समावेशी शिक्षा अंतर्गत 3 दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
दंतेवाड़ा । समग्र शिक्षा, जिला दंतेवाड़ा द्वारा राज्य परियोजना कार्यालय रायपुर के निर्देशानुसार वार्षिक कार्ययोजना एवं बजट 2025-26 में प्राप्त स्वीकृति के आधार पर तथा कलेक्टर दंतेवाड़ा के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन जिला अधिकारी के मार्गदर्शन में समावेशी शिक्षा अंतर्गत दिव्यांग बच्चों से संबंधित तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन गीदम स्थित सक्षम बालक आवासीय विद्यालय, जावंगा में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए समावेशी, सहयोगात्मक एवं अनुकूल शिक्षण वातावरण विकसित करना था, ताकि प्रत्येक बच्चा अपनी क्षमता के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सके।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस जिले की चिन्हांकित 55 शालाओं के प्रधानाध्यापकों ने सहभागिता की। इस दौरान समावेशी शिक्षा की नीतियों, विद्यालय स्तर पर संसाधन प्रबंधन, व्यक्तिगत शैक्षणिक योजना निर्माण तथा शाला विकास योजना में दिव्यांग बच्चों के समावेश पर विस्तृत चर्चा की गई।
द्वितीय दिवस 55 शालाओं के शिक्षकों को विशेष शिक्षण पद्धतियों, सहायक शिक्षण सामग्री के प्रभावी उपयोग, कक्षा में व्यवहार प्रबंधन, लर्निंग आउटकम आधारित शिक्षण तथा विभिन्न प्रकार की दिव्यांगताओं की पहचान एवं सहयोगात्मक रणनीतियों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। तृतीय दिवस अभिभावकों एवं पालकों के लिए आयोजित सत्र में दिव्यांग बच्चों के अधिकार, घर-विद्यालय समन्वय, नियमित उपस्थिति, पुनर्वास सेवाओं तथा सहायक उपकरणों के उपयोग के महत्व पर मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद सिंह ठाकुर का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। समावेशी शिक्षा शाखा के सहायक परियोजना समन्वयक सुरजीत सिंह एवं सहायक परियोजना समन्वयक (वित्त) राजेन्द्र पांडेय की सक्रिय सहभागिता रही। विषय विशेषज्ञ के रूप में बीआरपी विजय रजक, श्रीमती पूनम सिंह, श्रीमती अनुमेहा तिवारी, नारायण साहू, रामचंद्र साहू, रजत मनहर एवं अनिल मनहर द्वारा व्यवहारिक एवं विषय आधारित प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले में समावेशी शिक्षा को सशक्त बनाने तथा दिव्यांग बच्चों के शैक्षणिक, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।












Leave A Comment