कंवर समाज के सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास के लिए मुख्यमंत्री ने की बड़ी घोषणाएं
-संभागीय कंवर समाज सम्मेलन एवं करमा तिहार में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, सरगुजा में समाज भवन के लिए 75 लाख, सूरजपुर और बलरामपुर में 50-50 लाख देने की घोषणा
-प्रत्येक करमा दल को प्रोत्साहन स्वरूप मिलेंगे 20-20 हजार रुपये, पारंपरिक रीति-रिवाज से पांव पखारकर समाजजनों ने किया मुख्यमंत्री का सम्मान
अम्बिकापुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज राजमोहनी देवी ऑडिटोरियम, अम्बिकापुर में आयोजित संभागीय कंवर समाज सम्मेलन एवं करमा तिहार कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर कंवर समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाज से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का पांव पखारकर सम्मान एवं आत्मीय स्वागत किया।
समाज को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि कंवर समाज गहिरा गुरु जी का अनुयायी है। समाज को अच्छाई और सदाचार के मार्ग पर आगे बढ़ाने तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाने में गहिरा गुरु जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। हमें अपने गौरवशाली धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक इतिहास पर गर्व करना चाहिए। कंवर समाज राजनीतिक रूप से भी सशक्त है। समाज के आशीर्वाद से ही वे प्रदेश की सेवा में तत्पर हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनता के हित में लगातार कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तेजी से आवासों का निर्माण कराया जा रहा है। माताओं और बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महतारी वंदन योजना संचालित की जा रही है। किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान का मूल्य दिया जा रहा है तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है। तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5500 रुपये प्रति मानक बोरा पारिश्रमिक दिया जा रहा है। इसके साथ ही चरण पादुका योजना, श्री रामलला दर्शन योजना और तीर्थ यात्रा योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की सेवाओं को आम नागरिकों तक सरलता से पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है। इसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याओं का निराकरण करा सकते हैं। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से 900 से अधिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नागरिक घर बैठे पोर्टल एवं ऐप के माध्यम से विभिन्न प्रमाणपत्र और शासकीय सेवाएं प्राप्त कर सकते हैं। प्रत्येक पंचायत में अटल डिजिटल सेवा केंद्र के माध्यम से बैंकिंग सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शासन और प्रशासन लगातार जनता के हित में काम कर रहा है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कंवर समाज के सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास को प्रोत्साहित करने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने सरगुजा में संभागीय कंवर समाज भवन के निर्माण के लिए 75 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही सूरजपुर एवं बलरामपुर जिले में कंवर समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50-50 लाख रुपये तथा चेंद्रा में कंवर समाज भवन के निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने प्रत्येक करमा दल को प्रोत्साहन स्वरूप 20-20 हजार रुपये प्रदान करने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कंवर समाज के प्रमुखों एवं समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कंवर समाज को संबोधित करते हुए कहा कि समाज के विकास के लिए सभी एकजुट होकर शिक्षा, सामाजिक जागरूकता के लिए प्रयास करें। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए सभी मिलकर प्रयास करें। समाज को अपनी समृद्ध परंपराओं, संस्कृति और रीति-रिवाजों को सहेजते हुए विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने समाज के युवाओं से शिक्षा और विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़कर समाज एवं प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैकरा ने भी समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि कंवर समाज को अपनी परंपराओं और संस्कृति को संरक्षित रखना चाहिए। समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। सभी को संगठित होकर सामाजिक विकास की दिशा में आगे बढ़ते रहना चाहिए।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंहदेव, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर, जिला पंचायत सरगुजा अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, सूरजपुर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा, नगर निगम महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, सभापति श्री हरमिंदर टिन्नी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कंवर समाज देवनाथ सिंह , प्रदेश अध्यक्ष कंवर समाज श्री हरबंश मीरी, प्रदेश उपाध्यक्ष उपेन्द्र सिंह पैकरा, संरक्षक कंवर समाज श्री रामलखन सिंह पैकरा एवं मुख्य सलाहकार श्री टीकाराम कंवर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।













Leave A Comment