- Home
- खेल
- सेंचुरियन। दक्षिण अफ्रीका ने चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रहे श्रीलंका को पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में मंगलवार को यहां पारी और 45 रन से करारी शिकस्त देकर दो मैचों की श्रृंखला में 1-0 से बढ़त बनायी। श्रीलंका के पांच खिलाड़ी चोटिल हैं जिनमें से धनंजय डिसिल्वा दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिये भी नहीं उतरे। श्रीलंका की टीम अपनी दूसरी पारी में चौथे दिन लंच के कुछ देर बाद 180 रन पर आउट हो गयी। यह मैच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा है और इस तरह से दक्षिण अफ्रीका को जीत से 60 अंक मिले। श्रीलंका की तरफ से कुसाल परेरा (64) और अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे वाहिंदु हसरंगा (59) ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करके अर्धशतक जमाये जिससे हार का अंतर कुछ कम हुआ। दक्षिण अफ्रीका के लिये लुंगी एनगिडी, एनरिच नोर्जे, वियान मुल्डेर और लुथो सिपाम्ला ने दो – दो विकेट लिये। श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 396 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने इसके जवाब में फाफ डुप्लेसिस के 199 रन की मदद से 621 रन का विशाल स्कोर बनाकर 225 रन की बढ़त हासिल की थी। इस मैच में श्रीलंका के पांच खिलाड़ी चोटिल हो गये। आलराउंडर धनंजय डिसिल्वा पहली पारी में 79 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गये थे। तेज गेंदबाज कासुन रजिता केवल 2.1 ओवर कर पाये। उनके अलावा दिनेश चंदीमल, लाहिरू कुमारा और हसरंगा भी चोटिल हुए। श्रीलंका ने सुबह दो विकेट पर 65 रन से आगे खेलना शुरू किया तथा नौ ओवर के अंदर दिनेश चंदीमल (25), निरोशन डिकवेला (10) और परेरा के विकेट गंवा दिया। इसके बाद दासुन शनाका (छह) और विश्व फर्नांडो (शून्य) भी लंच से पहले पवेलियन लौट गये। वियान मुल्डर ने इनमें से दो विकेट लिये। उन्होंने चोटिल चंदीमल को बोल्ड किया तथा डिकवेला को विकेट के पीछे कैच देने के लिये मजबूर किया। परेरा ने अपनी पारी में 10 चौके लगाये। हसरंगा को दौड़ने में दिक्कत हो रही थी और इसलिए उन्होंने लंबे शॉट लगाये। अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे हसरंगा ने अपनी 53 गेंद की पारी 12 चौके और एक छक्का लगाया। दूसरा टेस्ट मैच तीन जनवरी से जोहानिसबर्ग में खेला जाएगा।
- चेन्नई । भारतीय ग्रैंडमास्टर पी हरिकृष्णा चैम्पियंस शतरंज टूर एयरथिंग्स मास्टर्स आनलाइन चैम्पियनशिप के दूसरे दिन एक जीत और तीन ड्रॉ के बाद दसवें स्थान पर खिसक गए । विश्व चैम्पियन मैग्नस कार्लसन शीर्ष पर पहुंच गए हैं । हरिकृष्णा ने शनिवार को पहले दिन चारों बाजियां ड्रॉ खेली थी । वह पांचवें दौर में डच ग्रैंडमास्टर अनीश गिरी से हार गए । इसके बाद अलेक्जेंडर ग्रिसचुक, हिकारू नकामूरा और इयान नेपोम्पियाशिच से बाजियां ड्रॉ रही । भारत के दूसरे नंबर के खिलाड़ी हरिकृष्णा के साझे तीन अंक है और अभी उन्हें तीन और मुकाबले खेलने हैं ।
- दुबई। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का दशक का शीर्ष सम्मान अपने नाम किया जब उन्होंने पिछले 10 साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष क्रिकेटर के लिए सर गारफील्ड सोबर्स ट्रॉफी जीती। कोहली को दशक का सर्वश्रेष्ठ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर भी चुना गया। पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आईसीसी का दशक का खेल भावना पुरस्कार जीता। प्रशंसकों ने 2011 में नॉटिंघम टेस्ट में इयान बेल के अजीब हालात में रन आउट होने के बाद उन्हें वापस बुलाने के लिए धोनी को इस पुरस्कार के लिए चुना। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने ट्विटर पर कोहली के इस पुरस्कार के लिए चुने जाने की घोषणा की। कोहली ने ‘आईसीसी पुरस्कारों' के समय के दौरान अपने 70 में से 66 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़े। इस दौरान उनके नाम पर सर्वाधिक अर्धशतक (94), सर्वाधिक रन (20396) के अलावा 70 से अधिक पारी खेलते हुए सर्वाधिक औसत (56.97) का रिकॉर्ड भी रहा। कुल मिलाकर 32 साल के कोहली ने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में 12040 रन, टेस्ट क्रिकेट में 7318 रन और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 2928 रन बनाए हैं और सभी प्रारूपों में मिलाकर उनका औसत 50 से अधिक का है। कोहली इसके अलावा 2011 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य भी रहे।
- मेलबर्न। आस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट में पांच बार के फाइनलिस्ट एंडी मर्रे को अगले साल वर्ष के पहले ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में प्रवेश के लिये वाइल्ड कार्ड दिया गया है। विश्व के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी मर्रे पिछले कुछ वर्षों से कूल्हे की चोट से जूझते रहे हैं जिसका उन्हें आपरेशन करवाना पड़ा था। इससे वह विश्व रैंकिंग में 122वें स्थान पर खिसक गये। आस्ट्रेलियाई ओपन के टूर्नामेंट निदेशक क्रेग टिले ने कहा, ‘‘हम खुले दिल से एंडी का मेलबर्न में स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा, पांच बार का फाइनलिस्ट होने के कारण वह आस्ट्रेलियाई ओपन में कई शानदार मैचों का हिस्सा रहे हैं। '' आस्ट्रेलियाई ओपन इस बार अपने निर्धारित कार्यक्रम से तीन सप्ताह बाद आठ से 21 फरवरी के बीच खेला जाएगा ताकि खिलाड़ी आस्ट्रेलिया पहुंचने पर 14 दिन पृथकवास पर बिता सकें। भारत के सुमित नागल, चीन की वांग झियु, आस्ट्रेलिया के थनासी कोकिनाकिस को भी वाइल्ड कार्ड से प्रवेश दिया गया है।
- भुवनेश्वर। भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी नमिता टोप्पो को खेल के प्रति उनके योगदान के लिए रविवार को प्रतिष्ठित ‘एकलव्य' पुरस्कार से नवाजा गया। नमिता को एक अप्रैल 2018 से 31 मार्च 2020 के बीच राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके प्रदर्शन के लिए इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कोविड-19 पाबंदियों को ध्यान में रखते हुए नमिता को यहां एक सामान्य कार्यक्रम में प्रशस्ति पत्र, ट्रॉफी और पांच लाख रुपये नगद देकर सम्मानित किया गया। भारोत्तोलक स्नेहा सोरेन और बैडमिंटन खिलाड़ी रुतापर्णा पांडा को भी प्रशस्ति पत्र और 50 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।
- दुबई । भारत के दिग्गज पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को रविवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की दशक की एकदिवसीय और टी20 अंतरराष्ट्रीय टीमों का कप्तान घोषित किया गया। विराट कोहली को टेस्ट टीम का कप्तान चुना गया। सीमित ओवरों की टीमों में भारतीय क्रिकेटरों का दबदबा दिखा। एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय टीम में तीन जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में चार भारतीय क्रिकेटरों को जगह मिली। टेस्ट टीम में इंग्लैंड के सर्वाधिक चार खिलाड़ियों को जगह मिली। इसी साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने वाले धोनी दशक की सर्वश्रेष्ठ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय टीम में जगह