कैग के ऑडिट से 2025-26 में 4,251 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली में मदद मिली: अधिकारी
चंडीगढ़. भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) ने वित्तवर्ष 2025-26 में संसद और राज्य विधानमंडलों में पेश करने के लिए 249 अंकेक्षण (ऑडिट) रिपोर्ट को मंजूरी दी, जो पिछले वित्तवर्ष की तुलना में 59.6 प्रतिशत अधिक है। वहीं, कैग के ऑडिट हस्तक्षेपों से 4,251.34 करोड़ रुपये की वसूली में मदद मिली। वर्ष 2024-25 में कैग ने 156 रिपोर्ट को मंजूरी दी थी। उप नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (उप कैग) ए एम बजाज ने यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि वित्तवर्ष 2025-26 में मंजूर 249 रिपोर्ट में 39 केंद्र सरकार और 210 राज्य सरकारों से संबंधित हैं।
उन्होंने बताया कि वित्तवर्ष 2025-26 में संसद और राज्य विधानसभाओं में पेश की गई रिपोर्ट की संख्या भी 36.3 प्रतिशत बढ़कर 214 हो गई। वहीं, पिछले वित्तवर्ष की तुलना में ऑडिट संबंधी सिफारिशों की कुल संख्या 38.3 प्रतिशत बढ़कर 3,742 हो गई। बजाज ने कहा कि जैसे-जैसे केंद्र और राज्य सरकारें डिजिटल प्रणालियों और डेटाबेस का इस्तेमाल बढ़ा रही हैं, कैग भी इन प्रणालियों का आकलन करने और उपलब्ध आंकड़ों का उपयोग कर अधिक प्रभावी एवं केंद्रित ऑडिट करने की दिशा में काम कर रहा है। स्थानीय निकायों के बारे में बजाज ने कहा कि कैग 28 में से 25 राज्यों में स्थानीय निधि लेखा परीक्षा निदेशकों (डीएलएफए) को तकनीकी मार्गदर्शन और सहायता प्रदान करता है। वित्तवर्ष 2025-26 में देशभर के 1,060 शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) के वित्तीय विवरणों और ऑडिट रिपोर्ट की व्यापक समीक्षा की गई। इससे पहले दिन में यहां एशियाई सर्वोच्च लेखा परीक्षा संस्थानों के संगठन (एएसओएसएआई) के सूचना प्रौद्योगिकी ऑडिट एवं डेटा एनालिटिक्स कार्य समूह (डब्ल्यूजीआईटीएएंडडीए) की दूसरी वार्षिक बैठक और 'डिजिटल शासन में सर्वोच्च लेखा परीक्षा संस्थानों की रणनीतिक भूमिका' विषय पर आयोजित संगोष्ठी संपन्न हुई। इस बैठक में भारत सहित 10 देशों के सर्वोच्च लेखा परीक्षा संस्थानों के 29 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इनमें चीन, सिंगापुर, मॉरीशस, म्यांमा, इराक, थाईलैंड, बहरीन, मलेशिया, ब्राजील और इंडोनेशिया शामिल हैं।
--










Leave A Comment