ब्रेकिंग न्यूज़

 प्रभु श्रीराम का जीवन संघर्ष, त्याग, सेवा और मर्यादा की प्रेरणा देता है- वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

-वित्त मंत्री ने रायगढ़ में तीर्थयात्रा से लौटे 981 वरिष्ठ नागरिकों का किया सम्मान
-श्री रामलला दर्शन और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से साकार हो रहे वरिष्ठजनों के सपने
-प्रदेश में एक लाख श्रीरामचरित मानस पुस्तिकाएं और व्यास वेदी वितरित करने का संकल्प
 रायपुर । वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए आदर्श है। उनका जीवन हमें संघर्ष, त्याग, मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीराम ने राजपरिवार में जन्म लेने के बावजूद अनेक कठिनाइयों का सामना किया और 14 वर्षों का वनवास स्वीकार किया। उनके जीवन से हमें सीख मिलती है कि कठिन परिस्थितियों से विचलित हुए बिना समाज और मानवता के कल्याण के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए।
  वित्त मंत्री श्री चौधरी आज रायगढ़ के पंजरी प्लांट स्थित संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में श्री रामलला दर्शन योजना एवं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत तीर्थयात्रा कर लौटे वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने जिले के 981 वरिष्ठ नागरिकों को श्रीरामचरित मानस की पुस्तिका, व्यास वेदी और शाल भेंट कर सम्मानित किया। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों के 861 तथा शहरी क्षेत्रों के 120 वरिष्ठ नागरिक शामिल थे।
   वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल है। माता कौशल्या छत्तीसगढ़ की बेटी थीं, इसलिए भगवान श्रीराम का प्रदेश से गहरा सांस्कृतिक और भावनात्मक संबंध है। छत्तीसगढ़ में भगवान श्रीराम को स्नेहपूर्वक भांचा राम कहा जाता है। यहां भांचा के प्रति विशेष आदर और उनके चरण स्पर्श करने की परंपरा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
 उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं। उनके जीवन में मर्यादा, पारिवारिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और लोककल्याण का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है। श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात कर हम समाज में सेवा, सद्भाव और सकारात्मकता की भावना को और मजबूत कर सकते हैं।
 वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों की धार्मिक आस्था और भावनाओं का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को पुनः प्रारंभ किया। इसके साथ ही सरकार के पहले बजट में श्री रामलला दर्शन योजना प्रारंभ की गई, ताकि छत्तीसगढ़ के श्रद्धालु अयोध्या धाम पहुंचकर प्रभु श्रीराम के दर्शन कर सकें।
 उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थयात्रा का अवसर मिले। इसके लिए यात्रा के दौरान आवागमन सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। ये योजनाएं वरिष्ठजनों की वर्षों पुरानी इच्छाओं और धार्मिक आकांक्षाओं को पूरा करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही हैं। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने बताया कि अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन के दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ में कम से कम एक लाख श्रीरामचरित मानस पुस्तिकाएं और व्यास वेदी श्रद्धालुओं तक पहुंचाने का संकल्प लिया था। इसी संकल्प को पूरा करने की दिशा में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
  उन्होंने कहा कि श्रीरामचरित मानस भारतीय संस्कृति, जीवन मूल्यों और आदर्शों का महत्वपूर्ण ग्रंथ है। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा और कर्तव्यबोध से परिचित कराने के साथ हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने कहा कि आज का दिन सभी के लिए गौरव और प्रसन्नता का अवसर है। छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की जन्मभूमि और भगवान श्रीराम का ननिहाल है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण के बाद श्रद्धालुओं को दर्शन का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं से अनेक वरिष्ठ नागरिकों का वर्षों पुराना सपना साकार हुआ है। तीर्थयात्रा से लौटे श्रद्धालुओं के अनुभव और उनके चेहरों की प्रसन्नता इन योजनाओं की सार्थकता को दर्शाती है।
   राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना और श्री रामलला दर्शन योजना श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख तीर्थस्थलों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी हैं। उन्होंने भारतीय संस्कृति, मंदिरों और धार्मिक विरासत के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि अयोध्या धाम में भगवान श्रीराम के दर्शन करना श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक अनुभव है।  उन्होंने वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी द्वारा एक लाख श्रीरामचरित मानस पुस्तिकाएं और व्यास वेदी वितरित करने के संकल्प की सराहना की। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रवींद्र गबेल ने भी वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थयात्रा का अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
 सम्मान समारोह में तीर्थयात्रा कर लौटे वरिष्ठ नागरिकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। श्रद्धालुओं ने बताया कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि उन्हें अयोध्या धाम पहुंचकर प्रभु श्रीराम के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। उनके परिवार की पिछली पीढ़ियां भी अयोध्या नहीं जा सकी थीं, लेकिन राज्य सरकार की योजना से उनकी वर्षों पुरानी इच्छा पूरी हुई।  श्रद्धालुओं ने बताया कि यात्रा के दौरान आवागमन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की अच्छी व्यवस्था की गई थी। तीर्थस्थलों पर भी उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। वरिष्ठ नागरिकों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी  के प्रति आभार व्यक्त किया।
 अक्टूबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत रायगढ़ जिले के वरिष्ठ नागरिकों को छह चरणों में अयोध्या धाम की यात्रा कराई गई। इसी अवधि में मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत भी एक यात्रा आयोजित की गई। इन यात्राओं से लाभान्वित जिले के 981 वरिष्ठ नागरिकों को समारोह में सम्मानित किया गया।
 कार्यक्रम की शुरुआत सुंदरकांड पाठ एवं सामूहिक हनुमान चालीसा के वाचन से हुई। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने भगवान श्रीराम के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की और रामायण आरती में शामिल हुए। इस अवसर पर सुंदरकांड पाठ करने वाले दल के सदस्यों तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे एवं उनकी टीम को भी स्मृति चिह्न और श्रीरामचरित मानस पुस्तिका भेंट कर सम्मानित किया गया।
 समारोह में लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रवींद्र गबेल, नगर निगम सभापति श्री डिग्री लाल साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दीपक सिदार सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने आभार प्रदर्शन किया।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english