- Home
- देश
-
फतेहपुर। फतेहपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ बाईपास के उधन्नापुर के पास शनिवार को सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार होंडा शाइन बाइक सवार युवक दीपक (30 साल) रोड किनारे खड़ी वैन में घुस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची ने शव को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी गई।
पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों ने बताया कि दीपक दिल्ली में रहकर प्राइवेट काम करता था। परिवार लालगंज थाने के तखत खेड़ापुर गांव का रहने वाला है। दीपक के माता पिता तीर्थ करके ट्रेन से फतेहपुर स्टेशन पहुंच रहे थे। उन्हीं को लेने के लिए दीपक अपनी बाइक से फतेहपुर स्टेशन जा रहा था। तभी सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुस जाने के कारण उसकी मौत हो गई। -
दो साल पहले भी की थी हत्या
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक सिरफिरे आरोपी पति ने पत्नी के कथित अवैध संबंध होने के चलते 2 साल में दो हत्याएं कर डाली। पुलिस ने साकिब हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तीनों आरोपी सगे भाई हैं।
मेरठ की थाना सरधना पुलिस ने तीन युवकों को साकिब हत्याकांड में गिरफ्तार किया है। 25 अगस्त को सरधना इलाके में साकिब के हाथ बांधकर चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपी भाइयों को गिरफ्तार किया है।
एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि मृतक साकिब की दोस्ती आरोपी तालिब से थी। मृतक साकिब का आरोपी तालिब के घर आना-जाना था। इसी बीच आरोपी साकिब के अवैध संबंध आरोपी तालिब के भाई आरोपी बिलाल की पत्नी के साथ हो गए थे। एक दिन आरोपी तालिब ने साकिब को अपनी भाभी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इस बात को आरोपी ने भाई आरोपी बिलाल को बताया। इसके बाद आरोपी बिलाल ने भाई आरोपी तालिब, आरोपी आजम और उसकी पत्नी के साथ बैठकर साकिब को मारने की योजना बनाई।
एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि आरोपी बिलाल ने अपनी पत्नी से मृतक साकिब को बुलाने के लिए कहा और आरोपी आजम मृतक साकिब को नवाबगढ़ी पर लेकर गया। यहां योजनाबद्ध तरीके से तीनों भाइयों ने मिलकर साकिब की हत्या कर दी। साकिब के दोनों हाथ पीछे बांधकर गला रेत दिया और शरीर में काफी बार चाकू से वार किए। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से घटना के समय जो कपड़े पहने थे वो और छुरी को अलग-अलग स्थानों पर छुपा दिया। मृतक के मोबाइल को तोड़ कर गांव के पास के तालाब में फेंक दिया था।
एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि वर्ष 2019 में भी आरोपी बिलाल ने मोहसिन की भी हत्या की थी। जहां मृतक मोहसिन के भी आरोपी बिलाल की पत्नी से अवैध संबंध हो गए थे। आरोपी बिलाल द्वारा मोहसिन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसके संबंध में भी स्थानीय पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामला चल रहा है। इसके बाद पत्नी से अवैध संबंधों के चलते आरोपी बिलाल ने साकिब की भी हत्या कर दी थी। - -भारत और अमेरिका के बीच रक्षा प्रौद्योगिकी सहयोग बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदमनई दिल्ली। भारत और अमेरिका के रक्षा मंत्रालयों ने मानव रहित विमानों (एयर-लॉंच्ड अनमैन्ड एरियल व्हेकिल-एएलयूएवी) के सम्बंध में एक परियोजना-समझौते (पीए) पर हस्ताक्षर किये हैं।उल्लेखनीय है कि मानव रहित विमानों में ड्रोन आदि शामिल हैं। यह समझौता रक्षा प्रौद्योगिकी और व्यापार पहल (डीटीटीआई) के हवाले से संयुक्त वायु प्रणाली कार्य समूह के तहत किया गया। भारत और अमेरिका के रक्षा मंत्रालयों के बीच हुए अनुसंधान, विकास, परीक्षण और मूल्यांकन (आरडीटी-एंड-ई) समझौता-ज्ञापन के दायरे में एएलयूएवी को रखा गया है। इस समझौता-ज्ञापन पर सबसे पहले जनवरी 2006 में हस्ताक्षर किये गये थे और जनवरी 2015 को उसका नवीनीकरण किया गया था। यह समझौता रक्षा उपकरणों को मिलकर विकसित करने की दिशा में दोनों देशों के बीच रक्षा प्रौद्योगिकी सहयोग को और गहन बनाने की एक महत्त्वपूर्ण पहल है।