ब्रेकिंग न्यूज़

 केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के मुख्य आतिथ्य में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन

-जो खेलता है, वह खिलता है, खेल के मैदान में कोई हारता नहीं : श्री साहू
-बिलासपुर ने लहराया जीत का परचम, 57 अंकों के साथ बना ओवरऑल चैंपियन*
 बिलासपुर / केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री श्री तोखन साहू के मुख्य आतिथ्य में आज स्व. बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 का समापन हुआ। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर संभाग ने 57 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। रायपुर संभाग महज एक अंक के अंतर से उपविजेता रहा। केंद्रीय राज्य मंत्री श्री साहू ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जो खेलता है, वह खिलता है। खेल के मैदान में कोई हारता नहीं, बल्कि खिलाड़ी या तो जीतता है या कुछ नया सीखता है। समारोह में बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक एवं पार्षद तथा एमआईसी सदस्य श्री तिलकराम साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि एक समय कहा जाता था कि पढ़ोगे-लिखोगे तो बनोगे नवाब, खेलोगे-कूदोगे तो होगे खराब, लेकिन आज खेल भी सफलता और उज्ज्वल भविष्य का सशक्त माध्यम बन चुके हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि पढ़ाई को ऐसे पढ़ें कि वह खेल बन जाए और खेल को ऐसे खेलें कि वह पढ़ाई बन जाए। श्री साहू ने श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण के कर्मयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि कर्म करते रहना और फल की चिंता नहीं करना ही जीवन में आगे बढ़ने का मूल मंत्र है। खेल का मैदान भी कर्मयोग की पाठशाला है, जहां खिलाड़ी परिश्रम, समर्पण और निरंतर प्रयास का महत्व सीखते हैं। उन्होंने कहा कि सर्वांगीण विकास के लिए शारीरिक विकास अत्यंत आवश्यक है। खेल बच्चों को शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाने के साथ मानसिक रूप से भी मजबूत बनाते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, खेल प्रशिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी।
बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की खेलो इंडिया पहल से देश की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान और आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। आज छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। एशियाई खेलों में देश की बेटियों सहित अन्य खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में खेलों को निरंतर प्रोत्साहन दिया जा रहा है। राज्य सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार और प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
रोमांचक मुकाबले में बिलासपुर ने रायपुर को एक अंक से पछाड़ा*
प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। बिलासपुर संभाग ने 57 अंक अर्जित कर ओवरऑल चैंपियनशिप जीती। रायपुर संभाग 56 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। बस्तर संभाग को 39, दुर्ग को 31 और सरगुजा संभाग को 8 अंक प्राप्त हुए। हॉकी के 19 वर्ष आयु वर्ग में बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में दुर्ग संभाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कबड्डी के 19 वर्ष बालक वर्ग में बिलासपुर संभाग विजेता रहा, जबकि तीरंदाजी में बस्तर संभाग के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया।
समापन समारोह में नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे, अतिरिक्त कलेक्टर श्री शिवकुमार बनर्जी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री संदीप पाण्डेय, जिला मिशन समन्वयक श्री ओमप्रकाश पाण्डेय, सहायक संचालक श्रीमती वर्षा शर्मा, श्री बसंत प्रताप सिंह, श्री जी.डी. गर्ग, एडीपीओ श्री आनंद पाण्डेय, जिला खेल अधिकारी डॉ. सुरेश शुक्ला, एपीसी श्रीमती आरती राय, डॉ. अखिलेश तिवारी, श्री रितेश सिंह, श्री सुभाष त्रिपाठी, श्री विनय मौर्य, श्री प्रदीप पाण्डेय, श्री जय कौशिक, श्री योगेश पाण्डेय, श्री जयप्रकाश मानिकपुरी, श्री अजय त्रिपाठी, महिला प्रतिनिधि श्रीमती लीना शर्मा एवं श्री सुयश दुबे सहित बड़ी संख्या में खेल प्रशिक्षक, निर्णायक, शिक्षकगण और पांचों संभागों के खिलाड़ी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्री सुशील मिश्रा एवं सुश्री भारती दुबे ने किया।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english