कमरौद में आयोजित हुआ ‘सेवा सेतु शिविर’ का आयोजन
0- 52 आवेदनों का मौके पर हुआ त्वरित निराकरण
0- 25 ग्राम पंचायतों के क्लस्टर स्तरीय शिविर में विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल
0- वृद्धजनों का सम्मान कर हितग्राहियों को बांटी गई सामग्री
बालोद. राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध समाधान हेतु गुण्डरदेही विकासखंड की ग्राम पंचायत कमरौद में 25 ग्राम पंचायतों के क्लस्टर स्तरीय ‘सेवा सेतु शिविर’ का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों से उनकी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए तथा मौके पर ही विभागीय अधिकारियों द्वारा उनका गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया गया। शिविर के दौरान कुल 52 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों के मैदानी अमले एवं अधिकारियों द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी नीतियों एवं फ्लैगशिप योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों ने मंच पर उपस्थित होकर अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन एवं आवेदनों के निराकरण का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके साथ ही शिविर में आज अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस भी गरिमामयी वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ एवं बुजुर्ग नागरिकों को शॉल व श्रीफल भेंटकर उनका आत्मीय सम्मान किया गया। वहीं पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही आयुष्मान कार्ड, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास योजना का पूर्णता प्रमाण पत्र तथा अन्य विभागीय जनकल्याणकारी सामग्रियों का वितरण किया गया।
शिविर में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री चेमन देशमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी चंद्राकर, जनपद पंचायत गुण्डरदेही के अध्यक्ष श्री पुरूषोत्तम चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती कांति सोनेश्वरी, श्रीमती मीना उमाशंकर साहू, जनपद उपाध्यक्ष श्री नीतीश (मोंटी) यादव, श्री ठाकुर राम चंद्राकर, नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्री विजय सोनकर, श्री हेमंत साहू, सरपंच श्री लेखराम साहू सहित श्री आशीष देशमुख, श्री चुन्नू साहू, श्री तोरण पटेल, श्री भूपसिंह, श्री प्रदीप, श्री निरंजन दास, श्री विनोद सिन्हा, श्री चंदन साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके साथ ही 25 ग्राम पंचायतों के क्लस्टर में शामिल ग्राम पंचायत कमरौद, कोंगनी, सनौद, खुटेरी, रंगकुर्दी, रेंगाकठेरा, भाठागांव, कोड़ेवा, सांकरी, बासीन, नवागांव जू, मोगरी, पिरौद सहित सभी संबंधित ग्रामों के सरपंच, पंच, त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि, नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे। जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण अंचलों में सुशासन और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने हेतु आगामी तिथियों में भी निर्धारित क्लस्टरों में सेवा सेतु शिविरों का आयोजन निरंतर जारी रहेगा।












Leave A Comment