डीटीटीआई का मुख्य लक्ष्य है कि सहयोगात्मक प्रौद्योगिकी के आदान-प्रदान तथा भारत और अमेरिकी सेना के लिये भावी प्रौद्योगिकियों के सह-उत्पादन और सह-विकास पर लगातार जोर देना। डीटीटीआई के अंतर्गत थल, जल, वायु और विमान वाहक पोतों की प्रौद्योगिकियों के सम्बंध में एक संयुक्त कार्य समूह का गठन किया गया है, ताकि इन क्षेत्रो में आपसी चर्चा के बाद मंजूर होने वाली परियोजनाओं पर ध्यान दिया जा सके। एएलयूएवी के बारे में जो परियोजना-समझौता किया गया है, वह वायु प्रणालियों से जुड़े संयुक्त कार्य समूह के दायरे में आता है। यह डीटीटीआई की एक बड़ी उपलब्धि है।भारतीय वायु सेना की तरफ से उप वायुसेना प्रमुख (योजना) एयर वाइस मार्शल नरमदेश्वर तिवारी तथा अमेरिकी वायु सेना की तरफ से एयर फोर्स सेक्योरिटी असिस्टेंस एंड कोऑपरेशन डायरेक्टोरेट के निदेशक ब्रिगेडियर जनरल ब्रायन आर. ब्रकबॉवर ने हस्ताक्षर किये। उल्लेखनीय है कि दोनों अधिकारी डीटीटीआई के तहत गठित संयुक्त कार्य समूह के सह-अध्यक्ष हैं।
- नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने 11वीं कक्षा की परीक्षा कराने के केरल सरकार के फैसले पर रोक लगा दी है। राज्य में रोजाना कोरोना संक्रमित लोगों की बड़ी संख्या को देखते हुए न्यायालय ने यह आदेश दिया। राज्य के सामान्य शिक्षा विभाग ने 5 सितंबर से कक्षा 11 की परीक्षा ऑफलाइन कराने का फैसला किया था।अब अभिभावकों और विद्यार्थियों के लिए अदालत का फैसला बड़ी राहत लेकर आया है जो महामारी के बीच ऑफलाइन परीक्षा के आयोजन से चिंतित थे। न्यायमूर्ति ए.एम. खानविलकर की पीठ ने महामारी को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा पर विचार नहीं करने के लिए सरकार की आलोचना की। न्यायालय ने इस तथ्य पर बल दिया कि महामारी के बीच 27 सितम्बर तक होने वाली ऑफलाइन परीक्षा में करीब तीन लाख विद्यार्थी शामिल होंगे।
- -बीते चौबीस घंटे में 74 लाख से अधिक टीके लगाए गए-देश में स्वस्थ होने की दर 97.45 प्रतिशत हुईनई दिल्ली।. एक अहम उपलब्धि में कोविड-19 टीकाकरण कवरेज 67 करोड़ के ऐतिहासिक स्तर के पार पहुंच गया। आज सुबह सात बजे तक प्राप्त अस्थायी रिपोर्ट के अनुसार बीते चौबीस घंटे में 74 लाख 84 हजार 333 टीके लगाने के साथ कुल टीकाकरण 67.09 करोड़ के पार पहुंच गया है। टीकाकरण का यह लक्ष्य 70 लाख 34 हजार 846 सत्रों के माध्यम से प्राप्त किया गया है। केन्द्र सरकार देश भर में कोविड-19 टीकाकरण की गति में तेजी लाने तथा इसके दायरे को विस्तारित करने के लिए प्रतिबद्ध है।पिछले 24 घंटों में 34 हजार 791 कोरोना संक्रमित रोगियों के स्वस्थ होने के साथ ही कुल ठीक होने वाले मरीजों (महामारी की शुरुआत के बाद से) की संख्या बढ़कर 3 करोड़ 20 लाख 63 हजार 616 हो गई है। स्वस्थ होने की दर 97.45 प्रतिशत पर पहुंची गई है।केंद्र और राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के निरंतर एवं सहयोगपूर्ण प्रयासों के परिणामस्वरुप पिछले 65 दिनों से लगातार 50 हजार से कम नए दैनिक मामले दर्ज किए जा रहे हैं।भारत में पिछले 24 घंटों में 45 हजार 352 दैनिक नए मामले दर्ज किए गए हैं। वर्तमान में सक्रिय मामले 3 लाख 99 हजार 778 हैं। सक्रिय मामले वर्तमान में देश के कुल पॉजिटिव मामलों के 1.22 प्रतिशत हैं।देश भर में कोविड जांच क्षमता लगातार उल्लेखनीय रूप से बढ़ रही है। देश में पिछले 24 घंटों में 16 लाख 66 हजार 334 नमूनों की जांच की गई। कुल मिला कर भारत में अब तक 52.65 करोड़ से अधिक जांच की जा चुकी हैं। एक तरफ जहां, कोविड जांच क्षमता देश भर बढ़ा दी गई है, वहीं साप्ताहिक पॉजिटिविटी दर वर्तमान में 2.66 प्रतिशत है और यह पिछले 70 दिनों से 3 प्रतिशत से कम बनी हुई है। दैनिक पॉजिटिविटी दर फिलहाल 2.72 प्रतिशत है। दैनिक पॉजिटिविटी दर लगातार 88 दिनों से 5 प्रतिशत से नीचे बनी हुई है।