बनाने वाले तीन भारतीय खिलाड़ियों में से एक हैं। टीम में रोहित शर्मा और भारत के मौजूदा नियमित कप्तान कोहली को भी जगह मिली है। टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में धोनी के अलावा रोहित, कोहली और जसप्रीत बुमराह को शामिल किया गया है। टेस्ट टीम का कप्तान बनाए जाने के अलावा कोहली दुनिया के एकमात्र क्रिकेटर हैं जिन्हें तीनों प्रारूपों की दशक की सर्वश्रेष्ठ टीम में जगह मिली है। सोमवार को दशक के आनलाइन पुरस्कार समारोह से पहले आईसीसी ने दशक की टीमों की घोषणा की। दशक के पुरस्कारों में आईसीसी के दशक के सर्वश्रेष्ठ पुरुष और महिला क्रिकेटर के अलावा दशक का सर्वश्रेष्ठ पुरुष टेस्ट, एकदिवसीय और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर और दशक की सर्वश्रेष्ठ महिला एकदिवसीय और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर को चुना जाएगा। कोहली चार पुरस्कारों की दौड़ में शामिल हैं जिसमें आईसीसी का दशक का सर्वश्रेष्ठ पुरुष क्रिकेटर के अलावा दशक का सर्वश्रेष्ठ पुरुष टेस्ट, एकदिवसीय और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर शामिल है।
- लंदन। आर्सनल ने चेल्सी को 3-1 से हराकर इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) फुटबॉल प्रतियोगिता में लगभग दो महीने में अपनी पहली जीत दर्ज की जबकि मैनचेस्टर सिटी और एवर्टन भी अपने मैच जीतने में सफल रहे। आर्सनल ने अलेक्सांद्र लकाजेटे के पेनल्टी पर किये गये गोल के अलावा ग्रैनिट हाक और बुकायो साका के गोल से तीन अंक हासिल किये। चेल्सी की तरफ से टैमी अब्राहम ने 85वें मिनट में एकमात्र गोल किया। इस जीत से आर्सनल के 17 अंक हो गये हैं और वह 14वें स्थान पर पहुंच गया है। उधर मैनचेस्टर में मैनचेस्टर सिटी ने न्यूकास्टल पर 2-0 से आसान जीत दर्ज की। उसकी तरफ से इल्के गुंडगन और फेरान टोरेस ने गोल किये। सिटी के अब 14 मैचों में 26 अंक हैं और वह शीर्ष पर चल रहे लिवरपूल से पांच अंक पीछे है। इस बीच शैफील्ड में एवर्टन ने अंतिम पायदान पर चल रहे शैफील्ड यूनाईटेड के खिलाफ गाइल्फी सिगर्डसन के गोल की मदद से 1-0 से जीत दर्ज की और अंकतालिका में दूसरा स्थान हासिल किया। एवर्टन के 15 मैचों में 29 अंक हैं। अंकतालिका में एवर्टन के बाद लीस्टर सिटी (15 मैचों में 28 अंक) और मैनचेस्टर यूनाईटेड (14 मैचों में 27 अंक) का नंबर आता है। इन दोनों टीमों के बीच खेला गया मैच 2-2 से बराबरी पर छूटा। एक अन्य मैच में एस्टन विल्ला ने दूसरे हाफ में दस खिलाड़ियों के साथ खेलने के बावजूद क्रिस्टल पैलेस को 3-0 से हराया। फुल्हम और साउथम्पटन का मैच गोलरहित बराबर छूटा।
- मुंबई। विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी राष्ट्रीय टी-20 चैंपियनशिप में 20 सदस्यीय मुंबई क्रिकेट टीम का नेतृत्व करेंगे। मुंबई क्रिकेट संघ ने घरेलू सत्र शुरु करने वाले इस टूर्नामेंट के लिए शनिवार को अपनी वेबसाइट पर टीम की घोषणा की। सूर्यकुमार यादव के अलावा टीम में आदित्य तारे, युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल, सरफराज खान, सिद्धेश लाड और हरफनमौला शिवम दूबे जैसे नियमित खिलाड़ी भी है। धवल कुलकर्णी और तुषार देशपांडे तेज आक्रमण की अगुवाई करेंगे जबकि स्पिन गेंदाबाजी का दारोमदार अथर्व अंकोलेकर और शम्स मुलानी पर होगा।
