ब्रेकिंग न्यूज़

 घरेलू हिंसा को किसी भी तरह नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए - राज्यपाल श्री डेका

0- राज्यपाल मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित कार्यशाला मे शामिल हुए
रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा गंभीर सामाजिक समस्याएं हैं। इन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कानूनों का सख्ती से पालन, संबंधित प्रवर्तन एजेंसियों की सक्रियता और समाज की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। घरेलू हिंसा को किसी भी स्थिति में सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। इसे गंभीरता से लेते हुए ऐसे मामलों का निष्पक्षता और स्वतंत्रता के साथ निराकरण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समुदाय के साथ-साथ स्वयंसेवी संगठनों को भी इस दिशा में जागरूकता बढ़ाने और पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।
  राज्यपाल श्री रमेन डेका आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषयक प्रशिक्षण सह कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। वे कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।  राज्यपाल ने कहा कि मानव तस्करी आज खतरनाक रूप ले चुकी है। अब इसका संबंध केवल लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव अंगों की मांग के कारण भी इसकी घटनाएं सामने आ रही हैं। यह एक गंभीर मुद्दा बन चुका है। इसलिए इस समस्या से निपटने के लिए कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन और संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है।
 श्री डेका ने कहा कि पहले संयुक्त परिवारों की व्यवस्था थी, लेकिन अब एकल परिवारों की संख्या बढ़ रही है। घरेलू हिंसा पहले भी होती थी और आज भी हो रही है। अशिक्षा और बेरोजगारी जैसी परिस्थितियां भी इस समस्या को बढ़ा सकती हैं। घरेलू हिंसा का शिकार केवल गृहिणियां ही नहीं, बल्कि बाहर जाकर काम करने वाली महिलाएं भी होती हैं। उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा को किसी भी प्रकार की लत की तरह ही गंभीरता से समझने की जरूरत है, क्योंकि इसका दुष्प्रभाव व्यक्ति, परिवार और समाज सभी पर पड़ता है। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए समाज को जागरूक करना होगा। परिवार के नैतिक मूल्यों और सामाजिक वातावरण की भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जिन मामलों में पारिवारिक या मनोवैज्ञानिक समस्याएं सामने आती हैं, उनमें उचित काउंसलिंग की व्यवस्था की जानी चाहिए ।
   राज्यपाल ने कहा कि घरेलू हिंसा से जुड़े मामलों में निष्पक्षता और स्वतंत्रता के साथ निर्णय लिया जाना चाहिए। कानून के दायरे में रहते हुए प्रत्येक प्रकरण के तथ्यों और परिस्थितियों को समझकर उचित कार्रवाई होनी चाहिए। इस दिशा में पुलिस, न्यायपालिका, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने मीडिया की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि मीडिया को समाज में जागरूकता और सकारात्मक बदलाव लाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
 राज्यपाल ने कार्यशाला में होने वाले विचार-विमर्श और उससे निकलने वाले निष्कर्षों को धरातल पर लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केवल चर्चा करने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा, बल्कि कार्यशाला में तय किए गए सुझावों और उपायों का प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
 कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के साथ मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने घरेलू हिंसा के प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने की आवश्यकता भी बताई। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े विशेष रूप से उपस्थित थीं। कार्यशाला में राज्य महिला आयोग की सदस्य, पुलिस, न्यायपालिका तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।
-- 
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english