- नई दिल्ली। भारतीय औषध महानियंत्रक- डीसीजीआई ने स्वदेशी कोविड वैक्सीन कॉर्बेवैक्स के दो क्लीनिकल परीक्षण की मंजूरी दे दी है। वैक्सीन निर्माता बायोलॉजिकल ई को कुछ शर्तों के तहत पांच से अठारह वर्ष के उम्र के बच्चों पर दूसरे और तीसरे चरण के परीक्षण की अनुमति मिली है।जैव प्रौद्योगिकी विभाग और इसके पीएसयू जैव प्रौद्योगिकी उद्योग अनुसंधान सहायता परिषद - बीआईआरएसी ने बायोलॉजिकल ई की कोविड-19 वैक्सीन को सहायता उपलब्ध कराई है। यह सहायता प्रीक्लीनिकल चरण से तीसरे चरण के परीक्षण तक उपलब्ध कराई जाएगी। मिशन कोविड सुरक्षा के तहत वित्तीय सहायता के अतिरिक्त इस वैक्सीन को राष्ट्रीय बायोफार्मा मिशन के जरिए कोविड अनुसंधान कॉनसॉर्टियम के तहत भी आर्थिक मदद मिली है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भारत-रूस की दोस्ती समय की कसौटी पर खरी उतरी है । साथ ही उन्होंने टीकाकरण कार्यक्रम को लेकर किए गए सहयोग सहित कोविड-19 महामारी के दौरान दोनों देशों के बीच हुए 'मजबूत सहयोग का उल्लेख किया।ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम (ईईएफ) के पूर्ण सत्र को संबोधित कर रहे प्रधानमंत्री ने कहा कि ऊर्जा दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी का एक अन्य प्रमुख स्तंभ है और भारत एवं रूस मिलकर वैश्विक ऊर्जा बाजार में स्थिरता लाने में मदद कर सकते हैं। उन्होंने यह उल्लेख किया कि भारत में एक प्रतिभाशाली और समर्पित कार्यबल है जबकि सुदूर पूर्व क्षेत्र संसाधनों से भरा हुआ है और रूसी सुदूर पूर्व के विकास में योगदान करने की खातिर भारतीय प्रतिभाओं के लिए जबरदस्त गुंजाइश है। उन्होंने फोरम में हिस्सा लेने के लिए 2019 में रूसी शहर व्लादिवोस्तोक की अपनी यात्रा और उस दौरान "एक्ट फार ईस्ट पॉलिसी" के लिए भारत की प्रतिबद्धता की घोषणा का भी उल्लेख किया। मोदी ने कहा कि यह नीति रूस के साथ भारत की "विशेष और करीबी रणनीतिक साझेदारी" का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
- नयी दिल्ली। कोविड-19 के नये स्वरूपों के डर के मद्देनजर दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और चीन सहित सात देशों से भारत आने वाले यात्रियों के लिए आरटी-पीसीआर जांच को अनिवार्य कर दिया गया है। केन्द्र की ओर से गुरुवार को यह जानकारी दी गयी।सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पत्र लिखकर कहा कि सार्स-कोव-2 वायरस में हो रहे नये-नये म्यूटेशन की रिपोर्ट के अलावा वैश्विक स्तर पर वैरिएंट ऑफ कंसर्न (वीओसी) और वैरिएंट ऑफ इंटरेस्ट (वीओआई) की बढ़ती संख्या पर विचार करते हुए सात देशों को उन देशों की सूची में शामिल किया गया है, जहां से आने वाले यात्रियों को भारतीय हवाई अड्डों पर उतरने के समय एक और आरटी-पीसीआर जांच करवानी होगी। इसके अलावा उन्हें भारत के लिए उड़ान भरने से पहले भी आरटी-पीसीआर जांच करानी होगी। ये सात देश दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, बोत्सवाना, चीन, मॉरीशस, न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे हैं।गौरतलब है कि फरवरी में जारी किए गए दिशा-निर्देशों के मुताबिक केवल ब्रिटेन, यूरोप और पश्चिम एशिया से आने वाले यात्रियों को ही भारतीय हवाई अड्डों पर उतरने पर फिर से आरटी-पीसीआर जांच करानी पड़ती था। केंद्र ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से इन दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को भी कहा है ताकि दुनिया के अन्य देशों से भारत में कोरोना वायरस के नये-नये स्वरूपों को आने से रोका जा सके।
- हापुड़। केंद्रीय मंत्री एवं गाजियाबाद सांसद जनरल वीके सिंह ने कहा कि सरकार देश के सभी गरीब बेघरों को पक्का घर दिलाने का काम कर रही है और वहीं कच्चे घरों में रहने वाले लोगों के लिये पक्के मकान बनाने का काम कर रही है।केंद्रीय मंत्री यहां कलक्ट्रेट में पीएम आवास योजना के ग्रामीण क्षेत्र के लाभार्थियों को मकान की चाबी सौंपने आये थे । मंत्री ने लाभार्थियों को बताया कि वर्तमान केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा सिर्फ आवास ही निर्मित नहीं कराए जा रहे बल्कि आवास के साथ-साथ गरीब व जरूरतमंद लोगों को बिजली तथा गैस के कनेक्शन, पेयजल, शौचालय तथा 90 दिन की मजदूरी और आयुष्मान भारत कार्ड दिए जाते हैं।
