ब्रेकिंग न्यूज़

आपदा में तत्परता और समन्वय का अभ्यास, मॉक ड्रिल में 12 घायलों को सुरक्षित निकाला

होमगार्ड कैंप में हवाई हमले से बचाव, अग्निशमन और ब्लैकआउट का किया गया अभ्यास
बिलासपुर/
आपात परिस्थितियों में त्वरित बचाव, राहत कार्यों और विभागीय समन्वय की तैयारियों को परखने के लिए होमगार्ड कैंप बिलासपुर में नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल आयोजित की गई। हवाई हमले, बमबारी और आग लगने की काल्पनिक परिस्थितियों के बीच बचाव दलों ने तत्परता दिखाते हुए अभ्यास के तहत 12 घायलों को सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए पहुंचाया। नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं तथा एसडीआरएफ मुख्यालय, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर एवं कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के निर्देशानुसार यह अभ्यास किया गया।
मॉक ड्रिल की शुरुआत हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन से हुई। सायरन बजते ही प्रतिभागियों ने जमीन पर पेट के बल लेटकर दोनों हाथों से सिर और कान ढकते हुए आत्मरक्षा का अभ्यास किया। इसके बाद बमबारी से आग लगने की काल्पनिक सूचना पर अग्निशमन दल ने घटनास्थल पहुंचकर आग पर काबू पाया। एसडीआरएफ, होमगार्ड स्वयंसेवकों और एनसीसी कैडेट्स ने बचाव उपकरणों एवं स्ट्रेचर की सहायता से घायलों को सुरक्षित स्थान पर निकालकर अस्थायी चिकित्सा केंद्र पहुंचाया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्राथमिक उपचार किया तथा गंभीर रूप से घायल दर्शाए गए व्यक्तियों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजने का अभ्यास किया।
इस दौरान ब्लैकआउट का अभ्यास भी कराया गया। सायरन बजते ही अभ्यास क्षेत्र की भवनों की लाइटें, बाहरी प्रकाश व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और वाहनों की लाइटें बंद की गईं। प्रतिभागियों को रात्रिकालीन हवाई हमले की स्थिति में प्रकाश नियंत्रण और सुरक्षा संबंधी सावधानियों की जानकारी दी गई।
होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेंट दीपांकुर नाथ ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य नागरिकों को आपात परिस्थितियों में घबराने के बजाय सतर्क रहकर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए तैयार करना है। ऐसे अभ्यास से बचाव दलों की कार्यकुशलता, त्वरित प्रतिक्रिया और आपसी समन्वय को मजबूत करने में मदद मिलती है। मॉक ड्रिल में अग्निशमन विभाग, एसडीआरएफ, होमगार्ड, पुलिस बल, एनसीसी कैडेट्स, स्वास्थ्य विभाग और आम नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english