जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 30 अक्टूबर को
0- युवाओं को प्रतिभा प्रदर्शन का मिलेगा अवसर
0- 600 से अधिक प्रतिभागियों एवं अतिथियों के शामिल होने की संभावना
बालोद. युवाओं की कला, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन बालोद एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जिला स्तरीय युवा उत्सव वर्ष 2026-27 का आयोजन 30 अक्टूबर को किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन जिला स्थित टाऊन हॉल में सुबह 11 बजे से होगा। इस उत्सव के माध्यम से जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और अपनी कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
कलेक्टर के निर्देशानुसार की जा रही तैयारियां
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार युवा उत्सव के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना तथा कला एवं संस्कृति के प्रति उनकी रुचि को बढ़ावा देना है।
15 से 29 वर्ष के युवा ले सकेंगे भाग
जिला स्तरीय युवा उत्सव में बालोद जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभागी तथा 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के संगतकार शामिल हो सकेंगे। आयोजन में 600 से अधिक युवा कलाकारों, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकगण सम्मिलित होंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों के आतिथ्य में किया जाएगा।
युवाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर
युवा उत्सव युवाओं को अपनी कला और प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही आत्मविश्वास बढ़ाने तथा सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा। जिला प्रशासन द्वारा युवाओं से इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की गई है। कार्यक्रम के संबंध में अधिक जानकारी एवं मार्गदर्शन के लिए संयुक्त जिला कार्यालय, बालोद के कक्ष क्रमांक 67 में स्थित खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यालय में कार्यालयीन समय के दौरान संपर्क किया जा सकता है।
--










.jpg)
Leave A Comment