ब्रेकिंग न्यूज़

 उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर वनांचल में पहुंचीं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं, रेंगाखार में लगा मेगा स्वास्थ्य शिविर

-184 बच्चों की हृदय जांच, 13 बच्चों में हृदय संबंधी बीमारियों की हुई पहचान
-120 गर्भवती माताओं की निःशुल्क सोनोग्राफी सहित 877 हितग्राही हुए लाभान्वित
 रायपुर । प्रदेश के दूरस्थ ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में शासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा के निर्देश पर कबीरधाम जिले के वनांचल क्षेत्र स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेंगाखार में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों सहित आम नागरिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में कुल 877 हितग्राही स्वास्थ्य सेवाओं से लाभान्वित हुए।
  मेगा स्वास्थ्य शिविर में सत्य साईं हॉस्पिटल के विशेष सहयोग से बच्चों की निःशुल्क हृदय जांच की गई। अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. योगेश एवं डॉ. निखिल तथा उनकी टीम द्वारा 184 बच्चों की इको जांच की गई, जिनमें 13 बच्चों में हृदय संबंधी बीमारियों की पहचान हुई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बच्चों में जन्मजात हृदय रोग के लक्षणों, समय पर जांच एवं उपचार के महत्व के संबंध में अभिभावकों को जागरूक किया।
 शिविर में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को विशेष प्राथमिकता देते हुए 139 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 120 गर्भवती माताओं की निःशुल्क सोनोग्राफी की गई। रेडियोलॉजिस्ट डॉ. रवि तिवारी द्वारा सोनोग्राफी सेवाएं प्रदान की गईं। गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित पोषण एवं सुरक्षित प्रसव के संबंध में आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।
 शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा अस्थि रोग, नेत्र रोग, दंत रोग, टीबी सहित विभिन्न बीमारियों की जांच की गई। इस दौरान 52 लोगों की नेत्र जांच में 23 मरीजों में मोतियाबिंद की पहचान हुई। इसके अलावा 126 प्रयोगशाला जांच, 60 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग एवं एक्स-रे जांच, 11 लोगों की अस्थि रोग जांच तथा 14 लोगों की दंत रोग जांच की गई। सामान्य ओपीडी में 385 हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
 उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा की पहल से वनांचलवासियों को अपने क्षेत्र में ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं प्राप्त हुईं। स्वास्थ्य शिविर से गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान करने के साथ ही ग्रामीणों को जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श के लिए दूरस्थ शहरों तक जाने की परेशानी से राहत मिली।
 मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार तुर्रे ने शिविर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शिविर के सफल आयोजन में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम सिंह राजपूत, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक श्री रूपेश साहू, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेंगाखार के प्रभारी श्री वीरेंद्र पालके सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मितानिनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english