- नई दिल्ली। शिक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि देशभर में विद्यालयों में करीब 80 प्रतिशत शिक्षकों एवं गैर शिक्षक कर्मियों ने कोविड -19 रोधी टीके की कम से कम पहली खुराक ले ली है ।मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, '' देशभर में विद्यालयों को खोलने में जो विभिन्न कारक भूमिका निभायेंगे उनमें एक शिक्षकों का टीकाकरण भी होगा। मंत्रालय राज्य सरकारों के साथ मिलकर इस विषय पर गहनता से काम कर रहा है।'' अधिकारी ने कहा, ''राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से मिली प्रांरभिक जानकारी बहुत सकारात्मक है एवं हमने देखा है कि ज्यादातर राज्यों में करीब 80 प्रतिशत शिक्षकों एवं गैर शिक्षक कर्मियों ने कोविड-19 रोधी टीकों की पहली या दोनों खुराक ले ली है।''शिक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को सितंबर के दौरान सभी शिक्षकों एवं गैर शिक्षक कर्मियों के लिए टीकाकरण की पहली खुराक पूरा कराने को कहा था। राज्यों को गूगल ट्रैकर पर सप्ताह में दो बार शिक्षकों के टीकाकरण के बारे में आंकड़ा अद्यतन करने को भी कहा गया है। जब अधिकारी से पूछा गया कि क्या सरकार शीघ्र ही राज्यों को सभी कक्षाओं के लिए विद्यालय खोलने की अनुमति दे देगा तो उन्होंने कहा, '' संक्रमण दर, अस्पताल में भर्ती, टीकाकरण का विस्तार समेत कई ऐसे परिवर्तनशील कारक हैं जो विद्यालयों के पूर्ण या क्रमिक ढंग से खुलने की बात तय करेंगे। '' उन्होंने कहा कि टीकाकरण की ऊंची दर निश्चित ही एक निश्चित स्तर का आश्वासन प्रदान करेगी लेकिन कई अन्य ऐसे कारक हैं जिनपर गौर किया जाना है और राज्यों को उन कारकों पर विचार करके इस मामले पर निर्णय लेना होगा।
-
ग्वालियर। मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी ने कहा है कि प्रदेश के सभी पुलिस थानों में क्लोज सर्किट टेलीविजन कैमरे (सीसीटीवी) लगाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। ग्वालियर और चंबल संभाग के पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद जौहरी ने यहां पत्रकारों से कहा, '' उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस थानों में सीसीटीवी लगाने का काम तेजी से चल रहा है।'' उन्होंने कहा कि ग्वालियर-चंबल अंचल में डकैती उन्मूलन अधिनियम लागू है। हालांकि पहले जैसी डकैती की घटनाएं और डकैत भले ही नहीं हों, लेकिन कभी-कभी कुछ घटनाएं इस प्रकार को होती हैं और डकैती अधिनियम उनके लिए जरूरी है। एक सवाल के उत्तर में उन्होंने कहा कि अब यदि इस नियम का कोई अफसर गलत इस्तेमाल करता है तो उस पर कार्रवाई भी होती है।
- नयी दिल्ली। सरकार ने कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण भारत में फंसे सभी विदेशी नागरिकों के वीजा की अवधि 30 सितंबर तक बढ़ा दी है। प्रवक्ता ने बताया कि मार्च, 2020 से पहले विभिन्न प्रकार के वीजा पर भारत में आए कई विदेशी नागरिक वैश्विक महामारी के कारण हवाई सेवा निलंबित होने की वजह से देश में फंस गए थे, इसलिए यह फैसला किया गया। उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र सरकार ने इन विदेशी नागरिकों के लिए नियमित वीजा या ई-वीजा या ठहरने की अवधि में बिना किसी जुर्माने के नि:शुल्क विस्तार देकर उन्हें भारत में रहने की सुविधा प्रदान की थी।'' प्रवक्ता ने कहा, ‘‘यह सुविधा वर्तमान में 31 अगस्त, 2021 तक उपलब्ध है और अब केंद्र सरकार ने इसकी अवधि 30 सितंबर, 2021 तक बढ़ा दी है। ऐसे विदेशी नागरिकों को 30 सितंबर, 2021 तक अपने वीजा के विस्तार के लिए संबंधित एफआरआरओ / एफआरओ को कोई आवेदन देने की आवश्यकता नहीं होगी। '' वे देश से बाहर जाने से पहले ई-एफआरआरओ पोर्टल पर बाहर जाने की अनुमति के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिकारी बिना किसी जुर्माने के यह अनुमति नि:शुल्क देंगे। प्रवक्ता ने कहा कि यदि कोई 30 सितंबर के बाद भी वीजा की अवधि में विस्तार चाहता है, तो वह ऑनलाइन ई-एफआरआरओ मंच पर भुगतान के आधार पर आवेदन कर सकते हैं, जिस पर अधिकारी मौजूदा दिशानिर्देशों के अनुसार पात्रता के अनुसार विचार करेंगे। प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि किसी भी श्रेणी के वीजा पर भारत में पहले से मौजूद अफगान नागरिकों के लिए अलग से जारी दिशा-निर्देशों के तहत वीजा की अवधि में विस्तार दिया जाएगा।
