ब्रेकिंग न्यूज़

महतारी सदन से महिलाओं के सपनों को मिलेगी नई उड़ान

 - ग्राम सोमनी में 24 लाख 70 हजार रूपए की लागत से महतारी सदन बनकर तैयार
- मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना से महिला सशक्तिकरण को मिला नया आधार
- स्व-सहायता समूहों की बैठकों, आजीविका प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार गतिविधियों के लिए उपलब्ध होगा सर्वसुविधायुक्त भवन

राजनांदगांव  । ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी सामाजिक एवं आर्थिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सोमनी में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना अंतर्गत 24 लाख 70 हजार रूपए की लागत से महतारी सदन का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। नवनिर्मित महतारी सदन गांव की महिलाओं के लिए उम्मीदों और नई संभावनाओं का प्रतीक बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन की यह पहल ग्रामीण महिलाओं को संगठित करने, उनके कौशल विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्वीकृत महतारी सदन का निर्माण पूर्ण होने से ग्राम सोमनी में महिला स्व-सहायता समूहों एवं ग्रामीण महिलाओं के लिए एक स्थायी भवन तैयार हो गया है। इसके शुरू होने पर महिलाओं को सामूहिक बैठकों, आजीविका संबंधी प्रशिक्षण, स्वरोजगार गतिविधियों एवं विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो सकेगा। इससे महिलाओं को एकजुट होकर अपनी आर्थिक गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर विचार-विमर्श करने का अवसर मिलेगा।
आत्मनिर्भरता की नई उम्मीद बना महतारी सदन -
ग्राम सोमनी की महिलाओं के लिए नवनिर्मित महतारी सदन केवल एक भवन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनने की उनकी आकांक्षाओं को नई दिशा देने वाली पहल है। घर-परिवार की जिम्मेदारियों के साथ अपने हुनर को पहचान दिलाने और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने की इच्छा रखने वाली महिलाओं के लिए यह सदन भविष्य में उपयोगी साबित होगा। यहां महिला स्व-सहायता समूहों को बचत, स्वरोजगार, कौशल विकास और आजीविका संवर्धन से जुड़ी गतिविधियां संचालित करने के अवसर मिल सकेंगे। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता तथा सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए भी स्थान उपलब्ध होगा।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि -
ग्राम सोमनी में महतारी सदन का निर्माण पूर्ण होना ग्रामीण अधोसंरचना विकास के साथ महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। भवन के संचालन से महिलाओं के बीच आपसी सहयोग, सामूहिक निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा मिलने की संभावना है। यह सदन महिलाओं को अपनी प्रतिभा निखारने, नए कौशल सीखने और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढऩे के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करेगा। शासन की इस पहल से ग्राम सोमनी में महिलाओं के स्वावलंबन और सामुदायिक विकास की मजबूत आधारशिला तैयार हुई है। नवनिर्मित महतारी सदन आने वाले समय में महिलाओं की एकजुटता, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई पहचान बन सकेगा।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english