मकर संक्रांति पर बालाजी मंदिर में होगा अभिषेक और कुमकुम पूजा

-
- आज भोगी पर्व मनाने के बाद मंदिर के मंडप में माता गोदादेवी का वैदिक मंत्रों के बीच कल्याणम (विवाह) रचाया गया
-आंध्र भवन में चित्रकला, रंगोली, पारंपरिक व्यंजन तथा पुष्पगुच्छ प्रतियोगिताओं समेत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए
टी. सहदेव
भिलाई नगर। सेक्टर 05 स्थित बालाजी मंदिर में तीन दिन तक चलने वाले मकर संक्रांति समारोह में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और कई प्रतियोगिताएं तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। आंध्र साहित्य समिति के तत्वावधान में शनिवार से शुरू समारोह के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान बालाजी के दर्शन किए। सोमवार को समारोह का अंतिम दिन है, जब मंदिर में मकर संक्रांति धार्मिक सद्भाव एवं परंपरागत ढंग से मनाई जाएगी। इस अवसर पर भगवान बालाजी, माता श्रीदेवी-भूदेवी का विधि-विधान से अभिषेक एवं पूजा-अर्चना की जाएगी।
कार्यक्रम के अनुसार सोमवार की सुबह भगवान बालाजी, माता श्रीदेवी-भूदेवी के विग्रहों को आभूषणों एवं नूतन वस्त्रों से अलंकृत कर उनका अभिषेक किया जाएगा। अभिषेक के पश्चात पहले बालाजी की सहस्त्रनामार्चना और उसके बाद कुमकुम पूजा की जाएगी। कुमकुम पूजा के उपरांत भक्तगण भगवान के दर्शन कर सकेंगे। इस दौरान महानैवेद्य का भोग भी लगाया जाएगा। शाम को पुनः पूजा-अर्चना की जाएगी और एक बार फिर नैवेद्य चढ़ाया जाएगा। सबसे अंत में मंदिर के कपाट बंद करने से पहले भगवान बालाजी की एकांत सेवा की जाएगी।
समारोह के पहले दिन शनिवार शाम को कर्नाटक शैली की गायिका जी सरोजा ने शास्त्रीय संगीत का कार्यक्रम प्रस्तुत किया और दूसरे दिन रविवार तड़के भोगी पर्व मनाने के बाद मंदिर के मंडप में माता गोदादेवी का वैदिक मंत्रों के बीच कल्याणम (विवाह) रचाया गया। विवाहोत्सव के बाद आंध्र भवन में चित्रकला, रंगोली, पारंपरिक व्यंजन तथा पुष्पगुच्छ प्रतियोगिताओं समेत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम रखे गए। प्रतिभागी विजेता पुरस्कृत भी किए गए।
प्रतियोगिताओं के नतीजों के मुताबिक पुष्पगुच्छ- प्रथम के ज्योति, द्वितीय बी वी बसवम्मा, तृतीय वी विमला। व्यंजन (मैदा) - प्रथम वी ललिता, द्वितीय वी विमला एवं के दुर्गा रानी, तृतीय के भावना एवं के विजया राव। व्यंजन (बेसन) - प्रथम वी विमला, द्वितीय के शिव कुमारी, तृतीय टी सुब्बालक्ष्मी एवं जी अहल्या। रंगोली जूनियर- प्रथम ई पावनी, द्वितीय एस तनिष्का, तृतीय ई नवनी। फ्री हैंड- प्रथम ए जाह्नवी, द्वितीय पूर्णिमा, तृतीय ए खुशी एवं पी अमृता, सांत्वना - के किरण एवं वासवी। बिंदीयुक्त रंगोली- प्रथम एन विजय निर्मला, द्वितीय- रोजा। इनके अलावा चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता भी पुरस्कृत किए गए।










.jpg)

Leave A Comment