- Home
- बिजनेस
- नयी दिल्ली। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) की तरफ से चलाई जाने वाली सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत सितंबर में करीब 13.37 लाख नए सदस्य जुड़े। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) की तरफ से गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक ईएसआईसी के साथ जुड़ने वाले नए कर्मचारियों की संख्या सितंबर में 13.37 लाख रही। अगस्त में यह आंकड़ा 13.42 लाख कर्मचारियों का था। इसके पहले जुलाई में भी ईएसआईसी योजना से 13.40 लाख नए कर्मचारी जुड़े थे।इन आंकड़ों को देश में संगठित क्षेत्र के बेहतर होते रोजगार परिदृश्य के रूप में देखा जा रहा है। खास तौर पर कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर कमजोर पड़ने के बाद संगठित रोजगार में सुधार होना एक राहत की बात है। एनएसओ ईएसआईसी, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) और पेंशन कोष नियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के सदस्य बनने वाले नए सदस्यों की संख्या के आधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार करता है। इस रिपोर्ट के मुताबिक सितंबर महीने में ईपीएफओ के पास 15.41 लाख नए पंजीकरण हुए जो अगस्त के 13.60 लाख से अधिक है। सितंबर 2017 से लेकर सितंबर 2021 के दौरान करीब 4.71 करोड़ नए सदस्य ईपीएफ योजना से जुड़ चुके हैं। हालांकि एनएसओ का यह मानना है कि कई स्रोतों से आंकड़े जुटाए जाने के कारण नए सदस्यों की संख्या में दोहराव होने की गुंजाइश रहती है।
- नयी दिल्ली। पार्टिसिपेटरी नोट (पी-नोट) के जरिये भारतीय बाजार में निवेश अक्टूबर के अंत तक बढ़कर 1.02 लाख करोड़ रुपये हो गया। यह 43 महीनों का उच्चतम स्तर है। पी-नोट पंजीकृत विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) द्वारा उन विदेशी निवेशकों को जारी किए जाते हैं जो सीधे खुद को पंजीकृत किए बिना भारतीय शेयर बाजार का हिस्सा बनना चाहते हैं। हालांकि, उन्हें एक उचित प्रक्रिया से गुजरना होता है। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर के अंत तक भारतीय बाजारों में पी-नोट निवेश का मूल्य (इक्विटी, डेट और हाइब्रिड सिक्योरिटी) 1,02,553 करोड़ रुपये था। यह मार्च 2018 के बाद का उच्चतम स्तर है। तब पी-नोट के जरिए 1,06,403 करोड़ रुपये का निवेश किया गया था। सेबी में पंजीकृत पोर्टफोलियो प्रबंधन सेवा (पीएमएस) कंपनी पाइपर सेरिका के संस्थापक और कोष प्रबंधक अभय अग्रवाल ने कहा कि अक्टूबर में पी नोट के माध्यम से कुल निवेश 5,000 करोड़ रुपये की वृद्धि के साथ 1.02 लाख करोड़ रुपये के नए उच्च स्तर पर पहुंच गया। उन्होंने कहा, "इससे भी ज्यादा दिलचस्प बात यह है कि इक्विटी का मूल्य लगभग 7,000 करोड़ रुपये बढ़ गया, जबकि बांड में निवेश मूल्य 2,000 करोड़ रुपये गिर गया। एफपीआई के रुख में यह बदलाव आश्चर्यजनक नहीं है क्योंकि उन्हें लग रहा है कि लंबी अवधि की ब्याज दरें नीचे आ गयी हैं। और मुद्रास्फीति के दबाव में रिजर्व बैंक 2022 में दरों में वृद्धि करने के लिए मजबूर होगा।
- नयी दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में तेजी तथा रुपये के मूल्य में गिरावट आने के बाद दिल्ली सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोने का भाव 195 रुपये की तेजी के साथ 46,625 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 46,430 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।चांदी की कीमत भी 569 रुपये बढ़कर 61,763 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 61,194 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार के आरंभिक कारोबार के दौरान अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 15 पैसे की गिरावट के साथ 74.55 रुपये प्रति डॉलर रह गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेजी के साथ 1,795 डॉलर प्रति औंस था, जबकि चांदी की कीमत 23.65 डॉलर प्रति औंस पर लगभग स्थिर रही। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, ''गुरुवार को कॉमेक्स (न्यूयॉर्क स्थित जिंस एक्सचेंज) में सोने की हाजिर कीमत 0.37 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,795 डॉलर प्रति औंस हो गया जिससे सोने की कीमतों में मजबूती रही।''