- वास्को। जर्मनी के मिडफील्डर मेटी स्टीमन के शानदार दो गोलों की मदद से एससी ईस्ट बंगाल ने शनिवार को तिलक मैदान पर खेले गए इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) फुटबॉल टूर्नामेंट के सातवें सत्र के मुकाबले में चेन्नइयिन एफसी को 2-2 से ड्रॉ पर रोक दिया। ईस्ट बंगाल को अभी भी सत्र की पहली जीत की तलाश है। सात मैचों में तीन ड्रा से तीन अंकों के साथ वह तालिका में 10वें स्थान पर है। चेन्नइयिन को इस सत्र में सात मैचों में तीसरी बार ड्रॉ खेलना पड़ा है। टीम के नाम दो जीत और दो हार भी है और अब वह नौ अंकों के साथ तालिका में सातवें पायदान पर है। चेन्नइयिन एफसी के लिए लालियानलजुएला चांग्ते ने 13वें और रहीम अली ने 64वें मिनट में गोल किया। वहीं, एससी ईस्ट बंगाल के लिए मेटी स्टीमन ने 59वें और 68वें मिनट में दो गोल दागे।
- नयी दिल्ली। अल्टीमेट क्रिकेट चैलेंज (यूकेसी) के आयोजकों ने शनिवार को कहा कि इस अनोखे ‘वन-ऑन-वन' क्रिकेट टूर्नामेंट के 2021 सत्र में विजेता की पुरस्कार राशि 10 लाख डॉलर (लगभग 7.37 करोड़ रुपये) होगी। यूकेसी के चेयरमैन रवि ठकरान ने विज्ञप्ति में कहा, दूसरे सत्र में छह सुपरस्टार से ज्यादा होंगे जिसमें विजेता की पुरस्कार राशि 10 लाख डॉलर का चेक होगा। छह स्टार आल राउंडर के इस टूर्नामेंट का शुरूआती सत्र 24 दिसंबर को शुरू हुआ जिसमें भारत के युवराज सिंह भी शामिल हैं। दूसरा सत्र 2021 के पहली तिमाही में आयोजित होगा। पहला सत्र अगले साल एक जनवरी को समाप्त होगा जिसमें छह वैश्विक सुपरस्टार दावेदार हैं। युवराज के अलावा इसमें क्रिस गेल, केविन पीटरसन, राशिद खान, इयोन मोर्गन और आंद्रे रसेल शामिल हैं।
- लंदन। इंग्लैंड के लिये चार टेस्ट और 15 एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके पूर्व क्रिकेटर रॉबिन जैकमैन का निधन हो गया । अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने यह जानकारी दी। वह 75 वर्ष के थे । जैकमैन ने 1966 से 1982 के बीच 399 प्रथम श्रेणी मैचों में 1402 विकेट लिये । संन्यास के बाद वह दक्षिण अफ्रीका में कमेंटेटर बन गए थे । आईसीसी ने जारी बयान में कहा हम महान कमेंटेटर और इंग्लैंड के पूर्व गेंदबाज रॉबिन जैकमैन के निधन से दुखी हैं । उनका 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया । उनके परिवार और दोस्तों के प्रति क्रिकेट जगत की संवेदनायें।
- नई दिल्ली। तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 96 जयंती पर आज उन पर आधारित एक किताब सामने आई है- नाम है- वाजपेयी-द ईयर्स दैट चेंज्ड इंडिया। इस किताब को श्री वाजपेयी के निज सचिव रहे शक्ति सिन्हा ने लिखा है। करीब तीन सौ पृष्ठों की इस पुस्तक में 10 अध्याय हैं और इसका प्रकाशन पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने किया है। इस किताब में महान क्रिकेट कपिलदेव की शालीनता का जिक्र खास तौर से श्री सिन्हा ने किया है।इसमें श्री वाजपेयी से जुड़े अनेक वाकये शामिल किए गए हैं। इनमें एक अमृतसर से लाहौर ऐतिहासिक बस यात्रा का वर्णन भी है और इस वर्णन में महान क्रिकेटर कपिल देव की शालीनता का भी जिक्र उन्होंने किया है। कपिल देव इस यात्रा में शामिल थे।किताब में शक्ति सिन्हा ने लिखा है कि बस यात्रा के दौरान अटल जी की सीट के बगल में बैठने के बाद कपिल देव ने काफी शालीनता दिखाई थी। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 1999 में जब अमृतसर से लाहौर के बीच बस के जरिये ऐतिहासिक यात्रा की थी तब उसमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी हस्तियां सवार थीं , लेकिन उनमें सबसे अधिक शालीन संभवत: कपिल देव थे। पुस्तक में लिखा गया है, ''बस में दो खास सीटें थीं। श्री वाजपेयी बस में बाईं ओर पहली सीट पर थे। 40 मिनट की यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल के प्रत्येक सदस्य को वाजपेयी के साथ बैठने और थोड़ी देर बातें करने का मौका दिया। जब कपिल देव की बारी आई तो सबसे ज्यादा शालीन वे ही नजर आए। शक्ति सिन्हा ने लिखा है कि कपिलदेेव ने तुरंत अपनी सीट छोड़ दी जबकि दूसरों को मुझे वहां से हटाना पड़ता था।इस यात्रा में वाजपेयी के साथ पत्रकार कुलदीप नैयर, कवि जावेद अख्तर, अभिनेता देव आनंद, गायक महेंद्र कपूर और अभिनेता-नेता शत्रुघ्न सिन्हा जैसे लोग शामिल थे।वैसे भी इसमें कोई दो राय नहीं है कि कपिलदेव कितने शालीन हैं। उनकी शालीनता के अनेक किस्से आज भी उनके साथी याद करते हैं।
- नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने चैम्पियन पहलवान विनेश फोगाट को उनके निजी कोच वोलेर एकोस, अभ्यास की जोड़ीदार प्रियंका फोगाट, फिजियो रमन एन के साथ हंगरी में 40 दिन के अभ्यास शिविर में भाग लेने की अनुमति दे दी जिसकी कुल लागत 15 लाख 51 हजार रूपये आयेगी । शिविर को टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) के तहत मंजूरी मिली है ।शिविर 28 दिसंबर से 24 जनवरी तक बुडापेस्ट के वासास स्पोटर्स क्लब पर लगेगा । इसके बाद 24 जनवरी से पांच फरवरी तक पोलैंड में होगा । कुल लागत में हवाई किराया, स्थानीय आवागमन, रहने और खाने के खर्च शामिल हैं । तोक्यो ओलंपिक में भारत की पदक उम्मीद विनेश के लिये इस शिविर की योजना कोच एकोस ने बनाई है । इसके जरिये वह अपने भारवर्ग में यूरोप के पहलवानों के साथ अभ्यास कर सकेगी । विनेश ने कहा ,'' मुझे अपना स्तर पता होना चाहिये । अच्छे पहलवानों के साथ अभ्यास करके मुझे अपनी कमजोरियों का पता चल जायेगा ।'' विनेश ने कोरोना महामारी से पहले दिल्ली में एशियाई सीनियर चैम्पियनशिप में भाग लिया था जिसमें उसने कांस्य पदक जीता था ।
- अहमदाबाद। बीसीसीआई की क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) ने गुरूवार को पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज चेतन शर्मा को सीनियर राष्ट्रीय चयन पैनल का अध्यक्ष नियुक्त किया। सीएसी ने पांच सदस्यीय टीम में मुंबई के अबे कुरूविला और ओडिशा के देबाशीष मोंहती का भी चयन किया। बीसीसीआई की यहां 89वीं सालाना आम बैठक के मौके पर ही नये पैनल का गठन किया गया जिसमें शर्मा ने उत्तरी क्षेत्र से मनिंदर सिंह और विजय दहिया को पछाड़ दिया। शर्मा (54 वर्ष) ने कहा, ‘भारतीय क्रिकेट की एक बार फिर से सेवा करने का मौका मिलना निश्चित रूप से मेरे लिये सम्मान की बात है। मैं ज्यादा नहीं बोलता क्योंकि मेरा काम ही बोलेगा। उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस मौके के लिये केवल बीसीसीआई का शुक्रिया करता हूं।
- अहमदाबाद। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की संचालन संस्था ने गुरुवार को यहां वार्षिक आम बैठक (एजीएम) के दौरान इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में दो नई फ्रेंचाइजियों के प्रवेश को स्वीकृति दी जिससे 2022 से यह 10 टीमों का टूर्नामेंट होगा। एक अन्य बड़े फैसले में बीसीसीआई अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) से कुछ स्पष्टीकरण के बाद क्रिकेट के टी20 प्रारूप को 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में शामिल करने की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की दावेदारी का सैद्धांतिक रूप से समर्थन करने को राजी हो गया। बोर्ड के सूत्र ने पीटीआई को बताया, दो नई टीमों को 2022 आईपीएल से शामिल किया जाएगा।' यह भी फैसला किया गया कि सभी पुरुष और महिला प्रथम श्रेणी खिलाड़ियों को कोविड-19 महामारी के कारण संशोधित घरेलू सत्र को देखते हुए उपयुक्त मुआवजा दिया जाएगा। बीसीसीआई कई महीनों के विलंब के बाद जनवरी में सैयद मुश्ताक अली टी20 चैंपियनशिप के साथ घरेलू सत्र शुरू करने की योजना बना रहा है। अन्य फैसलों में कांग्रेस के अनुभवी नेता राजीव शुक्ला को उत्तराखंड के माहिम वर्मा की जगह औपचारिक रूप से बोर्ड का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। यह भी पता चला है कि आम सभा ने आईसीसी बोर्ड में सौरव गांगुली के निदेशक के रूप में बकरार रहने के पख में फैसला किया है। सचिव जय शाह वैकल्पिक निदेशक और वैश्विक संस्था की मुख्य कार्यकारियों की समिति में भारत के प्रतिनिधि होंगे।
