ब्रेकिंग न्यूज़

 हुनर को मिलेगी पहचान, राज्य स्तर तक पहुंचने का अवसर

0- बिलासपुर में होगा जिला स्तरीय युवा उत्सव
0- लोककला से डिजिटल क्रिएटिविटी तक युवाओं को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मंच
0- 29 अक्टूबर तक ऑनलाइन पंजीयन, 15 से 29 वर्ष के युवा ले सकेंगे हिस्सा
बिलासपुर. लोकनृत्य की थिरकन, लोकगीतों की मिठास, रंगों की कल्पनाशीलता और डिजिटल माध्यमों पर युवाओं की रचनात्मकता को जिला स्तरीय युवा उत्सव में मंच मिलेगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 के जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 27 से 31 अक्टूबर के मध्य जिला मुख्यालय बिलासपुर में किया जाना प्रस्तावित है। विभिन्न विधाओं में भाग लेने के इच्छुक युवा 29 अक्टूबर तक ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं। आयोजन की निर्धारित तिथि और स्थल की सूचना पृथक से जारी की जाएगी।
युवा उत्सव में सामूहिक लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज और पारंपरिक वेशभूषा जैसी विधाओं में प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। विकसित भारत चैलेंज ट्रैक के अंतर्गत विकसित भारत क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता ऑनलाइन आयोजित होगी। इसके आगे जिला स्तर पर पीपीटी प्रस्तुति, राज्य स्तर पर प्रस्तुति तथा नई दिल्ली में राष्ट्रीय वीबीवाईएलडी के चरण होंगे। रॉकबैंड प्रतियोगिता का आयोजन केवल राज्य स्तर पर किया जाएगा।
जिले से लगभग 148 प्रतिभागियों को मिलेगा राज्य स्तरीय मंच
जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले लगभग 148 प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेंगे। यह आयोजन युवाओं को अपनी कला और रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने के साथ आगे की प्रतियोगिताओं के लिए अवसर प्रदान करेगा।
प्रतिभागियों की आयु 15 से 29 वर्ष के बीच होना अनिवार्य है। इसके लिए जन्मतिथि 17 अगस्त 1997 से 17 अगस्त 2011 के मध्य निर्धारित की गई है। संगतकारों के लिए आयु सीमा 18 से 40 वर्ष रखी गई है। एक प्रतिभागी किसी भी स्तर की प्रतियोगिता में केवल एक विधा में भाग ले सकेगा।
एकल और दलीय विधाओं के लिए अलग ऑनलाइन पंजीयन
सामूहिक लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत, नुक्कड़ नाटक तथा राज्य स्तरीय रॉकबैंड के लिए दलीय विधा के ऑनलाइन गूगल फॉर्म से पंजीयन किया जाएगा। चित्रकला, कविता लेखन, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज और पारंपरिक वेशभूषा के लिए एकल विधा के गूगल फॉर्म से आवेदन करना होगा। विभाग की विज्ञप्ति में दोनों श्रेणियों के पंजीयन हेतु अलग-अलग क्यूआर कोड उपलब्ध कराए गए हैं। विकसित भारत चैलेंज ट्रैक का पंजीयन एवं प्रतियोगिता ‘माय भारत’ ऐप के माध्यम से होगी।
पंजीयन और आयोजन संबंधी अधिक जानकारी के लिए कार्यालय सहायक संचालक, खेल एवं युवा कल्याण, स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई, बिलासपुर में संपर्क किया जा सकता है। कार्यालय का दूरभाष नंबर 07752-299557 है।
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english