- नयी दिल्ली। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बनाने वाली दक्षिण कोरियाई कंपनी सैमसंग की भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) और अन्य प्रमुख इंजीनियरिंग संस्थानों से 1,000 इंजीनियरों की भर्ती करने की योजना है। सैमसंग ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि 2022 में स्नातक करने वाले युवा इंजीनियरों को कृत्रिम मेधा, मशीन लर्निंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स एवं क्लाउड डेटा विश्लेषण जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों के लिए नियुक्त किया जाएगा। बयान के अनुसार सैमसंग अपने तीन अनुसंधान एवं विकास केंद्रों (बेंगलुरु, नोएडा और दिल्ली) के लिए दिल्ली, कानपुर, मुंबई, मद्रास, गुवाहाटी, खड़गपुर, बीएचयू, रुड़की और अन्य नए आईआईटी परिसरों से लगभग 260 युवा इंजीनियरों की भर्ती करेगी। कंपनी बाकी नियुक्ति बिट्स पिलानी, आईआईआईटी (भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान)और एनआईटी (राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान) जैसे अन्य इंजीनियरिंग संस्थानों से करेगी। सैमसंग इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और प्रमुख (मानव संसाधन) समीर वधावन ने कहा कि भारत में अनुसंधान और विकास (आर एंड डी) क्षेत्र पिछले कुछ साल में काफी विकसित हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘ हमने 1,000 से अधिक इंजीनियरों को नियुक्त करने की योजना बनाई है।
- नयी दिल्ली। हीरो इलेक्ट्रिक की त्योहारी सीजन (एक अक्टूबर से 15 नवंबर) की खुदरा बिक्री पिछले साल की समान अवधि की तुलना में दोगुना से अधिक होकर 24,000 इकाई रही है। कंपनी ने एक बयान में यह जानकारी दी। पिछले साल समान अवधि में कंपनी ने 11,339 वाहन बेचे थे। कंपनी ने कहा कि फेम दो (फास्टर एडॉप्शन एंड मैन्युफैक्चरिंग ऑफ इलेक्टिक वेहिकल्स इन इंडिया) नीति में हालिया संशोधन से देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग बढ़ी है। इस नीति के तहत इलेक्ट्रिक दोपहिया पर अग्रिम प्रोत्साहन दिया जाता है। हीरो इलेक्ट्रिक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सोहिंदर गिल ने कहा, इस सीजन में हमें अपने शोरूम पर दो स्पष्ट संकेत देखने को मिले। बड़ी संख्या में ग्राहकों ने पेट्रोल बाइक की तुलना में हीरो ई-बाइक को प्राथमिकता दी। वहीं बड़ी संख्या में ग्राहकों ने पर्यावरण और टिकाऊ क्षमता की वजह से ऐसी बाइक खरीदीं।
- नयी दिल्ली। उद्योग मंडल एसोचैम ने बुधवार को कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) को आर्थिक वृद्धि की रफ्तार को कायम रखने के लिए जब तक जरूरी हो ब्याज दरों के मोर्चे पर उदार रुख को बरकरार रखा चाहिए। एसोचैम ने कहा कि जहां मुद्रास्फीति विशेष रूप से थोक मूल्य सूचकांक आधारित महंगाई की चिंता को दूर करने की जरूरत है। इसके अलावा उदार रुख को पलटने को छोड़कर अन्य उपाय किए जाने चाहिए। एसोचैम ने एक बयान में कहा, "रिजर्व बैंक और उसकी मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) ने मौजूदा नीतिगत दरों को बनाए रखने के लिए एक सराहनीय काम किया है। हालांकि, कुछ विकसित अर्थव्यवस्थाओं में केंद्रीय बैंक उदार रुख नीतियों को कम करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।'' बयान में कहा गया, "हमें यकीन है और जैसा कि हम कहते भी रहे हैं, रिजर्व बैंक इसका पालन नहीं करेगा और कम ब्याज दरों को जारी रखेगा।
