टेकारी के श्मशानघाट में संदिग्ध जमावड़े से ग्रामीणों में आक्रोश
-असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने और संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
रायपुर। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम टेकारी में कथित असामाजिक गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों के कारण गांव का माहौल खराब हो रहा है। समय-समय पर पुलिस की कार्रवाई के बावजूद इन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बीते गुरुवार शाम ग्राम के श्मशानघाट में कुछ स्थानीय युवकों सहित एक युवती और करीब 8 से 10 अन्य युवक एकत्रित थे। श्मशानघाट की तारबंदी के तार कथित तौर पर अनधिकृत रूप से खोले जाने और परिसर के भीतर एक सफेद कार खड़ी होने की सूचना ग्राम प्रमुखों को मिली। इसकी पुष्टि करने ग्रामीण सभा अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा, पूर्व ग्रामीण सभा अध्यक्ष हुलास राम वर्मा और पूर्व सरपंच नंद कुमार यादव श्मशानघाट पहुंचे।
ग्रामीणों के अनुसार, मौके की पुष्टि के बाद अन्य ग्रामीणों को बुलाकर घेराबंदी करने की तैयारी की जा रही थी। इसी बीच इसकी भनक लगने पर कुछ युवक कार से, जबकि कुछ पैदल ही वहां से निकल गए। बताया जाता है कि पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज एक युवक युवती को दुपहिया वाहन पर बैठाकर वहां से चला गया। घटनाक्रम को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।किसान संघर्ष समिति के संयोजक भूपेंद्र शर्मा ने गुरुवार शाम ही पूरे घटनाक्रम की जानकारी मंदिर हसौद थाना प्रभारी आशीष यादव को दिए जाने की बात कही है। ग्रामीणों के मुताबिक, सूचना के बाद पुलिस की दबिश जारी है, लेकिन स्थानीय स्तर पर इस मामले में संलिप्त बताए जा रहे कुछ युवक फरार हैं।
पहले भी हो चुकी है तलवारबाजी की घटना
ग्रामीणों के अनुसार, कुछ समय पहले टेकारी के एक युवक की चुनौती के बाद गोढ़ी के कुछ युवक रात के समय गांव पहुंचे थे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तलवारबाजी हुई थी। मामले में गोढ़ी पक्ष के लोगों के खिलाफ प्राणघातक हमला करने का प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तारी की गई थी। ग्रामीणों का दावा है कि टेकारी के कुछ युवकों को कथित तौर पर पिपरहट्ठा के एक गुट से जुड़ा हुआ बताया जाता है।
पंचायत को भी दी गई जानकारी
श्मशानघाट में हुए ताजा घटनाक्रम की जानकारी ग्राम पंचायत को भी दे दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने और इसमें संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग को लेकर पंचायत की ओर से ज्ञापन सौंपने की तैयारी की जा रही है। साथ ही ग्रामीण सभा की बैठक बुलाकर इस समस्या पर चर्चा करने और उचित कार्रवाई के लिए पहल करने की मांग भी उठ रही है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर गांव में शांति एवं सुरक्षा का माहौल बनाए रखने की मांग की है।













Leave A Comment