- मिलेगी 2023 विश्व कप के मैचों की मेजबानीभुवनेश्वर । ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गुरूवार को भारत का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम राउरकेला में बनाये जाने की घोषणा की और 20000 दर्शक क्षमता वाले इस स्टेडियम में एफआईएच पुरूष विश्व कप 2023 के मैच खेले जायेंगे । करीब 15 एकड़ भूमि में फैला यह स्टेडियम बीजू पटनायक तकनीक विश्व विद्यालय के परिसर में बनाया जायेगा । पटनायक ने वीडियो संदेश में इसकी घोषणा करते हुए कहा , जैसा कि हम पहले ही बता चुके हैं कि ओडिशा एक बार फिर 2023 विश्व कप हॉकी का मेजबान होगा । टूर्नामेंट के मैच भुवनेश्वर, राउरकेला और सुंदरगढ में खेले जायेंगे । पटनायक ने कहा , भारतीय हॉकी को सुंदरगढ के योगदान के सम्मान स्वरूप मैं घोषणा करता हूं कि हम राउरकेला में नया अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनायेंगे जिसकी दर्शक क्षमता 20000 होगी । उन्होंने कहा , इसमें तमाम आधुनिक सुविधायें होगी और मुझे उम्मीद है कि दुनिया में यह हॉकी के सर्वश्रेष्ठ स्टेडियमों में से एक होगा ।'' हाल ही में राज्य सरकार, अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ, खेल और युवा कार्य मंत्रालय और हॉकी इंडिया के अधिकारियों की एक उच्च स्तरी टीम ने राउरकेला का दौरा किया और बुनियादी ढांचे का जायजा लिया ।
- मेलबर्न। मेलबर्न क्रिकेट क्लब के सीईओ स्टुअर्ट फॉक्स ने गुरूवार को कहा कि क्लब भारत और आस्ट्रेलिया के बीच लगातार दो टेस्ट की मेजबानी करने के लिये तैयार है लेकिन वह चाहेंगे कि पारंपरिक तौर पर सिडनी में नये साल में खेला जाने वाला टेस्ट उसी मैदान पर हो । सिडनी के उत्तरी तटों पर कोरोना संक्रमण के नये मामले मिलने के बाद सात जनवरी से वहां शुरू होने वाले तीसरा टेस्ट को लेकर अनिश्चतता की स्थिति है । मेलबर्न में 26 दिसंबर से बॉक्सिंग डे टेस्ट होना है और वह तीसरे टेस्ट की मेजबानी की दौड़ में भी है। फॉक्स ने कहा , मैं क्रिकेट आस्ट्रेलिया से लगातार संपर्क में हूं और चाहता हूं कि सिडनी टेस्ट सिडनी में ही हो । इसे कहीं और कराने में मजा नहीं है । उन्होंने कहा, जरूरत पड़ने पर हम तीसरे टेस्ट की मेजबानी भी कर लेंगे । लेकिन पारंपरिक तौर पर नये साल का टेस्ट सिडनी में ही होता है और आस्ट्रेलियाई खेलों में उसका विशेष स्थान है।मैं चाहूंगा कि वह मैच सिडनी में ही हो ।' वैसे सिडनी के उत्तरी तटों पर हालात बेहतर हुए हैं लेकिन ऐसी आशंका है कि क्वींसलैंड जरूरी रियायत नहीं देगा यानी खिलाड़ी और प्रसारण दल सिडनी से ब्रिसबेन यात्रा नहीं कर सकेंगे जहां चौथा टेस्ट होना है । न्यू साउथवेल्स ने सिडनी टेस्ट बचाने की कवायद में कल कहा था कि वह ब्रिसबेन टेस्ट की मेजबानी को भी तैयार है । सिडनी मार्निंग हेराल्ड' की खबर के अनुसार क्रिकेट आस्ट्रेलिया के बोर्ड की गुरूवार को अहम बैठक है जिसमें सिडनी टेस्ट पर फैसला लिया जायेगा ।
-