- चेन्नई। हिंदुजा समूह की प्रमुख कंपनी अशोक लेलैंड ने वैकल्पिक ईंधन प्रौद्योगिकी पर ध्यान केंद्रित करने के लिए एक टीम बनायी है। इस प्रौद्योगिकी में सीएनजी एवं एलएनजी जैसे कम कार्बन उत्सर्जन वाले ईंधनों का इस्तेमाल होता है। कंपनी ने बुधवार को कहा कि यह हरित परिवहन भविष्य के निर्माण की दिशा में बढ़ने की एक कोशिश है।चेन्नई की वाणिज्यिक वाहन विनिर्माता कंपनी ने वैकल्पिक ईंधन पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित करने के लिए होसुर में स्थित अपने मौजूदा परीक्षण प्रतिष्ठान का इस्तेमाल करने की भी घोषणा की। इसके साथ ही अशोक लेलैंड ने बुधवार को हरित परिवहन भविष्य के निर्माण के लिए कई पहल की घोषणा की। कंपनी ने यहां एक बयान में कहा कि वैकल्पिक ईंधन क्षेत्र में अपनी उपस्थिति बढ़ाने के लिए उसने कई उत्पादों की योजना बनायी है और इसकी शुरुआत सीएनजी और एलएनजी से होगी।
- नयी दिल्ली। रियल एस्टेट पोर्टल हाउसिंग डॉट कॉम ने अपने ग्राहकों को कानूनी सहायता सेवा मुहैया कराने के लिए स्टार्टअप लीगलकार्ट, लॉराटो, विधिकार्य और वकील सर्च के साथ साझेदारी की है। हाउसिंग डॉट कॉम ने बुधवार को एक बयान में इसकी जानकारी दी। उसने बताया कि ये सेवाएं दो अन्य ब्रांड- प्रॉप टाइगर डॉट कॉम या मकान डॉट कॉम की सेवाओं का उपयोग करने वाले उन ग्राहकों के लिए भी उपलब्ध होंगी। इन ब्रांड पर हाउसिंग डॉट कॉम के साथ आरईए इंडिया का स्वामित्व है। कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘हाउसिंग डॉट कॉम ने प्रमुख ऑनलाइन कानूनी सहायता स्टार्टअप लीगलकार्ट, लॉराटो, विधिकार्य और वकील सर्च के साथ साझेदारी की है ताकि खरीदारों या निवेशकों को उनकी संपत्ति खरीदने की यात्रा में सहायता मिल सके।'' कानूनी मुद्दे रियल एस्टेट क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए प्रमुख समस्या रही हैं और यह पेशकश उस जरूरत को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगी।
- नयी दिल्ली। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी सेवा क्षेत्र में चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही के दौरान सकल रूप से 4.5 लाख कर्मचारी जुड़ने की उम्मीद है। बाजार आसूचना कंपनी अनअर्थइनसाइट की एक रिपोर्ट में यह अनुमान लगाया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मार्च, 2022 को समाप्त होने वाले वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में भारतीय आईटी सेवा क्षेत्र में सकल आधार पर 4.5 लाख कर्मचारियों की वृद्धि होने की उम्मीद है। रिपोर्ट कहती है कि दूसरी छमाही में कर्मचारियों की कंपनी छोड़ने की ऊंची 17 से 19 प्रतिशत की दर के चलते शुद्ध रूप से कर्मचारियों की संख्या में 1.75 लाख की वृद्धि होगी।
- नयी दिल्ली। सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय ने कहा है कि जल्द ही छत्तीसगढ़ में 25 और हरियाणा में पांच प्राकृतिक पेंट विनिर्माण इकाइयां लगाई जाएंगी। एमएसमएई मंत्रालय ने मंगलवार को बयान में कहा कि इस बारे में खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) के साथ प्रौद्योगिकी हस्तांतरण करार पर हस्ताक्षर किए गए हैं। मंत्रालय ने कहा कि केवीआईसी द्वारा गाय के गोबर का कच्चे माल के रूप में इस्तेमाल कर विकसित खादी प्राकृतिक पेंट को छत्तीसगढ़ और हरियाणा ने सतत रोजगार के मॉडल के रूप में अपनाया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपस्थिति में राज्य सरकार ने 21 नवंबर को केवीआईसी के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। हरियाणा के साथ समझौता ज्ञापन पर 12 नवंबर को हस्ताक्षर किए गए थे।
