसमा ही निकली, जिसने अपने आरोपी देवर के प्रेम और मात्र तीन बिस्सा जमीन की लालच में अपने आरोपी देवर खुर्शीद के साथ मिलकर अपने पति खुर्शेद की रस्सी से गाला घोंटकर हत्या कर दी थी।
एसएसपी डॉ एस चनप्पा ने बताया कि मृतक की आरोपी पत्नी अपने पति से परेशान चल रही थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी ने इस मामले का खुलासा करने वाली टीम को दस हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। -
कोलकाता। पति के अवैध संबंध से परेशान एक महिला की अस्वाभाविक परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना मोचीपाड़ा थानांतर्गत धीरेन धर सरणी इलाके की है। मृतका का नाम मौमिता (38) था। महिला को संदेह था कि उसके पति का किसी के साथ अवैध संबंध है। इसके कारण उन लोगों का रिश्ता दिन-प्रतिदिन खराब हो रहा था। इस बीच सोमवार की सुबह महिला का फ्लैट से शव बरामद किया गया। पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि ओढऩी के फंदे से लटककर महिला ने आत्महत्या की है। हालांकि घटनास्थल से किसी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस ने बताया कि सोमवार की सुबह मोचीपाड़ा के धीरेन धर सरणी स्थित गीतांजलि अपार्टमेंट से 100 डायल पर पुलिस के पास एक फोन आया। फोन पर पुलिस को बताया गया कि अपार्टमेंट के दूसरे तल्ले के फ्लैट से एक महिला का फंदे से लटकता हुआ शव मिला है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि महिला का शव फर्श पर पड़ा हुआ है।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक जांच में पुलिस को मौमिता की मौत के सिलसिले में कई तथ्य मिले हैं। 12 साल पहले मौमिता ने विश्वजीत से शादी की थी। उन दोनों की एक 10 साल की बेटी भी है। पुलिस ने बताया कि मृतिका मौमिता को संदेह था कि उसके पति का किसी और महिला के साथ संबंध है। इसको लेकर अकसर विवाद होता था। इसके बाद मृतिका का पति दूसरी जगह जाकर रहता था। सोमवार को मौमिता की बहन उसके फ्लैट पर गयी। दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने पर दरवाजा नहीं खोलने पर वह दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी तो बहन का शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। -
डबवाली। हरियाणा के सिरसा में अवैध संबंध की एक अजीब कहानी सामने आई है। पति ने एक युवक को आधी रात घर बुलवाया। पत्नी के सामने बिठाकर अवैध संबंध कुबूल करवाया और फिर हत्या कर दी।
पुलिस चौकी किलियांवाली (श्री मुक्तसर साहिब) के प्रभारी एसआई प्रीतपाल सिंह ने हत्याकांड का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि बाइक मैकेनिक मृतक सतपाल की हत्या के आरोपी पड़ोसी मोहन, उसकी पत्नी प्रवीण तथा फुफेरे भाई जसप्रीत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को तीनों को अदालत में पेश करके पुलिस ने रिमांड जारी करवाया है। आरोपियोंं ने पूछताछ में बताया कि मोहन तथा जसप्रीत गुरुवार देर रात को घर से मृतक सतपाल को बुला ले गए थे। अपने घर पर ले जाकर उसे महिला प्रवीण के सामने बैठा दिया। दोनों से स्वीकार करवाया कि उनमें अवैध संबंध है। बाद में मोहन को गुस्सा आ गया। उसने पीछे से सिर पकड़कर सतपाल को फर्श पर दे मारा। जिससे उसके चोट लगी और खून बहने लगा। आरोपियों ने उसका गला दबाए रखा। अधिक खून बहने और गला दबने से उसकी मौत हो गई। मरने की पुष्टि होने के बाद उपरोक्त दोनों आरोपियों ने उसे घर के पीछे स्थित बादल कालोनी के समीप झाडिय़ों में फेंक आए।