- नयी दिल्ली। ट्विटर ने उसके हैंडल पर अपमानजनक और घृणित भाषा का इस्तेमाल करने वालों पर अंकुश लगाने के लिये एक नया उपाय किया है। उसने एक नए ‘सेफ्टी मोड' फीचर का परीक्षण किया है, जो अपमानजनक या घृणित टिप्पणियां करने वाले खातों को सात दिनों के लिए अस्थायी रूप से ब्लॉक कर देगा। ट्विटर ने बुधवार को एक ब्लॉग पोस्ट में कहा कि नए सुरक्षा उपाय को आईओएस, एंड्रॉइड और ट्विटर डॉट कॉम पर एक छोटे समूह के बीच उनकी राय जानने के लिए लागू किया गया है। ट्विटर ने कहा, ‘‘हमने ऐसे फीचर और सेटिंग को लागू किया है, जो आपको अधिक सहज महसूस करने और अपने अनुभव को नियंत्रित करने में मदद कर सकते हैं। हम अवांछित बातचीत का सामना करने वाले लोगों पर दबाव को कम करने के लिए और अधिक प्रयास करना चाहते हैं।'' पोस्ट में आगे कहा गया, ‘‘अवांछित ट्वीट ट्विटर पर बातचीत के दौरान आ सकते हैं, इसलिए हम सुरक्षा मोड की शुरुआत कर रहे हैं। यह एक नई सुविधा है, जिसका मकसद हानिकारक बातचीत को कम करना है।
- नई दिल्ली। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने किसानों और उद्यमियों से नारियल क्षेत्र की क्षमता का पूरा लाभ उठाने का आग्रह किया। विश्व नारियल दिवस के अवसर पर गुरुवार को केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि विश्व में तीसरे स्थान पर गिने जाने वाले देश, भारत ने उत्पादन और उत्पादकता दोनों के संदर्भ में नारियल क्षेत्र में बहुत प्रगति की है।उन्होंने कहा कि वर्ष 2020-21 के दौरान देश का नारियल उत्पादन 2,120.7 करोड़ गरी का रहा, जो वैश्विक उत्पादन का 34 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि प्रति हेक्टेयर 9,687 गरी की उत्पादकता दुनिया में सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि नए नारियल उत्पाद और उद्योग बढ़ रहे हैं जिससे किसानों को रोजगार मिल रहा है। नारियल का देश की अर्थव्यवस्था पर गहरा प्रभाव होने की बात बताते हुए, तोमर ने ''किसानों और उद्यमियों से नारियल क्षेत्र की क्षमता का पूरा लाभ उठाने का आग्रह किया।'' उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार किसानों के प्रयासों में उनके साथ खड़ी है। एक सरकारी बयान में कहा गया है कि अगर कृषि उत्पाद, गुणवत्तायुक्त एवं वैश्विक मानकों के अनुरूप है तो कृषि निर्यात भी बढ़ेगा। सरकार ने संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक आयोग एशिया और प्रशांत क्षेत्र (यूएन-ईएससीएपी) के तत्वावधान में नारियल उत्पादक देशों के एक अंतर सरकारी संगठन, अंतर्राष्ट्रीय नारियल समुदाय (आईसीसी) के स्थापना दिवस को मनाने के लिए विश्व नारियल दिवस मनाया।
- हैदराबाद। डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज लि. ने गुरुवार को कैंसर के इलाज में इस्तेमाल की जाने वाली अपनी दवा रेड्डी-लेनलिडोमाइड कनाडा के बाजार में उतारने की घोषणा की। रेड्डी-लेनलिडोमाइड रेवलिमिड (लेनलिडोमाइड) कैप्सूल का जेनरिक संस्करण है। कंपनी ने कनाडा के स्वास्थ्य नियामक हेल्थ कनाडा से मंजूरी मिलने के बाद दवा पेश की है।हैदराबाद की दवा कंपनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि रेड्डी-लेनलिडोमाइड कनाडा में पेश की जाने वाली अपनी तरह की पहली जेनेरिक दवाओं में से एक है।डॉ रेड्डीज लैबोरेट्रीज कनाडा के उपाध्यक्ष और महाप्रबंधक विनोद रामचंद्रन ने कहा, "कनाडा के बाजार में रेड्डी-लेनलिडोमाइड दवा को पेश करना, वहां के मल्टीपल मायलोमा और मायलोडिसप्लास्टिक सिंड्रोम (एमडीएस) मरीजों के लिए सस्ती दवाओं तक पहुंच प्रदान करने की हमारी दृढ़ प्रतिबद्धता को दिखाता है।" रेड्डी-लेनलिडोमाइड कैप्सूल 2.5 मिलीग्राम, पांच मिलीग्राम, 10 मिलीग्राम, 15 मिलीग्राम, 20 मिलीग्राम, और 25 मिलीग्राम में उपलब्ध है।
- चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने एक बड़ा फेरबदल करते हुए गुरुवार को तत्काल प्रभाव से 16 भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों के तबादले एवं नियुक्ति आदेश जारी किए। एक आधिकारिक वक्तव्य में यह जानकारी दी गयी।राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पी के अग्रवाल को हरियाणा पुलिस आवास निगम के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वक्तव्य के मुताबिक डीजीपी, अपराध (मुख्यालय), पंचकूला मोहम्मद अकील को महानिदेशक, जेल, हरियाणा नियुक्त किया गया है। हरियाणा सरकार, परिवहन विभाग के प्रधान सचिव एस एस कपूर को राज्य सतर्कता ब्यूरो का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। रेवाड़ी के पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार अरोड़ा को फरीदाबाद का पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। इसके अलावा अन्य वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं।
- बांदा । उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के चिल्ला क्षेत्र में बुधवार शाम एक तिपहिया वाहन के पलट जाने से एक शिक्षिका की मौत हो गयी और पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि बुधवार शाम छह अध्यापिका एक टेम्पो पर सवार होकर बांदा मुख्यालय जा रही थीं, तभी पलरा गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक से बचने की कोशिश में टेम्पो चालक नियंत्रण खो बैठा और उसका वाहन सड़क किनारे पलट गया। उन्होंने बताया कि इस हादसे में बरेठी कला पूर्व माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नूतन गुप्ता (40) की मौत हो गयी और पूर्व माध्यमिक विद्यालय चिल्ला में सहायक अध्यापक मीरा देवी (50), माधवी पांडेय (50), सुनीता मिश्रा (49) और ज्ञानवती (50) तथा टेम्पो चालक अखिलेश (25) घायल हो गए हैं। सूत्रों ने बताया कि सभी घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नूतन गुप्ता का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
- धार । मध्य प्रदेश के धार जिले में बृहस्पतिवार तड़के एक वैन के पलट जाने से राजस्थान के रहने वाले तीन लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। बदनावर पुलिस थाने के निरीक्षक सीबी सिंह ने बताया कि हादसा जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर दूर बदनावर और बोराली गांव के बीच हुआ। हादसे में पीड़ित लोग राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा कस्बे रहने वाले हैं और मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि वैन में नौ लोग सवार थे। वैन चालक को नींद आने की वजह से यह हादसा हुआ। हादसे में किशोर लाल (45), कमल धाकड़ (12) और रामकन्या धाकड़ (40) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि नौ लोग घायल हो गए। घायलों को बदनावर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
- भुवनेश्वर। ओडिशा में दो दशकों से अधिक समय में, इस मानसून में सबसे कम वर्षा दर्ज की गयी। मौसम विज्ञान केंद्र ने चिंता जतायी कि कम बारिश से राज्य में सूखा पड़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र ने यहां बताया कि ओडिशा में इस साल एक जून से 31 अगस्त के बीच केवल 661.1 मिलीमीटर ही बारिश हुई जो सामान्य बारिश से 29 प्रतिशत कम है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बुधवार को बताया गया कि पिछले 120 वर्षों में यह छठी बार है जब इस अवधि के दौरान दक्षिण पश्चिम मानसून से होने वाली वर्षा 29 प्रतिशत या उससे अधिक कम रही है। इसमें कहा गया है कि अगस्त में बारिश कम होने के कारण मानसूनी वर्षा में कमी दर्ज की गयी है। राज्य में इस महीने 204.9 मिमी बारिश हुई जो सामान्य बारिश के मुकाबले 44 प्रतिशत कम है। पिछले 120 वर्षों में केवल तीन बार (1965 में, 1987 में और 1998 में) अगस्त में बारिश 204.9 मिमी से कम हुई है। विज्ञप्ति के अनुसार, अगस्त में केवल चार जिलों में सामान्य बारिश हुई जबकि 18 जिलों में बारिश में कमी दर्ज की गयी। आठ जिलों बौध, संबलपुर, सोनपुर, अंगुल और बोलांगीर, कंधमाल, बारगढ़ और जाजपुर में काफी कम बारिश हुई। मौसम विज्ञानियों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में अगस्त के दौरान कम दबाव का क्षेत्र होने के कारण बारिश में कमी दर्ज की गयी। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अनुमान जताया है कि राज्य में सितंबर में सामान्य 226.6 मिमी बारिश होगी। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंगलवार को अधिकारियों को आकस्मिक फसल योजना तैयार करने और किसानों की समस्याओं को दूर करने के लिए कदम उठाने का निर्देश दिया था।
- नोएडा। उत्तर प्रदेश के दादरी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गई। दादरी रेलवे स्टेशन के राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) चौकी प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि दादरी में तुलसी विहार कॉलोनी में रहने वाली मुन्नी देवी (41) और सर्वेश देवी (43) ग्रेटर नोएडा स्थित एक कंपनी में काम करती थीं। बुधवार को दोनों महिलाएं दादरी रेलवे स्टेशन पहुंचीं तथा दूसरी तरफ रेलवे लाइन पार करने लगीं। उन्होंने बताया कि रेलवे ट्रैक पार करते समय दोनों महिलाएं सियालदह एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई। दोनों महिलाएं रिश्ते में जेठानी और देवरानी थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
- ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे की एक झील में 36 वर्षीय एक मजदूर का शव बरामद किया गया है और पुलिस को इसके पीछे हत्या का शक है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। विट्ठलवाड़ी पुलिस थाने के निरीक्षक धनंजय पुंडलीक कापरे ने बताया कि मृतक की पहचान चंद्रकांत लक्ष्मण शेलार के रूप में की गई है जो यहां नवी मुंबई के घनसोली इलाके का रहने वाला है। कापरे ने कहा कि शेलार लापता था और उसके परिजनों ने 27 अगस्त को रबाले पुलिस थाने में इस बाबत शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा कि 30 अगस्त को ठाणे जिले के कल्याण के चिंचपाड़ा की एक झील में शेलार का सड़ा गला शव मिला और पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है। अधिकारी ने बताया कि बुधवार को हुए पोस्ट मॉर्टम के दौरान मृतक के गले पर घाव के निशान मिले जिसके बाद अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि दोषियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि केंद्र ने अब तक राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को मुफ्त और प्रत्यक्ष राज्य खरीद श्रेणी के तहत कोविड टीकों की 64.65 करोड़ से अधिक खुराक उपलब्ध करायी है। मंत्रालय ने कहा कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास अब भी टीकों की 4,78,94,030 खुराक मौजूद है जिन्हें लोगों को दिया जाना है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि केंद्र सरकार पूरे देश में कोविड-19 टीकाकरण की गति को तेज करने और इसका दायरा बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। बयान के अनुसार, अधिक टीकों की उपलब्धता तथा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए टीकों की उपलब्धता के अनुमान के जरिए टीकाकरण अभियान में तेजी लायी गयी है। देशव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत केंद्र सरकार राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को मुफ्त में कोविड टीके उपलब्ध करा रही है। कोविड टीकाकरण अभियान को सार्वभौमिक किए जाने के बीच केंद्र सरकार देश में टीका निर्माताओं द्वारा उत्पादित किए जा रहे टीकों का 75 प्रतिशत खरीद कर राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को मुफ्त में वितरित करती है।
- मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा-वृन्दावन के स्थानीय नागरिकों एवं सैलानियों को बंदरों से आ रही समस्याओं को देखते हुये नगर निगम ने बंदरों को पकड़ने के लिये अभियान चलाया है और पहले ही दिन 85 बंदरों को पकड़ा गया । गौरतलब है कि जिले में बंदरों द्वारा धक्का दिए जाने तथा बुजुर्गों, महिलाओं व बच्चों आदि पर हमला किए जाने से कई लोगों की मौत हो चुकी है । नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि बंदरों की हरकतों को देखते हुये लोगों की मांग पर निगम के अधिकारियों ने बंदरों को पकड़ने और फिर उन्हें शहरी क्षेत्र से दूर ले जाकर वन क्षेत्र में छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि इस बारे में टेंडर निकाला गया और सबसे कम बोली लगाने वाले ठेकेदार को इसे पकड़ने का ठेका दिया गया । इस क्रम में बुधवार से बंदरों को पकड़ने का अभियान शुरु कर दिया। उन्होंने बताया कि सुबह से शाम तक चले इस अभियान सात दर्जन बंदरों को पिंजरों में बंद कर लिया गया। अधिकारी ने बताया, पहले चरण में करीब दो हजार बंदरों को पकड़ कर जंगल में छोड़ने का इरादा किया गया है।
- अलकनार। उत्तर-पूर्वी स्पेन के अलकनार शहर में भारी बारिश के चलते आई बाढ़ के कारण बृहस्पतिवार को कई घर और व्यापारिक प्रतिष्ठान क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय निवासियों ने बताया कि बुधवार शाम अचानक आई बाढ़ में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है। अलकनार में रेस्त्रां की मालिक रोजा मारिया सैंशो ने कहा, ''हम अपने अपार्टमेंट में ऊपर चढ़ गए और सबकुछ भगवान भरोसे छोड़ दिया।'' बाढ़ कितनी भीषण थी, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कई कारें पानी में बह गईं । घरों और कारोबारी प्रतिष्ठानों में कीचड़, पानी और मलबा भर गया। मैड्रिड समेत मध्य और उत्तरी स्पेन के अन्य हिस्सों में भी बुधवार को बाढ़ जैसे हालात देखे गए। दमकल कर्मियों ने हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल कर तीन लोगों को गंभीर खतरे से बाहर निकाला। स्थानीय प्राधिकारियों ने 58 लोगों को होटल पहुंचाया और 16 अन्य लोगों ने स्पोर्ट्स पवेलियन में रात बिताई।
- नयी दिल्ली। पूर्व राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ पत्रकार चंदन मित्रा का बुधवार देर रात यहां दक्षिण दिल्ली स्थित आवास पर 65 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके बेटे कुशन मित्रा ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।वे पायनियर समाचार-पत्र के संपादक थे और राजनीति से लेकर लोकप्रिय संगीत सहित विभिन्न मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखने के लिए जाने जाते थे। पिछले कुछ समय से वह बीमार थे और सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर रहते थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटे हैं।राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई नेताओं ने चंदन मित्रा के निधन पर शोक जताया और राजनीति एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्य के रूप में वह दो बार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए। उन्हें वयोवृद्ध भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी का करीबी माना जाता था। वर्ष 2018 में उन्होंने भाजपा से इस्तीफा दे दिया और पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया था।प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने भी मित्रा के निधन पर दुख जताया और एक बयान में कहा, चंदन मित्र उच्च कोटि के एक संपादक थे जिन्होंने दि स्टेट्समैन में एक शानदार पारी खेली और हिंदुस्तान टाइम्स के संपादक भी बने। उन्होंने युवा पत्रकारों को प्रोत्साहित किया और पॉयनियर को फिर से शुरु किया। उनका निधन बहुत बड़ी क्षति है। दुख की इस घड़ी में प्रेस क्लब ऑफ इंडिया उनके परिवार के साथ खड़ा है।









.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)











.jpg)