- नयी दिल्ली। भारत कच्चे तेल की कीमतों में कमी लाने के लिए अपने रणनीतिक तेल भंडार से 50 लाख बैरल कच्चा तेल निकालने की योजना बना रहा है। एक न्यूज़ एजेंसी के अनुसार सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के साथ तालमेल बनाकर यह कच्चा तेल बाजार में लाया जाएगा। अधिकारी के मुताबिक, अगले हफ्ते-दस दिन में यह प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि भारत के रणनीतिक भंडार से निकाले जाने वाले कच्चे तेल को मंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (एमआरपीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) को बेचा जाएगा। ये दोनों सरकारी तेल शोधन इकाइयां रणनीतिक तेल भंडार से पाइपलाइन के जरिये जुड़ी हुई हैं। इस अधिकारी ने कहा कि इस बारे में औपचारिक घोषणा जल्द ही की जाएगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर भारत अपने रणनीतिक भंडार से और कच्चे तेल की निकासी का भी फैसला ले सकता है। भारत ने कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में जारी तेजी के बीच अन्य बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के साथ मिलकर अपने आपातकालीन तेल भंडार से निकासी का मन बनाया है। इससे कच्चे तेल की कीमतों में कमी आने का आधार तैयार होगा। भारत ने अपने पश्चिमी एवं पूर्वी दोनों तटों पर रणनीतिक तेल भंडार बनाए हुए हैं। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम और कर्नाटक के मंगलूरु एवं पदुर में ये भूमिगत तेल भंडार बनाए गए हैं। इनकी सम्मिलित भंडारण क्षमता करीब 3.8 करोड़ बैरल की है। भारत ने यह कदम तेल उत्पादक देशों की तरफ से कीमतों में कमी लाने के लिए उत्पादन बढ़ाने से इनकार करने के बाद उठाने का मन बनाया है। इसके लिए अमेरिका ने भारत के अलावा चीन एवं जापान से भी मिलकर प्रयास करने का अनुरोध किया था। इस अधिकारी ने अपना नाम सामने न आने की शर्त पर कहा कि दूसरे देशों के साथ समन्वय बनाकर रणनीतिक भंडार से तेल निकासी का काम शुरू किया जाएगा। इसका समय इस बारे में अमेरिकी सरकार की औपचारिक घोषणा पर निर्भर करेगा। भारत दुनिया का तीसरा बड़ा तेल उपभोक्ता देश है। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पिछले हफ्ते दुबई में कहा था कि तेल कीमतें बढ़ने का असर वैश्विक आर्थिक पुनरुद्धार पर पड़ेगा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम 78 डॉलर प्रति बैरल पर हैं। पिछले महीने यह 86 डॉलर प्रति बैरल से भी ज्यादा हो गया था लेकिन यूरोप के कुछ देशों में फिर से लॉकडाउन लगने और प्रमुख उपभोक्ता देशों के मिलकर सुरक्षित तेल जारी करने की धमकियों से इसमें गिरावट आई है।
- नयी दिल्ली। प्रमुख खाद्य कंपनी पारले प्रोडक्ट्स ने उत्पादन लागत में वृद्धि के मद्देनजर अपने उत्पादों की सभी श्रेणियों में कीमतों में पांच से 10 प्रतिशत की वृद्धि की है। कंपनी के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि चीनी, गेहूं और खाद्य तेल जैसे कच्चे माल की कीमतों में वृद्धि के चलते यह कदम उठाना पड़ा है। बिस्कुट खंड में पारले के उत्पादों में पारले जी, हाइड एंड सीक और क्रैकजैक जैसे लोकप्रिय ब्रांड शामिल हैं। कंपनी ने रस्क और केक खंड में कीमतों में क्रमशः 5-10 प्रतिशत और 7-8 प्रतिशत की वृद्धि की है। इसका सबसे लोकप्रिय ग्लूकोज बिस्किट पारले जी अब 6-7 प्रतिशत महंगा हो गया है। पारले प्रोडक्ट्स के वरिष्ठ श्रेणी प्रमुख मयंक शाह ने कहा, ‘‘हमने कीमतों में 5-10 प्रतिशत की वृद्धि की है।'' उन्होंने कहा कि कंपनी ने 20 रुपये या अधिक मूल्य के बिस्कुट और अन्य उत्पादों के दाम बढ़ाए हैं। वहीं कीमतों को आकर्षक स्तर पर बनाए रखने के लिए पैकेट के ‘ग्राम' में कटौती की है।
