जोबा में वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान शिविर आयोजित
-हितग्राही के परिवार को मिला 2 लाख का बीमा क्लेम
महासमुंद / वित्त मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के अंतर्गत आज विकासखंड महासमुंद के ग्राम पंचायत जोबा में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को बैंकिंग, बीमा एवं पेंशन योजनाओं से जोड़ना, वित्तीय सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना तथा वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय रिजर्व बैंक, रायपुर से महाप्रबंधक श्री मनीष परासर जी एवं उपमहाप्रबंधक श्री प्रदीप गोंधुले जी उपस्थित रहे। इसके साथ ही जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री प्रकाश चंद्र मेहेर, इंडियन ओवरसीज बैंक क्षेत्रीय कार्यालय से एफआई मैनेजर श्री उत्तम चंद्राकर, इंडियन ओवरसीज बैंक शाखा प्रबंधक श्री चंचल कुमार, अधिकारी श्री अनुराग कुशवाहा, एचडीएफसी बैंक शाखा भोरिंग से श्री सुरेश साहू तथा छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक शाखा तुमगांव से शांता कोशरिया एवं वित्तीय साक्षरता सलाहकार श्री ओम प्रकाश पटेल सहित ग्राम पंचायत के पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत खातों की री-केवाईसी एवं केवाईसी पूर्ण कराने, निष्क्रिय खातों का पुनः परिचालन शुरू कराने, बैंक खातों में नामांकन (नॉमिनेशन), प्रत्यक्ष लाभ अंतरण, लॉकर में नामांकन तथा अन्य बैंकिंग सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना में पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण इन जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान डिजिटल बैंकिंग एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को बढ़ते साइबर फ्रॉड एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए। उन्हें समझाया गया कि अपना ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाते एवं आधार से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें तथा अनजान मोबाइल कॉल, संदेश एवं लिंक से सावधान रहें। साथ ही बताया गया कि साइबर धोखाधड़ी होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
शिविर में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत 2 लाख की बीमा सहायता राशि का वितरण किया गया। ग्राम भोरिंग के एक हितग्राही ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत अपना बीमा कराया था। हितग्राही की मृत्यु के पश्चात योजना के तहत उनके पिता को 2 लाख की बीमा राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना जैसी कम प्रीमियम वाली सरकारी बीमा योजनाएं आम नागरिकों एवं उनके परिवारों को विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने बैंक खातों को सक्रिय रखें, समय-समय पर केवाईसी अपडेट कराएं, बैंक खातों में नामांकन अवश्य कराएं तथा परिवार के प्रत्येक पात्र सदस्य का बीमा एवं पेंशन योजनाओं में पंजीयन सुनिश्चित करें। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को वित्तीय रूप से जागरूक एवं सशक्त बनाने के साथ-साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।



.jpg)









Leave A Comment