पुलिस चौकी किलियांवाली (श्री मुक्तसर साहिब) के प्रभारी एसआई प्रीतपाल सिंह ने बताया कि सब कुछ आरोपी महिला प्रवीण की आंखों के सामने हुआ। वह चाहती तो सतपाल की जान बचा सकती थी। बल्कि खून से सने फर्श को साफ कर कपड़ा छुपा दिया। मृतक सतपाल पिछले चार साल से डबवाली के चौटाला रोड पर गुरु गोबिंद सिंह आटो सर्विस के नाम से बाइक की वर्कशाप चलाता था। गुरुवार देर रात को वह घर से गायब हो गया था। शुक्रवार शाम को उसका शव बादल कालोनी के समीप झाडिय़ों में बरामद हुआ था। उसका रिश्ता 25 जुलाई को कालझराणी (बठिंडा) में तय हो गया था। स्वजन अगले माह शादी करने की तैयारियों में जुटे थे। - बेंगलुरू। भारत के चंद्रयान-2 अंतरिक्ष यान ने चंद्रमा की कक्षा में 9000 से अधिक परिक्रमा पूरी की है और यान की तरफ से ली गई तस्वीरें एवं वैज्ञानिक उपकरण शानदार आंकड़े मुहैया करा रहे हैं। यह जानकारी सोमवार को अधिकारियों ने दी। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष के. सिवन ने चंद्रमा की कक्षा में चंद्रयान-2 के दो वर्ष पूरा करने के उपलक्ष्य में सोमवार को चंद्र विज्ञान कार्यशाला 2021 का उद्घाटन किया। इसरो अध्यक्ष ने उद्घाटन भाषण में कहा कि चंद्रयान-2 के आठ पेलोड चंद्रमा पर सुदूर संवेदी और अवस्थिति प्रौद्योगिकी के माध्यम से वैज्ञानिक प्रयोग कर रहे हैं। सिवन ने कहा, ‘‘अभी तक चंद्रयान-2 ने चंद्रमा की कक्षा में 9000 से अधिक परिक्रमा पूरी कर ली है।'' वह अंतरिक्ष विभाग में सचिव भी हैं। इसरो ने बयान जारी कर बताया कि सिवन ने चंद्रयान-2 आंकड़े एवं विज्ञान दस्तावेजों को जारी किया। इसरो ने कहा, ‘‘वैज्ञानिक आंकड़े शिक्षा जगत एवं संस्थानों के विश्लेषण के लिए उपलब्ध कराये जा रहे हैं ताकि चंद्रयान-2 मिशन में और अधिक वैज्ञानिक भागीदारी हो सके।'' सिवन ने कहा कि उन्होंने विज्ञान के परिणामों की समीक्षा की है और उन्हें ‘‘काफी उत्साहजनक पाया है।'' इसरो के एपेक्स साइंस बोर्ड के अध्यक्ष ए. एस. किरण कुमार ने कहा कि चंद्रयान-2 उपग्रह से ली गई तस्वीरों एवं वैज्ञानिक उपकरणों ने शानदार आंकड़े मुहैया कराए हैं। वह इसरो के पूर्व अध्यक्ष हैं। चंद्रयान-2 की परियोजना निदेशक वनिता एम. ने कहा कि यान की सभी प्रणालियां ठीक से काम कर रही हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि कई वर्षों तक हमें यान से अच्छे आंकड़े प्राप्त होंगे।'' इसरो द्वारा आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला का एजेंसी की वेबसाइट और फेसबुक पेज पर सीधा प्रसारण किया जा रहा है, ताकि छात्र, शिक्षा जगत और संस्थानों तक यह पहुंच सकें और चंद्रयान-2 के आंकड़े का वैज्ञानिक समुदाय विश्लेषण कर सके। इसके अलावा, कार्यशाला में चंद्रयान-2 मिशन, निगरानी, अभियान और आंकड़ा संग्रहण के पहलुओं पर भी व्याख्यान होंगे।
- नासिक । महाराष्ट्र के नासिक जिले के एक गांव में कुएं में गिरने के बाद एक तेंदुआ और एक बिल्ली आमने-सामने आ गए। हालांकि कुछ घंटों बाद वन विभाग के कर्मियों ने दोनों को सुरक्षित निकाल लिया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घटना सिन्नर तालुका के कांकोरी गांव में हुई। ऐसी आशंका है कि शनिवार देर रात बिल्ली का पीछा करते समय तेंदुआ भी कुएं में गिर गया। यह कुआं गांव के निवासी गणेश सांगले के खेत में स्थित है। सांगले व अन्य ग्रामीणों ने रविवार को सुबह कुएं से तेंदुए की आवाज सुनने के बाद वन विभाग को खबर दी। उन्होंने बताया कि वन विभाग ने रविवार देर शाम क्रेन की मदद से दोनों जानवरों को 25 से 30 फुट गहरे कुएं से सुरक्षित निकाल लिया।
