महादेव मैं याचक बनकर
-गीत
-लेखिका- डॉ. दीक्षा चौबे
- दुर्ग ( वरिष्ठ साहित्यकार और शिक्षाविद)
महादेव मैं याचक बनकर
तेरे दर पर आया हूँ ।
भक्ति-भाव के पुष्प-मनोहर
अन्तस् में भर लाया हूँ ।।
देव-दनुज जो भी तप करते,
दर्शन देने आ जाते ।
शुचिता पूर्वक करें साधना
मनवांछित फल सब पाते ।
कल्याण सभी का करते हो
माँगे बिना बहुत पाया हूँ ।।
भक्ति भाव....
सुन लेना प्रभु यही प्रार्थना
मुझे शरण अपनी रखना ।
धीरज संयम देना विष यदि,
पड़े उपेक्षा का चखना ।
नीलकंठ हे आशुतोष शिव
आगे शीश झुकाया हूँ ।।
भक्ति भाव....
निर्विवाद छवि रही सदा ही
निर्विकार संतोषी तुम ।
द्वेष-दंभ सब हुए तिरोहित,
जलवाष्प धूप में ज्यों गुम ।
आत्मलीन हो जानूँ खुद को
अहंकार बिसराया हूँ ।।
भक्ति भाव....
शिव ही सत्य जगत सब मिथ्या
शक्ति भक्ति के शुचि साधक ।
कुपित हुए जब तांडव करते,
भस्म हुए हैं सब बाधक ।
विश्वनाथ की वह अनुपम छवि
मन में सदा बसाया हूँ ।।
भक्ति भाव....









.jpg)
Leave A Comment