55 साल के हुए संगीतकार ए. आर रहमान.... मुफलिसी में काटा था बचपन , आज दुनिया के तमाम बड़े संगीत स्कूलों में रहमान को पढ़ाया जाता है
मुंबई। संगीतकार ए. आर. रहमान आज अपना 55 वां जन्मदिन मना रहे हैं। हाल ही में रिलीज फिल्म अतरंगी में उन्होंने संगीत दिया है और यह लोगों को पसंद आ रहा है।
रहमान का जन्म 6 जनवरी 1966 को तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में हुआ था। उनका पूरा नाम अल्लाह रक्खा रहमान है। हालांकि उनका असली नाम 'दिलीप कुमार' था । अपने संगीत से लोगों के दिलों में बस जाने वाले रहमान को संगीत अपने पिता से विरासत में मिला है। उनके पिता भी संगीतकार थे। अपनी रचनाओं से रहमान ने ना सिर्फ देश में बल्कि दुनिया में भी नाम कमाया और ऑस्कर पुरस्कार भी जीता।
रहमान जब 9 साल के थे तभी उनके पिता का निधन हो गया था। उस समय स्कूल में पढ़ रहे रहमान को परिवार की मदद करने के लिए काम करना पड़ा, जिसकी वजह से वो एग्जाम में भी फेल होने लगे। गरीबी कुछ ऐसी कि पैसों के लिए घरवालों को वाद्ययंत्र तक बेचने पड़े थे। 15 वर्ष की उम्र में रहमान को कम उपस्थिति के कारण स्कूल छोडऩा पड़ा था। अपने संगीत के हुनर को उन्होंने अपना हथियार बनाया और आज दुनिया के बड़े संगीत स्कूलों में रहमान को पढ़ाया जाता है।
एक साक्षात्कार के दौरान ए. आर. रहमान ने कहा कि वह 25 साल की उम्र तक खुदखुशी के बारे में सोचा करते थे। लेकिन, संगीत के शौक ने रहमान को इन हालात से उबारा और अपने शौक को ही रहमान ने अपना पेशा बना लिया। साल 1991 में रहमान ने फिल्मों के लिए म्यूजिक बनाना शुरू किया। फिल्मकार मणिरत्नम ने अपनी फिल्म 'रोजा' में उन्हें संगीत देने का मौका दिया और फिल्म का संगीत हिट हो गया।
अगर आज तक के रहमान के अवार्डों पर नजर डालें तो लगेगा जैसे रहमान कोई अवार्ड पुरुष हैं. रहमान को अब तक सर्वाधिक 14 फिल्मफेयर अवार्ड, 11 फिल्मफेयर अवार्ड साउथ, चार राष्ट्रीय पुरस्कार, दो अकादमी, दो ग्रेमी अवार्ड और एक गोल्डन ग्लोब अवार्ड मिला है. उनके स्लमडॉग मिलेनियर के गाने "जय हो" के लिए तो उन्हें ऑस्कर पुरस्कार से भी नवाजा गया था। इन सब के साथ रहमान को साल 2000 में पद्मश्री और 2010 में पद्म विभूषण से भी नवाजा गया है। ए आर रहमान का चेन्नई में अपना खुद का म्यूजिक स्टूडियो है। ए.आर. रहमान की पत्नी का नाम सायरा बानो है, और उनके तीन बच्चे खतीजा, रहीमा और अमीन हैं। हाल ही में उनकी बेटी खतीजा की सगाई हुई है।
Leave A Comment