- नयी दिल्ली। देश के अधिकांश शहरों में टमाटर की खुदरा कीमतें 80 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास चल रही हैं, लेकिन सरकारी आंकड़ों के अनुसार, व्यापक बारिश के कारण कुछ दक्षिणी राज्यों में इसका खुदरा भाव 120 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया है। चेन्नई में टमाटर का खुदरा भाव 100 रुपये प्रति किलो, पुडुचेरी में 90 रुपये प्रति किलो, बेंगलुरु में 88 रुपये प्रति किलो और हैदराबाद में 65 रुपये प्रति किलो हो गया है। केरल में टमाटर की खुदरा कीमतें कोट्टायम में 120 रुपये प्रति किलो, एर्नाकुलम में 110 रुपये प्रति किलो, तिरुवनंतपुरम में 103 रुपये प्रति किलो, पलक्कड़ में 100 रुपये प्रति किलो, त्रिशूर में 97 रुपये प्रति किलो तथा वायनाड और कोझीकोड में 90 रुपये प्रति किलो पर चल रही हैं। कर्नाटक में टमाटर का खुदरा भाव धारवाड़ में 85 रुपये किलो, मैसूर में 84 रुपये किलो, मेंगलूर में 80 रुपये किलो और बेल्लारी में 78 रुपये किलो है। आंध्र प्रदेश में टमाटर की कीमतें विजावाड़ा में 91 रुपये प्रति किलो, विशाखापत्तनम में 80 रुपये प्रति किलो और तिरुपति में 75 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई हैं। तमिलनाडु में रामनाथपुरम में टमाटर 119 रुपये प्रति किलो, तिरुनेलवेली में 103 रुपये किलो, तिरुचिरापल्ली में 97 रुपये किलो, कुड्डालोर में 94 रुपये किलो और कोयंबटूर में 90 रुपये किलो बिक रहा है। हालांकि, उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के 167 केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में टमाटर 72 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव बिक रहा है। आंकड़ों के अनुसार, टमाटर की खुदरा कीमतों में अक्टूबर की शुरुआत से वृद्धि शुरू हुई और नवंबर में यह उच्चस्तर पर बनी हुई हैं। आजादपुर टमाटर संघ के अध्यक्ष अशोक कौशिक ने कहा, ‘‘दक्षिण भारत से दिल्ली को टमाटर की आपूर्ति बारिश के कारण प्रभावित हुई है। अगर आने वाले दिनों में बारिश जारी रही, तो राष्ट्रीय राजधानी में कीमतें मौजूदा स्तर से भी बढ़ सकती हैं।'' उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्यों उत्तराखंड, राजस्थान और मध्य प्रदेश से देसी किस्म के टमाटर की आवक के कारण आजादपुर थोक बाजार में टमाटर की कीमतों में मंगलवार को थोड़ी गिरावट आई।
- नयी दिल्ली,। पेटीएम की मूल कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस का शेयर मंगलवार को 10 प्रतिशत चढ़ गया। सूचीबद्धता के बाद लगातार दो कारोबारी सत्रों में पेटीएम का शेयर टूटा था। बीएसई में कंपनी का शेयर 9.90 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,494.95 रुपये पर बंद हुआ। दिन में कारोबार के दौरान यह 12.10 फीसदी उछलकर 1,525 रुपये पर पहुंचा था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में कंपनी का 9.93 प्रतिशत के लाभ से 1,494.70 रुपये पर बंद हुआ। वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड के शेयर की गुरुवार को बाजार में कमजोर शुरुआत हुई थी और यह 2,150 रुपये के निर्गम मूल्य से 27 प्रतिशत नीचे आ गया था।
- नई दिल्ली। दूरसंचार परिचालक भारती एयरटेल ने सोमवार को विभिन्न प्रीपेड पेशकश के लिए टैरिफ में 20-25 प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की, जिसमें टैरिफ वॉयस प्लान, असीमित वॉयस बंडल और डेटा टॉप अप शामिल हैं। शुरुआती स्तर के वॉयस प्लान में लगभग 25 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है, जबकि अनलिमिटेड वॉयस बंडल के ज्यादातर मामलों में बढ़ोतरी लगभग 20 फीसदी है।कंपनी ने कहा कि उसने हमेशा यह सुनिश्चित किया है कि मोबाइल प्रति उपयोगकर्ता औसत राजस्व (एआरपीयू) 200 रुपये और आखिरकार 300 रुपये होना चाहिए, ताकि पूंजी पर उचित प्रतिफल मिल सके।एयरटेल ने एक बयान में कहा, हम यह भी मानते हैं कि एआरपीयू के इस स्तर से नेटवर्क और स्पेक्ट्रम में जरूरी पर्याप्त निवेश किया जा सकेगा। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि इससे एयरटेल को भारत में 5जी लागू करने के लिए मदद मिलेगी। नए टैरिफ 26 नवंबर 2021 से लागू होंगे। शुरुआती वायस प्लान का टैरिफ 28 दिनों की वैधता के साथ मौजूदा 79 रुपये की जगह अब 99 रुपये होगा। इसमें 50 प्रतिशत अधिक टॉकटाइम (99 रुपये), 200 एमबी डेटा और एक पैसा प्रति सेंकेंड का वॉयस टैरिफ जैसे लाभ शामिल हैं।
