ब्रेकिंग न्यूज़

एयरटेल पोस्टपेड ग्राहकों को स्वतः मिलेगा 'प्रायोरिटी पोस्टपेड' सेवा का लाभ: एयरटेल एमडी

नयी दिल्ली. दूरसंचार कंपनी एयरटेल के पोस्टपेड ग्राहकों को कंपनी की हाल ही में शुरू की गई 'प्रायोरिटी पोस्टपेड' सेवाओं का लाभ स्वतः मिलेगा। यह सेवा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार बेहतर स्पीड देने का वादा करती है। एयरटेल इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) शाश्वत शर्मा ने ग्राहकों को लिखे पत्र में कहा कि प्रीपेड ग्राहकों को इस सेवा का लाभ लेने के लिए अपनी सेवा को पोस्टपेड में अपग्रेड करना होगा। उन्होंने कहा, '' एयरटेल प्रायोरिटी पोस्टपेड सभी पोस्टपेड सेवा पर उपलब्ध है। यदि आप पहले से पोस्टपेड पर हैं तो आपको इसका स्वतः लाभ मिलेगा। यदि आप वर्तमान में प्रीपेड ग्राहक हैं तो आप एयरटेल ऐप पर जाकर अपनी मौजूदा सेवा को पोस्टपेड में अपग्रेड कर सकते हैं।'' भारती एयरटेल ने 19 मई को 'प्रायोरिटी पोस्टपेड 5जी' सेवा पेश की थी, ताकि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी अपने ग्राहकों को तेज एवं अधिक विश्वसनीय दूरसंचार सेवाएं दी जा सकें। इसके तहत उपयोगकर्ताओं के लिए नेटवर्क का एक समर्पित हिस्सा आवंटित किया गया है और उन्हें अन्य सेवा श्रेणियों से अलग रखा गया है। कंपनी ने 'प्रायोरिटी पोस्टपेड' सेवा शुरू करने के लिए 'नेटवर्क स्लाइसिंग' प्रौद्योगिकी का उपयोग किया है। यह 'स्लाइसिंग' प्रौद्योगिकी पोस्टपेड ग्राहकों को अन्य सेवाओं से अलग करेगी और एक तरह से उन्हें प्रीपेड ग्राहकों की बड़ी संख्या से अलग एक समर्पित तेज लाइन से सेवा उपलब्ध कराएगी। शर्मा ने कहा, '' आपमें से कई लोगों ने बताया है कि कभी-कभी भीड़भाड़ वाले बाजार, ट्रैफिक जाम या किसी कार्यक्रम में वीडियो कॉल करना, ईमेल डाउनलोड करना या फोटो अपलोड करना मुश्किल हो जाता है। यह एक समस्या है जिसे हम हल करना चाहते थे। इसी वजह से हमने 'एयरटेल प्रायोरिटी पोस्टपेड' शुरू किया है। इसे खास तौर पर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी आपको लगातार बेहतर अनुभव देने के लिए तैयार किया गया है।'' गौरतलब है कि वैश्विक दूरसंचार कंपनियों एरिक्सन और नोकिया ने 'प्रायोरिटी पोस्टपेड' के लिए नेटवर्क स्लाइसिंग प्रौद्योगिकी के उपयोग को भारत के मोबाइल सेवा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि बताया है। नोकिया का दावा है कि नेटवर्क स्लाइसिंग प्रौद्योगिकी वही उपलब्ध करा रहा है।
नोकिया के अध्यक्ष एवं सीईओ जस्टिन होटार्ड ने सोशल मीडिया पर लिखा, '' हमें गर्व है कि नोकिया की प्रौद्योगिकी इस क्षमता को संभव बना रही है। हमारी 5जी कोर और स्लाइसिंग क्षमताएं पहले से ही उत्तरी अमेरिका, यूरोप और एशिया में संचालकों को अलग-अलग संपर्क प्रदान कर रही हैं और अब भारत में भी उपलब्ध है। यह एयरटेल के साथ मोबाइल, फिक्स्ड और ट्रांसपोर्ट नेटवर्क में 20 से अधिक वर्षों की साझेदारी पर आधारित है।'' एरिक्सन के अध्यक्ष एवं सीईओ बोरजे एकहोम ने एक सोशल मीडिया पर लिखा कि भारत डिजिटल क्षेत्र में अग्रणी बना हुआ है और पिछले एक दशक में ''डिजिटल इंडिया'' का सफल क्रियान्वयन मजबूत मोबाइल बुनियादी ढांचे पर आधारित रहा है। उन्होंने कहा, '' दुनिया के सबसे तेज 5जी विस्तारों में से एक के बाद भारत अब भी सबसे उन्नत डिजिटल देशों में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है, जहां भारती एयरटेल ने अपने पोस्टपेड ग्राहकों के लिए अलग तरह की संपर्क (कनेक्टिविटी) सेवाएं शुरू की हैं।'' भारती एयरटेल अब अमेरिका, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया तथा न्यूजीलैंड जैसे देशों के अग्रणी सेवा प्रदाताओं की श्रेणी में शामिल हो गया है जो उन्नत 5जी समाधानों के जरिये अलग तरह के ग्राहक अनुभव प्रदान कर रहे हैं।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english