धान उपार्जन प्रक्रिया सुचारू, 1.26 लाख से अधिक किसानों ने किया विक्रय
रायपुर में खरीफ विपणन वर्ष 2025–26
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने वर्चुअली समीक्षा बैठक में किसानों की सुविधा और पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए
रायपुर/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 के अंतर्गत 139 धान उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से जारी है। अब तक 1,26,637 किसानों से कुल 63,46,988 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया है।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में सभी उपार्जन केन्द्रों में किसानों की सुविधा सुनिश्चित करने हेतु मॉइश्चर मीटर, पर्याप्त बारदाना, सटीक तौल व्यवस्था और पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके चलते किसानों में धान बेचने को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। आज 2,019 किसानों से 96,617 क्विंटल धान खरीदी गई।
कलेक्टर डॉ. सिंह ने जिला स्तरीय नोडल अधिकारी और केन्द्र नोडल अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि धान उपार्जन केन्द्रों पर आने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी कार्य पात्रता एवं निर्धारित सीमा के अनुसार पारदर्शी रूप से संपन्न हों। उन्होंने अधिकारियों को अवैध धान खरीदी रोकने और सभी प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरजन, एडीएम श्री उमाशंकर बंदे तथा अपर कलेक्टर श्री कीर्तिमान सिंह राठौर सहित संबंधित अधिकारी ऑनलाइन बैठक में जुड़े रहे।

.jpeg)










Leave A Comment