ऋषभ शेट्टी, दुलकर सलमान और विजय वर्मा की मौजूदगी में आईएफएफएम 2026 का आगाज
मुंबई. भारतीय फिल्म महोत्सव मेलबर्न (आईएफएफएम) के 17वें संस्करण का आगाज बृहस्पतिवार को मेलबर्न में हुआ। इस मौके पर ऋषभ शेट्टी, दुलकर सलमान और विजय वर्मा समेत भारतीय फिल्म जगत के कई अन्य कलाकार और फिल्म निर्माता मौजूद रहे। भारत के बाहर भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े उत्सव के रूप में चर्चित यह महोत्सव इस साल 13 से 23 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के उद्घाटन समारोह में अभिनेत्री मानुषी छिल्लर, गायिका निकिता गांधी और चर्चित फिल्म निर्माता निखिल आडवाणी तथा आर एस प्रसन्ना भी शामिल हुए। इस कार्यक्रम ने भारतीय कहानी कहने की विविधता, विस्तार और वैश्विक प्रभाव का जश्न मनाने वाले महोत्सव की शुरुआत का माहौल तैयार किया। कन्नड़ भाषा की एक्शन थ्रिलर फिल्म 'कांतारा' से दुनियाभर में प्रसिद्धि पाने वाले शेट्टी ने भारतीय सिनेमा को मिल रही बढ़ती वैश्विक पहचान और दुनिया भर के दर्शकों तक भारतीय कहानियों तथा क्षेत्रीय आवाजों को पहुंचाने में आईएफएफएम जैसे मंचों के महत्व पर चर्चा की। भारतीय फिल्म महोत्सव मेलबर्न के 17वें संस्करण ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय सिनेमा का जश्न मनाने की अपनी परंपरा को जारी रखा। उद्घाटन प्रेस कॉन्फ्रेंस के साथ ऐसे संस्करण की शुरुआत हुई, जो भारतीय कहानी कहने की समृद्धि और विविधता को प्रदर्शित करने के साथ-साथ सिनेमा, संस्कृति और प्रतिनिधित्व से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक संवाद के लिए एक मंच भी उपलब्ध कराएगा। आईएफएफएम में अभिनेत्री रेखा को 'एक्सीलेंस इन सिनेमा अवॉर्ड' से सम्मानित किया जाएगा। महोत्सव में अभिनेत्री के बेजोड़ फिल्मी सफर और भारतीय सिनेमा में उनके असाधारण योगदान का जश्न मनाने के लिए उनकी 1981 की चर्चित फिल्म 'उमराव जान' का प्रदर्शन भी किया जाएगा। मुजफ्फर अली के निर्देशन में बनी फिल्म 'उमराव जान' रेखा के करियर की सबसे महत्वपूर्ण फिल्मों में से एक है और इस साल इसकी रिलीज के 45 वर्ष पूरे हुए हैं।
-








.jpg)

Leave A Comment