अमृतसर। भारतीय साफ्टबॉल महासंघ ने बुधवार को यहां नीतल नारंग को अपना अध्यक्ष चुना। पहली बार किसी महिला को महासंघ का अध्यक्ष बनाया गया है। महासंघ की स्वर्ण जयंती के मौके पर नारंग को अध्यक्ष चुना गया।प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार वह पहले भारतीय साफ्टबॉल महासंघ की उपाध्यक्ष थीं और इस दौरान उन्होंने खेल को सुधारने और बढ़ावा देने में काफी महत्वपूर्ण योगदान दिया। विज्ञप्ति के मुताबिक महासंघ ने सर्वसम्मति से उन्हें अध्यक्ष चुना। वह राणा गुरमीत सिंह सोढी की जगह लेंगी जिन्हें आजीवन अध्यक्ष बनाया गया।
- बार्सीलोना। अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी ने बार्सीलोना के लिये 644वां गोल करके एक क्लब के लिये सर्वाधिक गोल करने का पेले का रिकार्ड तोड़ दिया जबकि एटलेटिको मैड्रिड ने रीयाल सोशिदाद को हराकर स्पेनिश फुटबॉल लीग में बढत बनाये रखी । मेस्सी के दो गोल की मदद से बार्सीलोना ने शनिवार को वाल्लाडोलिड को 3 . 0 से मात दी । यह बार्सीलोना के लिये उनका 644वां गोल था । पेले ने सांतोस के लिये 1957 से 1974 के बीच 643 गोल किये थे । एटलेटिको ने सोशिदाद को हराकर दूसरे स्थान पर काबिज रीयाल मैड्रिड पर तीन अंक की बढत बना ली । बार्सीलोना आठ अंक लेकर पांचवें स्थान पर है ।
- दुबई । लोकेश राहुल बुधवार को जारी आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) की पुरूष टी20 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की बल्लेबाजी रैंकिंग में तीसरे स्थान पर बरकरार हैं जबकि भारतीय कप्तान विराट कोहली एक पायदान के सुधार के साथ सातवें स्थान पर पहुंच गये हैं। राहुल और कोहली ही केवल दो भारतीय बल्लेबाज हैं जो तीनों वर्गों - बल्लेबाज, गेंदबाज और हरफनमौला - की खिलाड़ियों की रैंकिंग में शीर्ष-10 में शामिल हैं। राहुल 816 अंक से डेविड मलान (915) और बाबर आजम (820) के पीछे हैं जबकि कोहली के 697 अंक हैं। कोहली सभी तीनों प्रारूपों में शीर्ष 10 रैंकिंग में शामिल हैं, वह वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर हैं जबकि टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज हैं।
- बेंगलुरू। टीसीएस वर्ल्ड 10 के बेंगलुरू 2020 की प्रेरणादायी कहानियों में से एक पांच महीने की गर्भवती महिला का सिर्फ 62 मिनट में रेस पूरी करना है। जल्द ही मां बनने जा रही अंकिता गौड़ ने रविवार को टीसीएस वर्ल्ड विश्व 10के रन पूरी की। पिछले नौ साल से नियमित रूप से दौड़ रही अंकिता का मानना है कि ‘एक्टिविटी' उनके लिए सांस लेने की तरह है। अंकिता ने कहा, यह ऐसी चीज है जिसे मैं पिछले नौ साल से कर रही हूं, लगभग रोजाना। आप उठते हो और दौड़ने के लिए जाते हो। बेशक कभी-कभी आप चोटिल, बीमार होते हैं और ऐसा नहीं कर पाते।' उन्होंने कहा, इसके अलावा मैं पिछले नौ साल से नियमित रूप से दौड़ रही हूं, इसलिए यह मेरे लिए सांस लेने की तरह है। यह मेरे अंदर प्राकृतिक रूप से है।' पेशे से इंजीनियर अंकिता 2013 से टीसीएस वर्ल्ड 10के में हिस्सा ले रही हैं। वह इसके अलावा पांच से छह अंतरराष्ट्रीय मैराथन में भी हिस्सा ले चुकी हैं जिसमें बर्लिन (तीन बार), बॉस्टन और न्यूयॉर्क शामिल हैं। यह पूछने पर कि उन्होंने इस साल की प्रतियोगिता की तैयारी कैसे की तो अंकिता ने कहा, मैं पांच से आठ किमी नियमित रूप से दौड़ रही थी, धीरे-धीरे।' उन्होंने कहा, ‘‘मैं ब्रेक लेते हुए दौड़ रही थी और चल रही थी क्योंकि बेशक पांच महीने की गर्भवती होने के कारण मेरे शरीर पहले की तुलना में अलग है।
-
