ब्रेकिंग न्यूज़

सरकारी नौकरी मिलने की खुशी में मंदिर जा रहे दो परिवार के 10 सदस्यों समेत 13 लोगों की हादसे में मौत

रांची. अमृता कुमारी को सरकारी नौकरी मिलने से उनके घर में खुशी का माहौल था और मनौती पूरी होने के चलते इस परिवार के लोग एक अन्य परिवार के लोगों को साथ लेकर शनिवार को झारखंड के प्रसिद्ध छिन्नमस्ता मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए निकले थे, लेकिन इस दौरान उनकी कार (एसयूवी) के दुर्घटनाग्रस्त होने पर दोनों परिवारों के 10 सदस्यों समेत कुल 13 लोगों की मौत से यह खुशी मातम में बदल गई। रामगढ़ में शनिवार देर रात तेज गति से गुजर रही एसयूवी के एक भारी वाहन से टकरा जाने से उसमें सवार पांच बच्चों और तीन महिलाओं समेत बिहार के कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में से 10 लोग दो परिवार के सदस्य थे। अमृता के देवर पंकज कुमार ने कहा, "परिवार ने मां छिन्नमस्ता से प्रार्थना की थी कि अमृता को सरकारी नौकरी मिल जाए। जब ​​उसे नौकरी मिल गई, तो परिवार के सदस्यों ने देवी को धन्यवाद देने के लिए मंदिर जाने का फैसला किया। उन्हें जरा-भी अंदाजा नहीं था कि यह तीर्थयात्रा उनके जीवन की आखिरी यात्रा साबित होगी।" कुमार ने कहा, "मुझे रविवार तड़के करीब चार बजे पुलिस का फोन आया। मैं हैरान रह गया... मेरे पिता का कुछ साल पहले निधन हो गया था और अब इस हादसे में मैंने अपनी मां और भाई के पूरे परिवार को खो दिया।" कुमार ने इस हादसे में अपनी मां प्रवीला देवी (62), भाई विवेकानंद कुमार (38), भाभी अमृता (36), दंपति की बेटी सोनाली कुमारी (15) और बेटे शुभम आर्यन (14) तथा अमन आर्यन (9) को गंवा दिया। वे बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले थे। हादसे में अपने दोस्त राजेश कुमार (26) को खोने वाले धर्मा ने कहा, "विवेकानंद एक निजी स्कूल के प्रधानाचार्च थे। उनकी पत्नी को एक सरकारी स्कूल में नौकरी मिल गई थी, जिसके बाद उन्होंने देवी का आशीर्वाद लेने के लिए राजरप्पा मंदिर जाने की योजना बनाई थी।" विवेकानंद के मामा सुरेंद्र प्रसाद हादसे की खबर सुनकर सदमे में हैं। उन्होंने कहा, "इस हादसे में मैंने अपनी बहन, भांजे, उसकी पत्नी और उनके तीन बच्चों को खो दिया। जो कुछ हुआ है, उससे मैं बुरी तरह हिल गया हूं। यह त्रासदी इतनी बड़ी है कि इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।" हादसे में मारे गए दूसरे परिवार के सदस्यों में मुकेश कुमार मेहता (36), उनकी पत्नी किरण कुमारी (29) और दो बच्चे साहिल कुमार (10) व वैष्णवी कुमारी (5) शामिल हैं। वे नालंदा जिले के करहडीह गांव के रहने वाले थे। इसके अलावा, दानियावां गांव के रहने वाले सिंटू कुमार (29) और राजेश कुमार तथा एसयूवी चालक नंदन कुमार (22) की भी इस हादसे में मौत हो गई। वहीं, घायल चंदन कुमार (26) का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english