महिलाओं को महिला एवं बाल संरक्षण कानूनों और योजनाओं की दी गई जानकारी
0- आरसेटी प्रशिक्षण कार्यक्रम में 30 प्रशिक्षु महिलाओं ने लिया हिस्सा
बालोद. कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले में महिलाओं और बच्चों के अधिकारों तथा शासन की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में समुदाय प्रबंधित प्रशिक्षण संस्थान सिवनी में बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (आरसेटी), बालोद में आयोजित जनरल ईडीपी प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिलाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अमित सिन्हा के आदेश एवं मार्गदर्शन तथा जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री गजानंद साहू के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं, सेवाओं और महिला एवं बाल संरक्षण से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में 30 प्रशिक्षु महिलाओं ने सहभागिता की।
बाल संरक्षण कानूनों की दी गई सारगर्भित जानकारी
कार्यक्रम में महिलाओं को मिशन वात्सल्य, एकीकृत बाल संरक्षण सेवाओं और बच्चों के संरक्षण से संबंधित सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (पॉक्सो) तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 के प्रमुख प्रावधानों को सरल भाषा में समझाया गया।
हेल्पलाइन सेवाओं की भी दी गई जानकारी
महिलाओं को आवश्यकता के समय सहायता प्राप्त करने के लिए महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा ’सखी वन स्टॉप सेंटर’ की सेवाओं के बारे में बताया गया। साथ ही विभागीय योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए महिलाओं और बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।
बाल विवाह और बाल शोषण की सूचना देने की अपील
कार्यक्रम में महिलाओं से अपील की गई कि उनके आसपास बाल विवाह, बाल श्रम, बाल शोषण या बच्चों से जुड़ी किसी भी समस्या की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग अथवा हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना दें, ताकि जरूरतमंद बच्चों और परिवारों को समय पर आवश्यक सहायता एवं संरक्षण उपलब्ध कराया जा सके।
कार्यक्रम में जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री गजानंद साहू, जिला मिशन समन्वयक मिशन शक्ति डॉ. एस. कुमार, श्री अखिलेश डहरे, श्रीमती नूतन साहू सहित प्रशिक्षु महिलाएं उपस्थित रहीं।












Leave A Comment