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिनर युजवेंद्र चहल शादी के बंधन में बंध गए और अपनी मंगेतर धनश्री के साथ सात फेरे लिए। चहल और धनश्री की शादी मंगलवार को मानेसर के होटल कर्मा लेकेंड में हुई। ये शादी सादे समारोह में कुछ दोस्तों व रिश्तेदारों की मौजूदगी में संपन्न हुई। चहल ने अपनी शादी का एलान सोशल मीडिया के जरिए किया और कुछ तस्वीरें भी शेयर की। चहल और धनश्री ने इसी साल अगस्त में आइपीएल 2020 से पहले सगाई की थी। चहल और धनश्री ने इस साल अगस्त में अपनी सगाई से पहले एक-दूसरे को डेट भी किया था और फिर एक-दूसरे का होने का फैसला किया था। धनश्री कोरियोग्राफर के साथ-साथ एक फेमस यूट्यूबर भी हैं। धनश्री आइपीएल 2020 के मध्य में यूएई भी गई थीं। चहल द्वारा शादी का एलान किए जाने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर कई क्रिकेटर्स ने बधाई दी। बधाई देने वाले क्रिकेटरों में शिखर धवन, सुरेश रैना, क्रिस गेल, मनदीप सिंह, करुण नायर, जयंत यादव के अलावा और भी कई खिलाड़ी शामिल हैं।
- नई दिल्ली। खेल मंत्रालय ने अगले वर्ष खेलो इंडिया में चार स्वदेशी खेलों को भी शामिल करने की मंजूरी दी है। हरियाणा में होने वाले इन खेलों में गटका, कलरी-पयट्टू, तांग-टा और मलखम्ब की स्पर्धाएं भी होंगी।खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि देश में स्वदेशी खेलों की समृद्ध विरासत है और खेल मंत्रालय इन खेलों के संरक्षण, प्रोत्साहन और लोकप्रियता को प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने कहा कि इन खेलों के खिलाडिय़ों के लिए खेलो इंडिया से बेहतर कोई मंच नहीं है। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया प्रतियोगिता अत्यधिक लोकप्रिय है और देशभर में इन खेलों का प्रसारण किया जाता है। श्री रिजिजू ने कहा कि योगासन के साथ इन चार स्पर्धाओं से खेलो इंडिया और अधिक खिलाडिय़ों के आकर्षण का केन्द्र बनेंगे।कलरी-पयट्टू केरल का खेल है जो दुनियाभर में खेला जाता है। मलखम्ब भी देशभर में लोकप्रिय है लेकिन मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में यह ज्यादा प्रसिद्ध है। गटका मूल रूप से पंजाब का खेल है जो निहंग सिख योद्धाओं की पारंपरिक युद्ध शैली है और खेल के साथ-साथ आत्मरक्षा के रूप में उपयोग किया जाता है। तांग-टा मणिपुर का मार्शल आर्ट है जिसे हाल के दशकों में भुला दिया गया लेकिन खेलो इंडिया से इस स्पर्धा को राष्ट्रीय पहचान मिलेगी।
- लंदन। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर जाक कैलिस को अगले महीने श्रीलंका में होने वाली दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए सोमवार को इंग्लैंड टीम का बल्लेबाजी सलाहकार नियुक्त किया गया। इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने एक बयान में कहा कि टीम दो जनवरी को श्रीलंका के लिए रवाना होगी। ईसीबी ने कहा, टीम दो जनवारी को रवाना होगी जिसके साथ सात कोचों का दल भी जाएगा। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व हरफनमौला जाक कैलिस इंग्लैंड की टीम से बल्लेबाजी कोचिंग सलाहकार के रूप में जुड़ेंगे।
- वर्जीनिया वाटर। ली वेस्टवुड को सोमवार को 2020 के लिए यूरोपीय टूर के साल के सर्वश्रेष्ठ गोल्फर के पुरस्कार के लिए चुना गया। रेस टू दुबई चैंपियन तालिका में शीर्ष पर रहे 47 साल के वेस्टवुड को चौथी बार इस पुरस्कार के लिए चुना गया है। वेस्टवुड ने अपने पेशेवर करियर के 27वें साल की शुरुआत अबु धाबी चैंपियनशिप में खिताब जीतकर की। वह चार अलग-अलग दशक में खिताब जीतने वाले पहले सक्रिय गोल्फर बने। वेस्टवुड ने 2020 का अंत करियर में तीसरी बार दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी के रूप में किया। इस दिग्गज गोल्फर को इससे पहले 1998, 2000 और 2009 में भी यूरोपीय टूर का साल का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।



