- नयी दिल्ली। लेखिका नमिता गोखले को ‘यामीन हजारिका वुमन ऑफ सब्सटांस अवार्ड' से सम्मानित किया गया है। गोखले को हाल ही में एक ऑनलाइन कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। वर्ष 2015 से महिला पेशेवरों के एक समूह द्वारा आयोजित कराए जा रहे, इस वार्षिक ‘यामीन हजारिका वुमन ऑफ सब्सटांस अवार्ड' से सम्मानित की जाने वाली गोखले पूर्वोत्तर भारत की पहली महिला है। आयोजकों ने कहा कि गोखले एक समीक्षकों द्वारा प्रशंसित पुरस्कार विजेता लेखिका हैं। उन्होंने 20 पुस्तकें लिखी हैं, जिनमें 11 उपन्यास शामिल हैं। ‘जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल की सह-संस्थापक' एवं ‘सह-निदेशक' गोखले ‘हिमालयन इकोज' और ‘कुमाऊं फेस्टिवल ऑफ लिटरेचर एंड द आर्ट्स' की भी ‘मेंटोर' हैं। गोखले ने कहा, ‘‘दुनिया गुमनाम नायकों से भरी है जिनकी विरासत मानव प्रगति को गति प्रदान करती है। यामीन हजारिका वीरता से भरी हुई थीं और उनके निधन के दो दशक से अधिक समय बाद भी वह सभी को प्रेरित कर रही हैं।'' हजारिका का निधन 1999 में कैंसर से हुआ था।
- नोएडा। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में लूट, स्नैचिंग और वाहन चोरी की हो रही बेतहाशा घटनाओं को रोकने के लिए हुए नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली पुलिस ने रविवार को एक संयुक्त तलाश अभियान चलाया। पुलिस ने इस दौरान 22 संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि इस अभियान में पुलिस को एक कुख्यात लुटेरा हाथ लगा है, जिसके ऊपर दिल्ली और उत्तर प्रदेश में लूटपाट के 65 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं और इस बदमाश ने पुलिस को लूटपाट की कई अहम घटनाओं के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस को इससे दर्जनों ऐसे लूट करने वाले गिरोह का पता चला है, जो एनसीआर में लूट की वारदात को अंजाम देते हैं । अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) रणविजय सिंह ने बताया कि एनसीआर में हो रही अपराधिक वारदातों को रोकने के लिए नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली पुलिस ने एक संयुक्त अभियान के तहत रविवार की शाम को खोड़ा कॉलोनी में तलाश अभियान चलाया, जिसमें 120 पुलिसकर्मी शामिल थे । सिंह ने बताया कि दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा में अपराध करने वाले 22 संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है और इन सभी के नाम पहले से ही कई मुकदमों में दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और पूछताछ के बाद कार्यवाही की जाएगी।
- शिमला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य कर्मियों और कोविड टीकाकरण कार्यक्रम के लाभार्थियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संवाद किया। शिमला जिले के दोदरा क्वार सिविल अस्पताल में पदस्थ डॉ राहुल से प्रधानमंत्री मोदी ने संवाद के दौरान कहा कि अगर कोविड का टीका लगाते समय एक शीशी की सभी 11 खुराक का उपयोग किया जाए तो 10 फीसदी व्यय की बचत की जा सकती है। हिमाचल प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य है जिसने 18 साल से अधिक उम्र के सभी पात्र लोगों को कोविड टीके की पहली खुराक देने का लक्ष्य पूरा कर लिया है।
