मुख्यमंत्री साय के मार्गदर्शन में अभनपुर में आयोजित हुआ विधानसभा स्तरीय सेवा सेतु शिविर
*सेवा सेतु शिविर में 11,564 हितग्राहियों को मिला योजनाओं लाभ*
*अभनपुर विधायक श्री इंद्रकुमार साहू ने हितग्राहियों को वितरित किए पट्टा, सामग्री किट, चेक एवं स्वीकृति पत्र*
रायपुर/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आम नागरिकों तक सहज एवं त्वरित रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अभनपुर में विधानसभा स्तरीय "सेवा सेतु शिविर" का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं के माध्यम से कुल 11 हजार 564 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
शिविर में अभनपुर विधायक श्री इंद्रकुमार साहू ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को पट्टा, चेक, सामग्री किट, प्रमाण-पत्र एवं स्वीकृति पत्र सहित अन्य हितलाभों का वितरण किया। उन्होंने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और हितग्राहियों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी भी ली।
इस अवसर पर विधायक श्री साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। सेवा सेतु शिविर के माध्यम से नागरिकों को अपने कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
शिविर में ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा 8 जॉब कार्ड, 54 बकरी शेड, प्रधानमंत्री आवास के 20 तथा स्वच्छ भारत मिशन के 31 हितलाभ प्रदान किए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 6 हितग्राहियों को लाभ मिला। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम तथा स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 11 मैथ्स टीचिंग किट का वितरण किया गया।
कृषि विभाग ने हितग्राहियों को सॉइल हेल्थ कार्ड एवं कीटनाशक स्प्रेयर प्रदान किए। नगर पालिका अभनपुर द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना/भवन अनुज्ञा से संबंधित 25 हितलाभ तथा गोबरा नवापारा नगर पालिका द्वारा 9 हितलाभ प्रदान किए गए। खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड, समाज कल्याण विभाग द्वारा श्रवण यंत्र एवं छड़ी, उद्यानिकी विभाग द्वारा सब्जी मिनी किट और मत्स्य विभाग द्वारा जाल का वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान से संबंधित सेवाओं का लाभ भी दिया गया।
श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत नोनी सशक्तिकरण, मिनीमाता महतारी जतन एवं सियान सहायता योजना के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
शिविर में राजस्व विभाग द्वारा नागरिकों के प्रकरणों का निराकरण एवं सेवाएं प्रदान की गईं। अभनपुर एवं गोबरा नवापारा तहसील अंतर्गत 594 जाति प्रमाण-पत्र, 1,352 आय प्रमाण-पत्र, 1,222 निवास प्रमाण-पत्र, 49 बी-1, 515 नामांतरण, 14 खाता विभाजन, 48 डायवर्सन तथा 2,072 त्रुटि सुधार से संबंधित हितलाभ प्रदान किए गए। इसके साथ ही 2,082 फार्मर रजिस्ट्री, 1,758 आरबीसी तथा 1,626 स्वामित्व से संबंधित हितलाभ दिए गए।
सेवा सेतु शिविर के माध्यम से शासन के विभिन्न विभाग एक ही परिसर में नागरिकों के बीच पहुंचे और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के साथ उनकी समस्याओं एवं आवेदनों के त्वरित निराकरण की पहल की गई। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्र के नागरिक एवं हितग्राही उपस्थित रहे।









Leave A Comment