- नयी दिल्ली। रियल एस्टेट क्षेत्र की अग्रणी सलाहकार फर्म कोलियर्स ने भारत में अपने कारोबार के विस्तार के लिए आक्रामक रणनीति अख्तियार करते हुए अगले साल एक हजार से अधिक कर्मचारियों की नियुक्ति करने का फैसला किया है। कोलियर्स इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रमेश नायर ने कहा कि अगले साल कंपनी भारत में करीब एक हजार नए कर्मचारियों की भर्ती करने के अलावा जनवरी में दो नई सेवाएं भी शुरू करने जा रही है। यह भारतीय बाजार में विस्तार के लिए कंपनी की आक्रामक रणनीति का हिस्सा है। नायर ने एजेंसी को दिए गए साक्षात्कार में कहा कि कोलियर्स इंडिया को लाभपरकता के लिहाज से देश की शीर्ष तीन रियल एस्टेट सलाहकार फर्मों में शामिल करने के लक्ष्य को देखते हुए यह रणनीति अपनाई गई है। नायर इस साल जुलाई में ही इस कंपनी के सीईओ बने हैं। कनाडा स्थित सलाहकार फर्म कोलियर्स की भारतीय अनुषंगी कोलियर्स इंडिया के मुखिया के तौर पर नायर ने कहा कि कर्मचारियों की संख्या बढ़ाना, सही कार्यसंस्कृति अपनाना, अपने ब्रांड की मार्केटिंग, नवाचारी तकनीकों को लागू करना और अपने ग्राहक आधार को बढ़ाना जरूरी है। नायर ने कहा, ‘‘हम अपनी मजबूती पर टिके रहेंगे। हम देश में सबसे बड़ी परियोजना प्रबंधन कंपनी हैं। अब हमें कार्यालय, औद्योगिक एवं भंडारगृह और पूंजी बाजार खंडों में अपनी बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने की जरूरत है।'' उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी स्तरों पर नए कर्मचारियों की भर्ती से मदद मिलेगी।फिलहाल कोलियर्स इंडिया में करीब 3,000 कर्मचारी काम कर रहे हैं। अगले साल एक हजार नई भर्तियां करने की योजना है। कंपनी की जनवरी, 2022 में दो नई सेवाएं शुरू करने की भी तैयारी है। हालांकि, उन्होंने इसका ब्योरा नहीं दिया लेकिन यह जरूर कहा कि कंपनी कारोबार विकास के साथ खाता प्रबंधन पर भी जोर देती रहेगी। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के झटके से अब रियल एस्टेट क्षेत्र काफी हद तक उबरता दिख रहा है। आवासीय क्षेत्र के अलावा कार्यालय एवं शॉपिंग मॉल के क्षेत्र में भी सुधार के संकेत नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोविड टीकाकरण की रफ्तार और सुधरे आर्थिक हालात इसे मजबूती दे रहे हैं।
- मुंबई। किराये पर इलेक्ट्रिक स्कूटर देने वाली स्टार्टअप बाउंस का पहला उपभोक्ता इलेक्ट्रिक स्कूटर 'इन्फिनिटी' अगले महीने यानी दो दिसंबर को घरेलू बाजार में उतारा जाएगा। इसकी डिलिवरी 2022 की शुरुआत में शुरू होने की उम्मीद है। बेंगलुरु से कारोबार का संचालन करने वाली कंपनी ने इससे पहले 22 मोटर्स का अधिग्रहण किया था। इसके तहत 22 मोटर्स के राजस्थान के भिवाड़ी संयंत्र का भी अधिग्रहण किया गया था। यह सौदा करीब 70 लाख डॉलर में हुआ था। इसके अलावा कंपनी ने इसी महीने अपने ई-स्कूटर विनिर्माण और बैटरी अदला-बदली ढांचे में अगले 12 माह में 10 करोड़ डॉलर का निवेश करने की घोषणा की थी। बाउंस ने रविवार को एक बयान में कहा कि उसका उपभोक्ता इलेक्ट्रिक स्कूटर इन्फिनिटी दो दिसंबर को घरेलू बाजार में पेश किया जाएगा और इसकी बुकिंग भी उसी दिन से शुरू हो जायेगी। कंपनी ने मुताबिक, इस स्कूटर की आपूर्ति हालांकि अगले वर्ष की शुरुआत से होगी। पूर्ण रूप से देश में विनिर्मित इस स्कूटर को 499 रुपये के अग्रिम भुगतान के साथ बुक किया जा सकता है। बाउंस इन्फिनिटी स्कूटर में स्मार्ट और हटाने जाने योग्य लिथियम-आयन बैटरी होगी, जिसे ग्राहक अपनी सुविधा और जरूरत के अनुसार निकालकर कहीं भी चार्ज कर सकते हैं। कंपनी घरेलू बाजार की क्षमता को देखते हुए दक्षिण भारत में एक और संयंत्र स्थापित करने पर विचार कर रही है।
