सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के लिए 17 अक्टूबर तक पंजीयन
-इंजीनियरिंग कॉलेज में विद्यार्थियों को दी गई प्रतियोगिता की जानकारी
बिलासपुर / सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित 'सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026' में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए 10 विभिन्न क्षेत्रों से नए एवं उपयोगी विचार आमंत्रित किए जा रहे हैं। प्रतियोगिता में प्रत्येक क्षेत्र से पांच-पांच विजेताओं का चयन किया जाएगा। इस प्रकार कुल 50 विजेताओं को 10-10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता के तहत कुल पांच करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र बिलासपुर द्वारा आज शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रतियोगिता के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नवाचार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देते हुए प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक सुश्री कविता दर्गे, प्रबंधक श्रीमती रेवती कुमार लहरे, श्रीमती आरती झलारिया, श्री सुनील कुमार पाण्डेय एवं श्री उत्तम कुमार दुबे ने विद्यार्थियों को प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य समाज एवं उद्योग की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए रचनात्मक और उपयोगी विचारों को प्रोत्साहित करना है। विद्यार्थियों को नए विचार प्रस्तुत करने तथा नवाचार को उद्यमिता से जोड़ने के संबंध में मार्गदर्शन भी दिया गया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के साथ अन्य इच्छुक प्रतिभागी एवं नवाचारकर्ता भी हिस्सा ले सकते हैं। पंजीयन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक प्रतिभागी sevainnovationchallenge.in पर पंजीयन कर सकते हैं। विद्यार्थियों से अपने परिचितों, अन्य संस्थानों एवं इच्छुक लोगों तक प्रतियोगिता की जानकारी पहुंचाने और अधिक से अधिक प्रतिभागियों को पंजीयन के लिए प्रेरित करने की अपील की गई। कार्यक्रम में शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।




.jpeg)

.jpeg)



Leave A Comment