दाऊ ढालसिंह के आदर्शों को आत्मसात कर निःस्वार्थ समाजसेवा करें : भूपेश बघेल
-दाऊ ढालसिंह की 129वीं जयंती पर कुर्मी भवन में सम्मान समारोह आयोजित
टी. सहदेव
भिलाई नगर। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, पूर्व विधायक एवं समाजसेवी दाऊ ढालसिंह देशमुख की 129वीं जयंती पर शुक्रवार को दिल्लीवार कुर्मी क्षत्रिय समाज द्वारा कुर्मी भवन में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में समाज और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को दाऊ ढालसिंह सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि दाऊ ढालसिंह देशमुख ने अपना पूरा जीवन निःस्वार्थ भाव से समाजसेवा और जनहित के कार्यों में समर्पित किया। उनके जीवन और आदर्शों को आत्मसात कर हम सभी को बिना किसी स्वार्थ के समाजसेवा के लिए आगे आना चाहिए।
नीट परीक्षा में चयनित बच्चों को सम्मान राशि
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज के अध्यक्ष कुबेरराम देशमुख ने की तथा मुख्य वक्ता के रूप में समाज के पूर्व अध्यक्ष डॉ राजेंद्र हरमुख उपस्थित रहे। इस अवसर पर समाज के अध्यक्ष कुबेरराम देशमुख ने अपने स्वर्गीय माता-पिता की स्मृति में तथा डॉ. मोहनसिंह हरदेल ने अपनी स्वर्गीय माता की स्मृति में नीट परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को सम्मान राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह में योगेंद्र बेलचंदन, नरेंद्र देशमुख, कुसुमांजलि देशमुख, संतोष पाटनवार और इंद्रकुमार देशमुख समेत सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए।
पूर्व सैनिक, कृषक और कलाकारों का सम्मान
समारोह में समाज की विभिन्न प्रतिभाओं को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। देशसेवा एवं पूर्व सैनिक श्रेणी में लोमेश देशमुख और डिगेश्वर देशमुख को सम्मान प्रदान किया गया। उन्नत कृषि के क्षेत्र में छगन लाल देशमुख, सफल व्यवसाय के लिए मोतीलाल देशमुख तथा साहित्य, कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में योगदान के लिए देवकुमार देशमुख को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही संगीता-गिरीश दिलीपवार ने भी अपने माता-पिता की स्मृति में सम्मान प्रदान किए।
रैली और कलश यात्रा से किया दाऊ जी को नमन
जयंती समारोह के अवसर पर सुबह कुर्मी भवन से दुर्ग जनपद तक सम्मान रैली निकाली गई। यहां दाऊ ढालसिंह देशमुख की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात गुंडरदेही में विश्राम भवन से नगर भ्रमण करते हुए दाऊ ढालसिंह चौक तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा के समापन पर दाऊ जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद गुंडरदेही के विश्राम गृह में भी श्रद्धांजलि एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह को सफल बनाने में दिल्लीवार कुर्मी क्षत्रिय महिला समाज एवं दिल्लीवार युवा कुर्मी मित्र मंडल की विशेष भूमिका रही।







.jpg)




Leave A Comment