- नयी दिल्ली। ओला इलेक्ट्रिक ने शनिवार को कहा कि उसने देश भर में अपने इलेक्ट्रिक स्कूटरों के लिए ग्राहक टेस्ट राइड का विस्तार किया है। कंपनी के एक बयान में कहा गया है कि इस विस्तार के साथ, 1,000 से अधिक शहरों और कस्बों में ग्राहक ओला एस1 इलेक्ट्रिक स्कूटर की सवारी को परख और अनुभव कर सकेंगे। बयान में कहा गया कि टेस्ट राइड शुरू में केवल उन लोगों के लिए खुली होंगी, जिन्होंने ओला एस1 और एस1 प्रो स्कूटर खरीदे या आरक्षित किए हैं। ओला ने 10 नवंबर को बेंगलुरु, दिल्ली, अहमदाबाद और कोलकाता में टेस्ट राइड की शुरुआत की थी और फिर 19 नवंबर को पांच और शहरों- चेन्नई, हैदराबाद, कोच्चि, मुंबई और पुणे में इसकी शुरुआत की थी। बयान में कहा गया है कि कंपनी अब 15 दिसंबर तक सभी ग्राहकों को टेस्ट राइड की सुविधा प्रदान करने के लिए तेजी से और स्थानों पर इसका विस्तार करेगी।
- नयी दिल्ली। ई-कॉमर्स ‘रोल अप' कंपनी 10क्लब ने शुक्रवार को कहा कि उसने लॉन और उद्यान खंड में काम कर रही तीन ई-कॉमर्स कंपनियों का अधिग्रहण किया है। 10क्लब ने जिन फर्मों का अधिग्रहण किया है उनमें क्राफ्टसीड्स, गेट गार्डन और कृति कलश शामिल हैं। इन अधिग्रहण के साथ 10क्लब को पांच करोड़ डॉलर का वार्षिक राजस्व ‘रन रेट' हासिल होने की उम्मीद है। तीनों कंपनियों के कर्मचारी 10क्लब में शामिल हो जाएंगे, जिससे उसके कर्मचारियों की संख्या आठ गुना बढ़कर 400 हो जाएगी, जो वर्तमान में 48 है। 10क्लब के अधिग्रहण वाले तीनों ब्रांड बीज, मिट्टी, खाद, प्लांटर्स, उपकरण और हर उस प्रकार के उपकरणों की विशेषज्ञता रखते हैं, जिनकी उपभोक्ताओं को अपने घर में बागवानी के लिए जरूरत हो सकती है।
- नयी दिल्ली। जर्मनी की लग्जरी कार कंपनी मर्सिडीज-बेंज ने शुक्रवार को अपनी कॉम्पैक्ट कार एएमजी ए 45 एस 4मैटिक+ पेश की, जिसकी शोरूम कीमत 79.50 लाख रुपये है। मर्सिडीज-बेंज इंडिया ने एक बयान में कहा कि यह मॉडल 2 लीटर टर्बोचार्ज्ड इंजन द्वारा संचालित है, जो 421 एचपी की शक्ति प्रदान करता है। यह मॉडल 3.9 सेकंड में 0-100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकता है और इसकी अधिकतम गति 270 किमी प्रति घंटा है। इस मौके पर मर्सिडीज-बेंज इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मार्टिन श्वेंक ने कहा, ‘‘हम नयी मर्सिडीज-एएमजी ए 45 एस 4मैटिक+ को उतारने साथ अपनी ए-क्लास श्रेणी को मजबूत कर रहे हैं। यह देश में सबसे तेज हैचबैक कार है।'' उन्होंने कहा कि कंपनी अपनी समग्र विकास रणनीति में नई पीढ़ी की स्पोर्ट्स कार के महत्व पर भी जोर दे रही है।
- मुंबई। सुंदरम एसेट मैनेजमेंट कंपनी (एएमसी) ने शुक्रवार को कहा कि उसे भारत में प्रिंसिपल एएमसी के अधिग्रहण के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की मंजूरी मिल गई है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सुंदरम फाइनेंस की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी प्रिंसिपल इंडिया द्वारा प्रबंधित योजनाओं और प्रिंसिपल एसेट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड, प्रिंसिपल ट्रस्टी कंपनी प्राइवेट लिमिटेड और प्रिंसिपल रिटायरमेंट एडवाइजर्स की 100 प्रतिशत शेयर पूंजी का अधिग्रहण करेगी। इस सौदे की घोषणा 28 जनवरी को की गई थी। सौदे के मूल्य का खुलासा नहीं किया गया है।