- पालघर । महाराष्ट्र के पालघर जिले में प्रेमिका की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने 28 वर्षीय प्रेमी को गिरफ्तार किया है, आरोपी को उसकी प्रेमिका का किसी और व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध होने का संदेह था। तुलिंज थाने के एक अधिकारी ने बताया कि घटना पालघर जिले के नालासोपारा इलाके में रविवार शाम हुई। आरोपी और उसकी प्रेमिका (23) एक सितंबर से नालासोपारा के ‘साडी कपाउंड' के एक फ्लैट में एकसाथ रह रहे थे। हालांकि, आरोपी को उसकी प्रेमिका के किसी और के साथ भी संबंध होने का संदेह था, और उसने रविवार की शाम कथित तौर पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने विभिन्न जानकारियों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहित की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
- मुजफ्फरनगर । जिले के बुढाना कस्बे में शादी के नौ साल बाद भी मां नहीं बन पा रही 30 वर्षीय महिला को उसके पति ने कथित तौर पर पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि खुशनुमा का निकाह नौ साल पहले आरोपी वसीम से हुआ था। खुशनुमा की मौत के मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार घटना रविवार को घटी। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
- ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में तीन अज्ञात लोगों ने एक निजी बैंक का एटीएम तोड़ कर उसमें से लगभग एक लाख रुपये की कथित रूप से चोरी कर ली । पुलिस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि चोरों में से दो ने पीपीई सूट पहना था और एक सुरक्षा गार्ड की वर्दी में था । उन्होंने बताया कि तीनों चोरों ने शनिवार रविवार की दरम्यानी रात जिले के कल्याण तालुका के महराल गांव में स्थित एटीएम केंद्र में प्रवेश किया और कटर की मदद से उसे तोड़ा। उन्होंने बताया कि चोरों ने एटीएम केंद्र पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कथित तौर पर आग लगा दी और मशीन में से करीब एक लाख रुपये लेकर फरार हो गये । उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पा कर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज का मामूली हिस्सा ही मिल पाया है।
- उमरिया। मध्यप्रदेश के उमरिया जिले स्थित मशहूर बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान में हाथियों के लिए एक सप्ताह का ‘रिजुविनेशन कैंप' लगाया गया है जिसमें इस उद्यान में बारहों महीने सेवा देने वाले 14 हाथियों को एक सप्ताह का आराम मिला है और उनकी खूब खातिरदारी जा रही है। बांधवगढ़ के उप वनमंडलाधिकारी श्रद्धा पन्द्रे ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि शनिवार से बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान के ताला इलाके में शुरू हुए इस कैंप को ‘हाथी महोत्सव' के नाम से जाना जाता है और इस दौरान सुबह से ही हाथियों को नहलाना, तेल से मालिश कर उन्हें चंदन का लेप लगाकर लाल सिन्दूर से सजाया भी जाता है, इसके बाद उन्हें कतार में खड़ा कर उनके मन पसंद फल, नारियल, गुड़, गन्ना, केला, सेब और शहद लगाकर रोटी खिलाई जाती है। उन्होंने कहा कि इन हाथियों से साल भर तो काम लिया जाता है, मगर हाथी महोत्सव के सात दिनों तक इनसे कोई काम नहीं लिया जाता है। पन्द्रे ने बताया कि यह कैंप 10 सितंबर तक चलेगा। उन्होंने कहा कि यह कैंप हर साल एक बार लगता है।उन्होंने कहा कि वर्तमान में इन हाथियों का प्रमुख उपयोग वन्यप्राणियों की सुरक्षा, गश्ती, बाघ उपचार आदि कार्य में किया जाता है। पन्द्रे ने बताया कि ऐसे कैंप के आयोजन से एक ओर जहां हाथियों में नई ऊर्जा का संचार होता है एवं उन्हें मानसिक आराम मिलता है, वहीं इन सामाजिक प्राणियों को एक साथ समय बिताने का अनोखा अवसर भी प्राप्त होता है।
