मेरा दिल ईरान युद्ध का समर्थन करने की गवाही नहीं देता; शीर्ष अधिकारी केंट का इस्तीफा
वाशिंगटन. अमेरिका के राष्ट्रीय आतंकवाद रोधी केंद्र के निदेशक जो. केंट ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है और कहा है कि उनका दिल इस बात की गवाही नहीं देता कि वह ट्रंप प्रशासन के ईरान युद्ध का समर्थन करें। केंट ने सोशल मीडिया पर कहा कि ईरान से ''हमारे देश को कोई तात्कालिक खतरा नहीं था, और यह स्पष्ट है कि हमने इस युद्ध की शुरुआत इजराइल तथा उसकी शक्तिशाली अमेरिकी लॉबी के दबाव के कारण की।'' इस संबंध में व्हाइट हाउस की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई।
केंट को राष्ट्रीय आतंकवाद रोधी केंद्र के निदेशक के रूप में गत जुलाई में नियुक्त किया गया था। इस पद पर वह एक ऐसी एजेंसी के प्रभारी थे जो आतंकवादी खतरों का विश्लेषण और पता लगाने का काम करती है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन से जुड़ने से पहले केंट ने वाशिंगटन राज्य में कांग्रेस में पहुंचने के दो असफल चुनावी प्रयास किए थे। डेमोक्रेटिक नेताओं ने केंट की नियुक्ति का कड़ा विरोध किया था और अतीत में उनके धुर दक्षिणपंथी लोगों से संबंध होने का हवाला दिया था। वहीं, रिपब्लिकन नेताओं ने केंट की आतंकवाद-रोधी योग्यताओं की प्रशंसा करते हुए उनके सैन्य और खुफिया अनुभव का हवाला दिया था। इस तरह, राष्ट्रीय आतंकवाद रोधी केंद्र के निदेशक के रूप में उनकी नियुक्ति 44 के मुकाबले 52 मतों से हुई थी।


.jpg)







Leave A Comment