- नयी दिल्ली। रूट मोबाइल लि. ने पात्र संस्थागत नियोजन (क्यूआईपी) से 867.49 करोड़ रुपये जुटाए हैं। रूट मोबाइल एक सेवा के रूप में संचार मंच (सीपीएएएस) है। कंपनी ने शुक्रवार को बयान में कहा कि उसके क्यूआईपी में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू निवेशकों के साथ कई मौजूदा और नए शेयरधारकों ने भाग लिया। रूट मोबाइल लि. के प्रबंध निदेशक एवं समूह मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राजदीपकुमार ने बताया कि क्यूआईपी में भाग लेने वाले कुछ बड़े निवेशकों में स्टेडव्यू कैपिटल मॉरीशस लि., आरबीसी एशिया पैसिफिक एक्स-जापान इक्विटी फंड, कुबेर इंडिया फंड आदि शामिल हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम क्यूआईपी में कुछ नए निवेशकों की भागीदारी तथा मौजूदा निवेशकों के समर्थन से काफी खुश हैं।
- नयी दिल्ली। डिजिटल भुगतान कंपनी फोनपे ने 135 करोड़ रुपये के कर्मचारी शेयर विकल्प (ईसॉप) की पुनर्खरीद की घोषणा की है। कंपनी ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि पुनर्खरीद का विकल्प कर्मचारियों को वरिष्ठता के आधार पर तीन स्तरीय मॉडल के तहत अमल में लाया जाएगा। कंपनी के संस्थापक पुनर्खरीद में भाग नहीं लेंगे जबकि शीर्ष नेतृत्व अपने निहित शेयरों का 10 प्रतिशत तक बेच सकता है। वहीं अन्य मौजूदा कर्मचारी अपने शेयरों का 25 प्रतिशत तक बेच सकते हैं। फोनपे के मानव संसाधन प्रमुख मनमीत संधू ने कहा, "हमने पिछले वर्ष दिसंबर में अपने सभी कर्मचारियों के लिए इसॉप योजना शुरू की थी और अपने 00 प्रतिशत कर्मचारियों को इस योजना के तहत शेयर जारी किए थे। इस अवधि को अगले महीने पूरा एक साल हो जाएगा, इसलिए यह सभी को कुछ तरलता प्रदान करने का एक अच्छा समय है।" वर्तमान में कंपनी के कर्मचारियों की संख्या 2,500 है। फोनपे ने पिछले वर्ष दिसंबर में अपने सभी 2,200 कर्मचारियों को 1,500 करोड़ रुपये के ईसॉप जारी किये थे।
- नयी दिल्ली। डिजिटल भुगतान कंपनी गूगल पे अपने ऐप पर 'स्पीच टू टेक्स्ट फीचर' का विकल्प देगी। इसके जरिये प्रयोगकर्ता अपनी आवाज से खाता संख्या जोड़ सकेंगे और भुगतान कर सकेंगे। फ़ोन पे, पेटीएम और अमेजन पे से प्रतिस्पर्धा करने वाली गूगल पे का कहना है कि इस श्रेणी में और वैश्विक स्तर पर यह गूगल का नवनीतम फीचर है। इसके साथ ही एप्लिकेशन में पसंदीदा भाषा के रूप में 'हिंगलिश' का भी विकल्प जोड़ा गया है। गूगल पे के उपाध्यक्ष (उत्पाद प्रबंधन) अंबरीश केंघे ने कहा, ‘‘हम भुगतान को आसान बनाने के लिए मिशन पर है। सामान्य तौर पर, जिस तरह से हम इसके बारे में सोचते हैं, वह सभी के लिए बहुत सारे आर्थिक अवसर पैदा कर रहा है। हम भारत में डिजिटल भुगतान पारिस्थितिकी तंत्र से खुश हैं।'' उन्होंने कहा कि कंपनी का मुख्य ध्यान डिजिटल भुगतान को सभी के लिए प्रासंगिक और समावेशी बनाने के साथ-साथ अपने प्रयासों के हिस्से के रूप में नवाचार और सर्वोत्तम प्रौद्योगिकी लाने पर केंद्रित है।
- नयी दिल्ली ।बहुमूल्य धातुओं की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में तेजी के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को सोने का भाव 21 रुपये की मामूली तेजी के साथ 48,196 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 48,175 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। हालांकि, चांदी की कीमत 121 रुपये टूटकर 65,147 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 65,268 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेजी के साथ 1,869 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी 25.09 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रही। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार को कॉमेक्स (न्यूयॉर्क स्थित जिंस एक्सचेंज) में सोने की हाजिर कीमत तेजी के साथ 1,869 डॉलर प्रति औंस हो गयी जिससे यहां सोने की कीमतों में मजबूती रही। डॉलर के कमजोर होने तथा अमेरिकी बांड आय में गिरावट से सोने की कीमतों में मजबूती रही।



