- महोबा । उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र के बसौरा गांव में कथित रूप से जहरीली रोटी खिलाने से दो दिन के भीतर 20 कुत्तों की मौत हो गयी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। इस सिलसिले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। श्रीनगर के थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अनिल कुमार ने सोमवार को बताया कि बसौरा गांव में शुक्रवार की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने जहर मिलाकर रोटियां फेंक दी, जिनके खाने से दो दिन के भीतर (शनिवार, रविवार को) 20 कुत्तों की मौत हो गयी है, इनमें पालतू और आवारा दोनों शामिल हैं । उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधान की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एक मामला दर्जकर मृत कुत्तों को जमीन में दफना दिया गया है और घटना की जांच की जा रही है। बसौरा गांव के ग्राम प्रधान सुखनंदन प्रजापति ने बताया कि किसान जंगली जानवरों से फसल की रखवाली के लिए कई कुत्ते पाल रखे थे, जिन्हें शुक्रवार की रात जहर मिलाई रोटी खिला दी गयी, जिससे पालतू और आवारा 20 कुत्तों की मौत हुई है और अभी कुछ बीमार कुत्ते मर सकते हैं। महोबा के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) हरिचरण ने बताया कि बसौरा गांव में संदिग्ध परिस्थिति में कुत्तों की मौत के मामले की पशु चिकित्सा अधिकारी से जांच कराई जा रही है।
- सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में थाना सरसावा अन्तर्गत एक टैक्ट्रर ट्राली की चपेट में आने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर मौके से फरार हो गया। यह जानकारी पुलिस के एक अधिकारी ने दी। पुलिस फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश कर रही है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक (देहात) अतुल शर्मा ने बताया कि जिले के थाना नानौता अन्तर्गत ग्राम हुसेनपुर निवासी राजेन्द्र (40) और राहुल (32) बाइक पर सवार होकर सरसावा से सहारनपुर की ओर आ रहे थे तभी एक तेज गति टैक्ट्रर ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। शर्मा ने बताया कि एम्बुलेंस से दोनों को जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत धोषित कर दिया। पुलिस टैक्ट्रर चालक की तलाश कर रही है। पुलिस ने टैक्ट्रर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है।
- अहमदाबाद। ‘सुपर-30' के संस्थापक और गणितज्ञ आनंद कुमार को गणित सिखाना आसान बनाने एवं गरीब बच्चों को आईआईटी की प्रवेश परीक्षाओं में सफल बनाने के लिये उन्हें कोचिंग देने को लेकर राष्ट्रीय अध्यापक वैज्ञानिक परिषद (एनसीटीएस) ने ‘साराभाई अध्यापक वैज्ञानिक राष्ट्रीय मानद पुरस्कार 2021' प्रदान किया है। एनसीटीएस के अध्यक्ष चंद्रमौली जोशी ने यहां एक बयान में बताया कि रविवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर डिजिटल तरीके से हुए एक कार्यक्रम में बिहार के निवासी कुमार को इस संगठन की आजीवन सदस्यता भी प्रदान की गयी। जोशी के अनुसार कुमार करीब दो दशकों से कमजोर तबकों के बच्चों को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान में दाखिले से संबंधित प्रवेश परीक्षा ‘जेईई एंडवास्ड' के लिए कोचिंग दे रहे हैं। गुजरात के रमन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी फाउंडेशन ने अध्यापकों के बीच वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए एनसीटीएस की स्थापना की, जिसका मुख्यालय दिल्ली में है। कुमार ने पुरस्कार आयोजकों को धन्यवाद दिया एवं कहा कि समाज के कमजोर तबके पर सबसे बुरा असर डालने वाली कोविड-19 महामारी के आलोक में वह अब प्रौद्योगिकी के माध्यम से अधिकाधिक लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
