ब्रेकिंग न्यूज़

 नालसा की 13 जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने 60 दिवसीय मेगा ड्राइव का ग्राम आमटी में शुभारंभ

 दुर्ग / राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार तथा माननीय न्यायमूर्ति श्री पार्थ प्रतीम साहू, कार्यकारी अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग श्री के. विनोद कुजूर के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग द्वारा नालसा की 13 जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से 60 दिवसीय विशेष अभियान मेगा ड्राइव का शुभारंभ दिनांक 16 नवंबर 2026 को ग्राम आमटी, जिला दुर्ग में किया गया।
यह विशेष अभियान दिनांक 16 नवंबर 2026 से 14 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के ग्रामीण एवं सुदूर अंचलों में निवासरत जरूरतमंद, वंचित एवं पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता, उनके कानूनी अधिकारों तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी अथवा आवश्यक मार्गदर्शन के अभाव में अपने अधिकारों एवं शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
ग्राम आमटी में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में श्रीमती सुषमा लकड़ा, अध्यक्ष, स्थायी लोक अदालत (जनोपयोगी सेवाएं), श्री भूपेश कुमार बसंत, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, दुर्ग तथा श्री उमेश कुमार भगवतकर, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपस्थित न्यायिक अधिकारियों द्वारा अभियान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य केवल न्यायालयों के माध्यम से विधिक सहायता उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि समाज के ऐसे प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना भी है, जो जानकारी, संसाधनों अथवा अन्य कारणों से अपने अधिकारों एवं शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाता है।
मेगा ड्राइव के अंतर्गत ग्राम आमटी को विशेष रूप से चयनित कर वहां निवासरत पात्र हितग्राहियों की पहचान, उनकी सामाजिक एवं आर्थिक आवश्यकताओं का आकलन तथा उन्हें संबंधित शासकीय विभागों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की कार्यवाही की जाएगी। इसके लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालीगल वालेंटियर्स द्वारा घर-घर संपर्क एवं सर्वेक्षण के माध्यम से जरूरतमंद व्यक्तियों की जानकारी एकत्रित की जाएगी। साथ ही प्रत्येक सप्ताह ग्राम में विशेष जागरूकता एवं सहायता शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी। पात्र हितग्राहियों के आवेदन तैयार कराने, संबंधित विभागों तक पहुंचाने तथा उन्हें वास्तविक लाभ प्राप्त होने तक आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत नालसा की 13 प्रमुख योजनाओं के माध्यम से समाज के विभिन्न कमजोर एवं वंचित वर्गों तक पहुंच बनाई जाएगी। इनमें महिलाएं, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांगजन, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के व्यक्ति, श्रमिक, आपदा प्रभावित व्यक्ति तथा अन्य जरूरतमंद वर्ग शामिल हैं। इन वर्गों के लिए उपलब्ध विधिक सहायता, संरक्षण एवं कल्याणकारी प्रावधानों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के साथ ही पात्र व्यक्तियों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
इस विशेष अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग के पैरालीगल वालेंटियर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। वे ग्राम स्तर पर हितग्राहियों से सतत संपर्क स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की पहचान करेंगे तथा विधिक सेवा प्राधिकरण और शासकीय विभागों के मध्य समन्वय स्थापित करने में सहयोग करेंगे। 
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग द्वारा इस 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के माध्यम से यह प्रयास किया जा रहा है कि विधिक सेवाएं एवं जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहज रूप से पहुंचें तथा कोई भी पात्र नागरिक अपने अधिकारों एवं शासकीय सहायता से वंचित न रहे।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english