ब्रेकिंग न्यूज़

 मशरूम उत्पादन से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहीं कौशल्या सेठिया

-बिहान दीदी की मेहनत और हौसले ने लिखी सफलता की नई कहानी, 700 पैकेट तक पहुंचा उत्पादन
-समूह से जुड़कर सीखा हुनर, बैंक ऋण और बिहान के सहयोग से खड़ा किया आजीविका का सफल उद्यम
 जगदलपुर। बस्तर की माटी में मेहनत और आत्मविश्वास के सहारे सफलता की नई इबारत लिख रही ग्रामीण महिलाओं की कहानियां अब दूसरे लोगों के लिए भी प्रेरणा बन रही हैं। ऐसी ही एक प्रेरक कहानी जनपद पंचायत बास्तानार के ग्राम पंचायत कोड़ेनार की रहने वाली श्रीमती कौशल्या सेठिया की है, जिन्होंने मशरूम उत्पादन को अपनी आजीविका का आधार बनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया है। कभी सीमित संसाधनों के बीच अपने परिवार की आमदनी बढ़ाने का सपना देखने वाली कौशल्या आज मशरूम उत्पादन के जरिए न केवल आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, बल्कि गांव की अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार के लिए प्रेरित कर रही हैं।
 श्रीमती कौशल्या सेठिया वर्ष 2017 से स्व-सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं। समूह से जुड़ने के बाद उन्हें ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण प्राप्त हुआ। इस प्रशिक्षण ने उनके भीतर एक नई संभावना जगाई। उन्होंने सीखे हुए हुनर को आजीविका में बदलने का संकल्प लिया और वर्ष 2024 में अपने घर से ही मशरूम उत्पादन का कार्य प्रारंभ किया।
शुरुआत में सीमित संसाधनों के साथ शुरू की गई इस गतिविधि को आगे बढ़ाने में स्व-सहायता समूह का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समूह के माध्यम से प्राप्त सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) और बैंक लिंकेज की राशि का उपयोग कर उन्होंने अपने व्यवसाय को धीरे-धीरे विस्तार दिया।
 कौशल्या ने अपने उद्यम को और आगे बढ़ाने के लिए वर्ष 2026 में ग्रामीण बैंक कोड़ेनार से एक लाख रुपये का स्वयं सिद्धा ऋण प्राप्त किया। इस आर्थिक सहयोग से उन्होंने मशरूम उत्पादन की क्षमता में वृद्धि की। आज उनका उत्पादन बढ़कर 700 पैकेट तक पहुंच गया है। प्रत्येक पैकेट की लागत लगभग 150 रुपये आती है, जबकि उत्पादित मशरूम का विक्रय लगभग 400 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से किया जा रहा है।
उनके द्वारा उत्पादित मशरूम की स्थानीय बाजारों में अच्छी पहुंच बन रही है। वे अपने उत्पादों का विक्रय बास्तानार, जगदलपुर सहित दंतेवाड़ा जिले के बाजारों में कर रही हैं। इस तरह घर से शुरू हुआ उनका छोटा-सा प्रयास अब एक व्यवस्थित आजीविका गतिविधि का रूप ले रहा है और परिवार की आमदनी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कौशल्या की सफलता से दूसरी महिलाओं को मिली प्रेरणा
कौशल्या सेठिया की यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिला उद्यमिता की बढ़ती संभावनाओं का भी उदाहरण है। उनकी मेहनत और सफलता को देखकर गांव की अन्य महिलाएं भी मशरूम उत्पादन सहित विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित हो रही हैं।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english