- नई दिल्ली। घरेलू दवा कंपनी जायडस कैडिला ने सोमवार को कहा कि उसे मधुमेह की दवा सिटाग्लिप्टिन के विपणन के लिए अमेरिकी स्वास्थ्य नियामक से मंजूरी मिल गयी है।जायडस कैडिला ने कहा कि उसकी अनुषंगी को सिटाग्लिप्टिन के 25, 50 और 100 मिलीग्राम टैबलेट के लिए अपने नए दवा आवेदन की खातिर अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्राधिकरण (यूएसएफडीए) से अस्थायी मंजूरी मिली है। कंपनी ने 31 अक्टूबर, 2020 को अमेरिकी नियामक के पास नयी दवा के लिए आवदेन (एनडीए) दिया था, जिसमें यह मंजूरी मांगी गयी थी। जाइडस कैडिला ने कहा कि दो सितंबर, 2021 को समीक्षा का पहला चक्र पूरा होने पर आवेदन को अस्थायी रूप से मंजूरी दे दी गयी।
-
पटना। बिहार के पटना में अवैध संबंध को लेकर एक 22 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर बड़ी ही बेरहमी से हत्या कर दी गयी. युवक की हत्या के बाद आक्रोशित लोगों ने जमकर बवाल मचाया. आगजनी की और सड़क जाम कर दिया. घटना पटना के बिहटा थाना के नेउरा ओपी क्षेत्र की है. यहां अदलीपुर मुसहरी में अवैध संबंध को लेकर 22 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी।
मृतक नेउरा ओपी के राहत गंज निवासी विनोद राय के 22 वर्षीय पुत्र राहुल था. बताया जा रहा है कि मृतक राहुल कुमार जो एक ऑटो ड्राइवर था वो पिछले दो दिन से लापता था. राहुल कुमार के लापता होने की लिखित शिकायत नेउरा थाने में दर्ज कराई गई थी. सोमवार की सुबह लोगों को यह सूचना मिली की अदलीपुर मुसहरी के पास सरकारी मध्य विद्यालय के पीछे गड्ढे में एक शव पड़ा है. शव की सूचना मिलने के बाद राहत गंज गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचे. शव दो दिनों से लापता राहुल कुमार की थी. जिसके बाद लोगों ने वहां हंगामा शुरू कर दिया. घटना से गुस्साए लोगों ने दानापुर मुख्य मार्ग के बीचों-बीच शव को रखकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया. सड़क जाम कर रहे लोग उग्र प्रदर्शन कर रहे थे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे.
नेउरा थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में जो प्रारंभिक जानकारी मिली है उसके अनुसार मृत युवक जिसका अवैध संबंध वहां की एक महिला से था। इसे वहां के लोग पसंद नहीं करते थे। लोगों ने उसे समझाया-बुझाया भी था कि वो यहां नहीं आए, लेकिन इसके बावजूद वो जब नहीं माना तो कुछ लोगों ने उसकी ईट-पत्थर से कूट-कूट कर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है. -
जम्मू। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने रविवार को कुछ शर्तों के साथ कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए उच्च शिक्षण संस्थानों और स्कूलों को फिर से खोलने की अनुमति दे दी। यह निर्णय मुख्य सचिव ए के मेहता की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। रात के कर्फ्यू सहित अधिकांश कोविड-19 नियंत्रण दिशानिर्देशों को बनाए रखने का भी निर्णय लिया गया। कोविड-19 के प्रसार को रोकने के उद्देश्य से उपायों के तहत जम्मू कश्मीर प्रशासन ने 18 अप्रैल को अगले आदेश तक विश्वविद्यालयों और कॉलेजों सहित सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने का आदेश दिया था। कोविड-19 स्थिति की समीक्षा के बाद जारी एक आदेश में, राज्य कार्यकारी समिति (एसईसी) के अध्यक्ष मेहता ने कहा कि 12 वीं कक्षा के छात्रों के लिए कक्षाओं के लिए मंजूरी इस शर्त पर होगी कि किसी भी दिन भौतिक मौजूदगी कुल क्षमता का 50 प्रतिशत से अधिक नहीं होगी। आदेश में कहा गया है, ‘‘स्कूल आने के इच्छुक सभी छात्रों के माता-पिता से सहमति प्राप्त करनी होगी। स्कूल परिसर को पूरी तरह से सेनेटाइज किया जाना चाहिए, स्कूल के गेट पर टीकाकरण के संबंध में उचित जांच की जानी चाहिए। यदि कोई छात्र या शिक्षक या अन्य स्कूल कर्मचारी में खांसी, सर्दी, या बुखार के लक्षण दिखता है, तो उन्हें स्कूल में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। स्कूल के प्रमुख को यह सुनिश्चित करना होगा कि सामाजिक दूरी और कोविड प्रोटोकॉल से संबंधित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए।'' उपायुक्त सभी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए 10 वीं कक्षा के छात्रों के लिए भौतिक उपस्थिति में कक्षाओं की अनुमति दे सकते हैं। आदेश में कहा गया है, ‘‘12वीं और 10वीं कक्षा के छात्रों के लिए प्रदान की गई छूट को छोड़कर, स्कूल ऑन-साइट या इन-पर्सन टीचिंग के लिए बंद रहेंगे।'' इसमें कहा गया है कि सिविल सेवा या इंजीनियरिंग या एनईईटी परीक्षाओं के लिए कोचिंग सेंटरों को पूरी तरह से टीकाकरण वाले कर्मचारियों और छात्रों के लिए सीमित भौतिक मौजूदगी में शिक्षण के साथ अनुमति दी जाएगी। आदेश में कहा गया है, अन्य सभी कोचिंग सेंटर भौतिक मौजूदगी में पढाये जाने के लिए बंद रहेंगे।
इसमें कहा गया है कि उच्च शिक्षण संस्थानों को सीमित भौतिक मौजूदगी में शिक्षण शुरू करने की अनुमति दी जाएगी जो कर्मचारियों और छात्रों के 100 प्रतिशत टीकाकरण और उपायुक्तों की विशिष्ट अनुमति के अधीन होगी। आदेश में कहा गया है, ‘‘ऐसी संस्थाएं जिला प्रशासन के परामर्श से विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित कर सकती हैं।'' आदेश में कहा गया है कि रात आठ बजे से सुबह सात बजे तक सभी जिलों में रात का कर्फ्यू जारी रहेगा, जबकि सभी उपायुक्त उपलब्ध आरटी-पीसीआर और आरएटी क्षमताओं का अधिकतम उपयोग करके जांच तेज करेंगे। -
गाजियाबा। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में प्रेमी जोड़े का कथित तौर पर वीडियो क्लिप बनाकर उगाही की कोशिश करने के आरोप में राज्य पुलिस के एक हेडकांस्टेबल और होम गार्ड के एक जवान को निलंबित किया गया है। अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी यह घटना गाजियाबाद शहर के विजयनगर इलाके की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पवन कुमार ने बताया कि आरोप है कि कार में बैठे प्रेमी युगल का वीडियो क्लिप बनाकर आरोपियों ने उसे लड़की के माता-पिता को दिखाने की धमकी दी और उगाही करने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि पीड़ितों की शिकायत पर मामले की जांच की गई जिसमें एक हेडकांस्टेबल और एक होम गार्ड जवान को दोषी पाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अक्सर प्रेमी जोड़े ऐसी कोई घटना होने पर प्रतिष्ठा बचाने के इरादे से शिकायत दर्ज नहीं कराते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों की इस तरह की हरकत बर्दाशत नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि हेडकांस्टेबल के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है और होम गार्ड के जिला कमांडेंट को भी होमगार्ड के खिलाफ विभागीय जांच करने के लिए पत्र भेजा गया है।




























